Wednesday, May 27, 2026

साहित्य का इतिहास लेखन: नयी दृष्टि, नये प्रश्न

 

         

                                            

किसी भी समाज को समय समय पर अपने इतिहास को पीछे मुड़कर देखने की जरूरत पड़ती है । कभी कभी यह काम समूची दुनिया को तो कभी देश विशेष को करना पड़ता है । इसका कारण मानव समाज की अपनी प्रकृति है । वह एक साथ वैश्विक और स्थानीय होता है । हम चाहें या न चाहें समूची दुनिया में होने वाले बदलाव हमें प्रभावित करते हैं । उदाहरण के लिए यह समय सारी दुनिया में बहिष्कारी राष्ट्रवाद का है । हम सभी जानते हैं कि ऐसा राष्ट्रवाद अपने साथ युद्ध और साम्राज्य विस्तार की आकांक्षा लेकर आता है । ऐसे में सबको ही इतिहास की परीक्षा शुरू करनी पड़ती है । इतिहास आम तौर पर दुधारी तलवार की तरह होता है और उसे विभिन्न शक्तियां अपने स्वार्थ के पक्ष में व्याख्यायित करती हैं । उदाहरण के लिए अमेरिका अपनी स्थापना की ढाई सौवीं सालगिरह मनाने जा रहा है । यह अवसर वहां के शासकों के लिए दुनिया भर में धौंस धमकी का वातावरण बनाने का हो गया है तो जनता इसी अवसर का इस्तेमाल लोकतांत्रिक संवैधानिक मूल्यों के दावे के लिए कर रही है । न केवल इतना बल्कि बहुतेरे लोग इसी मौके पर अमेरिकी स्वाधीनता और स्थापना की दो सौवीं सालगिरह को भी याद कर रहे हैं जब साठ के विद्रोही दशक ने अमेरिका की अंतरात्मा को झकझोर डाला था । साहित्य में उसे गिंसबर्ग की ऐतिहासिक कविता ‘हाउल’ के सहारे याद किया जाता है, समाज में अश्वेत समुदाय की ओर से नागरिक अधिकार के लिए चले आंदोलन के बहाने याद करते हैं तो पूरी दुनिया के साथ वियतनाम युद्ध के युवा विरोध के लिए भी उस सालगिरह को याद किया जा रहा है । युद्ध के विरोध ने ही साहित्य में मानवीय मूल्यों की प्रतिष्ठा करने वाले साहित्य को ऐतिहासिक मूल्य प्रदान किया और अतीत से निकालकर इस तरह के साहित्य को फिर से प्रासंगिक बनाया गया ।  इतिहास के बारे में संघर्ष केवल राजनीतिक नहीं होते । इनकी अभिव्यक्ति भाषा और साहित्य में भी होती है । इसी अवसर पर लैटिन अमेरिकी देश अपने उपनिवेशवाद विरोधी लेखकों को याद कर रहे हैं ताकि अमेरिकी साम्राज्य विस्तार की आकांक्षा का लोकप्रिय प्रतिरोध खड़ा कर सकें ।    

 

इसीलिए साहित्य का इतिहास लेखन बिना किसी दृष्टि के नहीं हो सकता । उसकी इसी दृष्टि को दर्शन कहते हैं और इसके ही अध्ययन के लिए साहित्येतिहास दर्शन का अनुशासन बनाया गया है । यह दर्शन या अनुशासन साहित्य को देखने का एक नजरिया है । इसका विकास साहित्य के बारे में रूपवादी और संरचनावादी दृष्टिकोण के विरोध में हुआ क्योंकि ये दृष्टिकोण साहित्यिक रचना को रचनाकार अर्थात लेखक और उसके ग्रहीता अर्थात पाठक से पूरी तरह अलगाकर उसे स्वायत्त ‘पाठ’ में बदल देते हैं । किसी कृति के अर्थ को खोलने के लिए ये दृष्टियां समाज और इतिहास का हस्तक्षेप जरूरी नहीं मानतीं और इसके लिए केवल अन्य पाठों का संदर्भ ग्रहण करने और उनके परिप्रेक्ष्य में ही किसी भी रचना के विश्लेषण पर जोर देती हैं । हालांकि कलावाद अनिवार्य तौर पर इतिहास का विरोध नहीं करता, बल्कि कभी कभी इतिहास को ही अपने में ढाल लेता है । इसके बारे में कला के प्रसिद्ध सामाजिक इतिहासकार आर्नल्ड हाउजर ने ‘कला का इतिहास दर्शन’ में अलाइस रीग्ल और हाइनरिह वोल्फ़्लिन नामक दो जर्मन विचारकों के मतों का उल्लेख किया है जो मानते थे कि कला का इतिहास कलाकार के नाम के बिना भी लिखा जा सकता है क्योंकि विकास तो असल में कला की तकनीकों का होता है । कला की इन तकनीकों में समय समय पर होने वाले बदलावों में एक पैटर्न होता है और वह पैटर्न ही उसका इतिहास कहा जा सकता है । इसके लिए वे विकास की जगह उद्विकास की धारणा प्रस्तावित करते हैं जिसमें वनस्पतियों के विकास की तरह कला के विकास में भी आंतरिक गुणों की वृद्धि ही दिखाई पड़ती है, बाहरी परिस्थितियों का प्रभाव प्रत्यक्ष नहीं होता । इसलिए वे कला के इतिहास के संदर्भ में बाहरी परिस्थितियों का उल्लेख जरूरी नहीं समझते । इस मान्यता के विरोध में आर्नल्ड हाउजर इतिहास की ऐसी धारणा का पक्ष लेते हैं जिसमें आंतरिक तर्क से विकास तो हो ही, युगांतरकारी बदलावों के कारक कला के भीतर की तकनीकें ही न हों बल्कि इन बड़े बदलावों की वजह बाहरी समाज में होने वाले परिवर्तनों के गहरे प्रभाव हों । इस तरह हाउजर के कला इतिहास लेखन में कला की आंतरिक तकनीकों के साथ ही व्यापक सामाजिक हालात का भी हस्तक्षेप होता है । इसका कारण यह है कि कला की तकनीक में आने वाले बदलावों की मुख्य वजह कलाकार के मन में परिवर्तन की अमूर्त इच्छा मान ली जाती है ।          

 

प्रसिद्ध जर्मन साहित्य चिंतक राबर्ट वाइमान ने ‘स्ट्रक्चर एंड सोसाइटी इन लिटरेरी हिस्ट्री’ में कहा है कि साहित्य के इतिहास दर्शन के निर्माण के लिए साहित्य की मूल ऐतिहासिक प्रकृति और उसकी अपनी खास सामाजिक भूमिका की समझदारी जरूरी है । इसके लिए रचना के लिखे जाने के समय के ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य और वर्तमान की सामाजिक सांस्कृतिक जरूरतों की समझ के बीच संवादी संबंध स्थापित करने की कोशिश करनी पड़ती है । असल में साहित्य का कोई भी इतिहास वर्तमान से असंपृक्त रहकर नहीं लिखा जा सकता । इसका बुनियादी कारण एक सार्वभौमिक तथ्य है और वह यह कि आम तौर पर तो साहित्येतिहास में कोई गम्भीर बदलाव नहीं आता लेकिन कभी कभी समाज में बदलाव की गति तेज हो जाती है तो तेजी से बदलते सामाजिक संदर्भ में अतीत का साहित्य हमेशा नयी अर्थवत्ता प्राप्त करता है । साहित्यिक रचनाओं में इसी प्रक्रिया में नये अर्थ या मूल्य पैदा होते हैं और उनकी प्रासंगिकता को फिर से पहचाना जाता है । इस साहित्यिक प्रासंगिकता के संधान को ही वे किसी भी रचना की उसके सृजन के समय में अवस्थित  ‘विगत अर्थवत्ता’ और उसके भीतर इस समय की सीमा को पारकर पढ़े जाने के नये समय में बनी ‘वर्तमान सार्थकता’ के बीच का संवादी गुण मानते हैं । दोनों समयों के बीच इस संवाद के लिए वे कला और यथार्थ तथा व्यक्ति और समाज के बीच नये और जटिल संबंधों की परिष्कृत समझदारी अत्यंत आवश्यक मानते हैं । इसी तरह उनका यह भी कहना है कि किसी भी साहित्यिक उत्पादन की कलात्मक संरचना उसके सामाजिक कार्य संपादन से भी जुड़ी होती है । इसी सामाजिक भूमिका को निभाने के क्रम में सामाजिक गतिविधि के रूप में साहित्य के कलात्मक लेखन और उसके सामाजिक पठन के बीच में वह बुनियादी रिश्ता बनता है जो अपनी प्रकृति में ऐतिहासिक होता है । यह लेखक के रूप में व्यक्ति के आत्म और उसके सामाजिक अस्तित्व के बीच एकता और अंतर्विरोध की कल्पनाजन्य अनुभूति है । इसमें तात्कालिक रूप से ही सही व्यक्ति का समाजीकरण और समाज का वैयक्तीकरण होता है । अतीत के अधिकांश महान लेखन की यही सामाजिक भूमिका रही है और वर्तमान में फिर से उसे नये सामाजिक वातावरण के संदर्भ में पूरी तरह   नयी नजर से पढ़ने की भी यही सच्ची भूमिका है ।  

 

उनका कहना है कि लिखना और पढ़ना इतिहास में मनुष्य की समग्र सामाजिक गतिविधि का अंग बना रहा  है । हमारे इतिहास के बारे में इसी किस्म के नजरिए से देखने पर मनुष्य प्रजाति का अब तक का समूचा इतिहास सामाजिक बदलाव, संघर्ष और नियंत्रण की ऐसी समग्र प्रक्रिया के बतौर दिखाई पड़ता है जिसमें  प्रकृति के साथ मनुष्य का द्वंद्वात्मक रिश्ता तो शामिल रहता ही है, उसके इस संघर्ष और सहकार के द्वंद्व के साथ ही वर्गों और व्यक्तियों के संघर्ष तथा सांस्कृतिक जरूरतों और सौंदर्यात्मक गुणों का उदय और विकास भी शामिल होता है ।   

 

सिमोन सेबाग मोन्टफ़ायर ने विश्व इतिहास की अपनी किताब में इतिहास द्वारा वर्तमान के प्रभावित होने का बेहद रोचक विवरण प्रस्तुत किया है । उनके मुताबिक इब्न खल्दून के माता पिता प्लेग में नहीं रहे । सर वाल्टर रेले अपना इतिहास समाप्त करने से पहले ही मृत्युदंड के शिकार हो गये । इतिहास इस तरह भी वर्तमान को आकार देता रहा है । इसी वजह से इतिहास लेखन जरूरी, सम्मानजनक लेकिन खतरनाक पेशा हो जाता है । इसी तरह चीन के भी विश्व इतिहासकार सिमा क़्विन को बादशाह को बदनाम करने के आरोप में मृत्युदंड और दरबारी हिंजड़ा होने का विकल्प प्रदान किया गया था । उसने हिंजड़ा होना चुना ताकि इतिहास को पूरा कर सके । उसे लगा कि जनता तक सच ले जाने की कीमत तो उसे चुकानी होगी ।  

