Tuesday, November 19, 2019

अंबेडकर के बुद्ध


                       
                                     
अंबेडकर के बौद्ध बनने के बारे में अक्सर इस सोच के साथ बात होती है मानो अशोक के बौद्ध होने की घटना की पुनरावृत्ति हुई हो । स्वाभाविक बात तो यह थी कि इस घटना को अंबेडकर के समय संदर्भ में रखकर समझने की कोशिश की जाती लेकिन धर्मांतरण के विरोध में खड़ी ताकतें तो इसकी याद भी मिटा देना चाहती हैं । साफ है कि अंबेडकर यह काम अपने समय के हिसाब से कर रहे थे । इसके लिए उन्होंने बुद्ध को नए समय के मुताबिक प्रासंगिक बनाया । बुद्ध के इस नवीनीकरण को अंबेडकर की इस किताब के सहारे देखा जा सकता है । यह किताब 1956 में काठमांडू में बौद्धों के एक सम्मेलन में दिया गया उनका भाषण है । 14 अक्टूबर 1956 को बौद्ध धर्म में दीक्षित होने के बाद 20 नवंबर को उन्होंने यह भाषण दिया था । इस भाषण में जो बातें उन्होंने सूत्र रूप में कहीं उन्हें विस्तारित करके 2 दिसंबर को पुस्तिका का रूप दिया । यह उनका आखिरी लेखन साबित हुआ । 6 दिसंबर को उनका देहांत हो गया । आश्चर्य नहीं कि सवर्ण सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के पैरोकारों ने बाबरी मस्जिद की शहादत के लिए यही तारीख तय की ।      
बाबा साहब अंबेडकर के धर्मांतरण के तथ्य को उजागर करना इसलिए भी जरूरी है क्योंकि उनके तईं धर्म बदलने का अधिकार सामाजिक लोकतंत्र का सबूत है । चाहे अंतर्जातीय विवाह का मामला हो या धर्मांतरण का, उनकी बातें और काम लोकतंत्र को महज औपचारिक बनाए रखने के विरुद्ध लक्षित हैं । लोकतंत्र को वे समता और स्वतंत्रता से अलग करके देखने के पक्ष में नहीं थे । पेशे के चुनाव में स्वतंत्रता के जरिए वे सामाजिक गतिशीलता हासिल करना चाहते थे तो अंतर्जातीय विवाह के जरिए स्त्री स्वाधीनता की गारंटी करना चाहते थे । धर्मांतरण का अधिकार मनुष्य के बालिग होने पर स्वतंत्र पहचान बनाने के उसके हक से जुड़ा हुआ है । बालिग व्यक्ति जिस तरह स्वतंत्र तरीके से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए आजाद होता है उसी तरह अपना जीवनसाथी और धर्म चुनने की आजादी भी उसका हक है । यह सवाल जातिप्रथा के उन्मूलन की उनकी कोशिश से भी सम्बद्ध है । व्यक्ति की जाति का निर्धारण जैसे जन्मना नहीं होना चाहिए उसी तरह उसके धर्म का निर्धारण भी उसके जन्म के आधार पर नहीं होना चाहिए । धार्मिक स्वतंत्रता के भीतर ही धर्मांतरण का अधिकार भी आता है । धर्मांतरण पर पाबंदी की कोशिश का मतलब धार्मिक स्वतंत्रता की समाप्ति है । इसलिए यह धार्मिक स्वतंत्रता मनुष्य की निजी अनुल्लंघनीय स्वतंत्रता का अभिन्न अंग है । इन तमाम स्वाधीनताओं के आधार पर वे लोकतंत्र को राजनीतिक सीमा से मुक्त करके समाज में एक जीवन पद्धति के बतौर स्थापित करना चाहते थे ।
बौद्ध धर्म में दीक्षित होने के उनके फैसले का भी सन्दर्भ व्यापक है । स्वाधीनता से पहले न केवल अंबेडकर बल्कि बहुतेरे बौद्धिक जन इस धर्म के बारे में लिख पढ़ रहे थे । हिंदी के विद्यार्थी राहुल सांकृत्यायन के नाम से भली भांति परिचित हैं । उन्होंने राहुल नाम बुद्ध के पुत्र से लिया था और बौद्ध भी बने थे । उनके ही साथी हिंदी के मशहूर कवि नागार्जुन का नाम भी प्रसिद्ध बौद्ध दार्शनिक के नाम से लिया हुआ है । इन दोनों ने अपने मूल नाम छोड़कर न केवल बुद्ध से जुड़े नाम अपनाए बल्कि सामंती विरासत से प्राप्त जातिगत पहचान से भी मुक्ति पाने की कोशिश की । दोनों का संबंध कम्यूनिस्ट आंदोलन से था । इस आंदोलन की प्रेरणा भी बुद्ध के साथ अपने को जोड़ने के उनके फैसले के पीछे जरूर रही होगी । अकारण नहीं था कि अंबेडकर ने बुद्ध को मार्क्स के साथ जोड़ा ।
इस जुड़ाव का रिश्ता स्वाधीनता आंदोलन से भी था । हमारे देश के स्वाधीनता आंदोलन को पूरी दुनिया के उपनिवेशों में जारी मुक्ति आंदोलनों का अंग समझा जाता था । आजादी के आंदोलन के भीतर भी यह चेतना 1920 के बाद तेजी से बढ़ने लगी थी । गांधी से लेकर भगत सिंह तक लगभग प्रत्येक स्वाधीनता सेनानी ने विदेशों में चलने वाले लोकतांत्रिक आंदोलनों के साथ खुद को जोड़ा था । उपनिवेशवाद से पीड़ित पड़ोसियों में बौद्ध धर्म को मानने वालों की तादाद अधिक थी । उस समय चीन, जापान, बर्मा और श्रीलंका को ही हम अपना पड़ोसी मानते थे और जानते थे कि आजादी के बाद हमारी किस्मत इनके साथ नत्थी रहने वाली है । बुद्ध और बौद्ध धर्म में तत्कालीन व्यापक रुचि को इस सन्दर्भ में भी देखा जाना चाहिए । बुद्ध में व्यापक रुचि का सबूत उस जमाने में लिखी अनेकानेक हिंदी किताबें हैं । इन किताबों के लेखक परशुराम चतुर्वेदी से लेकर रामवृक्ष बेनीपुरी तक थे । बुद्ध के प्रति इस अनुराग का सीधा संबंध भारत के उपनिवेशोत्तर सपने से था । तब कौन सोच सकता था कि एक समय ऐसा आएगा जब साम्राज्यवादी अमेरिका की गैर बराबर दोस्ती से देश को आत्मविश्वास हासिल होगा । खास