Wednesday, October 9, 2019

‘गोरा’ में खचित समय की व्याप्ति


              
                                 

              ‘गोरा’ में खचित समय की व्याप्ति

                                

(इस लेख में‘गोरा’ के सभी उद्धरण साहित्य अकादमी से प्रकाशित अज्ञेय के हिंदी अनुवाद से हैं ।)

रवींद्रनाथ ठाकुर जैसा बेचैन रचनाकार किसी भी भाषा, देश और समाज को सदियों में संयोग से मिलता है । उनकी रचनाओं से देश तो समृद्ध हुआ ही, बांग्ला भाषा का गौरव भी बढ़ा । आज इस बात को याद करना अधिक जरूरी है क्योंकि भारत जैसे बहुभाषी देश में किसी एक भाषा को राजकीय प्रश्रय देना सभी भाषाओं को दरिद्र बनाएगा । उनमें आपसी सहकार की जगह संदेह पैदा होगा । भारत की भाषाओं के  आपसी सहकार के चलते ही रवींद्रनाथ ठाकुर के इस उपन्यास का हिंदी अनुवाद हिंदी के प्रसिद्ध कवि अज्ञेय ने किया । उनके अनुवाद की गुणवत्ता के चलते भी उपन्यास हिंदी में सुबोध हो गया है ।

यह उपन्यास 1907 से 1910 तक प्रबासी नामक पत्रिका में क्रमबद्ध प्रकाशित हुआ और 1910 में बांग्ला में छपा । किताब के बतौर छपाई के समय रवींद्रनाथ ने कुछ संपादन भी किया था । उनके मन में इस किताब की कल्पना 1904 में आई जब सिस्टर निवेदिता को उन्होंने यह कथा सुनाई थी । कथा में गोरा और सुचरिता का मिलन नहीं हुआ था । जो कहानी उन्होंने सुनायी थी उसमें गोरा के आयरिश मूल का पता चलने पर सुचरिता ने उससे विवाह करने से इनकार कर दिया था । इसे सुनकर सिस्टर निवेदिता नाराज हुईं और कहा कि जो असल जीवन में न हो उसे कथा में तो होता दिखाया जा ही सकता है । उपन्यास जब प्रकाशित हुआ तो दोनों का मिलन चित्रित हुआ । प्रकाशित कथा में गोरा के जन्म का समय 1857 का है । उसके वयस्क होने को तीस साल की उम्र मानें तो कथा 1880 की ठहरती है । कहानी के इस समय को ध्यान में रखें तो उन्नीसवीं सदी की आखिरी चौथाई की समूची समाजी और राजनीतिक हलचल का साक्ष्य इस उपन्यास से हासिल होता है । वह समय बहुमुखी और बहुस्तरीय बदलावों का था । ऐसे समय को रवींद्रनाथ ने केवल तारीख के रूप में नहीं दर्ज किया । उपन्यास विधा के सभी विद्वान मानते हैं कि उपन्यास से ऐतिहासिक समय को कथा में दर्ज करने की शुरुआत होती है । यह ऐतिहासिक समय आम तौर पर सामाजिक हलचलों के सहारे व्यक्त किया जाता है । इस तरह की अभिव्यक्ति तो इस उपन्यास में है ही, एक और तरह का बदलाव भी इसमें बखूबी उभरा है । इसे इस समय पर्यावरण की चेतना कहा जाता है । समूचे पर्यावरण को पहचानते हुए वे समय के इस बदलाव को देखते और दर्ज करते हैं । उस समय के कलकत्ता का हाल ‘उस समय कलकत्ता की गंगा और गंगा का किनारा वणिक सभ्यता की लाभ-लोलुप कुरूपता से जल-थल पर आक्रांत नहीं हुआ था; किनारे पर रेल की पटरी और पानी पर पुल की बेड़ियाँ नहीं पड़ी थीं । उन दिनों जाड़ों की संध्या में शहर के नि:श्वासों की कालिख आकाश पर इतनी घनी नहीं छा जाती थी ।’ यह वर्णन लेखन का समय है और जिस माहौल की याद की जा रही है वह कथा का समय है । लेखन के समय और कथा में वर्णित समय को इस तरह से अलगाना आज भी बेहद संवेदनशीलता की मांग करता है ।

