Saturday, February 15, 2025

दिनेश जी से दोस्ती

 

          

                          

दिनेश कुशवाह से मेरी मुलाकात तब हुई जब मैं चौदह साल की उम्र में दसवीं कक्षा उत्तीर्ण होकर आगे की पढ़ाई के लिए बनारस आया । रहता बड़े भाई अवधेश प्रधान के यहां था । वहीं प्रगतिशील छात्र संगठन (पीएसओ) के कार्यकर्ताओं से मुलाकात होती । उसी घर में अवधेश राय भी रहते थे जो बाद में संगठन की ओर से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार भी बने थे । काशी हिंदू विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह होने वाला था । उसमें तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के आने की खबर थी । उनके विरोध की योजना बन रही थी । जहां तक याद है पहली मुलाकात के बाद लंका की सड़क पर अल्युमिनियम पेंट से ललित कला विभाग के विद्यार्थी अंग्रेजी में मोटा मोटा INDIRA GANDHI GO BACK लिख रहे थे । तब लगभग सभी छात्र नेतागण सफेद कुर्ता पाजामा पहना करते थे । बाकी सबके पाजामे चौड़ी मोहरी के होते थे लेकिन दिनेश जी के पाजामे की मोहरी कसी हुआ करती थी । वेशभूषा के प्रति उनकी सजगता उस समय से ही थी । इस मामले में कभी उन्हें ढीला नहीं पाया । उन पर सब कुछ शोभता महसूस होता । इससे थोड़ी असहजता होती थी क्योंकि मुझे इसका अभ्यास नहीं रहा था ।

पढ़ कमच्छा के सेंट्रल हिंदू स्कूल में रहा था । रहता भदैनी में भाई के साथ था और मिलना जुलना विश्वविद्यालय के संगठन के लोगों से था । संगठन में दो मोर्चे थे । एक सांस्कृतिक मोर्चा था जिसमें हिंदी साहित्य के अधिकतर विद्यार्थी सक्रिय थे । दूसरा पीएसओ का था । दिनेश जी सांस्कृतिक मोर्चे के मुकाबले पीएसओ में अधिक सक्रिय थे । साथ के लोगों में बलराम, सुनील पांडे, रमेश राय आदि थे । सांस्कृतिक मोर्चे का नेतृत्व हिंदी विभाग के अध्यापक रामनारायण शुक्ल करते थे । वे माले के एक धड़े सीएलआई से करीब थे । पीएसओ वाला मोर्चा विनोद मिश्र वाले धड़े के अधिक नजदीक माना जाता था । दोनों के बीच आपसी सहयोग के साथ हल्की तनातनी भी नजर आती थी ।    

छात्र राजनीति में सक्रिय जिन कार्यकर्ताओं की टोली के साथ वे थे उनमें सुनील पांडे में आभिजात्य टपकता रहता था । इलाहाबाद में अलग अलग विश्वविद्यालयों के छात्र कार्यकर्ताओं का सम्मेलन था । तब अपनी हाई स्कूल की अंकतालिका की प्रतिलिपि बोर्ड से निकलवाने के लिए इलाहाबाद में ही था । देखा कि सुनील जी के लिए सबसे अलग भोजन आया । दिनेश जी ने बताया कि टाइफ़ाइड के कारण उनकी आंतों को मसालेदार भोजन से असुविधा होगी । यह गुण दिनेश जी में तबसे ही है । वे अपने आसपास के सभी लोगों का खूब ध्यान रखते हैं । ऐसा शिवशंकर मिश्र के पिता या दादा की चिकित्सा के समय भी देखा था । विश्वविद्यालय में सर सुंदरलाल चिकित्सालय तब पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के बीमार लोगों के इलाज का बड़ा केंद्र बन गया था । पढ़ने वाला कोई भी छात्र किसी न किसी रिश्तेदार की तीमारदारी में लगा रहता था । बलराम शोधार्थियों के छात्रावास में रहते थे और अक्सर अस्पताल के चक्कर लगाते रहते थे । तभी उन्होंने कहा था कि अगर कभी वे चुनाव लड़ें तो तीमारदारी से अर्जित लोकप्रियता के बल पर ही जीत जाएंगे । बाद में बहुजन समाज पार्टी से वे चुनाव लड़े और जीते भी । हाल में ही दिनेश जी से उनका सम्पर्क मिला तो वे भी पुराने साथियों को याद कर रहे थे । दिनेश जी भी बीमार सहायता उद्यम के आदी थे । उनमें उस समय की सादगी और सौजन्य आज भी बरकरार है । एक बार जसम की किसी बैठक से लौटते हुए रामजी भाई और समता के साथ मुझे भी रीवां से ट्रेन पकड़नी थी । फोन किया तो दिनेश जी ने विश्वविद्यालय ही बुला लिया । अतिथिगृह में खाना बनानेवाले की अनुपस्थिति में खुद ही रोटी सेंकते रहे और हम चार लोगों को भोजन कराने के अतिरिक्त रास्ते के लिए भी रोटी सब्जी रख दिया ।

कभी कभी वे आभिजात्य का अनुकरण करने का प्रयास करते अन्यथा उनका मूलभाव भदेस ही था । एक बार यूं ही उनकी पानक गोष्ठी का दर्शक हुआ तो इस क्षेत्र में उनके जोरदार किस्म के सलीके का पता चला । दिनेश जी की लिखावट हमेशा से चित्ताकर्षक है । गांधी जी ने जिस तरह के मोती जैसे अक्षरों की तारीफ की है उसी तरह की सुगढ़ उनकी लिखावट है । कदाचित इसी सुंदर लिखावट की वजह से उनकी एक लम्बी कविता उनके हस्तलेख में ही प्रभाकर श्रोत्रिय ने छापी थी । सुघर हमारी भोजपुरी का शब्द है और इसके उदाहरण के बतौर दिनेश जी के बाद जेएनयू में केदारनाथ सिंह को ही देखा । बनाव श्रृंगार के प्रति उनका प्रबल आकर्षण उनकी धजा में आज भी देखा जा सकता है जिसमें दाढ़ी के सफेद बाल भी खास तरह की छटा से संवारे हुए रहते हैं ।     