बात कि भारत के स्वाधीनता आंदोलन में वामपंथ की मजबूत उपस्थिति थी । सबको मालूम था कि साम्राज्यवाद के विरुद्ध सबसे सुसंगत मोर्चा कोमिंटर्न (तीसरा इंटरनेशनल) के नेतृत्व में खुला हुआ था । इसका नेतृत्व रूस की कम्युनिस्ट पार्टी कर रही थी । स्वाधीनता के लिए संघर्षरत दुनिया की लगभग सभी उपनिवेशवाद विरोधी ताकत के साथ लेनिन की पार्टी का सक्रिय संवाद था । इस विशेष स्थिति के चलते मार्क्स के चिंतन का गहरा प्रभाव हमारे देश के बौद्धिक समुदाय पर भी था । बुद्ध के साथ मार्क्सवाद के संवाद की यह लम्बी परम्परा स्वाधीनता के बाद भी लम्बे समय तक बनी रही । अचरज की बात नहीं है कि हिंदी साहित्य में नक्सल आंदोलन की सबसे सुसंगत साहित्यिक अभिव्यक्ति लेकर आने वाले गोरख पांडे ने भी एक लेख लिखा ‘बौद्ध दर्शन और धर्मनिरपेक्षता’ । सनद रहे कि यह लेख सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी में आयोजित दर्शन की एक संगोष्ठी में प्रस्तुत किया गया था । जिस तरह मार्क्सवाद के साथ संवाद के लिए अंबेडकर ने बुद्ध के चिंतन को नया रूप दिया था उसी तरह गोरख पांडे ने धर्मनिरपेक्षता से उसके रिश्ते को व्याख्यायित करने के लिए बौद्ध धर्म और बौद्ध दर्शन को एक दूसरे से अलगाया और बौद्ध दर्शन में भावना की जगह बुद्धि की प्रबलता को माना ।       
अंबेडकर की इस पुस्तिका पर देश के भीतर और दुनिया भर में व्याप्त मार्क्सवाद के तत्कालीन आकर्षण की छाया है । उस समय के बौद्धिकों में रूस की बोल्शेविक सत्ता का आकर्षण तो था ही, 1949 में चीन की क्रांति भी संपन्न हो चुकी थी । उसके ठीक पड़ोसी देश नेपाल में वह सम्मेलन चल रहा था जिसमें अंबेडकर भाषण दे रहे थे । चीन के बौद्धों में मार्क्सवाद का गहरा असर था शायद इसलिए भी वे इस पुस्तिका में मार्क्सवाद से संवाद करना जरूरी समझ रहे थे । इस अंतर्राष्ट्रीय परिस्थिति के साथ हमारे देश के वातावरण ने भी उन्हें मार्क्सवाद के साथ संवाद के लिए प्रेरित किया होगा । 1952 के पहले आम चुनाव में कम्युनिस्ट पार्टी संसद में दूसरा सबसे दल बनकर उभरी थी । उस पहले ही चुनाव में सबसे अधिक वोट एक कम्युनिस्ट प्रत्याशी को मिले थे । केरल, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु समेत कई विधानसभाओं में अविभाजित कम्युनिस्ट पार्टी की मजबूत मौजूदगी थी । कुछ ही समय बाद दूसरे चुनाव में पहली विपक्षी सरकार का गठन कम्युनिस्टों के नेतृत्व में होना था । ‘हिन्दी-चीनी भाई भाई’ का जमाना था । इन सब चीजों का गहरा प्रभाव इस पुस्तिका पर दिखाई पड़ता है ।        
मार्क्सवाद के साथ संवाद बनाने की अंबेडकर की इसी प्रवृत्ति का परिणाम है कि एक पाश्चात्य मार्क्सवादी अंतोनियो ग्राम्शी के साथ उनकी तुलना करते हुए 2013 में रटलेज से कोसिमो ज़ीन के संपादन में ‘द पोलिटिकल फिलासफीज आफ़ अंतोनियो ग्राम्शी ऐंड बी आर अंबेडकर: इटिनेरेरीज आफ़ दलित्स ऐंड सबअल्टर्न्स’ का प्रकाशन हुआ । किताब के शुरू में संपादक की लंबी भूमिका और अंत में उपसंहार के अलावा पांच भाग हैं । पहले भाग के तीन लेखों में निम्न वर्गों और दलितों को इतिहास के कर्ता के रूप में देखने और स्थापित करने की प्रक्रिया का विवरण है । दूसरे भाग के दो लेखों में बौद्धिकों के प्रकार्य का विश्लेषण किया गया है । तीसरे भाग के तीन लेखों में निम्नवर्गीयता और सहजबोध का संबंध समझाया गया है । चौथे भाग के दो लेखों में दलित साहित्य, निम्नवर्गीयता और चेतना के निर्माण को देखा गया है । अंतिम पांचवें भाग में तीन लेखों में निम्न वर्गों तथा दलितों के धर्म की चर्चा की गई है । कहने की जरूरत नहीं कि दलित समस्या पर विचार के मामले में एक मशहूर मार्क्सवादी विचार की सृजनात्मक विश्लेषण क्षमता का मेल अंबेडकर की पद्धति से नजर आता है जिसमें दलित प्रश्न पर एकांगी तरीके से नहीं बल्कि समग्रता के साथ सोचा गया है ।
अंबेडकर के साथ मार्क्सवाद के मिलाप की सम्भावना को ही ध्यान में रखकर भाकपा (माले) के महासचिव विनोद मिश्र ने उन्हें ‘क्रांतिकारी जनवादी’ कहा था । मार्क्सवादी लोग यह विशेषण आम तौर पर उन गैर मार्क्सवादियों को देते हैं जिनका चिंतन मार्क्स के चिंतन से सबसे अधिक निकट का होता है । यही नहीं जमीन पर सामंती स्वामित्व को तोड़ने के लिए अंबेडकर की ही तर्ज पर उन्होंने भूमि के राष्ट्रीकरण का प्रस्ताव किया था । वर्ग और जाति की पारस्परिकता का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा ‘कतिपय ऐतिहासिक परिस्थितियों में यह (वर्ग) खुद को जातियों के रूप में अभिव्यक्त कर सकता है, दूसरी स्थितियों में ये दोनों साथ-साथ गुंथे भी रह सकते हैं, एक दूसरे को ढंक ले सकते हैं और उसी समय एक दूसरे को काट भी सकते हैं । फिर एक भिन्न परिस्थिति में जातियां विखंडित होकर वर्गों का भी निर्माण करती हैं ।’ जाति और वर्ग के अंतर्संबंध की इस गतिशील समझ ने भाकपा (माले) को दलित महासभा के गठन की प्रेरणा भी दी थी । उन्होंने मार्क्सवाद और अंबेडकर के बीच व्यावहारिक सहकार की गुंजाइश का संकेत करते हुए बताया ‘बेशक, भारतीय जनवादी क्रांति के फौरी संदर्भ में कार्यवाहियों का मार्क्सवादी कार्यक्रम अंबेडकरवाद के रैडिकल पक्ष के साथ काफी कुछ साझेदारी कर सकता है---’। इसी बात को और भी अच्छी तरह से फिर बताते हैं ‘---मैं स्पष्ट कर देना चाहूंगा कि रैडिकल अंबेडकरपंथी शक्तियों के साथ किसी मंच में शामिल होना या अंबेडकर जयन्ती समारोह में हमारे लोगों का शरीक होना किसी भी तरह हमारी पार्टी की नीति के खिलाफ नहीं जाता है । हम अंबेडकर को एक रैडिकल जनवादी मानते ही हैं और अपने मुश्तरका जनवादी प्रयासों में हम रैडिकल अंबेडकरपंथी शक्तियों के साथ हाथ मिलाने के बिलकुल पक्षधर हैं ।’ उन्होंने पार्टी की नीति घोषित किया कि ‘जाति उत्पीड़न के खिलाफ और दलितों की सामाजिक समानता के लिए संघर्ष का बीड़ा उठाते समय वर्गसंघर्ष का दायरा बढ़ाना ही मार्क्सवादियों के लिए एकमात्र प्रस्थान बिन्दु हो सकता है ।’ अंबेडकर का समग्र मूल्यांकन करते हुए उन्होंने लिखा ‘सामाजिक-आर्थिक पहलू से अंबेडकर गांधी से, और यहां तक कि नेहरू से भी ज्यादा रैडिकल थे । राजनीतिक रूप से भी वे भारत में राष्ट्र निर्माण की जटिलताओं के बारे में ज्यादा वाकिफ थे । उन्होंने कभी भी तमाम चीजों से ऊपर एक राष्ट्रीय नेता होने का दिखावा नहीं किया, और दलित मुक्ति को स्वतंत्रता आंदोलन का अभिन्न अंग बनाने की जोरदार पैरवी की’ । साथ ही ‘—यही वह सवाल है जिससे स्वतंत्रता के बाद भी भारत जूझ रहा है ।’ कहना न होगा कि मार्क्सवाद की ओर से अंबेडकर के मूल्यांकन के मामले में इस बेहद रचनात्मक रुख का आधार इस तथ्य में है कि भाकपा (माले) जिन खेत मजदूरों की लड़ाई लड़ रही थी उनकी भारी तादाद दलित जाति से जुड़ी हुई है । बिहार में इस संगठन की नींव रखने वाले जगदीश मास्टर के राजनीतिक जीवन का आरम्भ अछूतिस्तान के लिए आंदोलन से हुई थी ।     
मार्क्सवाद के साथ अंबेडकर ने थोड़ी बहस इससे पहले ‘जाति भेद का उच्छेद’ में भी की है । उसके तीसरे अनुभाग में वे समाजवादियों के साथ बहस करते हुए कहते हैं ‘धर्म, सामाजिक स्तर तथा सम्पत्ति- यह सभी ताकत और सत्ता के साधन हैं, जिन्हें दूसरे की स्वतंत्रता नियंत्रित करने के लिए व्यक्ति अपने पास रखता है । इनमें कोई एक समय तो दूसरा दूसरे समय प्रभावकारी होता है ।’ कुल मिलाकर वे भी वर्गसंघर्ष का दायरा बढ़ाने की वकालत कर रहे थे । असल में वे मार्क्सवाद को आर्थिक संघर्ष तक सीमित करके देख रहे थे लेकिन जहां तक सामाजिक क्रांति का सवाल है मार्क्स खुद ही इसके पक्षधर थे । उत्पादन संबंधों को वे ‘सामाजिक अस्तित्व के उत्पादन की प्रक्रिया में बनाए गए अनिवार्य संबंध’ समझते थे । शायद इसीलिए इन उत्पादन संबंधों के जंजीर बन जाने के बाद वे सामाजिक क्रांति की शुरुआत की वकालत करते थे । अपने विश्लेषण में राजनीतिक तत्व के मुकाबले सामाजिक तत्व को उन्होंने हमेशा प्राथमिकता दी । यहां तक कि अर्थतंत्र को भी वे सामाजिक स्वामित्व के मातहत लाना चाहते थे ।                                            

Saturday, October 26, 2019

अरुण माहेश्वरी के मार्क्स


                      
                                           
कार्ल मार्क्स के जन्म को दो सौ साल पूरे हो चुके हैं । दुनिया भर में इस अवसर पर तमाम किस्म के आयोजन हुए । लेकिन आयोजनों के अतिरिक्त मार्क्स को प्रासंगिक साबित करने में पूंजीवाद के संकट का योगदान कम महत्व का नहीं था । मार्क्सवाद का निर्माण ही पूंजीवाद की कब्र खोदने के अस्त्र के रूप में हुआ था । मार्क्स का समूचा जीवन और लेखन पूंजीवाद को मटियामेट करने में सक्षम शक्ति और साधन की खोज में बीता था । कहने की जरूरत नहीं कि पूंजीवाद के संकट मार्क्सवाद के लिए संजीवनी का काम करते हैं । मुक्तिबोध के शब्दों में ‘जो तुम्हारे लिए विष है, वह मेरे लिए अन्न है’ । इसके अतिरिक्त पश्चिमी दुनिया तथा अन्य ढेर सारे देशों के नव उदारवाद विरोधी आंदोलनों ने भी उसे जीवंत बनाए रखने में भरपूर मदद की । चरम निराशा के दौर में लैटिन अमेरिकी देशों के वाम उभार ने भी उम्मीद को जिंदा रखा । तमाम देशों में अति दक्षिणपंथ या फ़ासीवादी विचारों की विजय के बावजूद बीच बीच में किसी न किसी मुल्क से जनता के जागरण की खबर आती ही रहती है ।  
