Wednesday, May 29, 2019

साक्षात्कार संदीप मील



1 सबसे पहले तो यही तय करना होगा कि किस समय को समकालीन कहा जाय । तमाम विवादों के बावजूद कहा जा सकता है कि पिछली सदी के आखिरी दशक से दुनिया में जो बदलाव शुरू हुए उनकी निरंतरता में हम मौजूद हैं । इस लिहाज से विगत लगभग तीस साल का समय समकालीन कहा जा सकता है । हालांकि वर्तमान समय ऐसा प्रतीत होता है जैसे विगत तीस सालों की इस दुनिया के चरम परिणामों से हमारा साबका पड़ रहा है लेकिन यही मानना उचित होगा कि सोवियत संघ के पतन के बाद की नवउदारवादी वैचारिकी के प्रभुत्व का समय हमारा समकाल है । स्वाभाविक है कि इस समय के सवालों से जूझते हुए ही मार्क्सवाद का विकास हो रहा है । सोवियत संघ के खात्मे के दौरान और उसके तुरंत बाद अकादमिक दुनिया में उत्तर आधुनिकता का बोलबाला था । आज उसका कोई नामलेवा भी नहीं है । बहसें उन सैद्धांतिक कोटियों में चल रही हैं जिन्हें मार्क्सवादी विद्वानों ने लोकप्रिय बनाया था । सबसे पहले तो खुद मार्क्स का लेखन ही विराट शोध का विषय हो चला है । उनके समग्र लेखन के संपादन और प्रकाशन की परियोजना से संसार भर के चालीस से अधिक मार्क्स विशेषज्ञ जुड़े हुए हैं । प्रस्तावित योजना के अनुसार 140 खंडों में उनके समग्र का प्रकाशन होना है । सभी जानते हैं कि उनके जीवनकाल में लिखित का बहुत थोड़ा हिस्सा ही प्रकाशित हो सका था । देहांत के बाद एंगेल्स ने अनछपी पांडुलिपियों से निकालकर कुछ और प्रकाशित कराया । बचा हिस्सा जर्मनी की कम्युनिस्ट पार्टी के दफ़्तर में उपेक्षित पड़ा रहा था । रूस में क्रांति के बाद समग्र छापने का काम डेविड रियाज़ानोव के संयोजन में शुरू हुआ । कुछ आंतरिक राजनीति में रुक गया । जर्मनी में रखे दस्तावेजों पर हिटलरी उभार के चलते खतरा पैदा हुआ । उन्हें एम्सटर्डम भेज दिया गया । द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद फिर काम शुरू हुआ तो रूस में ही उलटफेर हो गया । इस बार उनके बचे हुए दस्तावेजों का अध्ययन और संपादन करके जो प्रकाशन हो रहा है तो मार्क्स के लेखन में मौजूद खुलेपन को लक्षित किया जा रहा है । उनके प्रकाशित लेखन के साथ इस अप्रकाशित सामग्री को मिलाकर देखने से उनकी धरणाओं के निर्माण की प्रक्रिया का पता चल रहा है । इसके साथ वर्तमान दुनिया के अध्ययन के लिए जो मार्क्सवादी कोटियां कारगर सिद्ध हो रही हैं उनमें सबसे महत्वपूर्ण साम्राज्यवाद नामक कोटि है ।
2 पूंजी के वर्तमान आक्रामक स्वरूप को वित्तीय साम्राज्यवाद के रूप में ग्रहण किया जा रहा है । मार्क्स ने बताया था कि पूंजी के निर्माण की प्रक्रिया में ही उसके नाश के तत्व निहित होते हैं । मुनाफ़े के लिए ही इसका निवेश होता है लेकिन मुनाफ़े को साकार करना लगातार कठिन होता जाता है । जब पूंजी के केंद्र में मुनाफ़ा कमाना कठिन हो जाता है तो पूंजी उन क्षेत्रों की ओर भागती है जहां प्राकृतिक संसाधन और मानव श्रम सुलभ और सस्ता हो । इसी क्रम में दुनिया के गैर पूंजीवादी आर्थिक परिक्षेत्र के साथ उसके साम्राज्यवादी संबंध बनते हैं । वास्तविक साम्राज्यवादी संबंध का अनुगमन सांस्कृतिक साम्राज्यवाद भी करता है । इसे फिलहाल के भाषाई परिदृश्य के विश्लेषण के जरिए अच्छी तरह समझा जा सकता है । जिस अंग्रेजी को आधुनिक दुनिया में दाखिल होने का टिकट समझा जा रहा है उसे किसी जमाने में अत्यंत तुच्छ समझा जाता था । अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों को पब्लिक स्कूल इसीलिए कहा जाता है कि वहां सामान्य जनता की संतानों को शिक्षा मिलती थी । अन्यथा श्रेष्ठता तो कानवेन्ट की स्कूली शिक्षा में हुआ करती थी जिनका संचालन चर्च की ओर से होता था । अंग्रेजी ही नहीं लगभग सभी यूरोपीय भाषाओं का विकास लैटिन के इस दबदबे से लड़कर हुआ लेकिन साम्राज्यवाद की स्थापना के साथ ये यूरोपीय भाषाएं खुद ही श्रेष्ठता निर्माण के इसी तंत्र का अंग बन गईं । आधुनिक काल में लोकप्रिय संचार माध्यमों में भाषा के दबदबे में आनेवाले बदलावों को देखें तो पूंजी की माया स्पष्ट हो जाती है ।
3 मार्क्स के समय भी सर्वहारा चेतना पर तमाम तरह के परदे थे । उस समय मताधिकार का सवाल बहुत बड़ा सवाल था । आप जानते हैं कि चार्टिस्ट आंदोलन बहुत कुछ मताधिकार के विस्तार के लिए होनेवाला आंदोलन था । मजदूरों को मतदान का अधिकार मिल जाने से उनकी सरकार नहीं बन जाती लेकिन उनके भीतर राजनीतिक सत्ता को हासिल करने की आकांक्षा जरूर पैदा हुई । इसी तरह तकनीक हमेशा से दुधारी तलवार रही है । उसने शुरू में अवश्य लोकतांत्रिक प्रसार का भ्रम पैदा किया लेकिन ध्यान दें तो मार्क्स ने पूंजीवादी समाज के सिलसिले में उत्पादन के सामाजिक स्वरूप और अधिग्रहण की इजारेदारी का जो अंतर्विरोध उजागर किया था वह अंतर्विरोध क्रमश: प्रकट होता जाता है । इसी अंतर्विरोध को काबू में रखने के लिए और बिना किसी समस्या के अधिकाधिक मुनाफा कमाने के लिए पूंजीवाद को लगातार क्रांतिकारी बदलाव करते रहना पड़ता है । हमारे चाहने से पूंजीवाद अपने आपको बदलना बंद नहीं कर देगा । बस यह है कि प्रत्येक नया समाधान आगामी संकट से बाहर निकलने का एक और रास्ता बंद कर देता है । उस समय फिर अब तक न आजमाए गए किसी अन्य तरीके को आजमाना पड़ता है । इसीलिए पूंजी का प्रत्येक नया संकट पिछले संकट से अधिक गम्भीर होता है । इस सिलसिले में याद रखना होगा कि पूंजीवाद के स्वभाव में अस्थिरता होने के बावजूद उसे समाप्त करने के सचेत मानव प्रयास के बिना अपनी ही गति से उसके विनाश की आशा व्यर्थ है । इसी मामले में मार्क्स के सारे प्रयासों के केंद्र में पूंजीवादी शासन को उखाड़ फेंकने वाले कर्ता के रूप में शोषित दमित कामगार मजदूर अवस्थित है और इसके लिए उसकी अपनी पहलकदमी को खोल देने का महत्व समझा जा सकता है । इस कामगार की उनकी धारणा लचीली और व्यापक थी ।
4 आवारा पूंजी का एक महत्वपूर्ण अंतर्विरोध राष्ट्र-राज्य के साथ होता है । इसके बावजूद आंदोलनों के दमन के लिए उसे इसी राज्य की जरूरत पड़ती है । इससे राज्य का वर्गीय चरित्र स्पष्ट होता जाता है । राज्य के सिलसिले में ध्यान देने की बात यह है कि धर्म और पूंजी की तरह ही राज्य भी मनुष्य की ऐतिहासिक रचना होने के बावजूद अपने आपको वर्गों के विभाजन से ऊपर उठा लेता है और समग्र समाज के हितों के प्रतिनिधित्व का भ्रम पैदा करने लगता है । इसलिए जनता के दिमाग में उसके बारे में भी गलतफ़हमी पैदा हो जाती है । कामगारों की राजनीतिक चेतना की उन्नति की दिशा में राज्य के वर्ग चरित्र का रहस्योद्घाटन जरूरी काम होता है । अंतर्राष्ट्रीय पूंजी की सेवा में जनता के आंदोलनों का दमन करके राज्य अपने आपको अधिकाधिक नंगा करता जाता है । इसके चलते मजदूर वर्ग के लिए राष्ट्रवाद की आकांक्षा का नेता बनना भी सम्भव हो जाता है । राष्ट्रवाद आम तौर पर बुर्जुआ वर्ग के हितों की सेवा करता है लेकिन चीन, वियतनाम और क्यूबा जैसे देशों में कमयुनिस्ट क्रांतिकारी आंदोलनों ने राष्ट्रवाद का झंडा बुलंद किया । लेकिन मजदूर वर्ग का राष्ट्रवाद बुर्जुआ राष्ट्रवाद से भिन्न होता है । उसमें साम्राज्यवाद विरोधी और लोकतांत्रिक रंग अधिक गहरा होना लाजिमी है ।
5 सबसे पहली बात कि मार्क्सवाद के प्रभाव में सांस्कृतिक-साहित्यिक मोर्चे पर जो पहल हुई उसमें जनवाद और आधुनिकता दोनों का असर था । उसने साहित्य संस्कृति को जनता के सृजन के रूप में पेश किया और उस पर शासक समुदाय के मुकाबले जनता का दावा ठोंका । दूसरे विश्वयुद्ध से पहले फ़ासीवाद विरोधी गोलबंदी के दौरान की वह समूची रचनात्मक प्रतिरोध की संपदा हमारी विरासत है । इस विरासत को और अधिक समृद्ध करना हमारा दायित्व है । इस दौर में पूंजी के संकट के चलते दुनिया भर में जो फ़ासीवादी उभार आया है उसके चलते सभी समाजों की पुरानी शासक ताकतों के हाथ में समाज की बागडोर जाने के विरोध में केवल मजदूर नहीं बल्कि उनके समर्थक अन्य बहुत सारे तबके खड़े हो रहे हैं । इसमें अग्रिम मोर्चे पर स्त्रियों के आंदोलन हैं । इसके अतिरिक्त अमेरिका में अश्वेत समुदाय के भीतर भी अलगाव की भावना बढ़ी है । उनके साथ होनेवाले व्यवस्थित अन्याय के विरोध में उठे आंदोलनों ने नए नेतृत्व को जन्म दिया है । इसी तरह स्थानीय निवासियों के आंदोलन भी सामने आए हैं । इन सबकी अपनी सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों का उभार जारी है । भारत के मामले में इसका अनुवाद स्त्री लेखन, दलित लेखन और आदिवासी लेखन के रूप में हुआ है । इसके कारण बहुत लम्बे समय के बाद साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में आंदोलनों का जिक्र शुरू हुआ है और सृजन की सामाजिक धारणा और व्याख्या बल पकड़ रही है ।
6 न केवल भारत में बल्कि समूची दुनिया में मजदूर आंदोलन एक नए दौर से गुजर रहा है । जिस तरह पूंजी का पुनर्गठन हो रहा है उसी तरह मजदूर आंदोलन का भी पुनर्गठन जारी है । असल में ये दोनों एक दूसरे के न केवल विरोधी हैं बल्कि एक दूसरे को प्रभावित भी करते हैं । पूंजी का हित मजदूरों के असंगठित होने में है । इसके विपरीत मजदूर एकताबद्ध होकर ही पूंजी के सभी तरह के हमलों का मुकाबला कर सकता है । पूंजी ने मुनाफ़ा न हो पाने की स्थिति में शोषण के नए नए क्षेत्र खोजे हैं और इस प्रक्रिया में नए किस्म में मजदूर पैदा किए हैं । मजदूर वर्ग के भीतर इन मजदूरों की आमद अभी नई है । इनमें से प्रौद्योगिकी क्षेत्र के कामगार तो बहुतेरा अपने को पारम्परिक मजदूरों से अलग समझते हैं । इसी तरह मजदूर वर्ग की कतार में सबसे बड़ी आमद महिला कामगारों की है । उनके साथ भी तालमेल बनाने में पारम्परिक मजदूर वर्गीय संगठनों को समय लग रहा है । अभी इन तबकों के विक्षोभ पूरी तरह से राजनीतिक रूप में सामने नहीं आ रहे हैं लेकिन इनका राजनीतीकरण बहुत तेजी से हो रहा है । वैसे भी बदलाव रोज रोज दिखाई देनेवाली प्रक्रिया नहीं होता लेकिन जारी रहता है ।  