 

विचारणीय विषय में तीन पारिभाषिक पद मौजूद हैं-साहित्य, इतिहास और दर्शन । इन सभी विशेष पदों की थोड़ी व्याख्या इस अनुशासन की समझ के लिए जरूरी है । कलात्मक रचनाएं होने के नाते साहित्यिक कृतियां अतुलनीय दिखाई पड़ती हैं और इसीलिए इतिहास लेखन के लिए आवश्यक किसी भी समूहन से इनकार करती हैं । दूसरी ओर इतिहास का अनुशासन मुख्य तौर पर राजनीतिक और समाजार्थिक बदलावों पर ध्यान देता है । अगर हम सतही तौर पर देखें तो इन बदलावों में किसी भी व्यवस्था का अभाव दिखाई पड़ेगा । इतिहास लिखने के लिए ऊपर से अव्यवस्थित दिखाई पड़ने वाले इन बदलावों के बीच कोई व्यवस्था स्थापित करनी पड़ती है । ‘कार्य-कारण श्रृंखला’ और ‘प्रगति’ जैसी धारणाओं के जरिए इस घटना प्रवाह में व्यवस्था कायम की जाती है । आम तौर पर इसे ही इतिहास दर्शन कहा जाता है । साहित्यिक इतिहास के लिहाज से इस इतिहास दर्शन को परिष्कृत करना पड़ता है क्योंकि साहित्य के बदलाव समाज या अर्थतंत्र के बदलावों से थोड़ा अलग तरीके के होते हैं । हिंदी साहित्य के इतिहास लेखन के लिए आचार्य रामचंद्र शुक्ल ने अपने ‘हिंदी साहित्य का इतिहास’ में एक ढाँचा प्रस्तावित किया था । वही इस बात का प्रमाण है कि साहित्य के इतिहास लेखन के लिए रचनाओं और रचनाकारों का परिचय देने से आगे बढ़कर एक ऐतिहासिक दृष्टि अपनाने की जरूरत पड़ती है ।

जब भी इतिहास लिखा जाता था तो इतिहास लेखक उसे वृत्तांत से अलगाने के लिए अलग अलग घटनाओं को आपस में जोड़ने का कोई न कोई ढाँचा बनाते थे लेकिन उसे अलग से सूत्रबद्ध करने की जरूरत उन्हें नहीं महसूस होती थी । जर्मन दार्शनिक हेगेल ने इसे पहली बार व्यवस्थित किया । उन्होंने माना कि असली इतिहास विचारों का होता है और मानव समाज किसी न किसी परम विचार को अमली जामा पहनाने के लिए प्रयासरत रहता है । इसी क्रम में इतिहास आगे बढ़ता है यानी ‘प्रगति’ होती है । इसी आधार पर उन्होंने विचारों का विकास रुक जाने पर उसे ‘इतिहास का अंत’ कहा । दर्शन का एक अंग सौंदर्यशास्त्र माना जाता है और इसीलिए सभी दार्शनिक सौंदर्यशास्त्र पर भी लिखते हैं । हेगेल ने भी ‘हाइडेलबर्ग लेक्चर्स आन ऐस्थेटिक्स’ शीर्षक पुस्तक लिखी जिसमें सौंदर्यशास्त्र के अंग के बतौर साहित्य के कुछेक सवालों पर प्रकाश डाला गया है । उदाहरण के लिए आधुनिक काल में पुनर्जागरण के बाद जन्मी मानव समाज की विवेक दृष्टि से उन्होंने गद्य के उदय को जोड़ा है । उनका कहना था कि आधुनिक काल की तर्कणा की अभिव्यक्ति गद्य में ही संभव है । इसी तरह उन्होंने उपन्यास को ‘मध्य वर्ग का महाकाव्य’ कहा था । हिंदी में आम तौर पर इस परिभाषा की व्याख्या करते हुए ‘मध्य वर्ग’ का वही अर्थ समझा जाता है जो इस समय प्रचलित है जबकि हेगेल के समय इसका मतलब उभरता हुआ शहरी बुर्जुआ वर्ग होता था । अर्थात इस परिभाषा के अनुसार उपन्यास उभरते हुए बुर्जुआ वर्ग का महाकाव्य है । साहित्य का माध्यम भाषाएं होती हैं । इनके भी उत्थान पतन को व्यापक ऐतिहासिक बदलावों के संदर्भ में ही समझा जा सकता है अन्यथा कुछ भाषाओं को आधुनिक कहना संभव नहीं होता, न ही कुछ को प्राचीन । साहित्य की भाषा के रूप में किसी भाषा की जगह दूसरी भाषा के आगमन के पीछे भाषा में निहित कोई गुण नहीं होता, बल्कि अनेक साहित्येतर आर्थिक और राजनीतिक कारण होते हैं ।

 

हेगेल के चिंतन से आगे बढ़ते हुए मार्क्स ने कहा कि मनुष्य इतिहास निर्माण की प्रक्रिया में किसी ‘परम विचार’ का दास नहीं होता, बल्कि वह इतिहास को सचेत रूप से बनाता और बदलता है । यह बदलाव कोई बाहरी घटना नहीं, उसका अपने आपको बनाना और बदलना होता है क्योंकि कोई भी बदलाव मनुष्यों के दिमाग से होकर गुजरता है । साहित्य उस व्यापक सृजनात्मक भंडार का अंग होता है जिसका उत्पादन मनुष्य अपनी सौंदर्यबोधीय संवेदना की संतुष्टि के लिए करता है और इस संवेदना का विकास मनुष्य ने अपने सामाजिक अस्तित्व के उत्पादन के विकास-क्रम में किया है । मार्क्स के चिंतन के प्रभाव से साहित्य के विश्लेषण में ‘नव-इतिहासवाद’ और ‘सांस्कृतिक भौतिकवाद’ की धाराओं का जन्म हुआ । जार्ज लुकाच ने ऐतिहासिक भौतिकवाद और साहित्य-रूप, खासकर यथार्थवाद और ऐतिहासिक उपन्यास के रिश्तों की समझ में इजाफा किया । उन्होंने फ़्रांसिसी उपन्यासकार बाल्जाक और रूसी उपन्यासकार तोलस्तोय के प्रसंग में यह महत्वपूर्ण सवाल उठाया कि इन दोनों की घोषित विचारधारा के प्रतिक्रियावादी होने के बावजूद याथार्थ के चित्रण की उनकी प्रतिबद्धता उन्हें परिवर्तनकामी ताकतों के साथ खड़ा कर देती है । इसके बाद के प्रमुख मार्क्सवादी सिद्धांतकार रेमंड विलियम्स ने ग्रेट ब्रिटेन में ‘सांस्कृतिक भौतिकवाद’ की धारणा का विकास किया और संस्कृति अध्ययन का आंदोलन चलाया जिसके तहत साहित्य को समूचे सांस्कृतिक उत्पादन का अंग मानकर उस पर विचार किया जाता था । अभिव्यक्ति के अलग अलग माध्यमों को एक साथ रखकर विचार करने के क्रम में संस्कृति के लोकप्रिय रूपों की भूमिका को भी ठीक से समझा गया ।

‘कला का इतिहास दर्शन’ में आर्नल्ड हाउजर ने आधुनिक समय में भी कला के प्राचीन रूपों के आकर्षण की बात की है और कहा है कि मार्क्स ने भी ग्रीक कवि होमर के सिलसिले में यह सवाल उठाया है और इसका उत्तर बचपन के सार्वकालिक आकर्षण के आधार पर देने की कोशिश की है । भारतीय मार्क्सवादी साहित्य चिंतक रामविलास शर्मा ने साहित्य में मनुष्य के इंद्रियबोध, उसके भावजगत और विचारधारा की उपस्थिति मानी है और इनमें परिवर्तन की गति में भिन्नता स्वीकार की है ।              

 

साहित्य के इतिहास दर्शन पर विचार करने का तात्कालिक संदर्भ भी है । हम सभी जानते हैं कि इतिहास लिखे तो जाते हैं अतीत के बारे में लेकिन इस अतीत को देखने का परिप्रेक्ष्य लेखक के वर्तमान से बनता है । यही कारण है कि समय बदलने के साथ किसी व्यक्तित्व और घटना के बारे में मूल्यांकन भी बदल जाता है । इसी वजह से एक ही कालखंड के बारे में बार बार लिखा जाता है । इतिहास में अनेक बार ऐसा हुआ कि लड़ाई तो वर्तमान काल की थी लेकिन उसमें युद्ध का मैदान अतीत बना । इसलिए इतिहास लेखन बहुधा अनचाहे भी वर्तमान के संघर्ष का क्षेत्र बन जाता है ।    

 

साहित्य के इतिहास दर्शन के अनेक अर्थ ग्रहण किए जा सकते हैं । एक अर्थ तो ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य में साहित्य का अध्ययन है । यही अर्थ सबसे अधिक मान्य है । लेकिन इसका एक अर्थ इतिहास के ऐसे लेखन का अध्ययन भी हो सकता है जो साहित्य के अधिक नजदीक हो । इस नजरिए से देखने पर इसका आयाम विस्तृत हो जाता है । इसी प्रसंग में एक और प्रश्न उठाया जाता रहा है कि साहित्य के इतिहास की मुख्य प्रकृति साहित्यिक होती है या ऐतिहासिक । यह सवाल केवल अकादमिक नहीं है और लंबे व्यावहारिक लेखन से साबित हुआ है कि इस अनुशासन में रुचि साहित्य के विचारकों की अधिक रही है, इतिहासकारों की उतनी नहीं रही है । लेकिन हाल के दिनों में इतिहास के भीतर ही उत्तर आधुनिकता के उदय ने ऐसी संभावना पैदा की है कि साहित्य केवल इतिहास का स्रोत ही न रह जाए और विधाओं के बीच की आवाजाही की तरह अनुशासनों के बीच भी आवाजाही पैदा हो । अतीत में इसके उदाहरण रहे हैं । रमेश चंद्र मजुमदार या जवाहर लाल नेहरू के इतिहास लेखन और राहुल सांकृत्यायन के साहित्य लेखन में ऐसे विंदु हैं जो दोनों अनुशासनों के बीच किसी स्थिर-स्थायी विभाजन का निषेध करते हैं । 

 

इतिहास दर्शन के बारे में कोई भी बातचीत बिना हमारे समय का संदर्भ लिये नहीं हो सकती । यह समय न केवल इतिहास विवेक के सामान्य और सम्पूर्ण नाश पर आमादा है बल्कि इतिहास को फिर से सुधारकर राष्ट्रीय अहं की तुष्टि की जा रही है । बाबरी मस्जिद के विध्वंस से अतीत के अपमान का बदला वर्तमान से लेने की जो मुहिम शुरू हुई थी अब उसने भयावह आक्रामकता और असत्य के उत्पादन के राज्यपोषित अभियान का भी साथ ले लिया है । बहुत पहले कुबेरनाथ राय ने आशंका जाहिर की थी कि इतिहास का लेखन राजनीतिक लड़ाई का क्षेत्र बन जा सकता है । हम उनकी इस आशंका को सत्य होते देखने के लिए अभिशप्त हैं । राजनीतिक सत्ता की ओर से इतिहास को इतना नग्न तरीके से कभी अपने क्षुद्र और संकीर्ण स्वार्थ में नहीं लगाया गया था और वह भी अधपढ़ तथा अहम्मन्य शासकों द्वारा ।