सोवियत संघ के पतन, चीन के तिएन आन मेन की घटना और बर्लिन की दीवार गिरने से मार्क्सवाद के अवसान का जो शोर मचा हुआ था उस पर हाल के दिनों में कुछ विराम लग गया है । फिर से मार्क्स की बात होने लगी है । प्रचंड विरोधियों को भी ‘मार्क्सवाद का अर्धसत्य’ लिखना पड़ रहा है । ऐसे में सूर्य प्रकाशन मंदिर से इसी साल प्रकाशित ‘बनना कार्ल मार्क्स का’ के लेखक अरुण माहेश्वरी ने इस किताब के लेखन के जरिए बहुत ही सार्थक हस्तक्षेप किया है । किताब में अलग अलग लेखों के जरिए मार्क्स के बचपन, शिक्षा, युवा हेगेल के साथ संवाद तथा हेगेलपंथी समूह से अलग होकर स्वतंत्र सैद्धांतिक राह बनाने की कहानी है । लेखक अरुण माहेश्वरी लेखन के साथ पत्रकारिता से भी जुड़े हुए हैं इसलिए उनकी भाषा में प्रचुर संप्रेषणीयता है । लेखक की भाषा के अतिरिक्त पुस्तक की प्रस्तुति भी बेहद सृजनात्मक है । लगभग सभी पृष्ठों पर उस प्रसंग से जुड़े किसी चित्र या संदर्भित किताब की तस्वीर लगाए गए हैं जो प्रसंग उस पृष्ठ पर वर्णित है । इससे पाठक को लिखित के साथ दृश्य का सुख भी मिलता चलता है ।
मार्क्स के बारे में किसी भी लेखन को कड़ी आलोचना से गुजरना लाजिम है । खुद मार्क्स वर्तमान की ऐसी निर्मम आलोचना के पक्षधर थे जो न तो शासन के कोप से और न अपने निष्कर्षों से सकुचाए । ऊपर से तो लगता है कि समय बुनियादी रूप से बदल गया है इसलिए पुरानी खेमेबंदियों पर भी विराम लग गया होगा । इस सवाल पर भी मार्क्स हमारी मदद करते हैं । उनका कहना था कि चीजें जितना बदलती हैं उतना ही पुराने के समान होती जाती हैं । विषमता या शोषण जैसे तथ्य उसी तरह की चीजें हैं जो तमाम तकनीकी, राजनीतिक, समाजार्थिक और सांस्कृतिक बदलावों के बावजूद समाप्त नहीं हुए । परिवर्तन के साथ निरंतरता की संलग्नता उनकी द्वंद्ववादी पद्धति की जान है । इसीलिए कुछ विद्वान इस दौर में भी शीतयुद्ध की निरंतरता देख रहे हैं । मशहूर मार्क्सवादी रणधीर सिंह एक कविता के सहारे कहते थे कि मार्क्स के अनुयायी भले बदल गए हों लेकिन उनके दुश्मनों में कोई बदलाव नहीं आया है । कुल मिलाकर यह कि मार्क्स के बारे में अतीत की दलबंदियों का खात्मा अब भी नहीं हुआ है । अगर इसके बारे में कोई भी संदेह हो तो जान लें कि हाल में लंदन में उनकी समाधि पर तोड़ फोड़ की गई । उनकी प्रासंगिकता के बारे में इससे बड़ा सबूत और क्या होगा कि दो सौ साल बाद भी कब्र में उनकी मौजूदगी नाकाबिले बर्दाश्त समझी गई ।   
सोवियत संघ के ढहने के बाद दुनिया भर में मार्क्स के अप्रासंगिक होने का जो शोर पैदा हुआ वह थोड़े ही दिनों के बाद बंद हो गया क्योंकि चुनौती न रहने से पूंजीवाद ने अपना मानवभक्षी रूप जाहिर करना शुरू कर दिया । संसार को शांति की आशा थी लेकिन उसकी जगह लगातार चलने वाले युद्धों का आदी बनना पड़ा । ऐसे में आहिस्ता आहिस्ता मार्क्स की चर्चा शुरू हुई । इसकी शुरुआत उनकी जीवनियों से हुई । नए समय की इन जीवनियों पर उनकी निंदा अभियान का असर था । उन्हें आर्थिक चिंतक मानने से भी परहेज करने वाली जीवनियों का प्रकाशन शुरू हुआ । उनको मानवीय साबित करने के लिए चिंतक की जगह व्यक्ति मार्क्स पर ध्यान केंद्रित किया गया । ठीक सदी के मोड़ पर फ़्रांसिस ह्वीन की लिखी जीवनी प्रकाशित हुई । इसके बाद जोनाथन स्पर्बर की लिखी जीवनी में तो कहा ही गया कि उन्हें उनके समय में अर्थात उन्नीसवीं सदी के संदर्भ में समझा जाना चाहिए । इसी क्रम में गारेथ स्टेडमान जोन्स की प्रकाशित हुई जीवनी से लेखक ने अधिकतर तथ्य और उनकी व्याख्या ली है । इस जीवनी में भी व्यक्ति मार्क्स को स्थापित करने पर जोर था । उससे मदद लेने के चलते आरम्भिक अध्यायों में मार्क्स कवि और प्रेमी के बतौर मुख्य रूप से नजर आते हैं ।  
असल में मार्क्स के किसी भी जीवनी लेखक के लिए यह बहुत बड़ी दुविधा होती है कि वह मार्क्स के भीतर राजनीतिक कार्यकर्ता को उभारे या अध्येता को । अगर वह अध्येता मार्क्स पर जोर दे तो आज के ज्ञानानुशासनों में से उन्हें किसमें अवस्थित करे । यह मुश्किल मार्क्स की नहीं थी, वे तो इनके बीच कोई बुनियादी भेद नहीं मानते थे । यह समस्या उनके जीवनी लेखकों की है जो न केवल मार्क्सवाद विरोधी शोरोगुल के शिकार हैं, बल्कि ज्ञानानुशासनों के कठोर विभाजन के माहौल में दीक्षित हैं ।
असल में मार्क्स को कवि या प्रेमी के बतौर चित्रित करने में सबसे बड़ी समस्या यह है कि मार्क्स को उनके समर्थक और विरोधी कवि या प्रेमी होने के नाते नहीं मिले । जिन्होंने उनके विचारों को अपनाया उन्होंने पूंजीवादी समाज व्यवस्था के उन्मूलन का रास्ता उनके लेखन में पाया । इसी तरह जिन्होंने उन पर लगातार कोलतार पोतने की कोशिश की, कब्र तक में उन्हें चैन से नहीं रहने दे रहे हैं, वे उनके विचारों के क्रांतिकारी असर को समाप्त करने पर आमादा रहे हैं । दुरूह होने के बावजूद मार्क्स के आर्थिक विश्लेषण ने ही उन्हें पूंजीवाद के विरोधियों और समर्थकों के लिए प्रासंगिक बनाए रखा है । पहले एक समय मार्क्स को युवा और परिपक्व में बांटा जाता था । युवा मार्क्स के समर्थक उन्हें आर्थिक निर्धारणवाद से मुक्त बताते । लेकिन हाल के दिनों के शोध और लेखन ने इस कृत्रिम विभाजन को भी अमान्य कर दिया है । दिखाई पड़ा है कि शुरुआती लेखन के बहुत सारे सरोकार अंत तक बने रहे और परवर्ती लेखन में भी हेगेलीय दर्शन का परिप्रेक्ष्य कायम रहा । डेविड हार्वे या मार्चेलो मुस्तो जैसे लेखकों ने जोर दिया है कि उनका आर्थिक लेखन उन्हें वर्तमान के लिए प्रासंगिक बनाता है । यहां तक कि अभी 2019 में प्रकाशित माइकेल हाइनरिह की लिखी मार्क्स की जीवनी में व्यक्ति मार्क्स को प्रतिष्ठित करने वाली अन्य जीवनियों के बारे में वाजिब सवाल उठाते हुए मार्क्स के निर्माण की प्रक्रिया को उजागर करने की कोशिश है । संयोग से उसके पहले खंड में भी मार्क्स के जीवन के उसी काल का विवेचन है जिसे अरुण माहेश्वरी ने अपनी किताब में उठाया है । लेखक ने मार्क्स की जीवनियों की इस आलोचना को नहीं देखा इसलिए मार्क्स के आर्थिक चिंतन के पहलू को कम छुआ है ।