7 न केवल हमारे देश में बल्कि समूची दुनिया में शोषक वर्गों के अबाध शासन के लिए ऊंच-नीच की सामाजिक व्यवस्था मौजूद रही है । आधुनिक बुर्जुआ समाज के आगमन के साथ सामाजिक गतिशीलता बढ़ने से वह अप्रासंगिक होती गई । उदाहरण के लिए गोल्डस्मिथ या शूमेकर जैसे नाम उनके पेशों से आए हैं लेकिन वर्तमान समाज में उनका कोई उपयोग नहीं रह गया । हमारे देश में भी उद्योगीकरण के साथ जाति व्यवस्था ढीली पड़ी लेकिन फिर समाज के सामंती यथार्थ ने उसे और अधिक मारक रूप में पुनर्जीवन दिया । इसे समझने ले लिए मार्क्स के इस सूत्र से भी सहायता मिलती है कि बुर्जुआ वर्ग को अपना शासन चलाने के लिए न केवल उत्पादन के साधनों और राज्य पर कब्जे की जरूरत पड़ती है बल्कि विचारों की दुनिया में भी शासक वर्गीय प्रभुत्व की स्थापना आवश्यक होती है । मार्क्स ने विचारधारा के क्षेत्र में संघर्ष को भी वास्तविक संघर्ष का ही हिस्सा माना और कहा कि बुनियादी ढांचे के सवालों को ऊपरी ढांचे के क्षेत्र में लड़ा और निपटाया जाता है । जातिवाद को ब्राह्मणवादी चिंतन पद्धति टिकाए रखती है और जनता को असंगठित रखने तथा सस्ते मानव श्रमिक की उपलब्धता के लिए इसे आधुनिक बुर्जुआ समाज ने भी अंगीकार कर लिया । औपनिवेशिक काल में सत्ता ने इसका पुनरुत्पादन किया और आज उसका नया दक्षिणपंथी उभार भारतीय समाज में मौजूद जो कुछ भी आधुनिक बोध है उसे मटियामेट करने के लिए प्रतिक्रांति की शक्ल में हुआ है । खुशी की बात उसका जोरदार प्रतिरोध है । जातिवाद के विरोध में इतना गहरा और व्यापक प्रतिरोध पहले कभी नहीं हुआ रहा होगा । यह प्रतिरोध किसी स्थापित राजनीतिक पार्टी की ओर से नहीं हो रहा बल्कि व्यापक सामाजिक आलोड़न का अंग है । शायद हमारे समाज के समस्त पुरातनपंथी अवशेषों का यह संगठित उभार लोकतांत्रिक समाज पर आधारित नए देश के निर्माण की ओर ले जाएगा ।
8 डाक्टर आंबेडकर हमारे देश में क्रांतिकारी जनवादी सोच का प्रतिनिधित्व करते थे । उन्होंने सामाजिक बदलाव को स्वाधीनता आंदोलन की कार्यसूची में जगह दिलाने में कामयाबी हासिल की । इस सिलसिले में एक बात पर गौर करना जरूरी है । मार्क्स के चिंतन में भी सामाजिक तत्व का महत्वपूर्ण स्थान था । वे हमेशा सामाजिक क्रांति और सामाजिक बदलाव की बात करते थे । इस्तवान मेजारोस ने कहा कि बीच के दिनों में मार्क्सवादी चिंतन में यह तत्व कमजोर पड़ा था और सारा जोर राजनीतिक तत्व पर दिया जाने लगा था । इक्कीसवीं सदी के मार्क्सवाद के लिए उन्होंने समग्र सामाजिक रूपांतरण का परिप्रेक्ष्य फिर से वापस लाने पर बल दिया । भारत में किसी भी बुनियादी सामाजिक बदलाव का अभिन्न अंग जातिवाद का उच्छेद होगा । आंबेडकर ने इसके लिए जिस अंतर्जातीय विवाह का रास्ता सुझाया था वह जीवन साथी के चुनाव के मामले में स्त्री स्वतंत्रता की ओर भी ले जाता है । भूसंपदा पर सामंती जकड़बंदी तोड़ने के लिए जमीन का राष्ट्रीकरण उनकी ऐसी मौलिक सोच थी जिसके निहितार्थ प्रकट होने बाकी हैं । मार्क्स और आंबेडकर के आपसी सहकार के लिए सामाजिक बदलाव के आंदोलन में दोनों का पुनर्पाठ आवश्यक है ।
9 इस बात से अक्सर इन्कार किया जाता है कि पूंजीवाद के अस्तित्व के साथ संकट लगे रहते हैं । यह पूंजीवादी समाज अपने एक सिरे पर चरम समृद्धि और दूसरे सिरे पर भारी दरिद्रता का उत्पादन करता है । समाजार्थिक विषमता का निरंतर विकास पूंजीवाद की विशेषता है । लोकतंत्र को वह तब तक ही सहन कर पाता है जब तक हालात सामान्य रहते हैं । संकट के हल के लिए पिछली बार उसने युद्ध का सहारा लिया था । युद्ध भी पूंजीवाद के साथ लगे हुए हैं । सबसे पहले तो पूंजी को राजनीतिक संरक्षण देने के क्रम में सरकारें लड़ाई में मुब्तिला होती हैं । इस अर्थ में वह लगातार युद्धरत रहता है । लेकिन युद्ध में राष्ट्रवाद की भावना भड़काकर जनता के विक्षोभ को दबाया जाता है और सैनिक साजो सामान की खपत के चलते अर्थतंत्र में तात्कालिक तेजी आती है । 2008 के संकट के बाद दुनिया के विभिन्न देशों में दक्षिणपंथी राष्ट्रवाद का उभार हुआ है । इसे फ़ासीवाद के विश्वव्यापी उभार का नया दौर कहना उचित होगा । इसने शरणार्थियों की विराट फौज को जन्म दिया है । मजदूर वर्ग की वर्गीय एकजुटता को नस्ल, लिंग, भूभाग, भाषा, धर्म आदि के आधार पर विभाजित करके बुर्जुआ शासन के इस दौर को कायम रखने की कोशिश की जा रही है । इसके साथ ही नए तरह की एकजुटता भी उभर रही है । असल में पूंजी का प्रत्येक नया हमला एक ओर जनता की ताकतों को पीछे धकेलता है तो दूसरी ओर विक्षुब्धों की नई फौज भी पैदा करता है ।
10 हमारे देश में कल्याणकारी राज्य की ओर से जो भी कदम उठाए गए उन्होंने पहले की पारम्परिक सत्ता संरचना को नया जीवन दिया । खेती में पूंजीवादी विकास का कोई भी प्रयास सामंती जकड़ को चुनौती देने की जगह उसे ही मजबूत बनाने के काम आया । इससे ग्रामीण जीवन में भारी विकृतियों का जन्म हुआ है । अब खेती पर नया हमला कारपोरेट पूंजी का हुआ है । पारम्परिक सूदखोरों की जगह ग्रामीण बैंकों के राजनीतिक रसूखदार लोगों ने ले ली । भू स्वामित्व के ढांचे में क्रांतिकारी बदलाव न आने के चलते समूचे समाज में विकास अवरुद्ध पड़ा हुआ है । कोई भी नई चीज स्थापित शक्ति संरचना को बलशाली बनाने के काम आती है । उदाहरण के लिए शिक्षा के चलते सामाजिक गतिशीलता को बढ़ावा मिलना चाहिए था लेकिन शिक्षा के लिए सम्पत्ति की आवश्यकता ने गारंटी कर दी कि शिक्षित लोगों में ऊंची जाति के लोगों की बहुतायत रहे । इसने शिक्षा संस्थानों को लोकतांत्रिक चेतना के निर्माण के बजाय उसका गला घोंटने वाले संस्थानों में बदल दिया । तभी आरक्षण के विरोध में उच्च शिक्षाप्राप्त लोग बहुत अधिक नजर आते हैं ।
11 अंग्रेजी औपनिवेशिक देशों में भारत सबसे महत्वपूर्ण देश था । मार्क्स इंग्लैंड की राजधानी लंदन में रह रहे थे । कम्युनिस्ट पार्टी का घोषणापत्र में ही पूंजीवादी प्रसार की विडम्बना को मार्क्स-एंगेल्स ने लक्षित किया था । वे न केवल पूंजीवाद के बल्कि उसके औपनिवेशिक विस्तार के भी विरोधी थे । उनका भारत संबंधी प्रचुर लेखन ढेर सारी अंतर्दृष्टियों से भरा हुआ है । 1857 के समय न्यू यार्क ट्रिब्यून के लिए लिखे लेखों का तो संग्रह भी उपलब्ध है । इस विद्रोह से चार साल पहले 1853 में ही उन्होंने रेल के प्रसंग में कहा कि इसका लाभ भारतीय लोग तभी ले सकेंगे जब या तो वे अंग्रेजी शासन को उखाड़ फेंकें या इंग्लैंड में सर्वहारा का शासन स्थापित हो जाए । उसी समय उन्होंने अंग्रेजी शासन के खात्मे की बात कह दी थी जबकि अस्सी साल बाद जाकर पूर्ण स्वराज का प्रस्ताव पारित हो सका । अब तो अप्रकाशित पांडुलिपियों की उपलब्धता के बाद उनके लेखन में उपनिवेशिक यथार्थ और खासकर हमारे देश जैसे भारी महत्व के उपनिवेश के उल्लेख उम्मीद से ज्यादा मिलने लगे हैं । मशहूर अर्थशास्त्री उत्सा पटनायक का अनुमान है कि दादा भाई नौरोजी की मुलाकात हिंडमैन के जरिए मार्क्स से हुई रही होगी । क्योंकि मार्क्स के लेखन में मौजूद उपनिवेशवाद विरोधी लेखन की भाषा अनेक जगहों पर नौरोजी से काफी मिलती जुलती है । जिस प्रथम इंटरनेशनल के केंद्र में मार्क्स रहे थे उसे कलकत्ते से कुछ लोगों ने पत्र लिखा और उसकी भारतीय साखा के गठन के संबंध में दिशा निर्देश मांगा था । सम्पर्क करने वाले अंग्रेज रहे होंगे क्योंकि इंटरनेशनल की जनरल कौंसिल की बैठक में पत्र पर विचार करने के बाद स्थानीय मजदूरों को लेकर शाखा बनाने की सलाह दी गई थी । पूंजीवादी विकास के गैर यूरोपीय रास्ते की सम्भावना की तलाश के प्रसंग में भी तमाम यूरोपेतर समाजों के साथ भारत का जिक्र भी अवश्य होना चाहिए ।
12 प्रसिद्ध राजनीति विज्ञानी रणधीर सिंह कहते थे कि मार्क्सवाद के लगभग प्रत्येक विरोधी ने मार्क्स से पहले के समता विरोधी विचारकों के तर्कों को ही दुहराया है । न केवल समता विरोध बल्कि एक हद तक भौतिकवाद विरोध का भी उत्थान मार्क्सवाद के विरोध के साथ हुआ है । इसका अर्थ यह कि मार्क्सवाद का विरोध अलोकतांत्रिक सोच की ओर तो ले ही जाता है उसके साथ ही इहलौकिक चेतना का भी क्षरण होता है । धान दीजिए कि बहुत पहले रोजा ने समाजवाद का विकल्प बर्बरता को बताया था । इस समय तो पूंजीवाद न केवल मानव समाज के लिए बल्कि मनुष्यों के रहने लायक एकमात्र ग्रह धरती के लिए भी विनाशकारी साबित होता जा रहा है ।                                      
13 सही बात तो यह है कि मजदूर की श्रम शक्ति के चलते सारी सम्पदा का सृजन हुआ है । इस बात को कहना या समझना आज जितना आसान है उसकी एकमात्र वजह कार्ल मार्क्स का ग्रंथ कैपिटल ही है । अर्थशास्त्र में तमाम किस्म के तर्कजाल से इस सच्चाई को झुठलाने की चेष्टा की जाती रही है । कार्ल मार्क्स ने अर्थशास्त्र की आलोचना करते हुए इसी रहस्य को उजागर किया । तमाम कच्चा माल और बेशकीमती मशीन मिलकर भी पूंजी का सृजन नहीं कर सकते । पूंजी का सृजन तभी होता है जब वह जीवित मनुष्य का खून चूसती है । इसी तथ्य को बोधगम्य बनाने के लिए मार्क्स को वह ग्रंथ लिखना पड़ा । हीलब्रोनेर का कहना है कि मार्क्स से पहले के किसी अर्थशास्त्री के लिए मजदूर सक्रिय कर्ता था ही नहीं मार्क्स के लेखन में पहली बार अपनी श्रम शक्ति के मालिक के रूप में वह मोलभाव करता हुआ नजर आता है । मार्क्स से पहले के लोग मजदूर की हालत में सुधार करने के लिए अन्य सामाजिक ताकतों से अपेक्षा करते थे । मार्क्स के लेखन में उसकी स्वतंत्र ऐतिहासिक भूमिका उभरती है । मार्क्स के चिंतन की सबसे बड़ी विशेषता है कि उसे बौद्धिक व्यायाम के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता । इस दुनिया को बदलने के संघर्ष में ही उसका संरक्षण और विकास सम्भव है । वह जीवित मनुष्यों के हाथ में अपने हालात को काबू करने का अस्त्र है । खुद कम्युनिस्ट पार्टी का घोषणापत्र की भूमिका में लेखकद्वय ने कहा कि इसकी बिक्री से उस देश के मजदूर आंदोलन का अनुमान लगाया जा सकता है ।