असल में कोई भी राजसत्ता या शासन अपने वर्तमान प्रभुत्व से ही तुष्ट नहीं होता । वह शासन की अवधि को स्थायित्व देने के लिए खुद को एकमात्र वैध शासक समूह के रूप में साबित करना चाहता है । इसके लिए उसे लोगों की मानसिकता को अपने तर्क के अनुसार ढालना होता है । राजसत्ता की यह मजबूरी होती है । इसके लिए ही वह इतिहास को अपने हितों की सेवा में लगाती है । कभी कभी यह काम परिष्कृत तरीके से किया जाता है और कभी नितांत भोंड़े रूप में । वर्तमान समय इसी भोंड़ेपन का है जिसमें शासक समूह के व्यक्तियों द्वारा प्रतीकों के उत्पादन हेतु इतिहास के साथ तोड़ मरोड़ का अंधाधुंध प्रयास जारी है । इसमें कभी नानक, कबीर और गोरख एक साथ मिल बैठते हैं तो कभी अशोक और गौतम बुद्ध में समकालिकता स्थापित कर दी जाती है । इस कोशिश को सापेक्षिक स्थायित्व प्रदान करने के लिए स्थापत्य का सहारा लिया जाता है । शासक अक्सर अपनी छाप को स्थायी स्वरूप देने के लिए भवन निर्माण आदि के साथ शहरों के नक्शे तक बदल देने का प्रयास भी करते हैं ।   

हम सभी जानते हैं कि हिटलर ने यहूदी से नफ़रत के लिए समूचे ज्ञान का नाश करने का अभियान व्यवस्थित रूप से चलाया था । उनके वंशजों का वर्तमान उत्थान भी इस अभियान की गंध लिये हुए है । गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के संस्थानों पर हमला इसी अभियान का अभिन्न अंग है । निचले स्तर पर भी पाठ्यक्रमों में संशोधन इस नजरिए से किये जा रहे हैं कि देश की आजादी का आंदोलन और भक्ति साहित्य का व्यापक ऐतिहासिक संदर्भ ही समाप्त हो जाए । कहने की जरूरत नहीं कि इस समय जारी उपनिवेशवाद और साम्राज्य विस्तार का गुणगान भी इसी परियोजना का अंग है । धर्म के भीतर नैतिकता की स्थापना भक्ति आंदोलन का मूल था । आजादी के संघर्ष के ताप से राजसत्ता को जनता के प्रति जिम्मेदार बनाने के प्रयास को भक्ति साहित्य की आत्मा के रूप में स्थापित किया गया था । अब उपनिवेशवाद की प्रशंसा के लिए भक्ति की धारणा को विकृत करना आवश्यक हो गया है इसलिए उसके अर्थ को भ्रष्ट करते हुए शासक की अनैतिकता को भी सही ठहराने को भक्त का प्रमुख कर्तव्य घोषित किया जा रहा है ।                   

हमारे समय की एक बड़ी दुर्घटना लोकतंत्र का लोप है । जब सोवियत संघ का पतन हुआ था तो इसे इतिहास का अंत घोषित करते हुए अमेरिकी चिंतक फ़्रांसिस फ़ुकुयामा ने किसी भी तरह के बुनियादी सामाजिक बदलाव की सम्भावना से इनकार तो किया लेकिन भविष्य में लोकतंत्र का विस्तार को एकमात्र घटना माना । उसे लगा था कि पश्चिमी देशों की ओर से लोकतंत्र का निर्यात शेष दुनिया में किया जाएगा लेकिन दुर्घटना की तरह इन देशों में ही लोकतंत्र पर खतरा मंडराने लगा है । सड़कों पर लोग बादशाहत की वापसी के विरोध में भारी प्रदर्शन कर रहे हैं । बहुतेरे लोगों का कहना है कि लोकतंत्र के क्षरण के साथ साहित्य का भी क्षरण देखा जा रहा है । उनके अनुसार साहित्य का अध्ययन मनुष्य में मानवीय संवेदना के बीज रोपता था जो समाज में लोकतांत्रिक मूल्यों की व्यापक मौजूदगी के लिए जरूरी है । इसके अभाव में शासन और सोच में तानाशाही का प्रभुत्व चारों ओर कायम हो गया है । साहित्य के इतिहास को साहित्य की इस सामाजिक भूमिका की भी छानबीन करनी होगी ।

ऊपर हमने साठ के दशक के संदर्भ में अश्वेत आंदोलन का जिक्र किया है । साठ के दशक में साहित्य के भीतर अश्वेत समुदाय के साथ स्त्री की भी दावेदारी की गयी थी । इन दोनों का प्रभाव पश्चिमी समाजों तक ही सीमित नहीं रहा । उसने पूरी दुनिया में उपेक्षित समुदायों के उत्थान के नये दौर का सूत्रपात किया था । इन दोनों ही समूहों के उत्थान के साथ पर्यावरण का आंदोलन भी उस समय की चेतना का अभिन्न अंग है । साहित्य को प्रभावित करने से आगे बढ़कर इस दावेदारी ने अब साहित्येतिहास लेखन को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है । इसने साहित्येतिहास में हस्तक्षेप के साथ साहित्य की धारणा पर भी सवाल उठाना शुरू कर दिया है । इस साहित्यिक नवीनता ने अपनी अभिव्यक्ति के लिए साहित्य के पुराने रूपों को भी एक हद तक बदलने के लिए बाध्य किया है और उसकी सामाजिक भूमिका को भी नयी जमीन दी है । कला और साहित्य के पुराने मानदंडों में बदलाव के साथ ही साहित्येतिहास के पुराने ढांचे पर भी दबाव पैदा हो रहा है । एक बार फिर से वर्तमान ने हमारे अतीत को प्रभावित करना शुरू किया है । इस नये समय में हमें साहित्य के पारम्परिक लक्षणों से चिपके रहने की जगह नये पाठकों द्वारा साहित्य को दिये जा रहे नये स्वरूप को सराहना होगा । कहने की जरूरत नहीं कि भविष्य उसी पीढ़ी का होने जा रहा है जो इस समय के सृजनात्मक प्रतिरोध के माहौल में जवान हो रही है । लेकिन समाज और राजनीति की तरह ही साहित्य में भी पुराना संस्कार इतनी आसानी से नये के लिए रास्ता नहीं छोड़ेगा ।            

साहित्य, साम्राज्य और पर्यावरण

 



2025 में द यूनिवर्सिटी आफ़ शिकागो प्रेस से अमिताभ घोष की किताब ‘वाइल्ड फ़िक्शंस: एसेज आन लिटरेचर, एम्पायर, ऐंड द एनवायरनमेन्ट’ का प्रकाशन हुआ । लेखक के मुताबिक संग्रह में शामिल लेखों की विषयवस्तु की विविधता के बावजूद पिछले तीन सौ साल से चले आ रहे समय की टूट फूट की गवाही इन्हें आपस में जोड़ती है । इस समय की शुरुआत अठारहवीं सदी में हुई थी । इसमें आधुनिकता और औद्योगिक क्रांति का जन्म हुआ । इसी दौरान ब्रिटेन के नेतृत्व में पश्चिम ने लगभग पूरी दुनिया को अपनी गिरफ़्त में ले लिया । इसका नतीजा अमेरिका के एकमात्र महाशक्ति बनने में फलीभूत हुआ । सोवियत संघ के पतन के साथ एकध्रुवी दुनिया का निर्माण हुआ और 2001 के बाद से तमाम तबाहियों का सिलसिला चल निकला । इनमें से बहुतेरी के गवाह लेखक भी रहे । 

श्री लंका की एक घटना से उन्होंने जिक्र शुरू किया है । उन्हें वहां 2001 में तमिल समुदाय के एक उदारवादी वकील की याद में कोलम्बो में भाषण देना था । उदारवादी होने के कारण वे लिट्टे के निशाने पर थे और 1999 में बम हमले में मारे गये थे । भाषण दूसरी सालगिरह पर होना था लेकिन उसके पांच दिन पहले कोलम्बो के हवाई अड्डे पर लिट्टे के चौदह आत्मघाती लोगों ने हमला किया । इसमें सात सैनिक मारे गये और छब्बीस विमान बरबाद हो गये । सुबह से ही दुनिया भर में इसकी तस्वीरें साया होने लगीं । यात्रा के बारे में दुविधा उठी लेकिन इस मौके पर उस तमिल उदारवादी वकील को याद करना अधिक जरूरी हो गया । सौभाग्य से उड़ानें शुरू हो गयीं और लेखक भी निर्धारित समय पर कोलम्बो पहुंच गये । हवाई अड्डे पर ही जले और पिघले हवाई जहाज और हेलीकाप्टर नजर आये । 1960 के दशक में लेखक कोलम्बो रह चुके थे । तब श्री लंका भारतीय उप महाद्वीप का सबसे विकसित देश हुआ करता था । साक्षरता और स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में वह अव्वल था । हवाई अड्डे को देखकर उन्हें लगा कि आधुनिकता का प्रगति और वृद्धि का वादा कुल मिलाकर छलावा ही साबित हुआ ।

इसके छह सप्ताह बाद 11 सितम्बर 2001 को वे सपरिवार ब्रुकलिन में थे । दस साल की पुत्री का दाखिला विश्व व्यापार केंद्र के बगल के नये स्कूल में हुआ था । पत्नी ने पुत्री को स्कूल में छोड़ा और बाजार चली गयीं । हमले के समय लेखक घर में आठ साल के पुत्र के ही साथ थे । पुत्र का हाथ पकड़कर वे पुत्री को स्कूल से लेने भागे । सड़क पर लोगों की भीड़ थी । वे स्वप्न में चलते महसूस हो रहे थे । ढेर सारे लोग तो इमारत के मलबे में दबे ही रह गये । पुत्री और उसके सहपाठियों ने इतिहास की कक्षा की खिड़की से वह भयानक नजारा देखा था । लेखक ने खुद तो नहीं देखा लेकिन भारत, अमेरिका और मध्य पूर्व में वे इसी तरह की घटनाओं के गवाह रहे । यह सब उन्हें ऐतिहासिक प्रतीत हुआ । बीस साल पहले मानवशास्त्र के विद्यार्थी के बतौर उन्होंने मिस्र का दौरा किया और लगातार जाते रहे । उन्हें वहां के बदलाव अपशकुन की तरह महसूस हुए थे । जो आशंका थी वही न्यू यार्क में दरवाजे पर दस्तक देती महसूस हुई । हवाई हमले का नेतृत्व जिस व्यक्ति ने किया था वह मिस्र के उसी क्षेत्र का रहने वाला था जहां लेखक अक्सर जाते रहे थे । उसके पुश्तैनी गांव का तो लेखक ने सर्वेक्षण भी किया था । तब उन्हें ग्राम्शी की बात याद आयी कि जब पुराना युग मर रहा होता है और नया पैदा होने की प्रक्रिया में होता है तो वह समय राक्षसों का होता है । ग्राम्शी के दिमाग में जिन राजनीतिक राक्षसों की धारणा थी उन्हें फ़ासीवादी कहते हैं । हमारे समय में ये राक्षस मौसम की घटनाएं भी हैं । तूफान, अकाल और भारी बारिश ही आज के बम हैं । पुराने समय में इनको प्राकृतिक परिघटना ही माना जाता लेकिन फिलहाल ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन और जलवायु विध्वंस में उसकी भूमिका को देखते हुए प्राकृतिक और राजनीतिक परिघटनाओं में अंतर की बात नहीं की जा सकती । दावानल और तूफानी बारिश जैसी चीजें राजनीति से जुड़ी हैं क्योंकि ये ऐसी ऐतिहासिक प्रक्रियाओं का सह उत्पाद हैं जिनसे मुट्ठी भर मनुष्यों को तो अकूत लाभ होता है लेकिन दुनिया की बड़ी आबादी उसकी कीमत चुकाती है । यही बात नीतियों और शासकीय फैसलों के बारे में कही जा सकती है जो प्राकृतिक और सामाजिक के बीच भेद पैदा करते हैं ।