किताब में जीवन के अतिरिक्त विचार का विवेचन करते हुए लेखक ने एकदम शुरुआती समय पर ध्यान दिया है । इस क्षेत्र में उनका भरोसा डगलस मोगाच पर अधिक रहा है । किताब के शीर्षक के अनुरूप ही उन्होंने मार्क्स के वैचारिक निर्माण को उठाया है । इस मामले में हेगेल के असर और फिर उस असर से छुटकारे की कहानी कही गई है । किताब फ़ायरबाख के बारे में मार्क्स के मशहूर सूत्रों के विवेचन के साथ खत्म होती है । फ़ायरबाख से उनके वैचारिक अलगाव को लेखक ने स्वतंत्र विचारक के बतौर मार्क्स के उदय का लक्षक माना है । इस कहानी को भी विस्तार से अनेक लेखकों ने समझने की कोशिश की है । खासकर डेविड लियोपाल्ड की किताब ‘द यंग कार्ल मार्क्स’ से उन्हें कुछ अलग किस्म की कहानी मिल सकती थी । असल में मार्क्स के बौद्धिक विकास का यह चरण उनकी अधिकतर जीवनियों में वर्णन की तरह आता है । उनके बौद्धिक विकास की व्याख्या ठीक से नहीं हो पाती । उदाहरण के लिए हेगेल के प्रति उनके लगाव का जिक्र तो होता है लेकिन उसकी कोई संतोषजनक व्याख्या नहीं मिलती । दार्शनिकों के उस देश में हेगेल ने विद्यार्थियों के इस समूह को किस वजह से आकर्षित किया । हेगेल के चिंतन में निहित क्रांतिकारी संदेश को अधिकांश जीवनियों में स्पष्ट नहीं किया जाता । खुद मार्क्स ने बताया है कि प्रशियाई शासक समूह ने हेगेल को घिनौनी चीज की तरह छोड़ दिया था । ज्यादातर लोग उन्हें भाववादी मानकर उनका जिक्र सिर्फ़ इसलिए करते हैं कि मार्क्स ने उनके दर्शन को उलटकर खड़ा कर दिया था । युवा हेगेपंथियों को यह नाम दिया ही गया क्योंकि वे युवा हेगेल का पुनराविष्कार कर रहे थे और उनकी परवर्ती समझौतापरस्ती के विरोध में उनके ही विद्रोही तेवर को सामने रख रहे थे ।
मार्क्स के वैचारिक विकास का वह काल निश्चय ही महत्वपूर्ण था तभी इतने सारे विद्वानों ने उस समय को विवेचन-विश्लेषण के लिए चुना । माहेश्वरी जी ने मार्क्स के पेरिस प्रवास तक के शुरुआती हिस्से को अपनी किताब के लिए रखा । इसी दौर में हेगेलपंथियों से मार्क्स का अलगाव होने लगा था लेकिन यह अलगाव किसी निजी चिढ़ का नतीजा नहीं था, वरन वे जिस मार्ग पर बढ़ रहे थे उसके सूझने के साथ पुराने झाड़ झंखाड़ की सफाई जरूरी हो गई थी । मतलब कि किसी सकारात्मक विकास की दिशा में आगे जाने में पुरानी सोच बाधा बन रही थी इसलिए उसकी आलोचना जरूरी हो गई थी । वे अगर कुछ छोड़ रहे थे तो कुछ अपना भी रहे थे । अखबार के संपादन के क्रम में ही उन्हें आर्थिक सवालों पर ध्यान देने की जरूरत महसूस हुई थी । माहेश्वरी जी ने इस पहलू को उठाया होता तो विचार पक्ष के स्पष्टीकरण में अमूर्त उलझनों से बच सकते थे । वैसे जितना सीमित क्षेत्र उन्होंने अपने लिए चुना है उसमें मार्क्स की वैचारिक विकास यात्रा को खोलने में वे सफल हुए हैं ।
धर्म का सवाल उस समय भी बेहद तीखे वाद-विवाद का केंद्र बना हुआ था इसलिए अत्यंत स्वाभाविक था कि माहेश्वरी जी उस पर अधिक ध्यान देते । यह सवाल हमारे अपने समय के लिए भी बेहद जरूरी हो गया है । हताशा में बहुतेरे मार्क्सवादी सोचते हैं कि धर्म से मनुष्य का छुटकारा असम्भव है । इसके उलट कुछ और लोग सोचते हैं कि नास्तिकता ही वर्तमान की समस्याओं से छुटकारा दिला सकती है । ऐसे में मार्क्स के धर्म संबंधी विवेचन को समझना बहुत जरूरी है । वे मानते थे कि धर्म कुछ खास परिस्थितियों की उपज है । वह इस अन्यायपूर्ण समाज में मनुष्य की आवश्यकता है । इसलिए इस समाज को बदलने से ही मनुष्य के इस अलगाव को समाप्त किया जा सकता है । मार्क्स के जन्म की दो सौवीं सालगिरह में ऐसी ढेर सारी किताबों की जरूरत पहले से बहुत अधिक है ताकि कार्यकर्ताओं की नई खेप उनके विचारों से परिचित हो सके । फिलहाल दक्षिणपंथी उभार का जैसा शोर मीडिया में मचा हुआ है उसमें यह तथ्य दबा दिया जाता है कि तमाम किस्म के अनाचार और अत्याचार के समग्र विरोध की जैसी लहर चल रही है वैसा उभार बहुत कम देखने में आता है । राजनीति में मध्यमार्गी विकल्प की जगह सिकुड़ रही है और अगर इस खाली जगह को दक्षिणपंथ भरता दिखाई पड़ रहा है तो वामपंथ भी अपने को नई परिस्थितियों के आलोक में नवीकृत करता हुआ उसके पीछे चला आ रहा है । आंदोलनों की नई लहर से ढेर सारे नए कार्यकर्ता पैदा हो रहे हैं । उनके शिक्षण के लिहाज से किताब बेहद उपयोगी है ।                                      