इस उपन्यास के जरिए रवींद्रनाथ ठाकुर ने बांगला साहित्य में वैचारिक उपन्यास की एक नयी विधा को जन्म दिया । आज भी यह उपन्यास अत्यंत प्रासंगिक प्रतीत होता है । असल में उपनिवेशवादी हस्तक्षेप और उसके प्रतिरोध की विभिन्न धाराओं को जिस समझ के साथ उकेरा गया है उसकी जरूरत आज भी बनी हुई है । उपन्यास की वैचारिकता के लिए याद रखना होगा कि रवींद्रनाथ ठाकुर 1905 के बंग भंग के विरोध में हुई गोलबंदी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे । उनकी इस सक्रियता से हासिल अनुभव ने भी उपन्यास को गहन वैचारिक पृष्ठभूमि प्रदान की है । उपन्यास में उठाये गये तमाम गम्भीर सवालों पर स्वदेशी आंदोलन की सफलता या असफलता की छाया है । साफ है कि उस समय जिन प्रवृत्तियों की जद्दो जहद हुई थी उनकी निरंतरता से हमारा समय भी ग्रस्त है । देश के स्वाधीनता आंदोलन का यह भी एक पक्ष है कि बंग भंग के विरोध का एक पहलू हिंदू पुनरुत्थान भी था । स्वदेशी आंदोलन के साथ मुस्लिम समुदाय नहीं था क्योंकि कलकत्ते में अधिकतर अनुपस्थित हिंदू जमींदार रहते थे जबकि पूर्वी बंगाल में बहुलता खेतिहर मुसलमानों की थी ।     

एकदम आरम्भ में ही उपन्यास अपनी विवेच्य वस्तु का पता दे देता है । इसकी कथाभूमि का शहर कलकत्ता है । अगर आपने प्रेमचंद का उपन्यास ‘गबन’ देखा हो तो याद दिलाने की जरूरत नहीं कि उसकी कथाभूमि इलाहाबाद और कलकत्ते की है । हिंदी क्षेत्र में औपनिवेशिक आधुनिकता का प्रवेश इलाहाबाद से हुआ तो उत्तर भारत में उसका प्रवेश कलकत्ते से हुआ था । आधुनिकता का एक अन्य लक्षण विभिन्न सभाओं और संस्थाओं की मौजूदगी भी उपन्यास में प्रचुरता से प्रकट हुई है । यहां तक कि अखबार और पुस्तकें भी महत्वपूर्ण तरीके से मौजूद हैं । मतलब कि ‘गोरा’ की कथा में औपनिवेशिक आधुनिकता और उसके दबाव से पैदा सामाजिक हलचल महत्वपूर्ण तत्व हैं । आधुनिकता के साथ ही जुड़ी परिघटना नौकरशाही है जिसने मुट्ठी भर अंग्रेजों का शासन कायम रखने में मदद की थी । ऐसे हिंदुस्तानियों के बारे में बात करते हुए रवींद्रनाथ समय के संदर्भ विशेष से अलग होकर उस समय निर्मित उत्पीड़क व्यवस्था में मौजूद व्यक्ति के अमानवीकरण की प्रक्रिया की भी पड़ताल करते हैं । इस प्रक्रिया को स्पष्ट करते हुए सुचरिता से गोरा कहता है ‘---नौकरी के फंदे अंग के गहने होते जा रहे हैं और आजकल के डिप्टियों (भारतीयों) के लिए भी देश के लोग कुत्ते-बिल्ली के समान हुए जा रहे हैं । और इस तरह तरक्की पाते रहने से जो उनकी केवल अधोगति हो रही है, इस बात की अनुभूति भी उनकी चली जा रही है ।’         