इस समय की शुरुआत लेखक ने अपने उपन्यास हंग्री टाइड से माना है । इसके लिए सुंदरबन में शोध करते हुए उन्हें पर्यावरण बहुत महत्व का विषय महसूस हुआ । उपन्यास की पृष्ठभूमि में समुद्री तूफान आया हुआ है जिसमें पानी की ऊंची ऊंची लहरें किनारे के पेड़ों से होते हुए द्वीप के भीतर जाती हैं । 2004 में यह उपन्यास छपा । साल के अंत में 25 दिसम्बर को लेखक कलकत्ता आये हुए थे । आंख खोलते ही उनको सुनामी के दृश्य नजर आये । इसकी वजह सुमात्रा में समुद्र के भीतर का भूकम्प था । ऊंची लहरें सुंदरबन में घुस गयी थीं । उपन्यास की लहरें सुनामी की जगह चक्रवात से पैदा हुई थीं । लगा जैसे उनकी कल्पना की लहरें असल में पैदा हो गयी हों । यह बात ही ऐसी विचित्र लगी कि लेखक सुनामी प्रभावित निकोबार द्वीप समूह चले गये । इस घटना के आठ महीने बाद न्यू ओरलिएन्स में कटरीना तूफान आया । तब लेखक मारीशस में शोध के लिए गये हुए थे । वह देश बेहद छोटा है औरअक्सर  समुद्री तूफानों की ज़द में आ जाता है लेकिन उससे मौतें बहुत कम होती हैं क्योंकि लोगों को इन तूफानों से निपटना आता है । उन्हें दुनिया के सबसे ताकतवर देश द्वारा कटरीना से प्रभावित मामलों से निपटने में अनाड़ीपन पर अचरज हो रहा था । तब लेखक को नायपाल द्वारा मारीशस को पिछड़ा, आबादी के आधिक्य से जूझता और बरबादी के मुहाने पर चित्रित करना याद आया । नायपाल हमेशा ही किसी भी देश की तुलना अमीर पश्चिमी देशों से करते हैं और तब उस देश के बारे में अपना फैसला सुनाते हैं । इस मामले में तो प्रकृति ने ही उन्हें गलत साबित कर दिया था । कटरीना से निपटने में अमरीकी सरकार की अक्षमता ने नवउदारवाद के असर में अमेरिकी प्रशासन के क्षरण को जाहिर कर दिया था । कटरीना को पर्यावरणिक आपदा नहीं थी बल्कि उसके साथ ही अधिसंरचना का अभीव, गरीबी, सरकारी उपेक्षा और ढांचागत नस्लवाद का मिला जुला हमला था । लेखक को महसूस हुआ कि यूरोप केंद्रित आधुनिकता का युग समाप्त हो चला है और सुशासन तथा राजनीतिक इच्छाशक्ति का पैमाना तय करना अब पश्चिम के वश में नहीं रहा । आगामी वर्षों में उनकी इस धारणा की पुष्टि बार बार हुई । बार बार अमेरिका को अपने एकमात्र महाशक्ति होने का सबूत देना पड़ा । लेकिन इस दौरान उसने जो भी परियोजना हाथ में ली उन सबमें उसे असफलता ही हाथ लगी । इसका प्रमाण अफ़गानिस्तान और इराक में उसके हस्तक्षेप रहे । ऐसा ही उदाहरण यूरोपव्यापी प्रवासी संकट है जिसकी तह में 2011 का सीरिया युद्ध है । इन तीनों देशों के लोग यूरोप के विभिन्न देशों में शरण हेतु गये और प्रवासी समस्या ने राजनीतिक तौर पर विस्फोटक स्वरूप ग्रहण कर लिया । इसने सरकारों को अस्थिर कर दिया और यूरोपीय संघ से ब्रिटेन के बाहर जाने का कारण बनी । पश्चिमी मीडिया ने यूरोप पहुंचने वाले इन प्रवासियों को मध्य पूर्व और अफ़्रीका के युद्धरत देशों से आया बता रही थी लेकिन प्रवासियों की भीड़ में भारतीय उपमहाद्वीप के भी लोगों की तादाद अच्छी खासी निकली ।

लेखक के मन में सवाल उठा कि आखिर इस इलाके के युवा प्रवास हेतु इतना कठिन और खतरनाक रास्ता क्यों अपना रहे हैं । इसे जानने के लिए 2017 में उन्होंने इटली की यात्रा की और तमाम शरणार्थी प्रवासियों से बात की । इससे गन आइलैंड का जन्म हुआ । फिर उन्होंने इस अनुभव को दर्ज करने के लिए कथेतर का सहारा लिया और प्रवास के बारे में लिखा और इसे वैश्विक संकट माना । तबसे पश्चिम की राजनीति में प्रवास बड़ा मुद्दा बना हुआ है । इसमें लफ़्फ़ाजों और दक्षिणपंथी आंदोलनों को भारी समर्थन मिल रहा है । इन नव फ़ासीवादी आंदोलनों के पीछे अपने आपको शिकार बताने का झूठ काम करता है । अमीर देश ही इस बात का रोना रोते हैं कि अश्वेत विदेशी उनके देश पर हमला बोले हुए हैं और इसका प्रतिरोध किया जाना चाहिए । तथ्य यह है कि इस बड़े पैमाने के प्रवास के हालात पश्चिमी देशों ने ही पैदा किये । उन्होंने दूसरे देशों में घुसपैठ की और तख्तापलट को अंजाम दिया ताकि एकध्रुवीय दुनिया का अपना सपना पूरा कर सकें ।

असल में शीतयुद्ध का अंत इतनी तेजी से हुआ कि अमेरिकी राजनीतिक वर्ग को अपनी सर्वोच्चता का पूरी तरह निश्चय हो गया । उनको लगा कि यह सर्वोच्चता स्थायी है और अब उनको कभी कोई चुनौती नहीं पेश कर सकता । इस दौर में अमेरिका और समूचे पश्चिम को यूरोपीय साम्राज्यवाद के बेहतरीन समय को भी पार करने का उन्माद छा गया । अमेरिकी राजनेताओं को यूरोपीय और आंग्लभाषी जगत के पिछलग्गुओं समेत यह खब्त सवार हुई कि वे बेवजह भी सारी दुनिया पर अपनी मनमर्जी थोप सकते हैं । नतीजे के तौर पर पाकिस्तान, अफ़गानिस्तान से लेकर इराक, सीरिया, यमन और लीबिया तक तबाही फैल गयी ।

नाटो द्वारा लीबिया की बमबारी को लेखक ने पश्चिम के नेताओं की दूर तक न देख पाने की कमजोरी का पक्का सबूत माना है । वहां करोड़ो अफ़्रीकी और एशियाई प्रवासी रहते थे । जब सरकार का पतन हो गया और वहां गृहयुद्ध छिड़ गया तो इन प्रवासियों के पास भूमध्य सागर छोड़कर और कोई रास्ता नहीं बचा । नाटो के नेताओं को इस बात का अंदेशा होना चाहिए था लेकिन उनकी अहंकारी घोषणाओं से लगता नहीं कि उन्हें यह भविष्य नजर आया था । लगता है इन नेताओं का माथा इतना खराब हो चुका है कि उन्हें अपने कारनामों के नतीजों की उम्मीद ही नहीं होती । इसी भ्रम से राजनीतिक कुलीन तबके को हमेशा सही होने का यकीन बना रहता है । वे किसी भी वैकल्पिक नजरिए को सुनना ही नहीं चाहते । उन्हें ऐसी राय गलत, तथ्यहीन या दुर्भावना से प्रेरित लगती है । लेखक को इसका निजी अनुभव भी हुआ जब इराक युद्ध के समय एक संपादक ने उन्हें अमेरिका के परदुख कातर होने का यकीन दिलाना चाहा । लेखक द्वारा पुर्तगाली साम्राज्य से लेकर अब तक के प्रत्येक यूरोपीय साम्राज्य की इस आत्मछवि का तर्क संपादक को सुनायी ही नहीं पड़ा । इस घटना के बाद लेखक ने मुख्य धारा की मीडिया में लिखना व्यर्थ समझकर बंद कर दिया । इसके बाद से उन्होंने जो कुछ लिखा वह या तो अपने ब्लाग के लिए या किसी आमंत्रित व्याख्यान के लिए लिखा । इस लेखन में उन्हें मेहनत करनी पड़ी लेकिन कभी छपाने को नहीं सोचा क्योंकि यह लेखों से पूरी तरह भिन्न विधा का लेखन था । जब इस जखीरे पर उन्होंने नजर मारी तो अच्छा लगा इसलिए उनका ही संग्रह यह किताब बन गयी है ।

इस समय के राक्षसों के बारे में लिखने के लिए लेखक को अपनी सोच का विस्तार करना पड़ा और रुचियों में बदलाव लाना पड़ा । उन्हें मौसम विज्ञान, भूगर्भशास्त्र, वनस्पतिशास्त्र तथा इसी तरह के विषय पढ़ने पड़े । इस अध्ययन से पता चला कि इस समय को वैज्ञानिक जगत में एंथ्रोपोसीन या समाज विज्ञान की दुनिया में कैपिटलोसीन भी कहा जाता है । हमारे इस समय के लिए तरह तरह के नामों से अंदाजा मिलता है कि इस परिघटना के बारे में अध्ययन के लिए ज्ञान के बहुतेरे अनुशासन इस्तेमाल किये जा रहे हैं । लेखक को इसी वजह से इतिहासकारों, वैज्ञानिकों और दार्शनिकों से संवाद बनाना पड़ा । लेखक की तरह वे भी अपने अनुशासनों से बाहर निकलकर इस परिस्थिति को समझना चाहते हैं । इसका सबूत पेश करते हुए लेखक ने सूचित किया कि उन्हें हाल के दिनों में जलवायु वैज्ञानिकों और साहित्य आलोचकों की सभाओं में बोलने के लिए बुलाया गया ।