Wednesday, October 16, 2019

मार्क्स और आधुनिक समाज


                  
                                         
2019 में मंथली रिव्यू प्रेस से माइकेल हाइनरिह की 2018 में छपी जर्मन किताब का अंग्रेजी अनुवाद ‘कार्ल मार्क्स ऐंड द बर्थ आफ़ माडर्न सोसाइटी: द लाइफ़ आफ़ मार्क्स ऐंड डेवलपमेन्ट आफ़ हिज वर्क: वाल्यूम1: 1818-1843’ का प्रकाशन हुआ । इसका अनुवाद अलेक्जेंडर लोकाशियो ने किया है । लेखक ने सबसे पहले माफ़ी जैसा मांगते हुए मार्क्स के कुलेगमान को लिखे एक पत्र का उल्लेख किया है जिसमें मार्क्स ने जीवनी लिखने के प्रति अपनी अरुचि को जाहिर किया है । इंटरनेशनल में अपने काम के लिए भी सम्मानित किए जाने की प्रत्येक कोशिश को उन्होंने हतोत्साहित किया ।
शायद इसीलिए इस किताब को लेखक ने व्यक्ति पूजा से दूर कहा है । इसमें उस प्रक्रिया का विवेचन है जिसने मार्क्स जैसे व्यक्ति, सिद्धांतकार, राजनीतिक कार्यकर्ता और क्रांतिकारी को जन्म दिया । इस प्रक्रिया में मार्क्स ने भी न केवल विश्लेषण और टिप्पणियों के प्रकाशन के जरिए बल्कि अखबारों की स्थापना और कम्युनिस्ट लीग तथा इंटरनेशनल जैसे संगठनों को आकार देने के जरिए हस्तक्षेप किया । जीवन के आखिरी दशक में उनके लेखन और काम की जो अंतर्राष्ट्रीय चर्चा शुरू हुई वह आज भी जारी है । बीसवीं सदी की कई क्रांतियों और उनसे उपजी सत्ता ने बुर्जुआ पूंजीवादी संबंधों को उलट देना चाहा और इसे मार्क्स के सिद्धांतों से जोड़ा । आपस में लड़ने वाले बहुतेरे राजनीतिक दल और समूह भी खुद को ‘मार्क्सवादी’ कहते थे । समर्थकों या विरोधियों ने इस चक्कर में उन्हें देवता या शैतान बना डाला । दोनों ने उनके लेखन से पसंदीदा चुनिंदा हिस्सों का ही उपयोग किया ।
जीते जी जो कुछ भी प्रकाशित हुआ वह उनके समग्र लेखन का बेहद छोटा हिस्सा था । बीसवीं सदी में धीरे धीरे उनका लेखन प्रकाश में आया । इसके चलते उनके ‘समग्र’ के ढेर सारे संस्करण उपलब्ध हैं । इक्कीसवीं सदी की शुरुआत में मेगा के नाम से सचमुच उनका ‘समग्र’ छपना शुरू हुआ है । इसके भी सभी खंड अभी नहीं छपे हैं ।
मार्क्स खुद मानते थे कि बौद्धिक उत्पादन कालबद्ध होता है लेकिन उनके लेखन को अक्सर उसके संदर्भों से काटकर शाश्वत सत्य की तरह पेश किया जाता है । मार्क्स की सीखने की प्रक्रिया, जिसके चलते बार बार नई सैद्धांतिक शुरुआतें हुईं और अनेकानेक संधोधन भी हुए, तथा सबसे आगे बढ़कर उनके काम की अपूर्णता पर सचमुच ध्यान नहीं दिया गया । इसके बरक्स पिछले कुछ दिनों से उनके लेखन को ऐतिहासिक संदर्भ में देखने की कोशिशें शुरू हुई हैं । लेकिन इसमें भी एक घपला है । कोशिश होती है कि वर्तमान के लिए उनकी प्रासंगिकता को खारिज कर दिया जाए । उनकी जीवनियों को देखने से लगता है जैसे उनके बारे में राय पहले बना ली गई और जीवन संबंधी विवरण इस राय को पुख्ता करने के काम आएंगे । इसके विपरीत लेखक ने पिछले अनेक वर्षों से इस जीवनी पर काम करने के दौरान उनके बारे में उपलब्ध सामग्री के आलोक में अपनी राय बदली ।
किताब एकाधिक खंडों में छपनी है । इस पहले खंड में त्रिएर, बान और बर्लिन में उनकी युवावस्था का वर्णन है । उनके शोध को पहला लेखन माना गया है । अन्य जीवनियों में इस शुरुआती जीवन को एकाध अध्यायों में समेट लिया जाता है लेकिन लेखक को इस शुरुआती समय का गहरा रिश्ता 1830 दशक की प्रशियाई राजनीति और बौद्धिक बहसों से महसूस होता है । यह तो नहीं कहा जा सकता कि इस शुरुआती जीवन में परवर्ती जीवन के बीज हैं, उनके परवर्ती जीवन में ढेर सारे बदलाव आए लेकिन विद्यार्थी जीवन के अनुभवों और पढ़ाई के तरीके का संबंध परवर्ती पत्रकारिता से है । जीवनी लिखने में विषय तो ऐतिहासिक होता ही है, लेखक भी अपने समय के सवालों से पर्याप्त प्रभावित होता है । इस सिलसिले में लेखक ने भाषा की सीमा का जिक्र किया है । उस समय और इस समय भी भाषा में पुल्लिंग को सार्वभौमिक माना जाता है । इसलिए लेखक ने सचेत रूप से सामाजिक आंदोलनों के संदर्भ में स्त्रियों की भूमिका को रेखांकित किया है । विगत आठ सालों से लेखक दुनिया के विभिन्न देशों में आयोजित सम्मेलनों में जाते रहे । इस अनुभव के अतिरिक्त उन्होंने खुद विभिन्न अनुशासनों और क्षेत्रों में कार्यरत लोगों के साथ सलाह मशविरा किया ।
किताब की शुरुआत ‘पूंजी’ की पांडुलिपि प्रकाशक को सौंपने के लिए की गई यात्रा के वर्णन से होती है । किताब ने उनकी ‘सेहत, खुशी और परिवार’ की बलि ले ली थी । कुछ समय बाद सितम्बर 1867 में किताब छप गई । इस पर काम की शुरुआत तेईस साल पहले 1844 में हुई थी । 1845 में एक प्रकाशक के साथ दो खंडों में छपाई का अनुबंध भी हो गया था । लेकिन फिर मित्र एंगेल्स के साथ मिलकर एक नया ही काम शुरू कर दिया था । नब्बे साल बाद ‘जर्मन विचारधारा’ के नाम से उसका प्रकाशन हुआ । अर्थशास्त्र संबंधी छिटपुट लेखन जारी था लेकिन जो लिखा जाना था उसे स्थगित रखा । 1848 की क्रांति के समय तो गम्भीर सैद्धांतिक लेखन का माहौल ही नहीं था ।