14 पूंजीवाद के स्वरूप में आनेवाले प्रत्येक बदलाव से संघर्ष के लिए मुश्किल बढ़ती है लेकिन अपने खात्मे के लिए पूंजीवाद हमारा काम आसान नहीं करेगा । शोषण के क्रम में मेहनतकश जनसमुदाय की हालत बुरी होती जाती है । इन परिस्थितियों से जूझने के क्रम में ही मनुष्य इस मशीन की बारीकियों को समझता है । आखिर इन तमाम गूढ़ चीजों का निर्माण मनुष्य ने ही तो किया है । पूंजी और श्रम दोनों ही अंतर्राष्ट्रीय परिघटनाएं हैं । शायद इसीलिए मजदूरों की मुक्ति के लिए प्रतिबद्ध राजनीतिक पार्टी भी एक अंतर्राष्ट्रीय परिघटना है । पूंजी का शासन राष्ट्र-राज्य की मशीनरी के सहारे चलता है इसलिए उसका प्रतिरोध राष्ट्रीय स्तर पर विकसित होता है लेकिन धीरे धीरे उसका अंतर्राष्ट्रीय आयाम विकसित होता जाता है ।
                                  

Monday, May 20, 2019

डिजिटल दुनिया और मार्क्सवाद


                   
                                             
क्रांति के नाम पर फिलहाल जिस क्रांति की धारणा बनती है उसके साथ डिजिटल शब्द गहरे जुड़ा हुआ है । सूचना-संचार के क्षेत्र में तमाम बदलाव तकनीक के आधार पर या उसका सहारा लेकर आए । देश और दुनिया के इस दौर को व्याख्यायित करने वाले सोवियत संघ के पतन से पहले ही इसके आगमन ने एक हद तक जीवन और सोच में बदलाव लाना शुरू कर दिया था । इस बदलाव को एक हद तक गहरा मानते हुए 2018 में पोलिटी प्रेस से फ़ेलिक एस स्टाल्डेर की जर्मन में 2016 में छपी किताब का अंग्रेजी अनुवाद ‘द डिजिटल कंडीशन’ का प्रकाशन हुआ । यह अनुवाद वैलेन्टाइन ए पाकिस ने किया है । लेखक की ओर से अंग्रेजी संस्करण के लिए अलग भूमिका लिखी गई है । लेखक के मुताबिक पश्चिमी यूरोप के लोग फिलहाल अपने को नए हालात में पा रहे हैं । इन्हीं को लेखक ने डिजिटल हालात कहा है क्योंकि कंप्यूटरों के जाल ने जीवन के लगभग सभी पहलुओं को काबू कर लिया है । इस बदलाव की जड़ें इतिहास में तो उन्नीसवीं सदी के अंत तक जाती हैं लेकिन इस परिस्थिति का आगमन साठ दशक के उत्तरार्ध में हुआ । इसके पहले के सांस्कृतिक राजनीतिक हालात को आकार देने वाले ढांचे को मैकलुहान के शब्दों में गुटेनबर्ग गैलेक्सी का नाम लेखक ने दिया है । इस पुराने ढांचे के संकट में आने से निजी और सामूहिक अभिरुचि और संगठन के नए रूपों की जरूरत पड़ी जिन्हें इन हालात ने आकार दिया । दीर्घकालीन ऐतिहासिक प्रक्रिया और ढांचागत रूपांतरणों के पीछे कोई सचेत मंशा नहीं थी । इसके बावजूद लेखक का मानना है कि इस बदलाव की प्रक्रिया इतना मनमानी नहीं है कि राजनीति की पकड़ से बाहर हो जाए । ऐसा नहीं कि समकालीन गति में भविष्य के किसी विकल्प की अभिव्यक्ति ही नहीं हो रही । पुराने ढांचों के बिखराव से जो शून्य पैदा हुआ है उसे भरने के मकसद से तमाम नए आर्थिक और राजनीतिक प्रकल्प और उनके लिए हितकर नई संस्थाओं का जन्म लगातार हो रहा है । किताब लिखने की वजह भी इन सबकी पहचान और विश्लेषण है ।
राजनीति के क्षेत्र में जो बदलाव आए हैं उन्हें लेखक ने ‘लोकतंत्रोत्तर’ कहा है । इसके जरिए वे बताना चाहते हैं कि निर्णय लेने की प्रक्रिया का भागीदारी से संबंध विच्छेद हो चुका है इसलिए सामूहिक भागीदारी की जरूरत बढ़ गई है । जरूरत पैदा होने से इसकी सम्भावना का भी विस्तार हुआ है । इस मामले में नियंत्रण के ऐसे परिक्षेत्र सामने आए हैं जिन पर मुट्ठी भर लोगों का एकाधिकार है । फ़ेसबुक और गूगल जैसे जन संचार के नए व्यावसायिक मंच इसके ठोस उदाहरण हैं । लेकिन इसके साथ ही विपरीत प्रक्रिया भी जारी है जिसे आजकल ‘कामन्स’ का नाम दिया जा रहा है । इसमें उदारवादी लोकतंत्र की औपचारिक प्रातिनिधिकता के बरक्स भागीदारी को सार्थक और निर्णायक बनाने की कोशिश हो रही है । इसका उदाहरण विकीपीडिया जैसे जानकारी के सर्व सुलभ स्रोत हैं । उनके अनुसार इन दोनों प्रक्रियाओं का संघर्ष डिजिटल दुनिया तक ही सीमित नहीं है बल्कि सामाजिक जीवन के अन्य तमाम क्षेत्रों तक इनका प्रसार हो रहा है । असल में उदारवादी लोकतंत्र का उम्मीद से अधिक तेजी से विघटन हो रहा है और उसकी जगह लेने की होड़ भी तेज हुई है । इस होड़ में एक ओर राष्ट्रवादी उन्माद से संचालित तानाशाही राजनीति खड़ी हो रही है तो दूसरी ओर विद्रोही नगरों का भी उत्थान हुआ है जो समुदाय आधारित सामाजिक आंदोलनों के जरिए उच्च पदों पर अपनी पसंद के प्रत्याशी चुनकर भेजने में कामयाब हो पा रहे हैं । साफ है कि यह दौर भी व्यापक सामाजिक प्रक्रियाओं और अंतर्विरोधों तथा उनसे उत्पन्न तनावों से अछूता नहीं है । इसमें भी एकाधिकार और भागीदारी की आकांक्षा में आपसी टकराव जारी हैं । इसके साथ ही यदि प्रतिनिधिमूलक लोकतांत्रिक प्रणाली का क्षरण हुआ है तो लोकतंत्र के नए परिसर भी पैदा हो रहे हैं ।                      
इस क्रांति ने दुनिया को ऐसी जगह ला खड़ा किया है कि विवेक और तर्क के लिए खतरा पैदा हो गया है । इस विचित्र हाल को समझने के लिहाज से 2018 में ही वर्सो से जेम्स ब्रिडल की किताब ‘न्यू डार्क एज: टेकनोलाजी ऐंड द एन्ड आफ़ द फ़्यूचर’ का प्रकाशन हुआ ।  लेखक का कहना है कि पिछली सदी ने तकनीकी त्वरण के जरिए हमारी धरती, हमारे समाज और हम सबको बदल डाला है लेकिन इन चीजों के बारे में हमारी समझ को बदलने में अभी कामयाबी नहीं मिली है । आज के समय की सबसे बड़ी चुनौतियों के साथ तकनीक जुड़ी हुई है । वर्तमान नियंत्रणविहीन अर्थतंत्र धनी और गरीब के बीच की खाई को और चौड़ा कर रहा है । विश्व स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक सर्वसम्मति के टूट जाने से अंध राष्ट्रवाद, सामाजिक विभाजन, टकराव और छायायुद्ध की बाढ़ आ गई है । इसके अतिरिक्त तापवृद्धि से सबके अस्तित्व पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं । विज्ञान और समाज, राजनीति और शिक्षा, युद्ध और वाणिज्य के क्षेत्रों में नई तकनीकें हमारी क्षमता को ढाल रही हैं । इस प्रक्रिया में सार्थक भागीदारी के लिए इनके बारे में विस्मय या श्रद्धा की जगह आलोचनात्मक विवेक अपनाने की जरूरत है । अगर हम जटिल तकनीकों की कार्यपद्धति, उनकी अंतर्सम्बद्धता और उनकी अंत:क्रिया को नहीं समझेंगे तो उनमें निहित सम्भावना पर स्वार्थी कुलीन और बेचेहरा कारपोरेशन आसानी से कब्जा कर लेंगे । चूंकि ये तकनीकें अप्रत्याशित और अक्सर विचित्र तरीके से न केवल आपस में जुड़ी रहती हैं, बल्कि उनके साथ हम भी उलझे होते हैं इसलिए उनकी व्यावहारिक समझ से ही काम नहीं चलेगा, उनकी उत्पत्ति और संसार में उनके लगभग अदृश्य तथा अंतर्सम्बद्ध कार्य सम्पादन की जानकारी जुटानी पड़ेगी । लेखक इस मामले में समझ से अधिक साक्षरता की जरुरत महसूस करते हैं ।    
इसी प्रसंग में न केवल तर्क और विवेक बल्कि लोकतंत्र के वर्तमान स्वरूप के भी संकट को उजागर करते हुए 2018 में वन वर्ल्ड से मार्टिन मूर की किताब ‘डेमोक्रेसी हैक्ड: पोलिटिकल टर्मायल ऐंड इनफ़ार्मेशन वारफ़ेयर इन द डिजिटल एज’ का प्रकाशन हुआ । लेखक ने 1974 के चुनावों में अपने पिता के राजनीतिक प्रचार के तरीकों से अपनी बात शुरू की है । उस समय सभी प्रत्याशी घर घर जाकर मतदाता से मिलकर उनकी बात सुनते थे और अपनी पार्टी के बारे में बताते थे । राजनीति की उस दुनिया का नामोनिशान भी नहीं बचा है । मध्यमार्गी पार्टियों का सुस्थापित लोकतंत्र लुप्त हो चुका है । अब तो राजनीतिक चुनाव अभियान को पहचानना ही मुश्किल है । इस समय चुनाव अभियान की मशीनरी मतदाताओं के आंकड़ों के जखीरे पर भरोसा करती है, इन आंकड़ों का बड़े पैमाने पर विश्लेषण करके तय किया जाता है कि किस मतदाता के पास किस तरह का संदेश भेजा जाए । आपके लिए चुने गए संदेश का निर्धारण आपकी खरीदारी, आपकी आमदनी, पढ़ने और देखने में आपकी रुचि, आपकी जान पहचान और आपके सरोकारों की जानकारी के आधार पर किया जाता है । इन संदेशों का असर हम पर पड़ता है और हम मतदाता की जगह अंध समर्थक में बदलते चले जाते हैं । इस प्रक्रिया ने लोकतंत्र को भीतर से खोखला कर दिया है । राजनीतिक चेतना पैदा करने में बुनियादी भूमिका निभाने वाले समाचार के पारम्परिक साधन समाप्त हो चुके हैं और उनकी जगह गूगल, फ़ेसबुक और ट्विटर जैसे मंचों ने ले ली है । ये मंच हमारी राजनीति को गढ़ रहे हैं, मौजूदा संस्थाओं को लील जा रहे हैं और नागरिक की भूमिका को परिभाषित कर रहे हैं । इस माहौल में नियम, कानून और स्थापित आचरण को दरकिनार करके राजनीतिक विकृति की प्रतिष्ठा की जा रही है । इस माहौल में अगर सामान्य जनता की आवाज को मुखर बनाना है तो इस व्यवस्था को समझने की गम्भीर कोशिश करनी होगी ।   