इस दबाव से जो बदलाव आ रहे हैं उनमें स्वाधीनता की आकांक्षा से लगे लिपटे जाति व्यवस्था और स्त्री की सामाजिक स्थिति के मामले में उलटफेर जैसे प्रश्न कथा के एकदम शुरू में ही नजर आने लगते हैं । स्त्री का प्रसंग स्वदेश प्रेम से जुड़ा हुआ है । इस सवाल पर विनय और गोरा के विचारों का टकराव तब नजर आता है जब विनय कहता है ‘हम भारतवर्ष को केवल पुरुषों का देश मानकर देखते हैं, स्त्रियों को बिलकुल देखते भी नही ।’ उत्तर में गोरा कहता है ‘तो तुम शायद अंग्रेजों की तरह घर में और बाहर, जल-थल और आकाश में आहार-विहार और कर्म में, सब जगह स्त्रियों को देखना चाहते हो?’ इसके परिणाम की भयावहता की ओर संकेत करते हुए कहता है ‘उसका नतीजा यही होगा कि पुरुषों से स्त्रियों को अधिक मानना होगा- उससे भी देखने में सामंजस्य नहीं रहेगा ।’ विनय का इसके बाद का कथन तत्कालीन देशभक्ति की इस प्रचंड सीमा का उद्घाटन करता है ‘—तुम्हारी राय में देश मानो नारी-हीन ही है ।’ असल में मुख्य मामला स्त्री की सार्वजनिक उपस्थिति का है ‘गृहस्थी के काम-काज से बाहर अगर हम देश की स्त्रियों को देख पाते तो हम स्वदेश के सौंदर्य और संपूर्णता को देखते ।’ कहने की जरूरत नहीं कि राष्ट्र के भीतर के तनावों को इसमें अभिव्यक्त देखा जा सकता है । सुचरिता के प्रेम में पड़ने के बाद इस मामले में गोरा भी बदलता है । उसके अनुभव को दर्ज करते हुए रवींद्रनाथ ने लिखा ‘जब तक भारतवर्ष की नारी उसकी अनुभव गोचर नहीं हुई थी, तब तक उसकी भारतवर्ष की उपलब्धि कितनी अधूरी थी, यह वह इससे पहले नहीं जानता था । गोरा के लिए नारी जब तक अत्यन्त छायामय थी, तब तक देश के संबंध में उसका कर्तव्य-बोध कितना अधूरा था !’

रवींद्रनाथ के स्त्री चित्रण की विशेषता का स्रोत बंगाल का समाज तो हो ही सकता है लेकिन उनके समय की भूमिका की भी उपेक्षा नहीं की जा सकती । कहने की जरूरत नहीं कि उस समय के समूचे भारतीय कथा साहित्य में किसान और स्त्री की उपस्थिति अलग से पहचानी जा सकती है । रवींद्रनाथ की स्त्रियों में फैसला लेने की क्षमता बहुस्तरीय है । बुजुर्ग स्त्रियां पारिवारिक जीवन में भी अपनी स्वतंत्र जगह कायम रखते देखी जा सकती हैं तो युवतियों की दुनिया तो और भी अधिक स्वाधीनता का पता देती है । जो भी मौका उन्हें उपलब्ध है उसमें वे न केवल अपने बारे में फैसले लेती चित्रित की गयी हैं बल्कि विनय को गोरा के सम्मोहन से मुक्त करने में ललिता के प्रयास के माध्यम से रवींद्रनाथ ने स्त्री के माध्यम से इस चारित्रिक स्वाधीनता को पुरुष के भीतर भी जगाने का संदेश दिया है । उनकी सूक्ष्म पर्यवेक्षण शक्ति का कमाल स्त्री के इस स्वायत्त संसार के भी लगभग प्रामाणिक वर्णन से प्रकट होता है ।          