क्रांति के विफल हो जाने के बाद अन्य अनेक राजनीतिक शरणार्थियों की तरह वे भी लंदन चले आए । उनके और परिवार का जीवन एंगेल्स की सहायता से गुजरा । वहीं रहते हुए पूंजीवादी अर्थव्यवस्था का सांगोपांग विश्लेषण शुरू हुआ । पूंजीवाद का केंद्र होने के चलते लंदन में वांछित सामग्री मिलने की गुंजाइश थी । पहले केवल दो अध्याय ‘राजनीतिक अर्थशास्त्र की आलोचना में योगदान’ के रूप में 1859 में छपे । इससे उनके साथियों को भी निराशा हुई । योजना इसकी निरंतरता में अगली किताब लिखने की थी लेकिन अब योजना पूरी तरह से बदल गई । अब चार किताबों की योजना बनी । पिछली किताब से सबक लेकर इस किताब में सैद्धांतिक हिस्से को लोकप्रिय और सुबोध बनाया । आठ साल बाद पांडुलिपि को छपाई के लिए अंतिम रूप दिया जा सका था । इसमें माल और मुद्रा के साथ पूंजीवादी उत्पादन प्रक्रिया, कारखाने का जीवन, मजदूरों के पारिवारिक जीवन की दुर्दशा तथा काम के घंटों को कम करने का संघर्ष भी शामिल था । अब उस पर अमूर्त और जटिल होने का आरोप लगाना थोड़ा मुश्किल था । कुछ राजनीतिक बदलाव भी हुए थे । 1864 में इंटरनेशनल की स्थापना के बाद मजदूर संघों और ट्रेड यूनियनों का विकास लगातार हो रहा था । इससे उम्मीद उपजी थी कि पिछली किताब के मुकाबले इसके प्रसार में सुविधा होगी । उनके जीवन का एकमात्र मकसद पूंजीवाद का उन्मूलन था । इसके लिए उन्होंने पूंजीवादी उत्पादन संबंधों के वैज्ञानिक विश्लेषण की राह चुनी । यही उनका सबसे कारगर हथियार था । बहरहाल इसे भी बहुत सफलता नहीं मिली । हजार प्रतियों के बिकने में चार साल लग गए । शेष खंडों को भी पूरा करना सम्भव न हुआ । मार्क्स के देहांत के बाद एंगेल्स ने अधूरी पांडुलिपियों की मदद से दूसरे और तीसरे खंड 1885 और 1894 में छपवाए ।
शेष अधूरी रचनाओं के प्रकाशित होने में दशकों लगे । इसके बावजूद उनके विचारों का बौद्धिक के साथ ही जैसा राजनीतिक प्रभाव पड़ा वैसा प्रभाव दो तीन सौ साल पहले के किसी चिंतक का नहीं पड़ा था । पिछले सौ सालों में कई बार उनकी मृत्यु की घोषणा हो चुकी है लेकिन ये घोषणाएं ही उनके जीवन का सबूत हैं । इसके बाद वे यह सवाल उठाते हैं कि आखिर क्यों बार बार मार्क्स के सिद्धांत का ऐसा प्रभाव पैदा होता है । वैसे तो हाल में प्रकाशित मार्क्स की कुछ जीवनियों में उनको उनके समय में बांध देने की कोशिश हुई है । इन जीवनियों का तर्क है कि उनके जमाने को हम पीछे छोड़ आए हैं । असल में उनकी प्रासंगिकता पर बात करने के लिए उन्नीसवीं सदी और इस समय की राजनीतिक आर्थिक हलचलों के बीच संबंध पर विचार करना होगा । आजकल प्रत्येक बीस साल बाद एक नए युग की घोषणा हो जाती है । उपभोक्ता समाज या सेवा अर्थतंत्र आदि इन तमाम नामों के बावजूद संकट और बेरोजगारी के उभार से स्पष्ट है कि युग उतना नहीं बदला है जितना बदलने का दावा किया जा रहा है । अक्सर लोग भूल जाते हैं कि तमाम बदलावों के बावजूद तमाम बुनियादी समाजार्थिक संरचनाएं या तो कायम हैं या अपेक्षित दिशा में ही विकसित हुई हैं । आधुनिक यूरोपीय समाजों और आधुनिक पूंजीवाद की ढेरों तकनीकी, समाजार्थिक और राजनीतिक बुनियादों का निर्माण 1780 से लेकर 1860 तक के उथल पुथल भरे समय में हुआ था । 1860 की दुनिया यूरोप और अमेरिका की आज की दुनिया के बहुत निकट है जबकि इन क्षेत्रों की 1780 की दुनिया में बेतार का तार और भाप के इंजन नहीं थे, जमीन पर घोड़ा और समुद्र में जहाज ही आवागमन के प्रमुख साधन थे, कुटीर उद्योग ही उत्पादक गतिविधि का केंद्र था, दिहाड़ी मजदूर ही पगारजीवी श्रमिक हुआ करते थे और अधिकांश आबादी देहात में रहती थी । इसके बाद बदलाव बहुत तेजी के साथ हुए । देहात की विशाल आबादी उजड़कर शहरों में बसने लगी, शहरों में कामगारों की संख्या तो बढ़ी ही राजनीतिक भागीदारी की मांग के साथ उनके तमाम संगठन पैदा हो गए, कामगारों में औरतों की तादाद बढ़ने लगी, बादशाहों के दैवी अधिकारों पर संदेह उठने लगे और धर्म की भी सामाजिक पकड़ कमजोर होने लगी । जनता की संप्रभुता और सार्वभौमिक मताधिकार की बातें फैलने लगीं । पहले अखबार तो निकलते थे लेकिन मुट्ठी भर शिक्षितों के लिए अनियमित तरीके से छपते थे । बाद के दिनों में उनका रूप दैनिक हुआ, वितरण बढ़ा और वे जनसंचार के शुरुआती नमूने बने । उनमें न केवल खबरें होतीं, बल्कि वे महत्वपूर्ण राजनीतिक बहसों के भी मंच साबित हुए ।