लोकतंत्र और समाज के समक्ष उपस्थित इन चुनौतियों के मद्देनजर मानवता के पक्ष में 2018 में अटलांटिक बुक्स से एंड्र्यू कीन की किताब ‘हाउ टु फ़िक्स द फ़्यूचर: स्टेइंग ह्यूमन इन द डिजिटल एज’ का प्रकाशन हुआ । लेखक का कहना है कि इस समय मानवता की बात करने के चलते उन्हें लुडाइट समझा जाता है । असल में पश्चिमी देशों में मशीनों के आगमन के विरोध में जो शुरुआती प्रतिरोध हुआ था उसमें पुराने कामगार इन मशीनों को तोड़ दिया करते थे । इस आंदोलन को उसके नेता के नाम पर लुडाइट कहा जाता है । इस किताब के लेखक ऐसे लेखकों के समूह के साथ सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे जो इंटरनेट को समाज के लिए लाभकारी मानने का विरोध करते थे । एक समय था जब इनकी आवाज अनसुनी कर दी जाती थी लेकिन सर्वव्यापी निगरानी तंत्र की स्थापना, आंकड़ों की जखीरेबाजी, इंटरनेट से जुड़े भीड़तंत्र की प्रचंड बेवकूफी, इंटरनेट कंपनियों के खरबपति मालिकान, झूठी खबर के नुकसानदेह प्रभाव, सामाजिकता से दूर करनेवाले सोशल मीडिया, भारी बेरोजगारी, इंटरनेट की लत जैसी चीजों को देखते हुए इंटरनेट के आलोचकों की तादाद बढ़ रही है । इन सबके चलते मानवीय भविष्य पर सोचने की जरूरत पैदा हो गई है । किताब में लेखक ने दुनिया भर में मनुष्य की हस्तक्षेपकारी भूमिका उभारने की कोशिशों का जायजा लिया है ।         
2017 में वर्सो से आदम ग्रीनफ़ील्ड की किताब ‘रैडिकल टेकनोलाजीज: द डिजाइन आफ़ एवरीडे लाइफ़’ का प्रकाशन हुआ । किताब में फोन, इंटरनेट, बिटक्वाइन, स्वचालन, धन के लेन देन के डिजिटल तरीकों, मशीन और कृत्रिम बुद्धि जैसी तकनीकों के चलते हमारे जीवन में आए अनजाने और बुनियादी बदलावों का विवेचन किया गया है ।  यह मजेदार किताब पेरिस के एक सामान्य दिन के वर्णन से शुरू होती है । लोग ए टी एम के सामने कतार में खड़े हैं । लगभग पूरे शहर में सभी लोग अपने किसी न किसी काम में व्यस्त हैं लेकिन अगर उनके पास मोबाइल फोन है तो उसे चालू करें या न करें, उनके फोन में जी पी एस हो या न हो, उनकी भौगोलिक मौजूदगी का पता है । लोगों के समस्त लेनदेन के आंकड़े जमा हो रहे हैं । उनकी प्रत्येक आवाजाही दर्ज हो रही है । सैर करने वालों के बारे में भी समय, दूरी और गति का पता है । पहले इन सभी गतिविधियों की न तो कोई खबर होती थी, न किसी को इनसे कोई मतलब होता था । समय इतना बदल गया है कि इनमें से किसी एक भी हरकत को आदि से अंत तक खोजा जा सकता है । नागरिकों के जीवन को नियंत्रित करने की तमन्ना रखने वाले लोगों के लिए बड़ी सुविधा हो गई है । आंकड़ों के संग्रह और विश्लेषण में सक्षम उपकरणों की हमारे जीवन में मौजूदगी के चलते यह सब सम्भव हुआ है । इन सबको आपस में जोड़ने वाला एक अदृश्य जाल है जो हिलते डुलते किसी भी व्यक्ति की समूची खबर रखता है ।
डिजिटल यथार्थ की इस नई दुनिया को समझने की गम्भीर कोशिश के तहत 2017 में प्लूटो प्रेस से केट ओ’रिओर्दन की किताब ‘अनरीयल आब्जेक्ट्स: डिजिटल मैटीरियलिटीज, टेक्नोसाइंटिफ़िक प्रोजेक्ट्स ऐंड पोलीटिकल रियलिटीज’ का प्रकाशन हुआ । लेखक कहते हैं कि अवास्तविक वस्तु अंतर्विरोधी धारणा है । हमारे समय का यही सच है । यथार्थ अंतर्विरोधी और प्रतियोगी हो चला है । तमाम तरह के तकनीकी उपकरण इस दुनिया में स्वभाव की तरह शामिल हो गए हैं । ये वस्तुएं मनुष्य, ज्ञान और संसार की दिशा निर्धारित कर रही हैं । मानव जीवन पर वस्तुओं की इस जकड़न को ढीला करना इस किताब का घोषित मकसद है । एक और किताब में भी यह कोशिश हुई है । 2017 में इमेराल्ड पब्लिशिंग से विनसेन्ट मोस्को की किताब ‘बिकमिंग डिजिटल: टुवर्ड ए पोस्ट-इंटरनेट सोसाइटी’ का प्रकाशन हुआ । किताब डिजिटल दुनिया के ऐसे पहलुओं के बारे में है जो हमारे जीवन का अंग हो चुके हैं लेकिन उन पर हमारा ध्यान नहीं जाता है । लेखक का मानना है कि इस नए किस्म की दुनिया में भी बड़े छोटे का अंतर समाप्त नहीं हुआ है ।
विषमता की इस परिघटना को स्पष्ट करने के लिए 2017 में पोर्टफ़ोलियो/पेंग्विन से स्काट गैलोवे की किताब ‘द फ़ोर: द हिडेन डी एन ए आफ़ अमेज़न, एपल, फ़ेसबुक, ऐंड गूगल’ का प्रकाशन हुआ । लेखक के मुताबिक पिछले बीस सालों के दौरान इन चार तकनीकी महाबलियों ने जितना ध्यान खींचा उतना कभी किसी ने नहीं खींचा था । इस क्रम में इन कंपनियों में मालदार रोजगार भी पैदा हुआ है । करोड़ो लोगों के जीवन में इनके उत्पाद और सेवाओं की घुसपैठ हो चुकी है । इसी पहलू से 2017 में लिटिल, ब्राउन ऐंड कम्पनी से जोनाथन टैपलिन की किताब ‘मूव फ़ास्ट ऐंड ब्रेक थिंग्स: हाउ फ़ेसबुक, गूगल, ऐंड अमेज़न कार्नर्ड कल्चर ऐंड अंडरमाइंड डेमोक्रेसी’ का प्रकाशन हुआ । लेखक का इरादा संस्कृति के क्षेत्र में जारी लड़ाई के बारे में लिखने का था । इस लड़ाई में अगर एक पक्ष इंटरनेट के परम स्वछंदतावादी खरबपति मालिकान हैं तो दूसरी ओर संगीतकार, पत्रकार, छायाकार, लेखक और फ़िल्मकार हैं जो इंटरनेट के इस जमाने में जिन्दा रहने की कोशिश कर रहे हैं । किताब के लेखक भी संगीत निर्माण के धंधे से जुड़े हुए हैं । उनका कहना है कि 1995 के बाद कला के क्षेत्र में जिन कलाकारों का काम इंटरनेट के जरिए प्रसारित हुआ उन्हें छोड़कर प्रयासरत शेष लोगों के बारे में कोई चर्चा नहीं होती । इंटरनेट ने कला जगत को जिस तरह बुनियादी रूप से बदला है उसके चलते किसी भी नए कलाकार को नए हालात का ध्यान रखते हुए ही कला की दुनिया में कदम रखना होता है । कलाकारों के सामने खड़ी चुनौतियों का सीधा संबंध इंटरनेट की इजारेदारी से है और अब इस इजारेदारी का प्रभाव केवल कला की दुनिया तक सीमित नहीं रह गया है । इसका प्रसार हमारे सम्पूर्ण जीवन और विश्व अर्थतंत्र तक हो रहा है फिर भी इनके फैसलों के मामले में हमारी पसंद का कोई अर्थ नहीं होता । ये फैसले गूगल, फ़ेसबुक और अमेज़न के इंजीनियर और पदाधिकारी लेते हैं तथा बिना किसी जांच परख के इन्हें जनसमुदाय पर थोप दिया जाता है । इसके चलते पश्चिमी जगत नियम कानून विहीन जंगल के समान हो गया है और प्रत्येक नागरिक के जीवन में अपराधियों, कारपोरेट घरानों और सरकारों का बेरोकटोक हस्तक्षेप मुमकिन हो गया है । लोकतंत्र पर भी इसका असर देखा जा रहा है । अमेरिका के पिछले राष्ट्रपति चुनाव में ट्विटर और फ़ेसबुक पर भारी मात्रा में झूठी खबरें फैलाई गईं और इनसे ट्रम्प को जीतने में मदद मिली । इसका बड़ा कारण था कि फिलहाल 44 प्रतिशत अमेरीकियों के लिए सही समाचार का प्रथम स्रोत फ़ेसबुक हो चला है । कई लोग तो मानते हैं कि सोशल मीडिया के बिना ट्रम्प का जीतना सम्भव ही नहीं था । अखबार में छपने से पहले समाचार की कुछ न कुछ छानबीन होती है लेकिन फ़ेसबुक के लिए जांच परख की ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है । सच पूछिए तो इंटरनेट को नियंत्रित करनेवाले स्वच्छंदतावादी खरबपतियों को लोकतांत्रिक राजनीति या समाज में कोई विश्वास नहीं होता । इन कंपनियों के मालिकान अल्पतंत्र में गम्भीरता से विश्वास करते हैं जिसके तहत कुछेक धनकुबेरों और तथाकथित प्रतिभाशाली लोगों के हाथ में हमारा भविष्य छोड़ देना उचित समझा जाता है । इनमें से एक सज्जन का लेखक ने उदाहरण दिया है जो पेपाल नामक भुगतान कंपनी के संस्थापक हैं । उनका मानना है कि अमेरिकी समाज की सबसे बड़ी समस्या बेवकूफ वोटरों की भीड़ है । उनका यह भी कहना है कि आबादी के केवल 2 फ़ीसद वैज्ञानिक, उद्यमी और निवेश का जोखिम उठानेवाले पूंजीपति इस देश की हालत को समझते हैं और बाकी 98 प्रतिशत जनता को कुछ पता नहीं होता । उनकी बात से किताब के लेखक को लगा कि जिसे वे संस्कृति के खित्ते की लड़ाई समझ रहे थे वह तो असल में आर्थिक युद्ध है । जिस तरह इंटरनेट की दुनिया में उसी तरह आर्थिक क्षेत्र में भी प्रतियोगी पूंजीवाद के दिन बीत गए हैं और अब इजारेदारी का ही बोलबाला कायम है । असल में यह सब आगामी समय में उभरनेवाले पूंजीवाद की झांकी है । इसके कारण चिंता जाहिर की जा रही है कि कुछेक दैत्याकार कंपनियों के हाथ में समूची आबादी के बारे में जानकारी आखिर कितनी सुरक्षित रहेगी । इजारेदारी, आंकड़ों पर नियंत्रण और कारपोरेट कंपनियों की सरकार में घुसपैठ- ये सवाल ही कलाकारों और इंटरनेट के मालिकों के बीच जंग की जड़ में हैं । लेखक का कहना है कि मौजूदा दमघोंटू माहौल से यह लड़ाई आज कलाकार लड़ रहे हैं लेकिन कल जल्दी ही हम सबको यह कठिन लड़ाई लड़नी होगी । संगीतकार और लेखक मुहाने पर पहले पड़ गए क्योंकि उनके सृजन उद्योग का इंटरनेटीकरण सबसे पहले हुआ है लेकिन इस प्रक्रिया का भक्ष्य हमारी जानकारियों के साथ हम सबके रोजगार भी जल्दी ही होंगे ।
डिजिटलीकरण की इस परिघटना के साथ ही बिग डाटा नामक नई विद्या का उदय भी हुआ है । इस प्रसंग में 2017 में आइकन बुक्स से ब्रायन क्लेग की किताब ‘बिग डाटा: हाउ द इनफ़ार्मेशन रेवोल्यूशन इज ट्रान्सफ़ार्मिंग आवर लाइव्स’ का प्रकाशन हुआ । वर्तमान समय की इस सबसे बड़ी और जटिल परिघटना को लेखक ने लोकप्रिय तरीके से पतली सी इस किताब में प्रस्तुत किया है । लेखक का कहना है कि अखबारों और अन्य संचार माध्यमों में इस शब्द का इतना जिक्र हुआ है कि इसकी उपेक्षा असंभव है । इसका संबंध व्यवसाय से तो है ही अन्य काम भी इसके सहारे सम्पादित हो रहे हैं । नई तकनीकों की मदद से बड़ी कंपनियों और सरकारों के लिए हमारे बारे में बहुत कुछ जानना संभव हो गया है । इस जानकारी के आधार पर कंपनी को सामान बेचने और सरकार को नियंत्रण कायम करने में सुभीता हो रहा है । लेखक को लगता है कि यह चीज हमारी जिंदगी से गायब नहीं होने जा रही है इसलिए इसके खतरों और फायदों के बारे में जानना उचित होगा । इस परियोजना के तहत इस कदर भारी मात्रा में सूचना एकत्र और विश्लेषित की जाती है कि बिना कंप्यूटर के ऐसा करना असंभव हो जाता है । वैसे तो मानव समाज के आरम्भ से ही आंकड़े हमारे जीवन के अंग रहे हैं । लेखन और खाता बही के आने के बाद ये मानव सभ्यता की रीढ़ बन गए थे । सत्रहवीं-अठारहवीं सदी से ही इनके सहारे भविष्य में झांकने की कोशिश होती रही है । लेकिन उपलब्ध आंकड़ों की मात्रा कम होने और उन्हें विश्लेषित करने की हमारी क्षमता सीमित होने के चलते इसकी पहुंच कम हुआ करती थी । अब यह प्रक्रिया एक नए धरातल पर पहुंच गई है ।