इतने बड़े सामाजिक फलक का यह उपन्यास विधा की शर्तों पर भी पूरी तरह से खरा उतरता है । इसमें पात्रों के बीच विचार विमर्श के साथ ही उनके जीवन की निजी हलचलें भी चलती रहती हैं । पूरे उपन्यास में रोचकता कहीं कम नहीं होने पाती । आखिरी पन्ने तक रोमांच बना रहता है । सुचरिता और गोरा के रिश्ते की परिणति का रोमांच तो आखिरी पंक्ति तक बनाए रखने में रवींद्रनाथ सफल हुए हैं । निराला को शायद इसी से कुल्ली के समलैंगिक होने के तथ्य को अंत तक छिपाए रखने की कला मिली होगी । पाठक को बीच बीच में गोरा के सिलसिले में कुछ रहस्य का संकेत मिलता रहता है लेकिन रहस्य अंत में खुलता है । उसके हिंदू पुनरुत्थान का नेता होने और आयरिश माता-पिता की संतान होने की विचित्रता इस हिंदू पुनरुत्थान के यूरोपीय मूल का इशारा पूरी विडम्बना के साथ करता है । जब उसके समक्ष सचाई खुलती है तो मानो उसकी मुक्ति हो जाती है । इस मुक्ति को स्वर देते हुए गोरा कहता है ’आज मैं सारे भारतवर्ष का हूँ । मेरे भीतर हिन्दू, मुसलमान, ख्रिस्तान किसी समाज के प्रति कोई विरोध नहीं है । आज इस भारतवर्ष में सबकी जात मेरी जात है, सबका अन्न, मेरा अन्न है ।’ इससे पहले भी उसके हिंदू और मनुष्य होने के बीच का टकराव चित्रित हुआ है । जब उसके अविनाश जैसे अनुयायी प्रचार के लिए उसका उपयोग करना चाहते हैं तो उसका क्षोभ जाहिर होता है । इसके अतिरिक्त भी शहर से बाहर देहात में उसके अनुभव उसे कट्टरता से ऊपर उठा देते हैं ।  