सामान्य तौर पर हम जैसे विद्रोही इस तरह के सलीके को सामंती संस्कार मानते हैं और इसके अभ्यस्त लोगों को संदेह की नजर से देखते हैं । असल में सफाई और सलीके का गहरा रिश्ता संसाधनों से होता है । कोई भी स्वच्छता महज आदत की बात नहीं होती बल्कि श्रम और साधन की संपन्नता की मांग करती है । यदि दिनेश जी जैसे सफाई पसंद करने वालों की निगाह से देखें तो वे यह कहते समझ आते हैं कि संसाधनों पर चंद लोगों का ही अधिकार क्यों रहे । सबको ही उनकी उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि सबको सलीकेदार जीवन जीने को मिल सके ।  

सिपाही समुदाय से उनका संबंध जानकारी में था । पिता पुलिस सेवा में रहे थे । प्रत्यक्ष सबूत तब मिला जब उनके साथ अपने कस्बे मुहम्मदाबाद के थाने में जाने का मौका मिला । कस्बे में फ़तह मुहम्मद का दवाखाना आसपास के बौद्धिक रूप से चैतन्य सभी लोगों के मिलने की जगह बन गया था । डाक्टर फ़तह मुहम्मद खुद भी इलाके के प्रतिभाशाली युवकों के सम्पर्क में रहना पसंद करते थे । दिनेश जी मुहम्मदाबाद थाने में किसी सिपाही के यहां मिलने आये थे तो वहां भी आये । हम साथ ही थाने की ओर लौट रहे थे । तभी सड़क के आरपार लगा कपड़े का एक बैनर ट्रक से उलझकर गिर पड़ा । दिनेश जी ने झट से उसे उठा लिया । तब उनकी फुर्ती का भी पता चला था । थाने में ही उन्होंने कैलाश गौतम का गीत ‘भाभी ने चिट्ठी भेजी है’ गवाकर सुना और टेप में रख भी लिया । 

छात्र राजनीति में कुछ खास तरह की भंगिमाओं को लगातार बरतना पड़ता है । सुनील पांडे इस मामले में तमाम नेताओं की कहानियां सुनाया करते और अन्य साथी उसका अनुकरण करने का प्रयास करते । वे राहुल सांकृत्यायन से किसी तरह जुड़े थे और विश्वविद्यालय में प्रोफ़ेसर अपने बड़े भाई अनिल पांडे के साथ रहते थे । अनिल भाई तो अब भी वामपंथ से सहानुभूति रखते हैं लेकिन सुनील जी वर्तमान शासन तंत्र के किसी गोप्य निकाय में उच्च पदस्थ हैं, ऐसा सुनने में आता है । एक बार दिनेश जी विश्वविद्यालय के जन सम्पर्क अधिकारी के कार्यालय गये तो उनके द्वारपाल को रुपये पकड़ाकर सबके लिए चाय लाने को कहा । ठीक तो नहीं लगा लेकिन इसे छात्रनेता की ही भंगिमा समझकर चुप लगा गया था ।

वे हिंदी विभाग के विद्यार्थी थे । इस विभाग में वामपंथ की दो धाराओं के प्रतिनिधि के रूप में दो अध्यापक पढ़ाते थे । तीसरी धारा के प्रतिनिधि रामनारायण शुक्ल थे और काशीनाथ सिंह की प्रतिष्ठा उनके भाई नामवर सिंह की वजह से आधिकारिक वामपंथी धारा से जुड़ी थी । बाद में एक बार जब जेएनयू में नामवर जी के घर से उन्हें लेकर इधर उधर घूम रहा था तो उन्होंने इस धारणा पर एतराज जताया । वे खुद को धूमिल से जुड़ा बता रहे थे और प्रलेस से अपनी दूरी भी जाहिर कर रहे थे । बहरहाल तब उनकी ख्याति नामवर सिंह के चलते प्रलेस वाली ही थी । श्रीकांत पांडे और ओपप्रकाश द्विवेदी जैसे लोगों ने शुक्ल जी के साथ अपने को जोड़ रखा था । देवेंद्र और दिनेश जी दोनों से समान निकटता बनाए हुए थे । यह बात चुभती थी । काशीनाथ जी ने खुद ऐसा न भी चाहा हो तब भी दिनेश जी ने उनके साथ जिस तरह का गुरु शिष्य का रिश्ता बनाया था वह बहुत लोकतांत्रिक तो नहीं ही कहा जा सकता । बाद में जब महेश्वर ने इस तरह की समस्या का खुलासा किया तो काशीनाथ जी को अच्छा नहीं लगा था और उन्होंने इस प्रकरण में संस्मरण लिखकर प्रतिवाद भी दर्ज किया था ।   

इस किस्म के रिश्ते के बारे में थोड़ी बात जरूरी है क्योंकि इसने लगभग समूचे हिंदी संसार को विषाक्त कर रखा है । समूचे जेएनयू में केवल हिंदी के विद्यार्थी ही अपने अध्यापकों का पांव छूते थे । विद्यार्थियों के साथ इस तरह के सामंती रिश्तों ने भारत भर में हिंदी विभागों को चापलूसी का अड्डा बना रखा है । ऐसे वातावरण में फ़ेलोशिप पाने वाले विद्यार्थियों का आर्थिक दोहन, उनकी प्रतिभा और परिश्रम से लाभ और स्त्री विद्यार्थियों का यौन शोषण हिंदी साहित्य के शोध की न कहने लायक दास्तान बन गयी है । नैक संबंधी हालिया रहस्योद्घाटन के बाद कहा जा सकता है कि इसकी व्याप्ति सार्वभौमिक हो गयी है लेकिन सबके गलत करने से हमारा किया गलत, सही नहीं हो जाता ।

हिंदी की इस संस्कृति के निर्माण में आधारशिला की तरह का आचरण प्रारम्भ हुआ था और जब दिनेश जी गुरु के लिए सिनेमा के टिकट या उनके अतिथियों हेतु शराब का जिक्र करते तो बहुत ही खराब लगता था । इस तरह के रिश्ते में ऊपर से विद्रोह जैसा नजर आता है लेकिन एक किस्म की निर्भरता की गंध भी बनी रहती है । असल में इस तरह का सांस्कृतिक विद्रोह व्यवस्था के विरोध की संतुष्टि तो देता है लेकिन स्वस्थ मानवीय संबंध में दरार भी डाल देता है । दोनों ओर से ऐसी अपेक्षा बन जाती है जो उनके बीच उपकार करने और उपकृत होने पर टिकी होती है । हिंदी विभागों के किसी भी प्रभुताशाली अध्यापक की भाषा और चेतना में इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है । दस मिनट की भी खुली बातचीत में आप इसे सूंघ सकते हैं । दुर्भाग्य से काशी हिंदू विश्वविद्यालय में इसकी मौजूदगी घिनौने स्तर की रही थी । वहां के वामपंथी अध्यापकों ने भी इसे तोड़ने में कोई दिलचस्पी नहीं ली और इसका प्रत्यक्ष और परोक्ष लाभ उठाते रहे ।            