इस शुरुआती परिचय के बाद लेखक ने स्पष्ट किया है कि बहुत पहले से ज्ञान का आधार आंकड़े रहे हैं । इन आंकड़ों के सहारे सूचना का निर्माण होता है । सूचनाओं की दुनिया में आपस में जुड़े हुए तमाम आंकड़े होते हैं और इनके जरिए हम संसार के बारे में बहुत सारी सार्थक बातें जान समझ पाते हैं । इसी जानकारी और समझ के सहारे फिर हम सूचनाओं की अपने और समाज के लिए उपयोगी व्याख्या करते हैं । वे कहते हैं कि मूल तौर पर आंकड़े संख्याओं का संग्रह होते हैं । इस समूची प्रक्रिया को एक उदाहरण के जरिए स्पष्ट करने के लिए वे बताते हैं कि यदि हमें किसी खास क्षेत्र में पानी में घंटे के हिसाब से मछलियों की मौजूदगी का पता हो तो इसके आधार पर मछली मारने के बेहतरीन समय का ज्ञान प्राप्त हो सकता है ।     
बहुतेरे लोग तकनीक की महिमा से आक्रांत होने के चलते उसको समाज की परिस्थितियों से स्वतंत्र समझते हैं । इसके विरोध में 2016 में न्यू इंटरनेशनल से बाब ह्यूज की किताब ‘द ब्लीडिंग एज: ह्वाइ टेकनोलाजी टर्न्स टाक्सिक इन ऐन अनइक्वल वर्ल्ड’ का प्रकाशन हुआ । किताब की प्रस्तावना डैनी डोर्लिंग ने लिखी है । वे तकनीक को निष्पक्ष मानते हैं । उनके अनुसार व्यावहारिक जरूरतों के लिए ज्ञान को अनुकूलित करके इसका निर्माण होता है । यह तो निरपेक्ष है लेकिन इनके स्वामी कारपोरेशन और इनके बारे में फैसला लेने वाले राजनेता निष्पक्ष नहीं होते । स्वचालित मशीन के चलते दुनिया में असमानता नहीं पैदा हुई । हमने इस असमान दुनिया का निर्माण किया है और 1970 दशक के बाद से नए तरह की दासता की ओर बढ़े जा रहे हैं । किताब के लेखक बाब ह्यूज इतिहास और तकनीक के जानकार हैं इसीलिए वे बता सके कि विषमता पर आधारित मानव समाज में तकनीक विध्वंसक भूमिका निभा रही है । इसके उलट जिन समाजों में विषमता कम है वे तकनीक का बेहतर मकसद के लिए इस्तेमाल करते हैं । ऐसे समाजों में जैव विविधता के संरक्षण और संवर्धन के लिए उसका प्रयोग किया जाता है । इस भिन्नता को देखते हुए बाब ह्यूज का कहना है कि प्रतिबंधित नुकसानदेह वस्तुओं की तरह ही विषमता से भी परहेज बरतना चाहिए । जब हम इसे कम कर सकते हैं तो इसे प्रोत्साहित या बरदाश्त करने को मानवता के साथ अपराध घोषित किया जाना चाहिए । मनुष्य को उपभोक्ता बनाने से लेकर ड्रोन हमलों में उसके संहार तक तकनीक के आपराधिक इस्तेमाल को देखते हुए बाब के प्रस्ताव समुचित प्रतीत होते हैं । बाब का यह भी मानना है कि नए और मौलिक विचारों का अधिग्रहण जब ऐसे संगठन कर लें जो ऊंच नीच पर आधारित होते हैं तो प्रगति की रफ़्तार सुस्त पड़ जाती है । ऐसे संगठनों के मालिकान विषमता को कायम रखने के लिए विकल्पहीनता का हल्ला मचाते हैं । सच्चाई यह है कि कम्प्यूटर का इतिहास विकल्पों से भरा हुआ है और कोई भी नई चीज विकल्प के रूप में पहले से मौजूद रहती है और समय पाकर सामने आती है । उसके बाद असमान दुनिया के धनी देश उस पर कब्जा जमाकर नवोन्मेष का रास्ता रोक देते हैं । नवोन्मेष की जगह उनका लक्ष्य मुनाफ़ा कमाना ही होता है इसलिए वे जल्दी बेकार हो जाने वाले सामानों के उत्पादन पर जोर देते हैं । लेखक का मत है कि विषमता को और  स्थायी बनाने के लिए सहयोग और सहकार को अपराध बना दिया जाता है । हालात को समझकर ही उसे बदलने के लिए कोशिश की जा सकती है ।               
2016 में ब्रिल से क्रिश्चियन फ़ुश और विनसेन्ट मोस्को के संपादन में ‘मार्क्स इन द एज आफ़ डिजिटल कैपिटलिज्म’ का प्रकाशन हुआ । किताब में कुल सोलह लेख संकलित हैं । पहला लेख भूमिका के रूप में संपादकद्वय ने लिखा है । शेष लेखों में से दो इन संपादकों के ही हैं । पहला लेख मार्क्स की वापसी पर केंद्रित है । मार्क्स-एंगेल्स के लेखन के जर्मन प्रकाशक का कहना है कि 2005 के बाद इनकी किताबों की बिक्री तीन गुना बढ़ गई है । इसी के साथ उनके विश्लेषण की इस खासियत को पहचाना जा रहा है कि पूंजीवाद ने किस तरह निर्जीव वस्तुओं को वास्तविकता, शक्ति और कर्तापन प्रदान कर दिया है । साथ ही सामाजिक और राजनीतिक जीवन में अर्थतंत्र की भूमिका को भी उनकी तर्ज पर रेखांकित किया जा रहा है । सरकारों के नीति निर्माता भी पूंजीवाद की संकट पैदा करने की अंतर्निहित प्रवृत्ति को समझने के लिए मार्क्स के लेखन का सहारा ले रहे हैं । ऐसा लगता है कि विश्व पूंजीवाद के संकट के साथ ही हम एक नए मार्क्सी समय में प्रविष्ट हो गए हैं । मार्क्स के लेखन में रुचि से केवल यह संकेत मिलता है कि पूंजीवाद, वर्ग संघर्ष और संकट अभी खत्म नहीं हुए हैं । पूंजीवादी अखबार तो मार्क्स को पूंजीवाद के रक्षक के रूप में पेश करने की कोशिश में लगे हुए हैं । इस सिलसिले में ध्यान रखना होगा कि उन्होंने महज पूंजीवाद का विश्लेषण नहीं किया, बल्कि वे इसके घनघोर आलोचक थे । उन्होंने लिखा था कि मौजूदा सामाजिक और राजनीतिक व्यवस्था के विरुद्ध प्रत्येक क्रांतिकारी आंदोलन का समर्थन कम्यूनिस्ट हमेशा करते हैं । इन सभी आंदोलनों में वे संपत्ति के सवाल को सामने लाने की चेष्टा करते हैं । सभी देशों में वे लोकतांत्रिक पार्टियों की एकता और उनमें सहमति बनाने का प्रयास करते हैं । वे खुलेआम घोषित करते हैं कि उनके लक्ष्य मौजूदा सामाजिक हालात को बलपूर्वक बदलने से ही हासिल हो सकते हैं । 35 साल पहले डलास स्मिथ ने लिखा था कि पश्चिमी मार्क्सवाद ने पूंजीवाद में संचार की जटिल भूमिका पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया था । आज नवउदारवाद के उदय के बाद सामाजिक वर्गों और पूंजीवाद में बौद्धिक रुचि घट गई है । अब वैश्वीकरण, उत्तर आधुनिकता और इतिहास का अंत जैसी धारणाओं की शब्दावली में अधिकतर बात की जाती है । एक ओर मार्क्स की लोकप्रियता बढ़ रही है तो दूसरी ओर उसके प्रति विरोध भी जारी है । समस्त सामाजिक विज्ञानों में मार्क्सवाद बदनुमा धब्बा समझा जाता है । अगर सामाजिक विश्लेषण में किसी ने खुलकर मार्क्सवादी रुख अपनाया तो उसके लिए अकादमिक जगत में अकेले पड़ जाने की संभावना बढ़ जाती है । प्रकाशित होनेवाले लेखों की सांख्यिकी से पता चलता है कि 1988 से 2007 तक के बीस सालों में मार्क्स से जुड़े गंभीर लेखन में गिरावट आई थी । यही समय था जब नवउदारवाद और उपभोक्तावाद जोरों पर थे और सामाजिक विज्ञानों में उत्तर आधुनिकता और संस्कृतिवाद का बोलबाला था । 2008 के बाद मार्क्स से जुड़े इस लेखन में फिर से बढ़ोत्तरी आई है । चुनौती यह है कि इस रुचि को कैसे टिकाया जाए और सांस्थानिक बदलावों में इसे कैसे लगाया जाए ।
2015 में प्लूटो प्रेस से टिम जोर्डन की किताब ‘इनफ़ार्मेशन पोलिटिक्स: लिबरेशन ऐंड एक्सप्लायटेशन इन द डिजिटल सोसाइटी’ का प्रकाशन हुआ । ज्ञातव्य है कि टिम जोर्डन इस पहलू के बारे में सदी की शुरुआत से ही लिख रहे हैं । एक पुस्तक श्रृंखला के तहत इसे छापा गया है । श्रृंखला के संपादक का मानना है कि संकट और टकराव से मुक्ति के अवसरों का जन्म होता है । वर्तमान सदी के आंदोलनों में आभासी या डिजिटल और वास्तविक या असली के बीच की सीमा समाप्त हो गई है । डिजिटल संस्कृति जनता को आपस में जोड़ रही है लेकिन साथ ही उनकी निगरानी या विज्ञापन के लिए उनके उपयोग का रास्ता भी खोल रही है । लेखक के अनुसार इस सदी में शोषण और मुक्ति की राजनीति में सूचना केंद्रीय तत्व हो चला है । इंटरनेट के साथ जुड़ी गतिविधियों की खबरों से स्पष्ट है कि सूचना की राजनीति हमारे जीवन का सार हो चुका है । इसका सबसे ज्वलंत उदाहरण विकीलीक्स की ओर से अमेरिकी सरकार की सूचनाओं को खोल देना और बदले में मास्टरकार्ड की ओर से उसे सेवा देने से इनकार करना है । इसके बाद मास्टरकार्ड की वेबसाइट बंद कर दी गई । इंटरनेट की दुनिया में प्रतिबंध लगाने वाले कानूनों के विरोध में ढेर सारे लोगों ने अपने पेज काले कर लिए । इससे जुड़े लोगों ने ट्यूनीशिया और अरब देशों के विरोध प्रदर्शन के आपसी संचार के लिए सुरक्षित तरीके निकाले । सूचना के क्षेत्र में युद्ध के नगाड़े सुनाई पड़ने लगे ।  
डिजिटल दुनिया और निजी गोपनीयता का द्वंद्व भी मुखर हुआ है । लोकतंत्र का आधार नागरिकों की निजी जिंदगी पर उनका अबाध अधिकार है । डिजिटल दुनिया में निजी सूचनाओं का कोई अर्थ नहीं रह गया है । उपभोक्ता के बतौर उनसे जुड़ी सूचना बाजार के लिए उपयोगी है तो मतदाता के रूप में उनकी रुचि का राजनीतिक इस्तेमाल किया जा सकता है । इन जरूरतों के चलते नागरिकों की निजी सूचनाओं के संग्रह और विश्लेषण का भारी तंत्र बन गया है । इसी को उजागर करने के लिए 2015 में नेशन बुक्स से राबर्ट शीयर की सारा बेलादी के साथ लिखी किताब ‘दे नो एवरीथिंग एबाउट यू: हाउ डाटा-कलेक्टिंग कारपोरेशन्स ऐंड स्नूपिंग गवर्नमेन्ट एजेन्सीज आर डेस्ट्राइंग डेमोक्रेसी’ का प्रकाशन हुआ ।
इस क्षेत्र में मार्क्सवादी शब्दावली के इस्तेमाल का उदाहरण 2015 में प्लूटो प्रेस से निकडायर-विदेफ़ोर्ड की प्रकाशित किताब ‘साइबर-प्रोलेतारिएत: ग्लोबल लेबर इन द डिजिटल वोर्टेक्स’ में मिलता है । आज की डिजिटल दुनिया में श्रम के तरीके में बदलाव आने के साथ मूल्य में भी बदलाव आया है । 2015 में पालग्रेव मैकमिलन से एरान फ़िशर और क्रिश्चियन फ़ुश के संपादन में ‘रीकंसिडरिंग वैल्यू ऐंड लेबर इन द डिजिटल एज’ का प्रकाशन हुआ ।