किताब के अंत में लेखक ने पश्चलेख शामिल किया है । वे बताते हैं कि हम एक युग से दूसरे युग में प्रवेश कर रहे हैं और ऐसे समय में ग्राम्शी के मुताबिक राक्षस जाग जाते हैं । खास बात यह कि संक्रमण के इस समय उन सम्भावनाओं पर भी सोचा और उन्हें भी अपनाया जा सकता है जिनको आधुनिकता के युग में खारिज कर दिया गया था ।

Tuesday, May 26, 2026

पूंजीवादी संकट की मार्क्सवादी समझ

 



2026 में सैम विलियम्स की किताब ‘ए मार्क्सिस्ट गाइड टु कैपिटलिस्ट क्राइसेज’ का प्रकाशन जान ब्रिटन के संपादन में हुआ । लेखक के लिखे को संग्रहित करने और छपाने का फैसला 2010 में ही हुआ । 2015 में उसका पहला मसौदा जारी किया गया । उसको नये और ताजे रूप में 2016 में प्रकाश में लाना था लेकिन दस साल लग गये और अब उसे सामने लाया जा सका । लेखक ने मार्क्सवादी आर्थिकी के एक पहलू पर ब्लाग लिखना शुरू किया । वह पहलू पूंजीवाद के आवर्ती संकट थे । 2007 से 2009 तक जो संकट आया था वह 1825 के बाद से ही लगातार आने वाले संकटों में सबसे हालिया था । ब्लाग और उस पर आधारित इस किताब की बुनियाद मार्क्स का महाग्रंथ पूंजी है । 2008 में बहुत समय बाद उसकी बिक्री फिर से बढ़कर सबसे अधिक हो गयी । पहली बात कि मार्क्स के उस ग्रंथ में इन आवर्ती संकटों के बारे में कोई स्वतंत्र अध्याय नहीं है । कम्युनिस्ट घोषणापत्र में उन्होंने संकटों के बारे में जितना अधिक लिखा था उसको देखते हुए पूंजी में उसकी चर्चा न होने से अचरज होता है । इसके लिए तर्क दिया जा सकता है कि मार्क्स ने अर्थशास्त्र के बारे में जिन किताबों को लिखने की योजना बनायी थी उनमें पूंजी पहली ही है । इसके बाद वे विश्व बाजार, राज्य, होड़ और संकटों के बारे में लिखने वाले थे लेकिन जीवन ने उन्हें समय नहीं दिया । मार्क्स को अगर समय मिला होता तो वे जो कुछ लिखते उसे लिखना किसी दूसरे के लिए तो सम्भव नहीं है । कारण केवल यह नहीं कि मार्क्स मार्क्स थे बल्कि यह भी है कि उनके बाद से पूंजीवाद ने बहुत रूप बदले । होड़ की जगह वह एकाधिकारी हुआ । इसके बाद महामंदी आयी । फिर सरकारी हस्तक्षेप का कीन्सीय समय आया । उसके बाद स्वर्णमान समाप्त हुआ और 1970 दशक का गतिरोध आया । इसके बाद नवउदारवादी प्रतिक्रिया का दौर आया और 2008 का हालिया संकट तथा उसके असरात प्रकट हुए । इन सबसे संकट सिद्धांत को बहुत सामग्री मिली जो मार्क्स को उपलब्ध नहीं थी ।

पूंजीवादी विश्व बाजार में प्रत्येक सात से ग्यारह साल के भीतर अलग अलग तीव्रता के आर्थिक संकट आते रहे हैं । उन्नीसवीं सदी की दूसरी चौथाई के बाद से ही यह क्रम देखा जा रहा है । दुनिया भर की पूंजीवादी सरकारों की तमाम कोशिशें इन संकटों को रोक नहीं सकीं । गम्भीर संकटों के बाद नरम संकट आये लेकिन उसके बाद गम्भीरतर संकट ने दस्तक दी । मुख्य धारा के पूंजीवादी अर्थशास्त्री इन संकटों को दुर्घटना या द्वितीयक महत्व की घटना मानते हैं । बहरहाल मार्क्सवादी लोग संकटों को काफी महत्व देते रहे हैं । इसके लिए लेखक संकट सिद्धांत से ज्यादा जरूरी ऐतिहासिक भौतिकवाद को मानते हैं । ऐतिहासिक भौतिकवाद के मुताबिक मानव समाज के किसी एक रूप से दूसरे रूप में बदलाव के पीछे उत्पादक शक्तियों का उत्पादन के सामाजिक संबंधों से टकराव होता है । इससे ही मानव समाज या आर्थिक उत्पादन में विकास होता है । इस टकराव से ही क्रांतिकारी बदलाव शुरू होता है । इस बदलाव के कारण देर सवेर न केवल संपत्ति संबंध बल्कि वैचारिक जीवन और धार्मिक संस्थान भी नयी उत्पादक शक्तियों की संगति में आ जाते हैं । इन नयी उत्पादक शक्तियों की जरूरत के मुताबिक उत्पादन संबंध या संपत्ति के रूप ढलने लगते हैं ।

मार्क्स और एंगेल्स ने जब कम्युनिस्ट पार्टी का घोषणापत्र लिखा तो उस समय 1847 का वैश्विक पूंजीवादी आर्थिक संकट जारी था । उसमें उन्होंने सामंती समाज के अंत का मूल कारण चिन्हित किया था । कारण यह था कि यह नयी उत्पादक शक्तियों से टकरा रहा था । इन नयी उत्पादक शक्तियों का जब और विकास हुआ तो उन्होंने गिल्ड उत्पादन में एकाधिकार की समाप्ति की मांग की । साथ ही खेती में उन्होंने सामंती भूदास संबंधों को भी समाप्त करने की मांग की और इनके स्थान पर पगार पाने वाले मुक्त मजदूर की व्यवस्था कायम की । असल में रोमन साम्राज्य के पतन के बाद यूरोप में खेती और हस्तशिल्प उत्पादन की जो व्यवस्था कायम हुई थी उसमें नयी तकनीकों के विकास के लिए सामंती समाजार्थिक संबंध और भूदास प्रथा पर्याप्त थे । हालांकि सामंती समाज की दासता, ऊंच नीच और धार्मिक पोंगापंथ हमें स्वतंत्रता विरोधी और अन्यायपूर्ण लगते हैं लेकिन इसके बावजूद सच यही है ।

मध्ययुग के समाप्त होते होते उत्पादन की नयी पद्धतियों का टकराव इन सामंती संबंधों से होने लगा । तब क्रांतिकारी बदलाव का युग शुरू हुआ जिसमें सदियों पुरानी सामंती व्यवस्था खत्म हुई और उसके गर्भ से आधुनिक पूंजीवादी समाज का जन्म हुआ । इस व्यवस्था में लोकतंत्र, व्यक्तिगत स्वतंत्रता, कानून के सामने सबकी औपचारिक समानता, चर्च और राज्य का अलगाव, मुक्त बाजार और सबसे आगे बढ़कर पगार पाने वाले मुक्त मजदूर का जन्म हुआ । इसके लिए श्रम के बाजार की स्थापना हुई । यहां तक तो बहुतेरे पूंजीवादी इतिहासकार और अर्थशास्त्री मार्क्स का साथ देते हैं लेकिन उनका कहना है कि अर्थतंत्र के विकास पर चूंकि कोई भी सामंती बंधन रह नहीं गया है इसलिए अब किसी क्रांति की जरूरत भी नहीं रही । आगामी सदियों में पूंजीवादी निजी संपत्ति, होड़ और पगारी श्रम पर आधारित सामाजिक संपदा की बढ़ोत्तरी होती रहेगी । मानव समाज अपने अंतिम रूप तक आ गया है, अर्थतंत्र या उदार लोकतंत्र की राजनीतिक व्यवस्था में भविष्य में कोई गुणात्मक बदलाव नहीं होने हैं इसलिए इतिहास भी चरम विंदु पर आ पहुंचा है ।  

इसके बाद वर्तमान समय की बात शुरू होती है । नवउदारवाद ने उन सभी रियायतों से संघर्ष तेज कर दिया है जिन्हें पिछले दो सौ सालों में मजदूर वर्ग ने पूंजीपति वर्ग से हासिल किया था । नवउदारवाद के समर्थक इन्हें व्यवसाय के फलने फूलने की राह मे खड़ी बाधा मानते हैं और तेज आर्थिक वृद्धि हासिल करने के लिए इन्हें हटाना चाहते हैं । वे इसे उसी प्रगतिशील संघर्ष की निरंतरता मानते हैं जिसे शुरुआती उदारवादियों ने सदियों पहले पूंजीवादी उद्योग के रास्ते से हटाने के लिए सामंती अवरोधों के विरोध में छेड़ा था । उनका मानना है कि मजदूर वर्ग को हासिल सुविधाओं पर इस हमले से सबको रोजगार मिलेगा और जीवन स्तर में सुधार आयेगा ।  

इसकी सबसे स्पष्ट अभिव्यक्ति सोवियत संघ और पूर्वी यूरोप में 1980 और 1990 दशकों में आयी कम्युनिस्ट विरोधी सरकारों द्वारा योजना आधारित अर्थतंत्र के विनाश में हुई । उनका दावा था कि योजना ने खेती और उद्योग के रास्ते में जो भी बाधा खड़ी की थी उसे दूर करने से समूची आबादी के जीवन स्तर में काफी सुधार होगा । इसकी जगह उत्पादन में गिरावट देखी गयी । लाभ तो केवल नये पूंजीपति वर्ग के सदस्यों को हुआ और शेष लोगों के जीवन स्तर में बदतरी ही आयी । गरीबी का प्रसार हुआ और बहुतेरे इलाकों में आधुनिक सभ्यता का भी लोप नजर आया । नवउदारवाद का खंडन करने के लिए इससे अधिक प्रत्यक्ष प्रमाण की जरूरत ही नहीं थी । मार्क्स ने तो बहुत पहले ही उदारवादियों के विपरीत कहा कि उत्पादक शक्तियों और मानव समाज के विकास की राह में सबसे बड़ी बाधा तो खुद पूंजी है । इसीलिए उनका कहना था कि मानव इतिहास में समाज का अंतिम रूप पूंजीवाद नहीं हो सकता । इसका पक्का सबूत बार बार आने वाले आर्थिक संकट हैं । इन संकटों के समय पूंजीवादी समाज का अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाता है । इन संकटों के समय अति उत्पादन की ऐसी महामारी पैदा होती है जिसका पहले कभी नाम भी नहीं सुना गया था । जरूरी नहीं कि इन संकटों के दौरान ही पूंजीवाद का अंत हो जाए हालांकि इसकी सम्भावना होती है । इन संकटों से केवल यह साबित होता है कि उत्पादन के इतिहास में पूंजीवाद अस्थायी है और मानवता बची रही तो इससे बेहतर उत्पादन प्रणाली का जन्म होगा ।