अध्यापकों की इन क्षुद्रताओं के बाहर हिंदी की विद्रोही दुनिया थी जिसमें नुक्कड़ नाटक और कवि तथा विचार गोष्ठी के आयोजन थे । गुरुशरण सिंह के नाटकों का प्रदर्शन विश्वविद्यालय, शहर और आसपास के इलाकों में होता था । हमने पहले ही कहा कि दिनेश जी की रुचि इस सांस्कृतिक सक्रियता में कम थी । इधर भी समय समय पर नजर मारने के बावजूद वे मुख्यधारा की छात्र राजनीति में हस्तक्षेप करने के ही हामी रहे । विभाग के बाहर की साहित्यिक सक्रियता में कवि गोष्ठियों में उनका आना जाना अक्सर होता था । त्रिलोचन या नागार्जुन के बनारस आने पर ऐसी गोष्ठियों का आयोजन होता । ऐसी ही एक कवि गोष्ठी में त्रिलोचन ने उनकी कविता सुनकर उसका छंद चौपाई बताया था । दिनेश जी के ही कमरे पर सृंजय से मुलाकात हुई थी और देर तक बात हुई थी ।

सुरुचि उनके पहनावे या पानक कर्म में ही नहीं थी । भोजन और लिखाई में भी उनकी यह सुरुचि नजर आती थी । हिंदी के विद्यार्थी विश्वविद्यालय के सम्भवत: सबसे बड़े छात्रावास बिरला में रहा करते थे । दुर्ग सिंह चौहान ने एक बार बताया था कि आइ टी के विद्यार्थियों को यह छात्रावास विचित्र लगता क्योंकि इसके तारों पर अक्सर साड़ी सूखने के लिए लटकी पायी जाती थी । विश्वविद्यालय के ठीक बाहर निकलते ही लंका नामक जगह है जहां घूमने को लंकेटिंग कहा जाता था । प्रतिदिन शाम को झुंड के झुंड विद्यार्थी छात्रावासों से सर्वोत्तम परिधान धारण कर साइकिल से लंका घूमने निकला करते । रास्ते में बिरला पड़ता था । कला संकाय का छात्रावास होने के कारण इसका जुड़ाव देहात से सबसे अधिक था । अस्पताल नजदीक होने से बीमारों के तीमारदार छात्रावास में परिचित के पास ही रुक जाया करते । इनमें कभी कभी स्त्रियां भी होतीं जो नहाने के बाद साड़ी सूखने के लिए लटका देतीं । छात्रावास में विवाहित शोधार्थी भी रहते थे । उनका भी परिवार कभी कभी आता था । देहात से संबंध होने के कारण स्थानीय दबंगई भी बहुधा छात्रावास तक चली आती । इस वजह से इस छात्रावास में कुलीनता की जगह घरबारी लोकतांत्रिकता की गंध रहती थी । मेस के बदले विद्यार्थी अक्सर अपने कमरे में ही भोजन बनाते और खाते थे । दिनेश जी की पाककला और वस्त्रों के मामले में सुरुचि यहीं ठीक से देखी ।

मेरी उम्र बेचैनियों की थी । इस उम्र में अभिभावक की जगह समानधर्मा ही अधिक करीब लगते हैं । इसी वजह से उनसे बातें बहुत होतीं । उनकी पत्नी गीताजी के साथ भी खुला व्यवहार हो गया था । एक बार रीवां गया तो हल्का तनाव देखकर हस्तक्षेप करने की नीयत से कुछ पूछा । दिनेश जी ने पुरानी सादगी से कहा कि आप लोगों के भी बीच हूंटूं तो होता ही होगा । निरुत्तर रह गया । ऐसी निकटता की ही वजह से उनका स्नेह तबसे अब तक बना हुआ है । मैं भी अधिकार जैसा मानकर यदा कदा अयाचित सलाह देता रहता हूं ।    

उनके इस अहैतुक स्नेह का प्रमाण मुझे समर्पित उनकी एक कविता है । संगठन के काम से कानपुर नगर में बहुत समय तक रहना हुआ था । जिन सुनील पांडे का जिक्र ऊपर आया है वे भी पत्रकार के बतौर वहीं कार्यरत थे । इंदिरा गांधी की हत्या के बाद जो सिख विरोधी दंगे हुए उनमें दिल्ली के बाद कानपुर में जानमाल की सबसे अधिक क्षति हुई थी । जब सेना ने मोर्चा संभाला तो कर्फ़्यू लग गया । सुनील जी के किराए के घर में हम कैद हो गये । वह घर रेलवे कालोनी में था । कानपुर के भारी उद्योगीकरण का एक पहलू गंदगी का अपार विस्तार था । हम मजदूरों की सुविधाहीन बस्तियों में रहते । इन बस्तियों में शौचालय तब सार्वजनिक ही थे । अत्यंत अमानवीय हालात में कामगारों का जीवन बीतता । सूअर और मनुष्य इन शौचालयों के आसपास एक साथ होते । उस स्थिति की कल्पना भी अब सम्भव नहीं । उसी दारुण हकीकत का वर्णन दिनेश जी को सुनाया था जिसकी ध्वनि उस कविता में आ गयी है ।

उनके जीवन के प्रेम संबंधी पक्ष के बारे में कुछ भी कहना मुनासिब नहीं । उनके मुख से ही इसका जिक्र सुना था लेकिन तवज्जो कभी नहीं दिया । इस मामले में बहुतेरे लोग शेखी बघारने वाले लगते रहे हैं । किसी भी समय के बारे में उसके ही दावों को संदेह से परखने की सलाह मार्क्स ने दी थी । उसी तरह किसी व्यक्ति के बारे में भी उसके अपने कथनों को कभी पूरी तरह सही नहीं मान सका हूं । पुरुष की ओर से प्रेम का दावा अक्सर स्त्री को उपभोग की सामग्री समझने पर टिका होता है ।   