वैसे इस पहलू पर सबसे अधिक विचार उर्सुला हुव्स ने किया है । 2014 में मंथली रिव्यू प्रेस से उनकी किताब ‘लेबर इन द ग्लोबल डिजिटल इकोनामी: द साइबेरिएट कम्स आफ़ एज’ का प्रकाशन हुआ । किताब विश्व अर्थतंत्र के सबसे हालिया रूप का विश्लेषण करती है और उसे भी पूंजीवाद का ही एक नया रूप मानकर उसके उत्पादकों को सर्वहारा मानते हुए उनके शोषण को उजागर करती है । किताब में ज्ञान आधारित अर्थतंत्र के कामगारों के बारे में 2006 से 2013 के बीच लिखे उनके लेख संकलित हैं । यह समय पूंजीवाद के इतिहास और श्रम संगठन के लिहाज से उथल पुथल भरा समय था । इससे पहले भी एक किताब उन्होंने लिखी थी जिसमें उनकी मान्यता थी कि पूंजीवाद नए माल पैदा करके संकटों से पार पा जाता रहा है । जैसे ही इसका विस्तार ऐसे विंदु पर पहुंचता है जहां लगता है कि इसके लिए बाजार और मुनाफ़े की संभावना समाप्त होती महसूस होती है वहीं वह जीवन के नए क्षेत्रों को अपनी जद में ले आता है, नई वस्तुओं और सेवाओं के उत्पादन के नए रूपों को जन्म देता है और फिर उनके लिए बाजार का सृजन करता है । इस तरह के किसी भी दौर में नई तकनीक का व्यापक प्रसार होता है । उदाहरण के लिए बीसवीं सदी के पूर्वार्ध में बिजली के प्रसार के साथ घरेलू श्रम (वैक्यूम क्लीनर, वाशिंग मशीन या फ़्रिज) या लोकप्रिय मनोरंजन (रेडियो, सिनेमा या ग्रामोफोन) पर आधारित नई वस्तुओं की बाढ़ आई थी । इस प्रक्रिया में उत्पादन और उपभोग के नए रूपों का भी जन्म हुआ था । अधिकाधिक मजदूर अपने रोजमर्रा के जीवन में इन वस्तुओं पर निर्भर होते गए थे । उन्हें इतनी आमदनी की जरूरत पड़ी जिससे इन वस्तुओं को खरीदा जा सके और उनके जीवन पर पूंजीवाद की पकड़ भी इसी के मुताबिक बढ़ी । सबको अपने जीवन में इन्हें अपनाना ही पड़ा । इनके नएपन में इनका आकर्षण था । इनकी कीमत सस्ती होती गई । समय और श्रम की बचत तथा सुविधा का तत्व भी इनके साथ जुड़ गया । इसके अतिरिक्त इनकी मौजूदगी से हैसियत में भी बढ़ोत्तरी होती थी ।
इस पहलू के साथ मार्क्सवाद के जुड़ाव को व्यक्त करते हुए 2014 में रटलेज से क्रिश्चियन फ़ुश की किताब ‘डिजिटल लेबर ऐंड कार्ल मार्क्स’ का प्रकाशन हुआ । कंप्यूटर, इंटरनेट और सोशल मीडिया के समय में श्रम में आनेवाले बदलावों का अध्ययन करना इस किताब का मकसद है । लेखक सोशल मीडिया के प्रोफ़ेसर हैं । लेखक ने भूमिका में इस अध्ययन की जरूरत बताने के साथ मार्क्स के गायब और फिर से प्रकट होने के हालात पर विचार किया है । इसके बाद पहले भाग में इस अध्ययन की सैद्धांतिक बुनियाद बनाने के लिए चार अध्यायों में क्रमश: कार्ल मार्क्स की श्रम सैद्धांतिकी, सांस्कृतिक अध्ययन और कार्ल मार्क्स, डलास स्मिथ के भोक्ता श्रमिक सिद्धांत तथा पूंजीवाद के साथ सूचना समाज के रिश्तों पर चर्चा की गई है । दूसरे भाग में कुछेक मुल्कों के इन श्रमिकों तथा इस काम के विभिन्न आयामों का ठोस अध्ययन प्रस्तुत किया गया है । तीसरे भाग में उपसंहार के रूप में इनके संघर्ष के नए रूपों को चिन्हित किया गया है ।
डिजिटल यथार्थ संबंधी इस साहित्य सर्वेक्षण से प्रकट है कि नई तकनीक का आगमन खास सामाजिक संदर्भ में हुआ है । उसने लोगों की जिंदगी में भारी बदलाव किए हैं । इसे जिंदगी में आए बदलावों का उत्पाद भी समझा जा सकता है । यह तकनीक समाज की तरह इतिहास से भी स्वतंत्र नहीं है । इसने वैश्वीकरण की आंधी के साथ मिलकर श्रमिकों का नया वैश्विक विभाजन किया है । इसके सहारे पूंजीवाद की अंतर्निहित समस्याओं से मुक्ति नहीं मिल सकती । इसकी जगह इसने पूंजीवादी संकट को और गहरा तथा तीखा बनाया है । मूल्य के सामूहिक उत्पादन और उसके निजी अधिग्रहण के बुनियादी अंतर्विरोध की मौजूदगी इसके भीतर भी बनी हुई है । दूसरी ओर तकनीक ने एकाधिकार को तोड़ने की ऐतिहासिक सम्भावना को भी जन्म दिया है लेकिन इसके चलते ही इस सम्भावना की भ्रूण हत्या के संगठित प्रयास भी हो रहे हैं । ढेर सारे आधुनिक चिंतक इस दुनिया में नए विकल्पों की तलाश भी कर रहे हैं ताकि मानवता की सामूहिक मेधा से उत्पन्न इस लाभकर स्थिति को समाज में सुख और समृद्धि के प्रसार में बदला जा सके ।    

Saturday, May 4, 2019

‘पूंजी’ की लेखन प्रक्रिया और व्यवधान


                 
                                              
मार्क्स ने ग्रुंड्रिस की लिखाई को अंतिम रूप मानचेस्टर में एंगेल्स के पास रहकर दिया था और वहीं ‘पूंजी’ के कुछ हिस्से भी लिखने शुरू कर दिए थे । वहां से लंदन लौटने के बाद प्रकाशक के पास सामग्री भेजने की जगह विषय से सम्बंधित एकाध और नई किताबों को देखने लगे । कुछ नया मिलने की आशा तो नहीं थी लेकिन बौद्धिक अंत:करण को देखे बिना चैन नहीं मिलता । सेहत मानचेस्टर जाने से पहले की हालत में लौट आई । तंगहाली भी गम्भीर हो चली । पूंजीवाद को आर्थिक संकट से निजात मिली और बाजार सामान्य तरीके से काम करने लगा । क्रांति की आशा पर तुषारापात हो गया । इंग्लैंड में मजदूर आंदोलन में बुर्जुआ सुधारवाद के लक्षण नजर आने लगे । इस सच को स्वीकार करना पड़ा कि संकट के मनचाहे सामाजिक और राजनीतिक नतीजे नहीं निकले । पूंजीवाद का वैश्विक प्रसार हो रहा था । इसके साथ ही यूरोप में समाजवादी क्रांति की उम्मीद भी बनी हुई थी । इस समय एंगेल्स को लिखे पत्रों में प्रगतिशील खेमे के राजनीतिक विरोधियों की तीखी आलोचना मिलती है । ये सभी लोग 1848 के वस्तुगत विश्लेषण और उसमें क्रांति की पराजय को स्वीकार करने की जगह हवाई कल्पना या अवसरवाद में डूबे हुए थे । इसके विपरीत मार्क्स ने तय किया था कि वर्ग संघर्ष जब उतार पर होगा तो व्यर्थ के षड़यंत्रों या निजी उठापटक से परहेज बरतेंगे । खामोशी के साथ उन्होंने राजनीतिक अर्थशास्त्र की आलोचना में एक योगदान को पूरा किया । ग्रुंड्रिस तो इसका खाका भर था ।
दुर्भाग्य से 1860 में उनके आर्थिक काम में एक और व्यवधान पैदा हुआ । इस व्यवधान के बारे में मार्क्स के अधिकतर जीवनी लेखक बहुत सहानुभूति से बात नहीं करते । कार्ल फ़ोग्ट नामक एक वाम नेता थे जो जेनेवा में प्रवासी के रूप में रहते हुए प्रकृति विज्ञान का अध्यापन करते थे । उन्होंने अपने लेखन में बोनापार्त समर्थक विदेश नीति जाहिर की । इसके विरोध में किसी ने गुमनाम रहकर उन पर बोनापार्त के समर्थन में लिखने और लिखवाने के लिए पत्रकारों को घूस देने का आरोप लगाया । यह आरोप एक जर्मन अखबार में छपा जिसमें मार्क्स-एंगेल्स भी यदा कदा लिखते थे । नाराज फ़ोग्ट ने अखबार पर मुकदमा दायर किया । अखबार हार गया । फ़ोग्ट ने जीत के उल्लास में जो लिखा उसमें मार्क्स पर मजदूरों को धोखा देने का आरोप लगाया । उन्होंने कहा कि जो भी उनका साथ देगा उसे देर सबेर पुलिस की गिरफ़्त में आना पड़ेगा । कहा कि मार्क्स मजदूरों को उनके रोजगार से विमुख करके उन्हें षड़यंत्र में शामिल करते हैं । जो भी मजदूर उनके झांसे में आ जाते हैं उन्हें बरबादी के सिवा कुछ नहीं मिलता । फ़ोग्ट ने इन कामों के लिए जिम्मेदार जिस ‘ब्रिमस्टोन गिरोह’ का हवाला दिया था उसके बारे में मार्क्स को फ़ोग्ट की किताब से पहले कुछ भी पता नहीं था । इन आरोपों को फ़्रांस और इंग्लैंड के अखबारों ने भी प्रमुखता से जगह दी । जर्मनी में विरोधियों को तो जैसे मसाला मिल गया । एक अखबार ने दो अंकों में विस्तार से इन आरोपों को छापा । मार्क्स ने मानहानि का दावा किया लेकिन अदालत ने दावा खारिज कर दिया ।
नतीजतन मार्क्स के पास अपनी और नजदीकी साथियों की प्रतिष्ठा बचाने का लेखन के अलावे कोई और रास्ता न बचा । उन्होंने फ़ोग्ट के आरोपों के जवाब में किताब लिखने का फैसला किया क्योंकि जर्मनी के लोग प्रवासियों के बीच की घटनाओं की सचाई नहीं जानते थे और फ़ोग्ट ने तमाम तरह की झूठी बातों का सहारा लिया था । लिखने के लिए मार्क्स ने अपने तमाम पुराने दोस्तों से फ़ोग्ट के बारे में तथ्य जुटाए । आदत के अनुरूप जब लिखना शुरू किया तो उसका आकार विस्तृत होने लगा । एंगेल्स ने लिखा कि सतही तौर पर निपटा दें । उनकी इच्छा थी कि प्रकाशन लंदन की जगह जर्मनी में हो । जर्मनी में प्रकाशक नहीं मिला तो हारकर लंदन में ही छापना पड़ा । खर्च निकलने के लिए चन्दा जुटाना पड़ा । इस काम में पूरा साल लग गया । इस काम को उस समय भी बहुतेरे लोगों ने ऊर्जा का क्षय ही माना । बाद में भी इसे साहित्य संबंधी प्रसंगों के लिए ही याद रखा जाता है ।
इसमें उनके व्यक्तित्व के दो गुण व्यक्त हुए । एक तो यह कि वे किसी भी लेखन में शैली को बहुत अधिक महत्व देते थे । प्रतिपक्षी के आक्रमण का बेहतर तरीके से उत्तर देकर वे उसे निरस्त्र कर देते थे । दूसरे कि विरोधी पर वे भरपूर तैयारी के साथ हमला करते थे । विरोधी चाहे दार्शनिक हों, अर्थशास्त्री हों या फिर राजनीतिक कार्यकर्ता हों वे उनकी धारणाओं का खोखलापन हरेक तरीके से उजागर कर देते थे । जब कभी वे इस काम में जुटते तो हेगेल और रिकार्डो जैसे चिंतकों के साथ ग्रीक, इतालवी, फ़्रांसिसी, अंग्रेज और जर्मन साहित्यकारों को भी सहायता के लिए बुला लेते थे । इस किताब पर फ़ोग्ट समेत समूची बौद्धिक जमात ने चुप्पी बरती और मार्क्स के जीवित रहते इसका कोई दूसरा संस्करण नहीं छप सका । संक्षिप्त फ़्रांसिसी संस्करण का प्रकाशन भी प्रतिबंधित हो गया ।
गरीबी और बीमारी पुराने दुश्मन थे, साथ साथ लगे हुए थे । कर्जदारों के तगादों और बिचौलियों की धमकियों से बचने के लिए सब कुछ गिरवी रख देना पड़ा था । जेनी को चेचक हो गई, लगा नहीं बचेंगी । जब तक वे बीमारी से उठ नहीं गईं मार्क्स ने अपना काम मुल्तवी रखा । दिमागी बेचैनी को काबू रखने के लिए गणित में दिल लगाते । इसी हालत में दांत दर्द हुआ तो उसे उखड़वाना पड़ा । बहरहाल डार्विन की साल भर पहले छपी किताब पढ़ डाली और कहा कि इससे प्रकृति के इतिहास में हमारे विचारों की पुष्टि होती है । अगले साल पता चला कि लीवर में सूजन है । लिखने पर रोक लग गई । रोम का इतिहास पढ़ना शुरू किया और स्पार्टाकस से बहुत प्रभावित हुए ।