मार्क्स के साथी एंगेल्स बड़े गजब आदमी थे । वे व्यवसायी थे लेकिन मजदूर वर्गीय क्रांति के पक्षधर भी थे । राजनीतिक अर्थशास्त्र के अपने गहन ज्ञान को उन्होंने व्यावहारिक अनुभव के साथ जोड़ा । ऐसा संयोग बहुत कम लोगों को मिलता है । 1877 में उन्होंने जर्मनी में मशहूर ड्यूहरिंग नामक दार्शनिक के मतखंडन की किताब लिखी और उसमें पूंजीवादी आर्थिक संकटों का विश्लेषण विस्तार से किया । जिनको भी हालिया वित्तीय संकट की याद होगी वे एंगेल्स के विवरण से सहत होंगे । एंगेल्स ने जब यह लिखा था तो मार्क्स जीवित थे हालांकि काम करने की उनकी क्षमता क्षीण होती जा रही थी । अगर वे एंगेल्स की राय से असहमत होते तो जरूर ही बताया होता । बजाय इसके उन्होंने इसमें एक अध्याय भी लगाया । इससे कहा जा सकता है कि संकटों की बारम्बरता संबंधी एंगेल्स की राय में मार्क्स की राय भी शामिल थी । उनका कहना था कि आधुनिक मशीन के आगमन के साथ सामाजिक उत्पादन की अराजकता के चलते प्रत्येक औद्योगिक पूंजीपति मशीन को बेहतर तथा अधिक उत्पादक बनाने के लिए मजबूर हो जाता है । इस तरह उत्पादन का विस्तार उसके लिए बाध्यकारी कानून बन जाता है । आधुनिक उद्योग का यह विस्तार गुणात्मक के साथ मात्रात्मक भी होता है । इसका कोई भी प्रतिरोध लगभग असम्भव होता है । यह प्रतिरोध उपभोग, विक्रय और बाजार की ओर से आता है । उत्पादन के विस्तार का साथ बाजार का विस्तार नहीं दे पाता । उनमें आपस में टकराव होने लगता है । इसका समाधान पूंजीवादी उत्पादन पद्धति में सम्भव नहीं इसलिए यह टकराव बार बार होता है । पूंजीवादी उत्पादन इस दुष्चक्र में फंस जाता है । साफ है कि एंगेल्स ने संकट को उत्पादन के विस्तार और बाजार द्वारा उसका साथ न दे पाने की परस्पर विरोधी प्रवृत्तियों के टकराव में देखा है । पूंजीवादी उत्पादन पद्धति में अगर बाजार से अधिक तेज गति उत्पादन के विस्तार की रही तो समस्या पैदा होगी । इसके कारण ही कभी उत्पादन धीमा हो जाता है, उत्पादक शक्तियों की बरबादी होती है या बड़े पैमाने पर बेरोजगारी फैल जाती है । ये समाधान अस्थायी होते हैं । संकट और कुछ सालों के गतिरोध के बाद उत्पादन का फिर से विस्तार शुरू होता है, बाजार में सामानों की बाढ़ आ जाती है और फिर नया संकट शुरू होता है ।

संकट और उनके विश्वयुद्ध जैसे नतीजे अधिकाधिक विध्वंसक होते जाते हैं । इसलिए पूंजीवाद को हटाकर उसकी जगह समाजवाद की स्थापना आधुनिक समाज के अस्तित्व के लिए आवश्यक हो जाती है । यह बात एंगेल्स ने समाजवाद: वैज्ञानिक और काल्पनिक में भी मिल जाती है जो अलग से छपी । उसमें उन्होंने पूंजीवादी उत्पादन के बुनियादी अंतर्विरोध को बहुत ही अच्छी तरह प्रस्तुत किया है । उनके मुताबिक उत्पादन तो अधिकाधिक सामाजिक चरित्र ग्रहण करता जाता है जबकि उत्पाद का अधिग्रहण निजी ही बना रहता है । इसके साथ ही उन्होंने उत्पादन की अराजकता और उसके केंद्रीकृत, सामाजिक और वैश्विक चरित्र के बीच भी अंतर्विरोध देखा । इन सबका नतीजा अधिकाधिक अमीर होते जाते पूंजीपति वर्ग और लगातार बढ़ते शोषित मजदूर वर्ग के बीच टकराव में सामने आता है ।                                             

 

Saturday, May 23, 2026

समता का संघर्ष

 

2025 में येल यूनिवर्सिटी प्रेस से थामस पिकेटी की फ़्रांसिसी में 2024 में छपी किताब का अंग्रेजी अनुवाद ‘इक्वलिटी इज ए स्ट्रगल: बुलेटिन्स फ़्राम द फ़्रंट लाइन, 2021-2025’ प्रकाशित हुआ । लेखक के अनुसार बीसवीं सदी सामाजिक जनवाद की थी और वर्तमान सदी पर्यावरणिक, लोकतांत्रिक और भागीदारीपरक समाजवाद की होने जा रही है । यह बात अचरज की लग सकती है क्योंकि ऊपर से अस्मिता और नवउदारवाद का ही सर्वत्र बोलबाला नजर आ रहा है । इसके बावजूद लेखक को उम्मीद है कि समता की लड़ाई में जीत मिल सकती है । अतीत में इस पर विजय हासिल की गयी है इसलिए फिर से जीत हासिल हो सकती है और भविष्य में ऐसा होना तय है । इसके लिए जरूरी सांस्थानिक बदलाव के सभी उपाय करने होंगे, राजनीतिक रणनीति बनानी होगी और वैकल्पिक समाजार्थिक व्यवस्था की कल्पना विकसित करनी होगी । ये ऐसे सवाल हैं जिन पर सबको सोचना होगा । इस तरह ज्ञान और सत्ता के संबंध को उलट देना होगा, सामूहिक सामाजिक गोलबंदी करनी होगी ताकि समता और सम्मान की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा जा सके ।

उनका कहना है कि आज जिन सामाजिक, पर्यावरणीय और वैश्विक समस्याओं का हम सामना कर रहे हैं उनमें से किसी का भी हल वैश्विक विषमता में कमी लाये बिना नहीं हो सकता । इसके लिए वर्तमान बाजारी और पूंजीवादी तर्क पर सवाल उठाना ही होगा । चूंकि हमारे समय की चुनौतियों का जवाब उदारवाद और राष्ट्रवाद जैसे विचारों के पास एकदम ही नहीं है इसलिए लोकतांत्रिक और पारिस्थितिकी समाजवाद के बारे में सोचना ही होगा । चुनावी लोकतंत्र के लिए भी मजबूत समाजवादी और समतावादी आधार की जरूरत है । 1980 और 1990 दशक से ही यह आधार गायब रहा इसलिए ही राजनीति विफल नजर आ रही है और हम सब वैश्विक चुनौतियों का सामूहिक मुकाबला करने में अक्षम साबित हुए हैं ।

जलवायु की व्यवस्था को पूरी तरह धराशायी होने से रोकने के लिए सभी सामाजिक समूहों और संसार के सभी इलाकों में उत्पादन और उपभोग का तरीका बुनियादी रूप से बदलना होगा । उत्तरी और दक्षिणी गोलार्ध के कामगार और मध्यवर्गीय समूह इन जरूरी बदलावों को कभी स्वीकार नहीं करेंगे जब तक सबसे अधिक विशेषाधिकारप्राप्त सामाजिक समूह कुछ अधिक कोशिश न शुरू करें । खरबपति और अरबपति तो दूसरों को उपदेश देना पसंद करते हैं लेकिन उनका कार्बन उत्सर्जन और धरती के लिए उनके द्वारा पैदा खतरे शेष आबादी से बहुत ज्यादा हैं । पर्यावरणिक तबाहियों की संख्या और बारम्बरता बढ़ने के साथ ही यह यथार्थ अधिकाधिक स्पष्ट होता जाएगा और वर्तमान पूंजीवादी व्यवस्था और उससे पैदा भारी विषमता के प्रति लोगों का रुख बदलता जाएगा । दुनिया के 10 प्रतिशत अमीर कार्बन उत्सर्जन के विशाल अनुपात के लिए जिम्मेदार हैं । उनका उत्सर्जन सबसे गरीब आधी आबादी या उससे भी ऊपर के 40 प्रतिशत आबादी से बहुत अधिक मापा गया है । अगर पूंजी निवेश और स्वामित्व के हिसाब से उत्सर्जन को देखें तो इन 10 प्रतिशत लोगों का हिस्सा 70 प्रतिशत हो जाता है जबकि सबसे गरीब आधी आबादी कुल 5 प्रतिशत ही उत्सर्जन करती है । अगर इसी तरह विभिन्न सामाजिक समूहों के उपभोग के हिसाब से उत्सर्जन के अनुपात को देखें तो इन्हीं 10 प्रतिशत द्वारा 40 प्रतिशत का उत्सर्जन होता है सबसे गरीब आधी आबादी महज 20 प्रतिशत का उत्सर्जन करती है ।

जिस तरह भी देखें उत्सर्जन का संकेंद्रण बहुत अधिक है और उसी अनुपात में पर्यावरणिक विध्वंस भी हो रहा है । इसलिए जलवायु परिवर्तन के लिए अमीरों की जिम्मेदारी बहुत अधिक है । खासकर पश्चिमी अमीर समुदाय के साथ ही चीन, रूस, भारत और मध्य पूर्व के अमीर भी इसमें शामिल हैं । इसलिए ही लेखक का सुझाव दुनिया भर में सामाजिक समूहों के बीच विषमता घटाने के पक्षधर हैं । इसकी जगह विभिन्न देशों के बीच ही विरोध खड़ा हो जा रहा है । अमीर लोगों के कार्बन उत्सर्जन में कमी से ही पारिस्थितिकी को नुकसान में कमी आएगी । जलवायु परिवर्तन पर रोक और धरती को रहने लायक बनाने की यह पूर्वशर्त है । कारण कि उत्सर्जन में उनका हिस्सा सबसे अधिक है और बिना उनकी पहल के अन्य सामाजिक समूहों को जीवन शैली में बदलाव के लिए राजी करना बहुत ही मुश्किल है । न्याय और संगति की यही न्यूनतम मांग है ।

विषमता में कमी धरती को रहने लायक बनाने की पूर्वशर्त तो है लेकिन यही पर्याप्त नहीं है । पारिस्थितिकी के पहलू को दरकिनार कर दें तो भी संपत्ति के मामले में मौजूदा विषमता को कम करना जरूरी है । विश्व विषमता के आंकड़े बताते हैं कि यह सम्भव और वांछित भी है । इसके बावजूद यह सोचना भूल होगी कि विषमता में घटोत्तरी से ही विकास का सातत्य हासिल हो जाएगा और धरती भी 2100 तक रहने लायक हो जाएगी । समता कायम हो जाए और कार्बन, प्लास्टिक तथा कंक्रीट पर आज की तरह ही निर्भरता बनी रही तो खास फायदा नहीं होगा । समतापरक अनुपभोगीकरण की प्रक्रिया आज की जरूरत है । इसका मतलब कि विषमता में भारी कमी के साथ ही बाजारी और पूंजीवादी तर्क से भी क्रमश: बाहर निकलना होगा । यह काम अधिकाधिक व्यवसायों से शुरू कर समूचे अर्थतंत्र पर करना होगा । इसका सीधा अर्थ है कि ऊर्जा, यातायत और निर्माण के क्षेत्रों से मुनाफ़े के तर्क को हटाना होगा । इस काम के लिए हितधारकों की बहुलता बनानी होगी, सामूहिक स्वामित्व बढ़ाना होगा तथा भागीदारीपरक और लोकतांत्रिक प्रशासन कायम करना होगा । इसके लिए प्लास्टिक के प्रयोग पर प्रतिबंध जैसे कुछ साझा सार्वजनिक मानदंडों का कड़ाई से पालन करना होगा तथा उल्लंघन करने वालों को दंडित करना होगा ।