विश्वविद्यालय के दिनों में वे कम्युनिस्ट पार्टी के नजदीक थे । बाद के दिनों में उनकी निकटता एक अन्य खेमे से होती महसूस हुई । पहले भी जाति के सवाल पर होने वाले उत्पीड़न के प्रकरण में उन्हें संवेदनशील देखा था । बाद में मंडल आयोग द्वारा अनुशंसित पिछड़ी जातियों के आरक्षण के मामले में बहुतेरे वामपंथी साहित्यकार इस ओर ढुलक गये थे और समाज के विश्लेषण में वर्गीय शब्दावली की जगह जाति आने लगी थी । राजेंद्र यादव ने हंस को इस उभार का मंच बना दिया था । उधर बिहार में लालू यादव की सत्ता ने बौद्धिक दुनिया में इस बहस को और गति दे दी । राम मंदिर निर्माण हेतु रथयात्रा की मुहिम ने जब सांप्रदायिक उन्माद को देशव्यापी बना दिया तो इस हिंदू सांप्रदायिकता की एकमात्र काट के रूप में इसे प्रचारित भी किया जाने लगा था । इस वाताववरण की झलक शिवमूर्ति की लम्बी कहानी ‘त्रिशूल’ में भी है । उनसे दिनेश जी की निकटता बनी ।

दिनेश जी की कविताओं में पौराणिक संदर्भ और शब्दावली की बहुतायत है । इसका एक कारण यह भी है कि वे कभी प्रवचन करने वालों के भी निकट रहे हैं । इससे उन्हें पौराणिक मिथकों का भरपूर ज्ञान सुलभ है । नये माहौल में सामाजिक पदानुक्रम की आलोचना हेतु इन मिथकों का सहारा लेने की वकालत बहुत पहले लोहिया ने भी की थी ताकि इन आलोचनाओं को ग्राह्य बनाया जा सके । इस पद्धति की सबसे बड़ी समस्या यह है कि विरोध प्रतीकों तक सीमित रह जाता है । ये मिथक स्वतंत्र व्याख्या की गुंजाइश तो बनाते हैं लेकिन वास्तविक विरोध के स्थानापन्न की खुशफ़हमी भी देते हैं । इस तरह विरोध को प्रतीकों तक सीमित रखने का रास्ता खुल जाता है । छंद और परिचित ध्वनियों के प्रवाह में इस सीमा को पहचानना मुश्किल हो जाता है ।

उनसे बातचीत करते हुए अक्सर लगता है कि ग्रामीण सहजता उनको सुलभ रही है । किस्सों और कहानियों, मुहाविरों और कहावतों, आख्यानों और प्रसंगों का अकूत खजाना उनकी जिह्वा पर विराजता है । इनमें से एक अब तक याद है । घाघ उसके लेखक के रूप में आते हैं ‘नटखट खटिया, बतकट जोय, जो पहिलौंठी बिटिया होय । दूबर खेती, बौरहा भाय, घाघ कहें दुख कहाँ से जाय ।’ इसका अर्थ भी उन्होंने समझाया था । इस जानकारी ने उनके लेखन के विद्रोही स्वर को संस्कृत बनाया है । इस संस्कार को कुछ लोग अच्छा नहीं समझते लेकिन जो है सो है ।                                                                                           

Sunday, January 26, 2025

संविधान, कानून और जनता

 

                                 

                                                                                             

2018 में प्रिंस्टन यूनिवर्सिटी प्रेस से रोहित डे की किताब ‘ए पीपुल’स कनस्टीच्यूशन: द एवरीडे लाइफ़ आफ़ ला इन द इंडियन रिपब्लिक’ का प्रकाशन हुआ । किताब की शुरुआत 1950 के अंतिम महीने में जलालाबाद के सब्जी विक्रेता मुहम्मद यासिन से होती है जो नगरपालिका की ओर से सब्जी बेचने का केवल एक लाइसेंस जारी करने की खबर से परेशान थे । जिसे लाइसेंस दिया गया उसकी इजारेदारी सब्जी के समूचे धंधे पर होनेवाली थी । उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में गुहार लगायी कि उनका धंधा जारी रखने की अनुमति दी जाए । उनके वकील का तर्क था कि नगरपालिका की कार्यवाही उसके अधिकार क्षेत्र का अतिक्रमण तो है ही, उनके मुवक्किल यासिन के आजीविका के अधिकार का भी उल्लंघन है । भारत के इतिहास की आजादी, विभाजन, चुनाव और देशी रियासतों के विलय जैसी बड़ी कहानियों में यासिन की यह कहानी बहुत छोटी है । फिर भी उसकी कहानी जाननी जरूरी है क्योंकि अधिकारसंपन्न नागरिक के बतौर देश की सर्वोच्च अदालत जाने वालों में वह पहला भारतीय था । उसकी समस्या और उसका समाधान इस नवस्वाधीन देश के संविधान की परीक्षा था । यासिन का यह साहस भारतीय संविधान की बुनियादी विशेषताओं को उजागर करता है । पहली बात कि इसका रिश्ता दैनन्दिन से है । दूसरी बात कि इसका लगाव अल्पसंख्यकों या निम्नवर्गीय समूह के साधारण देशवासियों से है । तीसरी बात कि बाजार के रिश्तों को नियंत्रित करने के राज्य की कोशिश से अधिकांश टकराव हुए ।

15 अगस्त 1947 की आधी रात के गजर के साथ भारत आजाद हुआ । तीन साल बाद प्रांतीय सदनों द्वारा नामित संविधान सभा ने नया संविधान अपनाया जिसमें भारत को संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य घोषित किया गया । उस समय के लिहाज से यह उल्लेखनीय उपलब्धि थी । चार साल में संविधान सभा ने संविधान लिखा । कांग्रेस पार्टी के दबदबे के बावजूद इस सभा में लिंग, धर्म, जाति और जनजाति की विविधता के साथ तमाम राजनीतिक विचारों को जगह देने की कोशिश की गयी । उस समय जो भी देश स्वाधीन हुए उनके संदर्भ में यह उल्लेखनीय था कि भारतीयों ने अपना संविधान लिखा । केन्या, मलयेशिया, घाना और श्री लंका जैसे देशों के लिए यह काम ब्रिटिश अधिकारियों ने ही अंजाम दिया । इजरायल और पाकिस्तान में संविधान सभाओं का गठन हुआ था लेकिन भारत की तरह उनके देशों में किसी दस्तावेज पर सहमति नहीं बन सकी ।