एकाध महीने में तबीयत सुधरी तो आर्थिक मदद मांगने चाचा के पास हालैंड गए । उन्होंने वसीयत में प्राप्य हिस्से के एवज में 160 पौंड कर्ज देना मंजूर किया । छिपकर जर्मनी पहुंचे और महीने भर लासाल के अतिथि रहे । वे चाहते थे कि दोनों मिलकर पार्टी का मुखपत्र निकालें । लासाल भरोसेमंद नहीं लगे इसलिए इस पर गम्भीरता से सोचा भी नहीं । जर्मनी में नागरिकता बहाल करने के अनुरोध खारिज हो गए थे । इंग्लैंड में नागरिकता ली नहीं इसलिए शेष जीवन वे अनागरिक और राष्ट्रविहीन ही रहे । जर्मनी का वह एक महीना उनके लिए बेहद उबाऊ रहा था । लासाल उनके स्वागत में प्रतिष्ठित किस्म की संगत जुटाने की कोशिश करते । मार्क्स को इस कुलीनता से भारी चिढ़ शुरू से थी ।
वापस आकर अपने आर्थिक लेखन की सुध ली । उसके पहले न्यू यार्क ट्रिब्यून और वियेना के एक जर्मन अखबार के लिए लिखना शुरू किया । चिट्ठियों में अधिकतर अमेरिकी गृहयुद्ध का जिक्र मिलता है । उनके अनुसार इस लड़ाई में सर्वाधिक लोकप्रिय स्वशासन और सर्वाधिक घृणित मानव दासता एक दूसरे के सम्मुख हैं । उनकी यह मान्यता गैरिबाल्डी से पूरी तरह अलग थी जो इसे सत्ता का संघर्ष मात्र मानते थे । मार्क्स ने उनकी इस राय को बेवकूफी करार दिया था । इस समय के लेखों में मार्क्स ने अमेरिकी संघर्ष के बारे में इंग्लैंड की राय और संघर्ष के आर्थिक प्रभावों पर विचार किया । उनका मानना था कि इंग्लैंड के अखबार दास मालिकों का साथ दे रहे हैं । ऊपर से वे गुलामी के विरोध में घड़ियाली आंसू बहाते हैं लेकिन वस्त्र उद्योग के लिए रुई की जरूरत उनकी भावनाओं पर भारी पड़ती है । आखिरकार अगस्त 1861 से अर्थशास्त्र के अधूरे पड़े काम को फिर से उठा सके ।
दो सालों में मुद्रा के पूंजी में रूपांतरण, व्यावसायिक पूंजी और अतिरिक्त मूल्य को समझाने की विभिन्न अर्थशास्त्रियों की कोशिशों के सवाल पर तेईस नोटबुकें भर डालीं । जिस काम की योजना बनाई थी उसकी पहली किस्त के रूप में राजनीतिक अर्थशास्त्र की आलोचना में एक योगदान को पूरा कर डालना चाहते थे । इस बीच पत्रकारीय लेखन से नियमित आमदनी शुरू हो चुकी थी । लगा कि पांव तले जमीन मिल गई है । फिर भी कर्ज की समस्या से मुक्ति नहीं मिली थी । हारकर माता और कुछ अन्य रिश्तेदारों से उधार मांगा । न्यू यार्क ट्रिब्यून में भी संकट आने से लेख छपने बंद हो चले । मार्च 1862 में आखिरी लेख छपा । उसी महीने मकान मालिक ने बकाया किराया वसूलने की धमकी दी । बहरहाल इस दौरान अतिरिक्त मूल्य के सिद्धांतों पर शोध आरम्भ हुआ ।
दस नोटबुकों में इस सवाल पर अन्य अर्थशास्त्रियों के विचारों का जायजा लिया । उनका कहना था कि लगभग सभी अर्थशास्त्रियों ने अतिरिक्त मूल्य का अध्ययन उसके शुद्ध रूप में करने की जगह मुनाफ़ा और किराया जैसे उसके विशेष रूपों में किया है । फिजियोक्रैट्स को वे आधुनिक राजनीतिक अर्थशास्त्र का सच्चा जनक मानते थे । उन्होंने पूंजीवादी उत्पादन के विश्लेषण की भी बुनियाद रखी । वे इस बात को समझते थे कि अतिरिक्त मूल्य पैदा करने वाला श्रम ही उत्पादक श्रम कहलाता है । फिर भी तत्कालीन परिस्थितियों में उनकी सोच से अतिरिक्त मूल्य प्रकृति की देन लगता था क्योंकि कृषि संबंधी श्रम को वे उत्पादक श्रम समझते थे । इसके बाद स्मिथ के विचारों की परीक्षा की । स्मिथ कृषि संबंधी श्रम से ही अतिरिक्त मूल्य के सृजन को सही नहीं मानते थे । उन्होंने पहचाना कि पूंजीपति जीवित श्रम के एक हिस्से का भुगतान किए बिना उसका अधिग्रहण कर लेते हैं । फिर भी उनके चिंतन की सीमा अतिरिक्त मूल्य को मुनाफ़ा या किराया जैसे उसके विशेष रूपों तक सीमित करके समझने में निहित है । इनमें से ढेर सारे विचारों को 1862 में मानचेस्टर प्रवास के दौरान लिख लिया था । लौटकर लासाल को सूचित किया कि आगामी दो महीनों से पहले वे किताब समाप्त न कर सकेंगे । फिर कुछ अन्य अर्थशास्त्रियों के बारे में लिखा । थोड़ा और गहराई से उत्पादक और अनुत्पादक श्रम के बारे में विचार किया । स्मिथ ने इन दोनों के बीच अंतर किया था । वहां भी उन्हें फिजियोक्रैट्स की धारणा पुष्ट होती महसूस हुई । उत्पादक श्रम वही है जो अतिरिक्त मूल्य का उत्पादन करे । आगे की नोटबुकों में किराया संबंधी सिद्धांत पर विचार किया गया है जिसे वे आगामी पुस्तक में अतिरिक्त अध्याय के रूप में शामिल करना चाहते थे । जानलेवा गरीबी के बीच यह सब कुछ जारी था । रिकार्डो जमीन के निरपेक्ष किराये की जगह जमीन की भौगोलिक स्थिति और उत्पादकता के सापेक्ष किराये की बात कर रहे थे । काम की प्रगति को लेकर संतुष्ट थे । मकान मालिक और उधारी पर सामान देने वाले अदालत में घसीटने की धमकी दे रहे थे । किसी रेल कंपनी में क्लर्क की नौकरी के लिए परीक्षा दी लेकिन खराब और अपाठ्य हस्तलेख के कारण उन्हें छांट दिया गया । बहरहाल दो और नोटबुकें भर डालीं । इनमें माल्थस और जेम्स मिल की धारणाओं की समीक्षा की । अपने अध्ययन को वाणिज्यिक पूंजी के विश्लेषण तक विस्तारित किया । पूंजीवादी पुनरुत्पादन में मुद्रा की भूमिका का भी अध्ययन किया । इससे आगे बढ़कर अतिरिक्त पूंजी और मुनाफ़े में अंतर किया ।
साल का अंत आते आते राजनीतिक अर्थशास्त्र की आलोचना में एक योगदान से आगे की किताब की संरचना स्पष्ट होने लगी । पहली बार उसका नाम 'पूंजी' सूझा और जो नाम इतने दिनों से सोच रहे थे उसे उपशीर्षक तय किया । नए साल में पांडुलिपि तैयार करके खुद जर्मनी ले जाने का निश्चय किया । इस काम और पहले के काम में अंतर महसूस हो रहा था । पिछली किताब अमूर्त लगी जबकि यह सुबोध प्रतीत हो रही थी । लगा कि किसी भी स्थापित अनुशासन में क्रांतिकारी काम लोकप्रिय नहीं हो सकता । नए विचारों की बुनियाद रखे जाने के बाद लोकप्रिय लेखन आसान हो जाता है । साल के शुरू में थोड़ा विस्तार से प्रस्तावित पुस्तक की रूपरेखा तैयार की । उसमें 1) विषय प्रवेश, माल, मुद्रा; 2) मुद्रा का पूंजी में रूपांतरण; 3) निरपेक्ष अतिरिक्त मूल्य; 4) सापेक्षिक अतिरिक्त मूल्य; 5) निरपेक्ष और सापेक्ष अतिरिक्त मूल्य का संश्रय; 6) अतिरिक्त मूल्य का पूंजी में फिर से रूपांतरण, आदिम पूंजी संचय, वेकफ़ील्ड का उपनिवेशीकरण सिद्धांत; 7) उत्पादन प्रक्रिया का परिणाम; 8) अतिरिक्त मूल्य के सिद्धांत; 9) उत्पादक और अनुत्पादक श्रम का सिद्धांत के मुताबिक विषय को पेश किया जाना था । वे अपनी किताब के पहले खंड की योजना पर ही नहीं ठहरे । ‘पूंजी और मुनाफ़ा’ संबंधी प्रस्तावित तीसरे खंड की योजना भी बनाई । उसमें 1) अतिरिक्त मूल्य का मुनाफ़े में रूपांतरण, अतिरिक्त मूल्य की दर से भिन्न मुनाफ़े की दर की पहचान; 2) मुनाफ़े का औसत मुनाफ़े में रूपांतरण; 3) एडम स्मिथ और रिकार्डो का मुनाफ़े और उत्पादन की कीमत संबंधी सिद्धांत; 4) किराया; 5) रिकार्डो के तथाकथित किराया सिद्धांत का इतिहास; 6) मुनाफ़े की दर में गिरावट का नियम; 7) मुनाफ़े के सिद्धांत, 8) मुनाफ़े का औद्योगिक मुनाफ़े और ब्याज में बंटवारा; 9) राजस्व और उसके स्रोत; 10) सम्पूर्ण पूंजीवादी उत्पादन की प्रक्रिया में मुद्रा की अवगति; 11) भोंड़ा अर्थशास्त्र; 12) निष्कर्ष, पूंजी और मजूरी श्रम के क्रम में विषय का विवेचन होना था ।
आगामी साल के शुरू में भी मार्क्स ने व्यापारिक पूंजीवाद का विश्लेषण जारी रखा । निजी आर्थिक दिक्कतें कम नहीं हो रही थीं । एंगेल्स को खबर की कि फ़्रांस और जर्मनी में उधार लेने की कोशिशों का कोई ठोस नतीजा नहीं निकला । बच्चों के पास घर से बाहर निकलने लायक कपड़े और जूते नहीं हैं । निश्चय किया कि बड़े बच्चे घरों में काम करेंगे और पत्नी तथा छोटी बच्ची के साथ खुद कहीं रह लेंगे । बीमारियों ने फिर धर दबोचा । आंख में सूजन के चलते पढ़ना लिखना बाधित हो गया । हफ़्ते भर अंधा या पागल होने की मानसिक कल्पनाओं के बाद उबरे तो लीवर की लम्बे समय तक चलने वाली कठिनाई ने आ घेरा । उनके डाक्टर ने पूरा आराम करने की सलाह दी होती इसलिए एंगेल्स से किसी दूसरे डाक्टर से सलाह लेने के लिए कहा । बहरहाल एकाध महीने बाद फिर से काम शुरू किया और अतिरिक्त मूल्य से संबंधित कुछ पहलुओं के बारे में दो रजिस्टर लिख मारे । मई तक अठारहवीं और उन्नीसवीं सदी के अर्थशास्त्रीय अध्ययन को संक्षेप में लगभग सौ पन्नों में उतार लिया । लग रहा था कि किताब के पहले खंड की पांडुलिपि तैयार करने में काफी विलम्ब हो चुका है इसलिए लीवर की सूजन के बावजूद काम शुरू किया और ब्रिटिश पुस्तकालय में नियमित रूप से दस दस घंटा बैठना शुरू किया । अब पांडुलिपि को अंतिम रूप देने का आत्मविश्वास आ गया था ।
1863 की गर्मियों से आखिरकार लिखने का काम शुरू हुआ । तबसे 1865 के अंत तक पहले और तीसरे खंड का मसौदा लिख गया और दूसरे खंड का आरम्भिक खाका तैयार हुआ । शुरू में जो छह किताबों की योजना बनाई थी उससे जुड़े ढेर सारे विषयों को इन तीन खंडों में समेट लिया । लग रहा था कि किताब सुबोध और पठनीय बन रही है । फिलहाल पहले खंड को पूरा करने के लिए जान लड़ा दी । सच में काल से होड़ लगी थी । फोड़ों और फफोलों के चलते महीने भर जीवन खतरे में पड़ा रहा । इस बीच मां का देहांत हुआ और विरासत के सवाल को निपटाने के लिए जर्मनी की यात्रा करनी पड़ी । यात्रा में तबीयत खराब हुई और लौटते हुए नीदरलैंड में चाचा के पास ठहरना पड़ा । भयंकर फफोलों के चलते रात में नींद नहीं आती थी । लंदन लौटकर भी तबीयत दुरुस्त नहीं रही इसलिए तुरंत काम शुरू नहीं हो सका । पांच महीनों के व्यवधान के बाद फिर से हाथ लगा सके । अब तीसरे खंड पर काम आगे बढ़ाया ।