लेखक के लिए खुशी की बात है कि बीसवीं सदी में ही समतापरक अनुपभोगीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है । सामाजिक राज्य का निर्माण और सामाजिक जनवाद की जीत को बीसवीं सदी में इस प्रक्रिया की सफलता के सबूत की तरह देखा जा सकता है । इसके लिए संस्थाओं में जिस तरह के बदलाव की जरूरत है उसका एक प्रमाण अनिवार्य कराधान है । इनमें प्रत्यक्ष और परोक्ष टैक्स समेत सामाजिक सुरक्षा हेतु सभी अंशदान शामिल हैं । प्रथम विश्वयुद्ध के मुहाने पर यूरोप में राष्ट्रीय आय का महज 10 प्रतिशत हिस्सा इस मद से आता था जबकि 1980 और 1990 के दशकों में बढ़कर यह 40 से 50 प्रतिशत पर पहुंच गया है । उन्नीसवीं सदी से लेकर प्रथम विश्वयुद्ध तक राज्य की जिम्मेदारी व्यवस्था और सुरक्षा जैसे पारम्परिक कर्तव्य तक सीमित थी । शिक्षा और स्वास्थ्य की उसे कोई भी चिंता नहीं होती थी । बीसवीं सदी में सरकारों को तरह तरह की सार्वजनिक सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम में हाथ डालना पड़ा । स्कूल, अस्पताल, आवास, यातायत और पेंशन जैसे कामों से सरकारें अब पीछा नहीं छुड़ा सकतीं । पिकेटी ने इस भारी बदलाव को सामाजिक जनवादी क्रांति कहा है । 1910 में अगर किसी से कहा जाता कि राष्ट्रीय आय का आधा समाज के काम आएगा तो आर्थिक तबाही की आशंका जाहिर की जाती । ऐसी कोई तबाही तो नहीं ही हुई बीसवीं सदी को अभूतपूर्व आर्थिक समृद्धि के लिए जाना गया । श्रम की उत्पादकता भी पहले कभी इतना अधिक नहीं रही थी । आय में अंतर भी कम हुआ और संपत्ति का भी कुछ हद तक बंटवारा हुआ । इस समृद्धि की कुंजी शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मानव पूंजी तक व्यापक और समावेशी पहुंच तथा सामूहिक अधि संरचना का विस्तार थी । स्वामित्व के चरम संकेंद्रण और वर्गीय विशेषाधिकारों की दुनिया में यह कतई सम्भव नहीं था ।

उनका मानना है कि बीसवीं सदी में सामाजिक राज्य का निर्माण अर्थतंत्र में अनुपभोगीकरण की प्रक्रिया से अभिन्न रूप से जुड़ा हुआ था । शिक्षा, स्वास्थ्य, शोध, सामाजिक सुरक्षा और कुछ हद तक यातायात, ऊर्जा और आवास जैसे क्षेत्र बीसवीं सदी में अधिकांश पश्चिमी देशों में मुनाफ़े के पूंजीवादी तर्क से बाहर रखे गये थे । इनसे जुड़ी वस्तुओं और सेवाओं का उत्पादन भी तरह तरह के गैर पूंजीवादी कर्ताओं द्वारा होता था । यूरोप के मुकाबले अमेरिका में सामाजिक राज्य का विकास धीमा हुआ । इसका एक कारण नस्ली शत्रुता का बोझ भी था । वहां स्वास्थ्य को मुनाफ़े के पूंजीवादी तर्क के अधीन ही रखा गया । इसके बावजूद अनुपभोगीकरण की यह प्रक्रिया यूरोप में भी पूरी न हो सकी । अर्थतंत्र का चौथाई हिस्सा ही बीसवीं सदी में बाजार के तर्क के बाहर रखा जा सका । शेष तीन चौथाई हिस्सा बाजार, पूंजीवाद और शोषण के तर्क के अधीन ही रहा ।

बीसवीं और वर्तमान सदी की आर्थिक समृद्धि दुनिया भर के प्राकृतिक संसाधनों के अबाध शोषण पर आधारित है । सुविदित है कि इसके नतीजे तापवृद्धि और पर्यावरण के नाश के रूप में सामने आ रहे हैं । अल्पकालिक मुनाफ़े का तर्क दीर्घकालिक साझा सामूहिक हित पर सर्वत्र हावी है । जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण के नाश की चेतना यूरोप में फैल तो रही है लेकिन उत्सर्जन में कमी अब भी ऐतिहासिक जिम्मेदारी को देखते हुए बहुत ही कम है और संपत्ति के पुनर्वितरण का खयाल तो अभी शैशवावस्था में ही है । यूरोप के सामाजिक जनवादी काम के घंटों में घटोत्तरी के पक्ष में हैं लेकिन उपभोगवाद और दोहन को चुनौती देने के मामले में उनकी भागेदारी अपर्याप्त ही बनी हुई है । 

पिकेटी के अनुसार बीसवीं सदी में यूरोप में घटित सामाजिक जनवादी क्रांति ने दिखा दिया कि पूंजीवाद पर विजय सम्भव है और अर्थतंत्र के कुछ क्षेत्रों को पूंजीवाद और बाजार के तर्क से बाहर भी रखा जा सकता है । दुर्भाग्य से यह बीच में ही रुक गयी । जरूरी है कि इस बुनियादी अनुभव को आगे ले जाया जाए तथा उसकी खूबियों और खामियों का मूल्यांकन करके वर्तमान सदी में अनुपभोगीकरण की प्रक्रिया को पूरा किया जाए ।

Wednesday, May 13, 2026

लेखक हुआ ही नहीं

 

            

                          

बचपन कुछ याद है, कुछ भूल गया । कारण उसके साथ बंगाल का संसर्ग है । पिता बंगाल पुलिस के सिपाही थे । जन्म वहीं अस्पताल में हुआ था इसलिए मजाक में अब भी मेरे बदल जाने की कथा सुनायी जाती है । बर्दवान के एक थाने की याद है जिसका नाम बीरहट्टा फाड़ी था । यह भी याद है कि खेल की तरह अन्य सिपाहियों के राइफ़ल की लिबलिबी दबाया करता था । पिता पुलिस लाइन में रहते थे । उससे सटे पोखरे की भी याद है जिसमें पांव लटकाकर बैठता था । घर अंग्रेजों के जमाने के बनवाए थे ऊंची छत वाले । उनमें कबूतर उड़ते रहते । मां ने एक बार फोड़े पर कबूतर की बीट रख दी तो फोड़ा फूट गया । एक बार पता नहीं कैसे सफेद चूहा पाला था । उसके शांत हो जाने से हुआ दुख याद है । दांत दुखते थे तो निकलवाया गया था । तश्तरी में गिरे दांत की भी याद है । बाद में अपने आप गिरने पर जमीन में दबा देने की हिदायत का पालन करना भी याद है । पोखरे के पार चारदीवारी के बाहर सिनेमा हाल था जिसका नाम बहन ने रूपसी चित्र मंदिर बताया । उसमें खुदीराम बोस पर फ़िल्म देखी थी । रुलाई आने पर बीच में बहन घर ले आयी थी । उसका गीत ‘एक बार बिदाइ दे मां घूरे आशी। हांशी हांशी कोरबो फांशी, देखबे भारतबाशी ।’ गाया करता था । पिता को वहीं से पिताजी कहना शुरू किया था जो अन्य भाइयों के बाबूजी से अलग संबोधन था । बहन और घर के अन्य लोग भी उन्हें पिताजी ही कहा करते थे । एक अद्भुत स्मृति उनके पेट से जुड़ी हुई है । खिड़की पर बैठा था और पिता चटाई पर लेटे थे । उनके पेट ने ऐसा आकर्षण पैदा किया कि उस पर कूद पड़ा । उनकी सहज प्रतिक्रिया मेरी नंगी पीठ पर थप्पड़ मारने की थी । तभी माता को सिंहनी की तरह उनसे लड़ते देखा । मैं उनकी आखिरी संतान था और शरीर से बेहद कमजोर था इसलिए हमेशा ही मेरे लिए किसी से भी टकरा जाती थीं । उन्हें चिढ़ाते हुए पिता अक्सर मेरे लिए तोहार ललऊ कहते । मेरा नाम पिता ने गोपाष्टमी के दिन की पैदाइश के कारण रखा था । बहुत बाद में एक बार आगरा जाते हुए इस पर्व पर लगे बैनर नजर आये तो ऐसे किसी पर्व के अस्तित्व पर यकीन हुआ अन्यथा इसे गढ़ी हुई कथा ही मानता रहा था । लम्बी छुट्टी में पिता गाज़ीपुर जिले के सुल्तानपुर स्थित घर आया करते थे । यह यात्रा रेल से पिता और माता के साथ होती थी । तब रेल की खिड़की लकड़ी की हुआ करती थी । मेरे हाथ पर गिर गयी और हाथ कुचल गया । उस अवसर पर भी उन्हें पिता को डांटते हुए सुना था । उनके भीतर यह साहस बंगाल ने रोपा होगा । घर पहुंचने के बाद बाबा ने उंगलियों पर राख भिगोकर पट्टी बांधी और कुछ दिनों बाद हाथ दुरुस्त हो गया । गाज़ीपुर का घर किसानी था इसलिए संसाधनों की किल्लत रहती थी । पिता अपने साथ लालटेन से लेकर टार्च तक ले आते । सिपाही बनने से पहले भी उन्होंने खेती की थी और जब घर आते तो फिर खेती के काम में लग जाते । मुझे कभी इससे जुड़े किसी काम में शरीक नहीं किया इसी वजह से आज भी ऐसे तमाम काम नहीं कर पाता जो कर सकता अगर सीख लिया होता ।