उस दौर के स्वाधीन हुए देशों में भारत का संविधान सबसे अधिक समय तक कायम रहा और सार्वजनिक जीवन को अब भी निर्देशित करता है । उसकी इस दीर्घजीविता पर विद्वानों ने कम ही ध्यान दिया है । संविधान निर्माण और उसकी संरचना के बारे में तो बहुत कुछ मिल जाता है लेकिन इसे समझने की कोशिश कम हुई है कि समाज ने किन प्रक्रियाओं के जरिये इसे अपनाया । किसी संविधान से देश की राजनीति में आये बुनियादी बदलावों के निशान मिलते हैं । इसके बावजूद इसका पता नहीं चलता कि भारतवासियों ने इसे कैसे समझा और नयी व्यवस्था को कैसे महसूस किया । 1920 के बाद से ही सभी भारतीय भाषाओं के अखबारों में संविधान संबंधी बहसें प्रमुखता से छपने लगी थीं । 1946 में जब संविधान लिखने की प्रक्रिया शुरू हुई तो उसने देश भर में भारी उत्सुकता पैदा की । संविधान सभा को बच्चों, घरेलू स्त्रियों और डाकियों तक से तार, चिट्ठी और आवेदन मिले जिनमें दावे थे, मांगें थीं और बहुतेरे सुझाव भी थे । यासिन जैसे हजारों भारतीयों ने अदालतों में संविधान को याद किया ।

इनमें अधिकतर मामले बहुत ही कठिन हालात से जुड़े हुए थे । एक मुसलमान को जब पाकिस्तान भेजे जाने की बात पता चली तो उसने सर टकराकर जख्मी कर लिया ताकि इलाज के दौरान वकील को आवेदन दायर करने का मौका मिल जाये । एक बंगाली ने ट्राम भाड़ा बढ़ाने की कानूनी वैधता को चुनौती दी । एक व्यक्ति ने मांग की कि पूरे देश में मातृवंशीय व्यवस्था लागू हो और सभी सरकारी कागजों में पिता की जगह माता का नाम दर्ज किया जाये । असल में संविधान लोगों पर उतरा नहीं,रोज ब रोज के मामलात ने उसका उत्पादन और पुनरुत्पादन किया । आजाद भारत की शुरुआत से ही नागरिकों की राजनीतिक सक्रियता ने अदालतों को प्रभावित किया । इसका सबूत जनहित याचिकाओं का लम्बा इतिहास है जो जजों की पहल नहीं थीं बल्कि याचियों ने दाखिल कीं ।

सार्वजनिक और निजी जीवन में संविधान की प्रमुखता के बावजूद इसके इतिहास का पर्याप्त अध्ययन नहीं हुआ है । इसकी एक वजह है कि भारतीय संविधान की भूमिका की सरल व्याख्या नहीं हो सकती । असल में संविधान का आधार मनमाने नियमों की जगह कानून के शासन की इच्छा है लेकिन भारत में दोनों की मौजूदगी साथ साथ रही है । एक ओर तो भारत में जीवित और जाग्रत संवैधानिक संस्कृति नजर आती है । भारत के सुप्रीम कोर्ट को अक्सर दुनिया की सबसे शक्तिशाली संवैधानिक अदालत कहा जाता है जिसे न्यायिक समीक्षा के व्यापक अधिकार मिले हुए हैं । उसे संविधान की व्याख्या का अंतिम अधिकार है और इसकी सीमाओं के अतिक्रमण को भी रोकना उसका दायित्व है । वकीलों की मजबूत ताकत, राज्य के समर्थन और जनता की प्रचंड सहानुभूति की बदौलत इसने सार्वजनिक जीवन में सर्वव्यापी भूमिका निभायी है और भारत की राजनीति का शायद ही कोई ऐसा महत्वपूर्ण मुद्दा होगा जिस पर सुप्रीम कोर्ट के किसी न किसी फैसले का जाने या अनजाने असर न पड़ा हो । सरकार को अदालत अक्सर सवाल के घेरे में ले लेती है और तमाम ऐसे सरकारी फैसलों को पलट देती है जिनमें संविधान की सीमाओं का उल्लंघन किया गया हो । अस्मिता, हित, अधिकार और देश के नागरिकों को क्षति संबंधी धारणाओं पर संवैधानिक भाषा का गहरा असर है और तमाम क्रांतिकारी सामाजिक राजनीतिक आंदोलन भी कानून और संविधान के साथ संवाद बनाने का प्रयास करते हैं । दलितों और आदिवासियों समेत तमाम हाशिये के समूहों ने देश के संविधान को सार्वजनिक संसाधन में बदल दिया है और गांवों के बाहर संविधान की प्रस्तावना की पत्थरगड़ी के जरिये समता के एक वायदे में मूर्त कर दिया है ।

लेकिन इसके साथ ही दूसरी ओर सरकार और नागरिक कानून के अनुपालन पर कोई ध्यान नहीं देते । अठारहवीं सदी से ही न्याय व्यवस्था में भ्रष्टाचार, शाहखर्ची और देरी का घुन लगा हुआ है । न्याय का सारा कामकाज ऐसी भाषा में होता है जो लोगों को समझ नहीं आती । आजादी के बाद से निजी विवादों को अदालत में घसीट लाने की प्रवृत्ति में गिरावट आयी है । इस तरह हमारे देश में कानून और अव्यवस्था का सहकार चल रहा है । यह सहकार 1990 दशक के बाद बहुतेरे देशों में नजर आया । असल में दुनिया भर में अदालतें ऐसी संस्था के बतौर उभरी थीं जो अतीत के साथ संबंध विच्छेद का द्योतक थीं । संविधान के प्रति निष्ठा का रिश्ता केवल आजादी के साथ शासन के बदलाव से ही नहीं है । 1990 दशक में नवउदारवाद के साथ ही मानवाधिकार के सवाल पर अंतर्राष्ट्रीय संजाल भी उभरे । नवउदारवाद और वैश्वीकरण के चलते शासकीय बिखराव आया और राज्य का प्राधिकार भी एकाधिक टुकड़ों में बंट गया । इसके कारण कानून की ताकत बढ़ी ।

संविधान का दैनन्दिन जीवन में प्रवेश और राजनीति के कानूनीकरण का इतिहास भारत में न केवल अफ़्रीका और पूर्वी यूरोप के देशों से बल्कि कनाडा और न्यू ज़ीलैंड जैसे पुराने लोकतांत्रिक देशों से भी पुराना रहा है । संविधान को अंगीकृत करने के कुछ दिन बाद ही हजारों नागरिकों ने संविधान का सहारा लेकर शासन की कार्यवाहियों को अदालती चुनौती देना शुरू कर दिया । इस तरह नागरिकों ने राजनीति को अदालतों में घसीटा । अंग्रेजी राज में राज्य के साथ नागरिकों के टकराव को सड़क के आंदोलनों से लेकर बंद कमरे की समझौता वार्ताओं तक सुलझाया जाता था । आजादी के बाद ये टकराव अदालतों के दरवाजों तक आने लगे ।