1860 के बाद हालात तो बदले हैं लेकिन बहुत अधिक नहीं । उस समय की तरह के कपड़े अब भी पहने जाते हैं । उस समय के आदमी के लिए इंटरनेट को समझना उतना मुश्किल न होगा क्योंकि बेतार का तार आ गया था । रेल का भाप का इंजन भी आ गया था इसलिए बिजली वाले इंजन को देखकर अचम्भा नहीं होगा । सही है कि उद्योग बड़े हुए हैं और उनमें मशीनों का इस्तेमाल बढ़ा है । जनसंचार में अखबारों से आगे बढ़कर बात रेडियो और टेलीविजन तक पहुंची है । जनता की संप्रभुता और सार्वभौमिक मताधिकार अब कोई क्रांतिकारी राजनीतिक धारणा नहीं माने जाते बल्कि दुनिया के ढेर सारे देशों में लागू हैं । कहा जा सकता है कि 1780 से 1860 के बीच की उथल पुथल युगांतकारी थी । इस बीच अर्थतंत्र पर आधुनिक पूंजीवाद का दबदबा न केवल व्यापार बल्कि उत्पादन पर भी अधिकाधिक कायम होता गया । इसके साथ ही उन्नीसवीं सदी में प्रचुर भौतिक विषमता के बावजूद नागरिकों की औपचारिक समता और निजी स्वतंत्रता की मान्यता समेत धर्मनिरपेक्ष समाज का उदय पश्चिमी दुनिया में हुआ । वर्तमान पूंजीवाद और राजनीति में तमाम विविधता के बावजूद समकालीन समाजार्थिक हालात के लिए यह युगांतर निर्णायक साबित हुआ था ।
मार्क्स इसी युगांतर की उपज थे और अपने समय के बारे में उनके विचार बेहद आकर्षक थे । अक्सर अपने समय को प्राक पूंजीवादी समय से अलगाने के लिए वे ‘आधुनिक समाज’ पद का इस्तेमाल करते थे । ‘पूंजी’ की भूमिका में उन्होंने इसका मकसद आधुनिक समाज की आर्थिक गति के नियमों का उद्घाटन घोषित किया था । आधुनिक समाज के सिलसिले में इसके अतिरिक्त उनके अन्य शोध अपूर्ण अवस्था में रह गए थे । किताब में इस प्रसंग में मार्क्स के लेखन की जांच परख करते वक्त देखा गया है कि वे कितना यूरोप केंद्रित रहे और किस हद तक वे इस सीमा से मुक्त हो पाए । उन्होंने देखा कि व्यापार के क्षेत्र में पूंजीवाद बहुत समय से मौजूद रहा था, उत्पादन के क्षेत्र में उसका दबदबा नई बात थी इसलिए उन्होंने पूंजीवादी उत्पादन संबंधों पर मुख्य रूप से ध्यान दिया ।
उनको महसूस हुआ कि इस उत्पादन संबंध के उदय के बाद तेजी से उसका विस्तार हुआ और सभी प्राक पूंजीवादी संबंधों पर वह छा गया । लेकिन विस्तार की इस प्रक्रिया का नतीजा सर्वत्र एक समान नहीं रहा । अपनी स्थिति मजबूत करने के क्रम में वह केवल स्वतंत्र पगारजीवी श्रमिक पर निर्भर नहीं रहा, बल्कि गुलामी से भी उसने लाभ उठाया और उनका लगातार पुनरुत्पादन किया । राजनीतिक व्यवस्था के मामले में भी अच्छी खासी विविधता नजर आई । संसदीय प्रणाली से लेकर फ़ासीवाद तक ने पूंजीवादी हितों की सेवा की । संक्षेप में वैश्विक लिहाज से देखें तो आधुनिक पूंजीवाद को एकसम नहीं कहा जा सकता ।
‘पूंजी’ में मार्क्स ने आधुनिक पूंजीवाद की बुनियादी संरचनाओं की परीक्षा की । जिस तरह आज के अर्थशास्त्र में उसे महज आर्थिक नजरिए से देखते हैं उस तरह नहीं बल्कि ऐसे सामाजिक संबंध के बतौर देखा जो वर्ग संबंधों तथा सामाजिक और राजनीतिक वर्ग संघर्षों की बुनियाद होता है । पूंजीवाद की ये बुनियादी संरचनाएं आज के अधिकांश समाजों के लिए महत्वपूर्ण बनी हुई हैं । उनका विश्लेषण बुनियादी संरचना का उद्घाटन करता है इसलिए हमारे वर्तमान समाज के लक्षणों को भी उजागर करता है । उनके विश्लेषण का मकसद पूंजीवाद की कार्यपद्धति को उजागर करना ही नहीं था, वे मानव मुक्ति के भी आकांक्षी थे । उन्होंने ऐसे सामाजिक संबंधों का सपना देखा जहां स्वतंत्रता, समानता, एकजुटता और न्याय की प्राप्ति हो सके । पूंजीवाद और उसके समर्थक सिद्धांतकारों के लिए स्वतंत्रता और मुक्ति की सम्भावना मुक्त बाजार और चुनाव के जरिए निर्भरता और विशेषाधिकार के सामंती संबंधों के अतिक्रमण तक सीमित थी । बाजार में धन पैदा करने के संयोग और नापसंद सरकार को चुनाव में हरा सकने की सम्भावना ही पूंजीवाद के लिए व्यक्ति की मुक्ति और समाज की राजनीतिक स्वतंत्रता का सार है । इस बुर्जुआ उदारवाद के विपरीत मार्क्स मानते हैं कि प्राक पूंजीवादी संबंधों से मुक्ति ही मानव मुक्ति नहीं है । पुराने समय में दमन के निजी संबंध थे जिनकी जगह आधुनिक समय में दमन के निर्वैयक्ति रूप कायम हो गए हैं । इसके तहत आर्थिक संबंधो की खामोश मजबूरी छा गई है और सामंती जबर्दस्ती की जगह बुर्जुआ राज्य ने ले ली है ।
मार्क्स ने पत्रकार और संपादक के रूप में, कम्यूनिस्ट लीग के संगठक के रूप में और इंटरनेशनल की गतिविधियों के जरिए लेकिन सबसे अधिक पूंजीवाद की बुनियादी आलोचना के जरिए राजनीतिक घटनाक्रम पर निगाह रखी और उसे प्रभावित किया । बीसवीं सदी में तो अधिकांश मजदूर आंदोलन तथा तमाम विपक्षी समूह और पार्टियों ने उनके विचारों से प्रेरणा ली । किसी भी गम्भीर बहस के लिए उनके विचारों से टकराना अनिवार्य हो गया था । लेखक ने इसके साथ ही बीसवीं सदी में सोवियत समाजवाद को उनके विचारों का साकार रूप मानने की प्रवृत्ति का जिक्र करते हुए इस धारणा से असहमति जताई है । बहरहाल उसके पतन के साथ कुछ समय के लिए लगा कि पूंजीवाद की मार्क्सी आलोचना भी समाप्त हो चली है । कहा जाने लगा कि अब इस व्यवस्था के विकल्प की तमाम कोशिशों की असफलता निश्चित है । जल्दी ही विजयी पूंजीवाद के स्थायी अभिलक्षण युद्ध और संकटों के रूप में प्रकट होने लगे तो उसकी मार्क्सी आलोचना पर लोगों को भरोसा होना शुरू हुआ है ।