उधर बंगाल नक्सल आंदोलन की गिरफ़्त में था । भय का माहौल बना रहता । एक बार दुर्गापूजा के जुलूस में चला गया था तो लौटने पर माता ने फिर कभी इस तरह बाहर न जाने की हिदायत दी । कारण सिपाही का पुत्र होना था । एक मंदिर की याद है जिसकी दीवार फट गयी थी । पता चला नक्सल युवकों ने बम मार दिया था । किन्हीं कारणों से हाजमा हमेशा खराब रहा । एक नाले की सीमेंट की दीवार पर बहन ने बैठाया तो नीचे फिसल पड़ा । बहन ने हाथ पकड़ लिया । वह भी कुल पांच साल ही बड़ी थी । उसके हाथ पर जोर पड़ा तो मदद हेतु चिल्लाई । किसी और ने खींचकर ऊपर निकाला । सिर में फोड़ा फुंसी बहुत होते रहते थे । नहलाते समय उन्हें बहन या भाई साफ करते । सर्दी में अकड़े सांप की भी याद है जिसे ईंट पत्थर से बच्चों ने कुचल दिया था । पिता के पुलिस होने के कारण स्कूल नहीं भेजा गया । हिंदी की लिपि और वर्तनी से पिता माता और बहन ने परिचय कराया और घर पर ही हिंदी की सुबोधनी पढ़ डाली । तब अन्य से भिन्न दीखने के लिए यज्ञोपवीत भी डालने लगा था क्योंकि पिता पहनते तो आकर्षक लगता था । घर में पूर्वी उत्तर प्रदेश का संस्कार था इसलिए शाकाहारी भोजन ही करता । बस एक पदार्थ की भिन्नता याद है । नीम के कोमल पत्तों की भुजिया के साथ भात बहुत स्वादिष्ट लगता था, आज भी लगता है ।

बाहर के माहौल और पिता के किसानी संस्कार में टकराव शुरू हो चुका था । अन्य सिपाहियों के पास राइफ़ल होती जबकि पिता को हमेशा रिवाल्वर लगाए देखा । उत्सुकता में गोली के पीतल को गरम भी करने का प्रयास करता । वर्दी उनके बदन पर कभी कभार ही नजर आती । उसमें खाकी हाफ़ पैंट की बहुत कम याद है । इससे लगता है कि वे खुफ़िया पुलिस का काम करते रहे होंगे । धीरे धीरे उन्होंने नौकरी छोड़ देने का मन बनाना शुरू किया । पूछने पर बाद में बताया कि जिन युवकों को गोली मारनी होती वे उनके बच्चों की उम्र के थे इसलिए हत्या का पाप चढ़ता । कुछ नक्सल युवकों को वे जानते रहे होंगे जो पड़ोस में ही रहते रहे होंगे । हो सकता है मौत का भय भी रहा हो हालांकि उन्हें कभी भयग्रस्त नहीं देखा । उनकी वह स्वाभिमानी धज विरासत में हम सभी भाई बहन को मिली । इसकी कीमत हम सबने चुकायी लेकिन उनकी विरासत को शर्मिंदा नहीं होने दिया । आज भी जब कोई ऊपर बैठे होने का दम्भी दया दिखाने का सम्मान हासिल करना चाहता है तो वह स्वाभिमान जाग जाता है और हम सभी अधिकारी से नम्रता के साथ क्षमा मांग लेते हैं । उनकी शक्ति और दयालुता के किस्से सुने । एक बार कोई खेत से फसल काटकर ले जाने की फिराक में थे । पिता घूमते आ गये तो जितना काट सके थे उसे लेकर भागने लगे । पिता ने चोरी के मुकाबले भागने को अधिक गम्भीर गलती मानकर चेतावनी देते हुए कहा कि भागने की कोशिश से खतरा हो जाएगा । निशाना सटीक होने का गवाह हूं । दीवार पर रेंगते सांप का मुंह लाठी के कुंदे से उन्होंने मेरे सामने कुचला था । नौकरी छोड़कर घर चले आये तो मेरा प्रवेश कराया गया । एक साल बड़े चचेरे भाई के साथ स्कूल गया तो हिंदी की किताब पढ़ दी । इसलिए कक्षा दो में प्रवेश मिला । उस समय के स्कूल बहुत जीवंत हुआ करते थे । खेलकूद और सांस्कृतिक आयोजन होते । शरीर से दुर्बल होने की वजह से कुछ ऐसे खेलों में शामिल होता जो दूसरी तरह के होते । उदाहरण के लिए गणित दौड़ नामक खेल पसंदीदा था । स्लेट पर कोई गणित का सवाल लिखकर रखा रहता । उसे हल करते हुए दौड़कर सबसे पहले वापस आने वाला विजयी माना जाता ।

गणित में इसी कारण जो रुचि पैदा हुई वह अब केवल अमूर्तन के प्रति आकर्षण में बची हुई है । बहरहाल यह घोषित हुआ कि जिन्हें बीस तक का पहाड़ा या जिसे आजकल टेबल कहा जाता है वह याद हो जाए तो उसे तीसरी कक्षा में प्रोन्नत कर दिया जाएगा । रट गया और सीधे तीसरी कक्षा में बैठने लगा । जोड़ घटाना के अलावे कुछ पल्ले ही नहीं पड़ता था । धीरे धीरे गुणा और भाग सीखे । प्रत्येक शुक्रवार को काव्यपाठ या इसी तरह के कार्यक्रम होते । उन्हें बालसभा कहा जाता था । इनमें भी खूब भाग लेता । सवर्ण खेतिहर परिवार से होने के कारण अध्यापकों से डर कम लगता था । इन कार्यक्रमों ने सार्वजनिक रूप से बोलने का भय कुछ हद तक खत्म किया हालांकि संकोच अब भी कायम है । लिखने की शुरुआत का समय अभी नहीं आया था ।

बड़े भाई काशी हिंदू विश्वविद्यालय में हिंदी के विद्यार्थी थे । बहन मिडल स्कूल में पढ़ रही थी । घर के कुछ अन्य युवक दसवीं या उससे ऊपर की पढ़ाई कर रहे थे । लकड़ी की एक आलमारी थी जिसमें धर्मयुग और साप्ताहिक हिंदुस्तान रखे थे । एक पट्टीदार प्राइमरी स्कूल के प्रधानाध्यपक थे । उनके पास बांटने को किताबें आतीं । उन सबको पढ़ता । मेला लगता तो वहां से भी कहानी की किताबें ले आता । एक कापी में किताब की कहानी उतार डाली और समझा कि यह मेरे नाम से छप सकती है । बहन ने समझाया कि यह तो किसी और का लिखा है । समझ ही नहीं आता था कि फिर क्या लिखूं । दसवीं में स्कूल की पत्रिका के लिए कविता मांगी गयी तो किसी पत्रिका से उतारकर दे दी । संपादक ने भांप लिया कि नकल की गयी है । बुलाकर नयी कविता अपने सामने लिखने को कहा । जैसी लिखी उसके कारण उनका संदेह गहरा हो गया । घर के कुछ बुजुर्ग वहीं से पढ़े थे और उनका लिखा उसमें छपा भी था । इसलिए संपादक छापना चाहते थे लेकिन मुझे मौलिक लेखन का पता ही नहीं था । हारकर घरेलू छमाही परीक्षा में किसान समस्या पर लिखा मेरा उत्तर उन्होंने छापा और वही पहला लेखन है जो छपा ।

इससे पहले की एक घटना अक्सर याद आती है । सातवीं की कक्षा जिस कमरे में होती उसकी खिड़की सड़क की ओर खुलती थी । सहसा एक दिन बहुत सारे लोगों को सड़क पर पैदल कतार में जिला मुख्यालय की ओर जाते देखा । बाद में पता चला ये लोग शेरपुर गांव के दलित थे । उनके घरों में दबंग सवर्ण जाति के लोगों ने आग लगा दी थी । इसकी शिकायत दर्ज कराने के जिला कलक्टर के कार्यालय जा रहे थे । यह भी सुनने में आया कि शहर में घुसने से पहले ही मोटरसाइकल से गांव की ओर लौटते हुए ग्राम प्रधान मिल गये । उनका नाम महेंद्र राय अब भी याद है । बताया गया कि जुलूस के लोगों ने आगे के पहिए में लाठी घुसा दी । चालक और प्रधान दोनों जमीन पर आ रहे । फिर उन दोनों को पीटा गया । तब जनता के इस साहस पर अचम्भा हुआ था । बाद में पढ़ा कि तुलसी राम सबसे पहले उस आगजनी को देखकर आये थे । फिर यह भी देखा कि कांग्रेसी शासन में सरकारी सुविधाओं के सहारे जनता के जुझारूपन को खरीद लेने की प्रयोगभूमि वह गांव बना । हालांकि बहुत बाद तक उस गांव के जुझारूपन की कहानी कही जाती रही । दलितों की हिम्मत को दबाने के लिए भी उस घटना का उदाहरण दिया जाता । अधिकतर तो सामंती दबदबे के प्रतिरोध का भी उदाहरण शेरपुर को कहा जाता । कभी मुझे भी शेरपुर का नाम लेकर गांव के सवर्ण युवकों ने धमकाने की कोशिश की थी ।

उस घटना के उत्तर जीवन पर गम्भीर लेखन अब भी नहीं हुआ है । बहुत समय बाद सुना कि बस्ती में आग लगाने वालों को सजा हुई । एक परिचित के मन में शंका रही कि उनके सूदखोर चाचा की हत्या गांव के ही दलितों ने की थी । इसी दौर में आपातकाल के विरोध में उठे लोकप्रिय उभार की अभिव्यक्ति लोकसभा के चुनाव में देखी । जब नवीं में तहसील मुख्यालय के इंटर कालेज में दाखिला लिया तो जनता पार्टी की सरकार बन चुकी थी । इसी कालेज में पुस्तकालय बनते देखा और पहचान पत्र भी । सरकार ने छात्र संघ के चुनाव कराये । उनमें कक्षा प्रतिनिधि तो हुआ ही, संस्कृति मंत्री भी निर्वाचित हुआ । तभी कुछ समय गांव की शाखा में भी गया था । घर की प्रतिष्ठा का लाभ उठाने के लिए प्रचारक ने शाखा संगठक भी बनाया ।

तब इंग्लैंड से क्रिकेट की टीम टोनी ग्रेग के नेतृत्व में आयी थी । नशा चढ़ा तो दलित बस्ती के युवकों की टीम भी बनायी थी । बल्ला तो आम की लकड़ी का बन गया लेकिन गेंद कस्बे से खरीदी तो समझ आ गया कि यह खेल सस्ता नहीं है । गांव में रामलीला और धनुषयज्ञ होते । उनके साथ नाटक भी होता । एकाध नाटकों में कोई भूमिका भी शायद निभायी या कम से कम उसका रिहर्सल किया ।                      

बंगाल रहते हुए जाति देखी नहीं थी । गांव आकर पहली बार उसे समझना पड़ा । फिर भी इस विभाजन में जो स्थानीय हमउम्र पहले से निष्णात थे उन लोगो के मुकाबले गलती हो जाती । खाने पीने में कभी छुआछूत बरत ही नहीं सका इसलिए स्थानीय बालकों से कभी बहुत पट नहीं सकी । इसने संधि रेखा पर हमेशा खड़ा रखा । लेखक और नागरिक, मंचस्थ और श्रोता, अध्यापक और विद्यार्थी, स्थापित और अस्थिर, समेकित और बहिष्कृत, राजनीति और साहित्य के बीच के सभी द्विभाजनों को पार करते रहने का लोभ और उसकी सुविधा इस विचित्र बचपन ने जीवन भर के लिए पैदा कर दी ।