किताब में बताया गया है कि भारतीय संविधान ऐसा दस्तावेज है जिसके मूल राजनीतिक कुलीनों की सहमति से बने लेकिन आजादी के पहले ही दशक में वह सामान्य देशवासियों के अनुभव का अंग बन गया । निर्माण और लागू करने की प्रक्रिया में यह राजनीति में प्रमुख स्थान बनाने में कामयाब रहा । तमाम संविधान सही और गलत, कानूनी और गैर कानूनी या वैध और अवैध की दुनिया में रहते हैं तथा उनकी व्याख्या का दबाव बाहर से आता है । किताब में संविधान का अध्ययन करने के लिए जजो और अधिकारियों के साथ ही सामान्य लोगों की ऐसी कार्यवाहियों का भी जायजा लिया गया है जिन्होंने इसकी व्याख्या का भारी दबाव बनाया । इस नयी पद्धति का प्रयोग करने के लिए सुप्रीम कोर्ट के अभिलेखागार को छानकर समझने की कोशिश की गयी है कि भारत के दैनन्दिन जीवन को किस तरह संविधान ने गढ़ा और आकार दिया है ।

जब संविधान सभा ने भारत को सम्प्रभु, लोकतांत्रिक गणतंत्र घोषित किया तो बदलाव क्या आया? इस सवाल के उत्तर में दो अलग अलग कहानियां सुनने को मिल सकती हैं । एक कहानी वह है जिसे वकील और नेता अक्सर सुनाते हैं । इसके मुताबिक एकबारगी देश ने अपने अतीत से पूरी तरह छुटकारा पा लिया । वर्ग, जाति, नस्ल, धर्म या लिंग आधारित किसी भी भेदभाव के बिना सारी जनता की सम्प्रभु इच्छा की अभिव्यक्ति के बतौर एक नयी व्यवस्था अंगीकृत की गयी । संविधान की सफलता का रहस्य उसके लागू होने के समय में निहित है । माना जाता है कि देश ऐसे लोकप्रिय राष्ट्रीय आंदोलन से पैदा हुआ था जिसके नेता कानून के शासन से प्रतिबद्धता की दूरदृष्टि से युक्त थे । स्वतंत्र देश की पैदाइश के साथ संविधान भी लागू हुआ । इतिहास और राजनीति के विचारकों ने पिछले दशक में संविधान की रक्षा करने की कोशिश की है और इसे नैतिक दृष्टि से संपन्न दस्तावेज के बतौर परिभाषित किया है । संविधान के पाठ और संविधान सभा की बहसों को कुछ बुनियादी अंतर्विरोधों को सामायोजित करने की कोशिश के रूप में देखा गया है । असल में संविधान और लोकतांत्रिक आकांक्षा, व्यक्तियों और समुदाय के अधिकारों या धार्मिक स्वतंत्रता और धर्मनिरपेक्षा के बीच तनाव रहता है । इस तनाव को हल करने की कोशिश के बतौर देश के संविधान को समझने का प्रयास हाल के दिनों में तेज हुआ है ।

भारत के संविधान द्वारा लाये गये बदलावों के रूप में बालिग मताधिकार और सामाजिक क्रांति का संस्थानीकरण का जिक्र बहुधा किया जाता है । इसके महत्व को समझने के लिए तत्कालीन समाज को ध्यान में रखना होगा । कहने की जरूरत नहीं कि भारतीय समाज ऊंच नीच पर आधारित था । पश्चिमी परिपक्व लोकतांत्रिक देशों में भी कुछ ही समय पहले मताधिकार को स्त्रियों, अश्वेतों और कामगारों तक विस्तारित किया गया था । अंग्रेजी राज में विभिन्न औपनिवेशिक सुधारों के जरिये भी मताधिकार को सामुदायिक पहचानों और संपत्ति के आधार पर सीमित ही रखा गया था । इस इतिहास से पूरी तरह अलग होकर एकबारगी सभी बालिगों को मताधिकार दे दिया गया । मान्यता यह थी कि राज्य जैसी दानवाकार मशीन को मनुष्य की इच्छा के अधीन ले आने के सपने में ही लोकतंत्र की सच्ची आत्मा बसती है । इसके जरिये ही राजनीतिक रूप से समान अधिकार प्राप्त नागरिक एक साथ मिलकर अपने इतिहास का निर्माण करना शुरू करते हैं ।

संविधान में समाजार्थिक वंचना को केंद्रीय महत्व देना भी खास बात थी । उसकी उद्देशिका में सभी नागरिकों को समाजार्थिक और राजनीतिक न्याय सुनिश्चित करने की बात शामिल है । संपत्ति के अधिकार को सीमित करके इसने भूमि सुधार का रास्ता खोला, छुआछूत और मानव तस्करी का उन्मूलन किया, स्त्रियों और बच्चों के लिए विशेष प्रावधान की अनुमति दी तथा धार्मिक और भाषाई अल्पसंख्यकों को अधिकार प्रदान किया । राज्य के नीति निर्देशक सिद्धांतों के तहत शासन के बुनियादी कायदे बनाये गये । इनमें संसाधनों का समान बंटवारा, बच्चों के लिए मुफ़्त और अनिवार्य शिक्षा, पुरुष और स्त्री को समान काम का समान वेतन, काम के बेहतर हालात और जीने लायक पगार, शराबबंदी, बाल श्रम का निषेध तथा पोषण में सुधार और सबके स्वास्थ्य की गारंटी जैसे प्रावधानों का भी उल्लेख हुआ । सरकारी नीति में बुनियादी अधिकारों और नीति निर्देशक सिद्धांतों के बीच वरीयता में इस अंतर के बावजूद अंबेडकर ने संविधान सभा में कहा कि भविष्य में विधायिका और कार्यपालिका इन सिद्धांतों के प्रति महज जुबानी निष्ठा जताने की जगह इन्हें अपनी तमाम कार्यवाहियों का आधार बनाएगी । इनमें आर्थिक से लेकर नैतिक सवालों तक संविधान की आकांक्षा व्यक्त हुई थी । आजादी को इसने समाजार्थिक विषमता के खात्मे से जोड़ा । उदारपंथी संविधान के जरिये समाजार्थिक बदलाव एक नया प्रयोग था । इसके जरिये इस मान्यता को चुनौती दी गयी कि सामाजिक विषमता और आर्थिक बदहाली को दूर करने के प्रयास लोकतांत्रिक शासन के तहत नहीं किये जा सकते ।