उपन्यास को प्रेम कथा के रूप में भी पढ़ा जा सकता है । कम से कम दो जोड़े तो हैं ही जिनके आपसी भावनात्मक संबंधों की उठापटक पूरे उपन्यास में व्याप्त है । गोरा और सुचरिता तथा विनय और ललिता के प्रेम की कहानी उपन्यास का मुख्य कथासूत्र है । दोनों स्त्रियां ब्राह्म परिवार की हैं । इस तरह प्रेम के साथ ही ब्राह्म और हिंदू समाज का टकराव भी उभर आता है । इन दोनों ही समाजों के कट्टरों के साथ गोरा को जिन्होंने अपनाया उन आनंदमयी और सुचरिता के पालन पोषण करने वाले परेश बाबू ऐसे पात्र हैं जिनके समक्ष कट्टरता परास्त हो जाती है । हिंदू और ब्राह्म के बीच यह टकराव किस स्तर का था इसका पता चलता है जब हम ललिता के प्रसंग में सुनते हैं कि ‘ललिता के मन में ब्राह्म-परिवार का संस्कार बहुत दृढ़ था, जिन स्त्रियों को आधुनिक ढंग की शिक्षा नहीं मिली और जिन्हें वह हिन्दू घर की औरतें कहकर जानती थीं, उनके प्रति ललिता में सम्मान नहीं था ।’ प्रसंग आनंदमयी के समक्ष इस अहंकार के टूटने का है । संप्रदाय का यही विभाजन परेश बाबू के शब्दों में सुनिए ‘संप्रदाय ऐसी चीज है कि लोगों को यह जो सबसे सीधी बात है कि इंसान इंसान है, यही भूला देता है । इंसान ब्राह्म है कि हिन्दू, समाज की गढ़ी हुई इस बात को विश्व-सत्य से बड़ा बनाकर एक झमेला खड़ा कर देता है ।’ इस भावना की ही प्रतिध्वनि आनंदमयी के कथन में मिलती है ‘तुम्हारा ब्राह्म समाज भी क्या मनुष्य को मनुष्य से मिलने नहीं देगा? ईश्वर ने जिनको भीतर से एक बनाया है, तुम्हारा समाज बाहर से उन्हें अलग कर रखेगा?’ इसी प्रेम ने गोरा के मन में हिंदू धर्म की उदार भावना की जगह बनाई । सुचरिता से वह कहता है ‘—दुनिया में केवल हिन्दू धर्म ने मनुष्य को मनुष्य कहकर जाना है, केवल दल का व्यक्ति नहीं समझा । हिन्दू धर्म मूढ़ को भी मानता है, ज्ञानी को भी मानता है- और ज्ञान की भी केवल एक मूर्ती को नहीं मानता, उसके अनेक प्रकार के विकास को मानता है ।’ इसी हिंदू धर्म की कमजोरी विनय को तब महसूस होती है जब उसने ललिता से विवाह करने का निश्चय किया । गोरा से वह कहता है ‘जिस समाज में ज़रा-सा धक्का लगने से ही टूट आ जाती है और हमेशा के लिए रह जाती है, उस समाज में मनुष्य के लिए अपनी इच्छा से चलने-फिरने या काम-काज करने में कितनी कठिनाइयाँ हो जाती हैं, यह भी तो सोचना चाहिए ।’ हिंदू धर्म की इस समस्या को परेश बाबू ने व्यक्त करते हुए कहा कि ‘हिन्दू समाज मनुष्य का अपमान करता है, निषेध करता है, इसलिए आजकल के ज़माने में उसके लिए आत्मरक्षा कर सकना प्रतिदिन कठिनतर होता जाता है, क्योंकि अब वह और ओट में नहीं रह सकता- अब दुनिया में चारों ओर रास्ते खुल गए हैं, चारों ओर से लोग उस पर चढ़े जा रहे हैं- अब शास्त्र-संहिता के बाँध बनाकर या दीवारें खड़ी करके वह अपने को किसी तरह भी दूसरों के संपर्क से अछूता नहीं रख सकता । अब भी अगर हिन्दू समाज अपने भीतर संग्रह करने की शक्ति नहीं जगाता और क्षय-रोग को ही प्रश्रय देता चलता है, तो बाहर के लोगों का यह संपर्क उसके लिए एक सांघातिक चोट हो जाएगा ।’ कहीं कहीं उनकी आलोचना अंबेडकर की चिंतनधारा से संवाद करती हुई महसूस होती है । देहात के बारे में गोरा की राय देखिए ‘—इन देहातों में समाज के बंधन पढ़े-लिखे भद्र समाज से कहीं अधिक कड़े हैं । हर घर के खान-पान, उठने-बैठने और हर काम-काज पर समाज की अपलक आँखें मानो दिन-रात निगरानी रखती थीं ।--इन लोगों में ऐसा कोई ऐक्य नहीं था, जो सुख-दु:ख और विपत्ति में उन्हें कंधे-से-कंधा मिलाकर खड़ा कर सके ।’ धार्मिक उथल पुथल इस उपन्यास की केंद्रीय विषयवस्तु है । हिंदू और ब्राह्म के बीच विभाजन की जटिलता से लगभग सभी पात्र रंगे हुए हैं । दोनों धर्मों के बीच की उग्र सांप्रदायिकता और उदार पालनकर्ताओं के बीच द्वंद्व से उपन्यास का तानाबाना बुना गया है । साथ ही धर्म की भूमिका भी उस दौर में नये तरीके से तय हुई । इस गहन मंथन को भी रवींद्रनाथ ने इस उपन्यास के पात्रों के माध्यम से रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया है ।                   

गोरा जन्म से आयरिश है इस तथ्य के उल्लेख से रवींद्रनाथ मामले की जटिलता को और बढ़ा देते हैं । सभी जानते हैं कि इंग्लैंड का पहला उपनिवेश आयरलैंड ही था । इसी गोरा के सहारे रवींद्रनाथ पाठक को उस बंगाल से परिचित कराते हैं जो तत्कालीन बौद्धिक समुदाय की निगाह से ओझल था । यह प्रकरण प्रकारांतर से स्वाधीनता आंदोलन के इर्द गिर्द जारी वैचारिक मंथन की हदों की आलोचना भी है । गोरा न केवल विनय जैसे पढ़े लिखे नौजवानों के संसर्ग में रहता है बल्कि हम उसे इस सीमा को बार बार अनेक स्तरों पर तोड़ते और पार करते देखते हैं । पाठक के लिए गोरा का व्यवहार ऐसी खिड़की बन जाता है जिससे झांककर वह उस समय की बेचैनी की व्यापकता को देख पाता है । कहीं न कहीं उस समय की यह बेचैनी लेखक के भीतर की भी रही होगी जिसका कथात्मक प्रक्षेपण उन्होंने इस अद्भुत पात्र के जरिए किया है । इस पात्र की विचित्रता ने रवींद्रनाथ को तत्कालीन समाज और बौद्धिक जगत की गहरी और तीखी आलोचनात्मक समीक्षा का औजार उपलब्ध करा दिया है जिसे भारत के ही किसी अन्य पात्र के सहारे करना कदाचित अविश्वसनीय होता । गोरा जिन लोगों के बीच नियमित रूप से जाता है उन्हें निम्न श्रेणी का कहा गया है । उनमें नंद नामक बाइस साल का एक बढ़ई था जो बाप की दुकान में लकड़ी के बक्से तैयार करने के अतिरिक्त मैदान में शिकार भी खेलता था जिसमें उसके बराबर बंदूक का निशाना साधनेवाला कोई नहीं था । इसके अलावे क्रिकेट के खेल में गेंद फेंकने में भी वह अद्वितीय था । इतना जीवंत चित्रण मानो गोरा ने रवींद्रनाथ को अपने अनुभव स्वय सुनाए हों ।