इस दौरान इंटरनेशनल का काम भी करना पड़ा । खासकर उद्घाटन भाषण और नियमावली लिखी । इस समय ही एक मजदूर साथी को पत्र लिखा और कहा कि अर्थशास्त्र का मेरा काम कुछ महीनों में छप जाएगा । यह किताब बुर्जुआ व्यवस्था के लिए इतनी जोरदार सैद्धांतिक चोट होगी जिससे वह कभी उबर नहीं सकेगा । इंटरनेशनल का काम निपटाकर मुनाफ़े की गिरती दर के बारे में लिखना शुरू किया । बीमारी ने फिर पटका । इसके बाद थोड़ी सांस लेकर 1865 में जनवरी से मई तक दूसरे खंड का लेखन जारी रखा । इनमें कुछ नई धारणाओं का निर्माण किया और पहले तथा तीसरे खंड के सिद्धांतों को आपस में जोड़ने की कोशिश की । बीच बीच में फोड़े फफोले उगते रहे । इंटरनेशनल का काम भी समय लेता था । कभी कभी सुबह के चार बज जाते थे ।
बीच में ‘मजदूरी, कीमत और मुनाफ़ा’ शीर्षक पुस्तिका लिखी । इसमें उन्होंने मजदूरी बढ़ाने की मांग को नाजायज मानने वालों का विरोध किया और बताया कि मजदूरी में आम बढ़ोत्तरी से मुनाफ़े की आम दर में गिरावट आती है और वस्तुओं की कीमत में बहुत अंतर नहीं आता । इरादा तो था कि समूची किताब का लेखन खत्म हो जाए तभी उसका कोई भी हिस्सा छपने के लिए भेजा जाए लेकिन समय के अभाव के चलते पहले हिस्से को पहले पूरा करके छपाने का विचार भी आता रहता था । उन्हें पता था कि काम खत्म कर लेने से इस बोझ से मुक्त होकर दूसरे जरूरी काम करने की फ़ुर्सत मिलेगी । आर्थिक दिक्कतों और सेहत की खराबी ने फिर से दस्तक दी । इंटरनेशनल का सम्मेलन लंदन में होने जा रहा था । सम्मेलन के बाद कुछ समय एंगेल्स के पास बिताया । वापस लौटते ही परेशानियों ने आ घेरा । एक चाची के देहांत से विरासत का कुछ हिस्सा मिलने की उम्मीद पैदा हुई ।
बहरहाल 1866 के शुरू में ‘पूंजी’ के पहले खंड को पूरा करने का इरादा किया । दो महीने में पांडुलिपि पूरा हो जाने की आशा थी लेकिन सेहत से जूझते हुए पूरा साल निकल गया । किताब को जल्दी पूरा करने के चक्कर में खुद के प्रतिमानों से समझौता भी किया । लिखा कि कार्यदिवस वाला हिस्सा ऐतिहासिक हो गया है लेकिन मूल तौर पर उसे वैसा नहीं होना था । पूरा करने के लिए जरूरत थी कि बिना रुके लगातार लिखें । एंगेल्स को चिंता हुई और घबराकर सलाह दी कि किताब में कुछ विलम्ब हो तो भी थोड़ा आराम कर लिया करें । 
उन्होंने एक डाक्टर को भी तैयार किया कि पहले खंड को छपा लेने के लिए राजी करें । जवाब में मार्क्स ने काम की प्रगति के बारे में बताया । कहा कि दिन में संग्रहालय पढ़ने जाते हैं, रात में लिखते हैं । जमीन के किराए वाला आखिरी अध्याय ही स्वतंत्र पुस्तक की शक्ल लेता जा रहा है । इस नुक्ते के बारे में दो साल पहले जो कुछ देखा था उसके बाद ढेर सारी सामग्री प्रकाशित हुई थी । पांडुलिपि जिस हाल में थी उस हाल में छपाने के बारे में सोचना मुश्किल था । यह भी कहा कि साल के शुरू में किताब को प्रस्तुत करने लायक बनाना आरम्भ किया था कि फोड़ों ने दबोच लिया । माना कि पहला खंड पूरा होते ही प्रकाशन के लिए भेज देंगे लेकिन उसके लिए बैठना जरूरी था । एक फोड़े को खुद ही चीरा लगाया था । एंगेल्स ने इलाज कराने का निवेदन किया । आखिरकार मार्च में मार्क्स ने काम को कुछ समय के लिए परे किया और समुद्र के तीर पर घूमने गए । तबीयत तो संभली लेकिन इस बीच दो महीने बरबाद होने की शिकायत बनी रही । लंदन लौटकर भी कुछ दिन चैन के बीते और जून में सूचित किया कि बीते दिनों में कोई फोड़ा नहीं निकला । जुलाई में फिर से मुसीबतों की नई खेप प्रकट हुई । काम करने का समय इतना कम मिलता था कि किताब की पांडुलिपि अक्टूबर तक ही तैयार कर पाने का अनुमान लगाया । इस बार भी उम्मीद कुछ ज्यादा ही लगा बैठे थे । नवंबर तक भी हालात से जूझ रहे थे । अगले साल 1867 की फ़रवरी में ही जाकर एंगेल्स को पांडुलिपि के पूरा होने की खबर दे सके । उसे लेकर प्रकाशक के पास जर्मनी जाने के लिए कपड़े और घड़ी को बंधक से छुड़ाना जरूरी था । पांडुलिपि लेकर जर्मनी गए । रास्ते में सेहत के दुरुस्त रहने की सूचना एंगेल्स को दी । जवाब में उन्होंने कहा कि किताब ही आपकी समस्याओं की जड़ थी । उसके पूरा होने से आपका नया जन्म हुआ है । 1 अगस्त 1867 की सुबह दो बजे प्रूफ़ के सुधार का काम सम्पन्न हुआ । एंगेल्स को किताब की दो मुख्य बातें सुझाईं । एक- श्रम का दोहरा चरित्र जिसके मुताबिक वह उपयोग मूल्य और विनिमय मूल्य के बतौर प्रकट होता है और दूसरा- अतिरिक्त मूल्य को उसके विशेष रूपों से अलगाकर स्पष्ट करना । 14 सितम्बर 1867 को ‘पूंजी’ का पहला खंड बिक्री के लिए बाजार में आया । प्रकाशित होने के बाद भी इस पहले खंड में तमाम संशोधन अभी होने थे ।                                                                                                           


Friday, April 26, 2019

प्रतिरोध का समकालीन स्वर


                
                                        
अनुज लुगुन और जसिंता केरकेट्टा की कविताओं में हमारे समय की खल शक्तियों का गहन प्रतिरोध सुनाई पड़ता है । व्यापक हमले का यह प्रतिरोध भी व्यापकता लिए हुए है । इनमें सौभाग्य से वर्तमान के साथ अतीत के घाव भी खोले गए हैं । भावुक नकार की जगह समय की गहरी पहचान से प्रतिरोध के लिए ठोस जमीन खोजी गई है । इन दोनों ही कवियों ने विषयवस्तु से लेकर रचाव तक हिंदी कविता का फलक विस्तारित किया है । इनके सामाजिक और बौद्धिक परिवेश ने इन्हें वह भाषा उपलब्ध कराई है जिससे आसपास की अतिपरिचित सचाई भी नई संवेदना के साथ संप्रेषित हो जाती है । रोजमर्रा के भीतर से कविता निकाल लेना इनकी विशेषता है ।
हमारे समय को परिभाषित करते हुए ध्यान रखना होगा कि वर्तमान, अतीत की कुछेक परिघटनाओं की आवृत्ति जैसा लगते हुए भी इसमें भरपूर नयापन है । कविता में इस नएपन को पकड़ने के क्रम में इन कवियों ने प्रतिरोध की भाषा को भी नई धार दी है । इन दोनों ही कवियों को अभी लम्बा रास्ता तय करना है इसलिए कह सकते हैं कि हम हिंदी कविता के इतिहास के सम्भावनाशील संक्रमण के साक्षी हैं । असल में अस्सी के बाद से ही हिंदी के रचना जगत में मध्यवर्गीय जीवन प्रभावी हो चला था । नक्सलबाड़ी के बाद की विद्रोही ऊर्जा को नवउदारवादी घटाटोप ने ढक लिया था । इस दौर में देश का पुराना मध्यवर्ग वैश्विक होने की राह पर था । उसे राष्ट्रवाद का उन्मादी स्वर पसंद आने लगा था । हिंदी कविता में प्रतिरोध की धारा में प्रतीकात्मकता से काम चलाया जा रहा था । देश और समाज में मची इस उथल पुथल ने वंचित समूहों के भीतर नई आकांक्षाओं को जन्म दिया । आकांक्षाओं के इस विस्फोट ने यथास्थिति की ताकतों में भी बेचैनी पैदा की । उथल पुथल का यह दौर कविता के तत्कालीन मुहावरे में नहीं व्यक्त हो रहा था । साहित्य के नए पाठक प्रतीकात्मकता की मध्य वर्गीय अभिव्यक्ति से असंतुष्ट तो था लेकिन उसे कोई रास्ता नहीं दीख रहा था । उस समय इन नए कवियों ने अभिव्यक्ति के तरीके के साथ भाषा की उस थोड़ी पुरानी पड़ चुकी  घेरेबंदी को तोड़कर यथार्थ से उपजी भाषा के खुरदुरेपन का कविता में प्रवेश कराया और तमाम बहिष्कृत सवालों को भी उसकी चौहद्दी में घुसा दिया ।
हम सभी जानते हैं कि यथार्थ को देखने की हमारी शक्ति से हमारी सामाजिक स्थिति का गहरा रिश्ता होता है । यथार्थ हमारी चेतना और दृष्टि के समक्ष अपने आपको हमारी सामाजिक हैसियत के मुताबिक ही उजागर करता है । असल में स्त्री, दलित, आदिवासी या धार्मिक तथा लैंगिक अल्पसंख्यक होने से किसी भी घटना को देखने का नजरिया बदल जाता है । इसके चलते एकदम सामान्य सी लगने वाली घटना भी कुछ नया रूप दिखाती है ।
उदाहरण के लिए अनुज लुगुन की पहली कविता ‘ताश के पत्ते’ को देखें । इस शीर्षक से हमें बेकार युवकों की याद आती है लेकिन अनुज उनसे जुड़े उनके परिवार का उल्लेख करके इसे बेकारों की निजी की जगह व्यापक सामाजिक समस्या बना देते हैं । इस खेल से लगाव में उनकी ऊब ही नहीं निर्णायक होने की उनकी दमित आकांक्षाओं की भूमिका भी होती है । बीच में कविता उनके प्रति समाज की क्रूर धारणा का भी जिक्र करती है । अंत में कविता इस झूठी आशा के बिखराव को जब बैलेट पेपर के बिखराव से जोड़ती है तो वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य भी मूर्तिमान हो जाता है । इस तरह मामूली के सहारे व्यापक की जटिलता को उजागर करना उनकी प्रत्येक कविता की विशेषता के रूप में सामने आती है । इस यथार्थ में कुछेक समूहों का सचेत बहिष्करण सबसे विराट सवाल की तरह उभरता है । कविताएं यह भी बताती हैं कि यह सांगोपांग बहिष्करण वर्तमान में तो चल रहा ही है उसके साथ सुदूर अतीत से भी होता आ रहा है ।                 
जेसिन्ता केरकेट्टा की कविता अनुज की तरह मामूलीपन को उघाड़ने की जगह विराट के बहुपर्ती जगत को उठाती है । विराट पर केंद्रित होने के बावजूद इन कविताओं में हमारा राजनीतिक वर्तमान अधिक मुखर है । इस वर्तमान की काव्य अभिव्यक्ति के लिए विडम्बना का रचनात्मक इस्तेमाल किया गया है । यह वर्तमान धार्मिक अंधश्रद्धा से बना है जिसका वर्णन करते हुए कवि उसके घर यानी मन्दिर में बलात्कार का जिक्र करता है तो अचानक हमें कठुआ की आसिफ़ा याद आ जाती है । ईश्वर पर मजदूर से अधिक मालिक का अधिकार साबित होता है । विडम्बना को व्यक्त करने के लिए ‘हत्या और दया/ लूट और दान’ को एक साथ चलते देखना पर्याप्त है । इसी तरह देश की नसों में नफ़रत भले फैले पर स्वच्छता का घोष होगा । असल में इस गन्दगी के विस्तार के लिए ही सफाई का नाटक जरूरी होता है उसी तरह जैसे सती को चिता में लिटाने के बाद ढोल नगाड़े के शोर की जरूरत पड़ती है । इसी क्रम में एक और विडम्बना आदिवासी को सभ्य बनाने से जुड़ी हुई है । यह प्रक्रिया असल में उसे ‘आदमीपन से नीचे’ गिराती है । इन कविताओं में पर्याप्त प्रतिरोधी मुखरता दिखाई पड़ती है ।