संविधान के पाठ के इन क्रांतिकारी पहलुओं के बावजूद उनके प्रभाव के सिलसिले में बौद्धिकों ने थोड़ा संयम बरता है । उनका कहना है कि देश का संविधान कुलीन परियोजना था । संविधान के जरिये लोकतंत्र की स्थापना न तो किसी जन दबाव से हुई, न ही इसे किसी राज्य से छीनकर हासिल किया गया । उनकी राय में भारत की जनता को लोकतंत्र उपहार के रूप में उसके राजनीतिक कुलीनों ने ही सौंप दिया । लोकतंत्र और समता जैसे मजबूत आदर्शों की जगह मुट्ठी भर अंग्रेजी भाषी बौद्धिकों के घेरे से बाहर नहीं बनी । किसी भी शक्तिशाली समूह ने इसके लिए गोलबंदी नहीं की थी । इसके विपरीत मान्यता वाले लोग कहते हैं कि देश के संविधान में स्वाधीनता आंदोलन के करिश्माई और समर्पित पुरोधाओं ने आंदोलन के सकारात्मक मूल्यों को पिरो दिया । जब पहली पीढ़ी के वे नेता नहीं रहे तो उन मूल्यों को कायम रखने की जिम्मेदारी सर्वोच्च अदालत और जजों की सक्रियता पर आ गयी ।

संविधान के बारे में आधिकारिक धारणा के विपरीत बहुतेरे लोग उसे मृगछलना समझते हैं । असल में इसने उत्तेजना के साथ निराशा भी पैदा किया । इस सिलसिले में लेखक ने मंटो की कहानी नया कानून को याद किया है । उसमें मंगू नामक एक तांगा चलाने वाला लाहौर में 1935 के इंडिया ऐक्ट संबंधी उत्तेजना का बयान करता है । इससे स्वशासन का विस्तार हुआ था । इस नये कानून के पारित होने से मंगू को उम्मीद है कि अंग्रेज बिल में छिप जाएंगे । जिस दिन बिल पारित होता है उसी दिन किराया अधिक मांगने का आरोप लगाकर एक अंग्रेज उस पर हमला कर देता है । मंगू भी उस पर घूंसे बरसाते हुए अपना राज होने की खबर देता है । उसे धक्का लगता है जब दो पुलिस अफ़सर उसे घसीटकर थाने ले जाते हैं । तमाम समय वह नये कानून की दुहाई देता रहता है लेकिन कोई उसकी नहीं सुनता और उसे हिरासत में बंद कर दिया जाता है । इस कहानी का जिक्र अक्सर आजादी और संविधान के प्रसंग में सपने और हकीकत के बीच के अंतराल को बताने के लिए किया जाता है । इसे जमीनी संघर्ष से उपजे सपने और शासकीय यथार्थ के टकराव का मुहावरा भी समझा गया है । इसके जिक्र की एक वजह यह भी थी कि संविधान में दो तिहाई हिस्सा 1935 के इंडिया ऐक्ट से लिया गया था ।

इसे संविधान सभा के चरित्र से भी संकेतित किया जाता है । इस सभा के सदस्यों का सार्वभौमिक मताधिकार के आधार पर निर्वाचन नहीं हुआ था । शायद इसी वजह से सार्वभौमिक बालिग मताधिकार और नागरिक अधिकारों के प्रावधान के बावजूद भारतीय गणतंत्र की गहरी जड़ें औपनिवेशिक कानूनों और केंद्र का नियंत्रण कायम रखने वाली संस्थाओं में बनी रहीं । इसकी छाप आपातकाल संबंधी प्रावधान में मौजूद थी जिसके तहत केंद्र सरकार कभी भी बुनियादी अधिकारों को स्थगित कर सकती थी, अदालतों की हदबंदी कर सकती थी, संसदीय चुनाव टाल सकती थी और निर्वाचित विधान सभाओं को भंग कर सकती थी । संविधानों की परम्परा व्यक्ति को राज्य से सुरक्षा प्रदान करने की रही थी लेकिन इसके विपरीत भारत का संविधान राज्य को समाज तथा अर्थतंत्र बदलने की ताकत भी देता है । इस तरह संविधान भारत की संप्रभुता और अखंडता अक्षुण्ण रखने, राज्य की रक्षा, विदेशों से बेहतर रिश्तों, कानून व्यवस्था, सार्वजनिक स्वास्थ्य तथा अभद्रता और नैतिकता के नाम पर बुनियादी अधिकारों को कभी भी निरस्त कर सकता था । संविधान सभा के एकमात्र कम्युनिस्ट सदस्य ने टिप्पणी की कि मौलिक अधिकारों को किसी सिपाही के नजरिये से लिखा गया है । अंग्रेजी शासन की पुलिस, सेना, अदालत और नौकरशाही को लगभग जस का तस रहने दिया गया था ।

आलोचकों ने यह भी कहा कि इसमें संशोधन की प्रक्रिया आसान होने से इस दस्तावेज में बहुत स्थिरता नहीं है । संसद में दो तिहाई के बहुमत से इसे संशोधित किया जा सकता था । कहा गया कि अगर शासन के हितों के मुताबिक इसे आसानी से बदल दिया जा सकता है तो फिर यह शासन की कार्यवाही पर रोक कैसे लगाएगा । जिस अवधि तक (चौदह साल) का अध्ययन किताब में किया गया है तब तक सत्रह बार संशोधन किये जा चुके थे । इनमें से आधे संशोधन सर्वोच्च अदालत की ताकत पर रोक लगाने के मकसद से किये गये ।

इसकी यह आलोचना कभी जनता में जगह नहीं बना सकी कि यह भारतीय दस्तावेज नहीं है । संविधान के लेखक भी जानते थे कि इसमें निहित मूल्य नागरिकों के वास्तविक अनुभव से नहीं पैदा हुए । इसलिए भी अंबेडकर ने अपने व्याख्यान में कहा कि राजनीतिक जीवन में समता को तो मान्यता दी गयी है लेकिन समाजार्थिक संरचनाओं के कारण इसे अन्य क्षेत्रों में विस्तरित नहीं किया जा सका ।