गोरा को पता चला कि वही स्वस्थ लड़का सहसा मर गया । मौत का कारण धनुष्टंकार था जिसे नंद की माता भूत लगना समझकर ओझा से झड़वाती रही थी । इससे दुखी होकर गोरा कहता है ‘जब तक लोग मिथ्या-भय से जकड़े रहेंगे, तब तक हमारे शिक्षित लोग भी इसके प्रभाव से बच नहीं सकते’ । इससे सीख मिली कि ‘नीचे के लोगों का निस्तार किए बिना तुम्हारा यथार्थ निस्तार कभी नहीं होगा’ । जनता की तकलीफ से दूरी बनाकर रहने वाले मध्यवर्ग के लिए आज भी गोरा की यह सीख बहुत अर्थवान है । न केवल इतना बल्कि चारों ओर फैले विपरीत वातावरण के गाढ़े अंधकार से जूझने की हिम्मत को एक रूपक के जरिए गोरा व्यक्त करता है ‘अँधेरा बड़ा होता है और दीये की शिखा छोटी । पर इतने बड़े अंधकार से इतनी छोटी-सी शिखा पर ही मैं अधिक आस्था रखता हूँ’ । कहने की जरूरत नहीं कि यह विश्वास केवल गोरा का नहीं है । इसे गोरा में रवींद्रनाथ ने प्रतिष्ठित किया है । शासन की ओर से आज जब अंधविश्वास को मान्यता मिल रही हो तो उससे जूझने का यह माद्दा और उसका ऐसा उद्घोष प्रेरणा देने वाला है । यह वैज्ञानिक चेतना हमारे देश की आजादी की आजादी की लड़ाई का एक और विशेष पहलू था । इसी समझ के बल पर रवींद्रनाथ ने भूकम्प को दैवी कोप कहने पर गांधी का विरोध प्रेमचंद के साथ किया था । कोई संदेह न रहे इसलिए गोरा से कहलवाते हैं ‘--हमारा यह देश मुक्त होगा ही, अज्ञान उसे हमेशा जकड़े नहीं रहेगा और अंग्रेज़ भी उसे अपनी व्यापार की नौका के पीछे-पीछे साँकल से बाँधे हुए नहीं ले जा सकेगा’ ।

उस समय हिंदू धर्म के क्षेत्र में जो नयापन आया उसने देश के स्वाधीनता संग्राम के भीतर ऐसे विराट व्यक्तित्वों की जगह बनायी जिन्होंने धर्म को मनुष्य के कल्याणोन्मुखी बनाया । इसने रामकृष्ण परमहंस, विवेकानंद, महर्षि अरविंद से लेकर गांधी तक विचारकों की भरी पूरी श्रृंखला को जन्म दिया जिन सबके  कारण एक ओर अंधविश्वास के खात्मे की प्रेरणा आयी तो धर्म का स्वरूप सामाजिक भेदभाव के विरोध का समर्थक बना लिया गया । यह बदलाव कुछ हद तक इस्लाम के भीतर भी आया और बौद्ध धर्म को तो समता के प्रतीक के बतौर ही स्थापित कर दिया गया । उपन्यास की यह दुनिया भी हमारे समय तक चली आयी है ।                            