आलोचना या प्रशस्ति की जगह इस किताब में माना गया है कि भारतीय गणतंत्र में दैनन्दिन जीवन को संविधान ने बहुत गहराई से बदल दिया है । बदलाव की इस प्रक्रिया का संचालन कुलीन नेताओं और जजों के मुकाबले देश के एकदम हाशिये के नागरिकों ने किया है । अंग्रेजी में कुलीनों की सहमति से तैयार इस दस्तावेज ने लोगों की कल्पना से जीवन ग्रहण किया और उन्होंने ही इसके अस्तित्व को सार्थक बनाया, इसकी शरण ली और इसके साथ बहस मुबाहिसा किया । संविधान लागू होने के साल भर ही हैदराबाद के मुख्यमंत्री ने दिल्ली सरकार को पत्र लिखकर बताया कि तमाम तरह के लोग संविधान के मौलिक अधिकारों का हवाला देकर हाइ कोर्ट में मुकदमे दायर कर रहे हैं । एक पाकिस्तानी स्त्री ने पुलिस द्वारा देश छोड़ने के आदेश पर स्थगन हेतु वाद दायर किया । दो अध्यापकों को जब स्थानीय भाषा की परीक्षा पास करने को कहा गया तो वे भी इसे चुनौती देने अदालत जा पहुंचे । ऐसी हालत केवल हैदराबाद की ही नहीं थी । जीवन के सभी क्षेत्रों के नागरिक संवैधानिक अधिकारों के आधार पर अदालत में वाद दायर करने लगे थे और इस पर देश के नेताओं तथा नौकरशाहों को हैरत होती थी । हैदराबाद की विशेषता यह थी कि इसे हाल में ही भारत में शामिल किया गया था और अभी वहां सैनिक शासन जैसा ही था ।

तमाम आशंकाओं के बावजूद देश के सार्वजनिक जीवन पर संविधान का दबदबा नजर आने लगा । जनता की इसी संवैधानिक चेतना की जांच पड़ताल इस किताब का उद्देश्य है । इसमें संविधान को लेकर एक तरह का द्वंद्व दिखाई देता है । एक ओर तो वह शासन की इच्छा की राजनीति है तो दूसरी ओर शासन से जनता की अपेक्षा का उभार भी बन जाता है । इनके बीच की कशमकश ने ही देश के हालिया इतिहास को आकार दिया है । इस क्रम में नजर आया कि औपनिवेशिक अतीत से पूरी तरह अलग होते हुए भी संविधान के कुछ प्रावधानों को जानबूझकर नजरअंदाज किया गया है । संविधान में प्रावधान है कि मौलिक अधिकारों के उल्लंघन से राहत पाने के लिए भारत का कोई भी नागरिक सीधे सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटा सकता है । प्रांतीय हाइ कोर्टों को तो और भी व्यापक अधिकार प्रदान किये गये हैं । वे मौलिक अधिकारों के उल्लंघन के मामलों में सरकार के विरोध में रिट जारी करके राहत प्रदान कर सकते हैं । मौलिक अधिकारों के बारे में तो बहुत विचार हुआ है लेकिन उनके उल्लंघन के मामले में राहत के इन प्रावधानों पर कम ध्यान दिया गया है । इन प्रावधानों के सहारे नागरिक किसी भी कानून या प्रशासनिक कार्यवाही को अदालत में चुनौती दे सकता है ।                                                                                                                          

ये प्रावधान जिस समय लागू हुए उस समय आजादी के बाद भारतीय राज्य अपना विस्तार शुरू ही कर रहा था और समाजार्थिक बदलावों की कोशिश में दैनन्दिन में हस्तक्षेप भी बस शुरू ही हुआ था । इसके कारण अदालतों में मुकदमों की बाढ़ आ गयी । इस हालत के लिए राज्य और अदालतें तैयार नहीं थे । गुलाम भारत में लगभग सभी मुकदमे संपत्ति संबंधी विवाद के दीवानी अदालत में जाते थे । आजादी के बाद इनमें घटोत्तरी आयी लेकिन राज्य पर मुकदमे तेजी से बढ़े । संविधान निर्माताओं ने जब राहत का प्रावधान किया था तो उनको इसका अंदाजा नहीं था । जब राज्य ने नागरिकों के व्यवहार को ढालना चाहा तो अनेक लोगों की आजीविका और जीवन पद्धति में  व्यवधान आया । लोकतांत्रिक मतादेश राज्य के पक्ष में था और विकास का उसका नारा सर्वमान्य था इसलिए आम जनता के बीच राज्य को चुनौती देना सम्भव नहीं था । ऐसी स्थिति में नगरपालिका के कर्मचारी से लेकर महाराजा तक सभी असंतुष्ट अदालत की शरण में गये ।

अदालतों की लोकप्रियता की एक वजह राहत संबंधी ये प्रावधान तो थे ही, मुकदमों के जल्दी निपटारे ने भी उनके प्रति भरोसा पैदा किया । दीवानी दावे के मुकाबले राहत की याचिका का शुल्क बहुत कम था । 1950 में सुप्रीम कोर्ट ने 600 से अधिक याचिकाओं पर सुनवाई की । 1962 तक इन सुनवाइयों की संख्या 3833 हो चुकी थी । इसी अवधि में अमेरिका में सुनवाई की संख्या 960 मात्र रही थी । अमेरिका की आजादी के पचास साल बाद तक वहां की सुप्रीम कोर्ट ने कुल 40 ही मुकदमे सुने थे । भारत की अदालतों में दायर मुकदमों के निपटारे का अनुपात पश्चिमी लोकतांत्रिक देशों की अदालतों से अधिक रहा है । भारत में दायर मूकदमों में विविधता भी अधिक रही है । इनसे पता चलता है कि रोजमर्रा के जीवन में राज्य किस हद तक दखल देता था और किस हद के बाद नागरिक इस दखलंदाजी के प्रतिवादस्वरूप अदालत की शरण में चले जाते थे । इन मुकदमों में वाद विवाद की मार्फत लोकतंत्र की धारणात्मक शब्दावली ने प्रत्यक्ष रूप ग्रहण किया । राज्य और नागरिक के इस मुखामुखम से संवैधानिक अंत:क्रिया का जन्म हुआ । यह संवैधानिक अदालत और उसकी बहसें नागरिकता का अभिलेखागार बन गयीं ।