पूरे उपन्यास में जो भी प्रेम के प्रसंग हैं उनके चित्रण में उनकी उपन्यास कला की क्षमता का पता चलता है । प्रेमी और प्रेमिका के मन में उपजे लेकिन अव्यक्त या कहे न गये प्रेम से उन्हें सार्वजनिक आचरण में जो असहजता महसूस होती है उस परिस्थिति को वे अपनी ओर से कहते नहीं बल्कि संवादों और स्थितियों के वर्णन से प्रकट होने देते हैं । इस मामले में उनकी कला बेहद आकर्षक है और दुनिया के बड़े कलाकारों से तुलनीय है । मनुष्य की अंतरात्मा में घुसकर उन्होंने सामाजिक संबंधों की उलझी हुई दुनिया में अपने पात्रों के भीतर की उलझनों और उनके सामाजिक आचरण का बेहद कुशल अंकन किया है । इन हालात की अभिव्यक्ति में भाषा का उनका बरताव मूल में तो जैसा होगा उसे बताना मुश्किल है लेकिन इस मामले में उनकी अपार क्षमता अज्ञेय के हिंदी अनुवाद में भी रह रहकर चमक उठती है ।

समूचे व्यक्तित्व को आपाद मस्तक हिला डालने की रहस्यमय शक्ति वाले प्रेम का वर्णन रवींद्रनाथ ने गोरा के ही प्रसंग में किया है । कट्टर पुनरुत्थानवादी गोरा के मन में जब ब्राह्म कन्या से प्रेम का प्रवेश होता है तो उसे जीवन में पहली बार प्रकृति की सुंदरता और उसके आकर्षण का पता चलता है । असर इतना गहरा है कि इस खिंचाव से मुक्ति पाने के मकसद से गोरा कुछ समय के लिए घर छोड़कर अकेला निकल जाता है ।

कलकत्ते के शहरी माहौल से गोरा का यह निष्क्रमण उसके लिए और उसके सहारे पाठक के लिए बंगाल के तत्कालीन ग्रामीण यथार्थ का दिग्दर्शन बन जाता है । रवींद्रनाथ इसके जरिए उस समय के हिंदू बहुल मध्यवर्ग में व्याप्त धार्मिक सांप्रदायिक सोच का भी प्रतिवाद करना चाहते रहे होंगे । यह प्रतिवाद वे सभी अन्य मामलों की तरह मानववाद के सहारे खड़ा करते हैं । गोरा को वहां हिंदू परिवार किसी मुसलमान लड़के का पालन पोषण करता मिला । उसकी कहानी पाठक के सामने अंग्रेजी राज के निलहे साहबों की वह क्रूर दुनिया उघाड़ देती है जिनके अत्याचार ने दीनबंधु मित्र से नीलदर्पण जैसा प्रतिबंधित नाटक लिखवाया था । नील का यह प्रसंग तब आया है जब गांधी का चंपारण सत्याग्रह शुरू नहीं हुआ था । इसे साहित्यकार की भविष्यद्रष्टा संवेदना का भी सबूत माना जा सकता है । इस प्रसंग को साहित्य के स्रोत और उसकी सामाजिक भूमिका से पैदा होने वाली शासकीय असुविधा की निरंतरता के लिए भी देखा जाना चाहिए ।

नीलहा अंग्रेजों का जिक्र आते ही उपन्यास का गुरुत्व केंद्र बदल जाता है । अब तक की कहानी कुछ घरों और व्यक्तियों के इर्द गिर्द घूम रही थी लेकिन इसके बाद सहसा उन्हीं व्यक्तियों के बहाने शासन तंत्र और सार्वजनिक मामलों का प्रवेश धड़धड़ाकर होता है । घूमते हुए गोरा जिस गांव पहुंचता है उस घोषपुर गांव के मुस्लिम किसानों के सरकश नेता फ़रू के जरिए विद्रोहियों की हिम्मत और सरकारी तंत्र की क्रूरता का साक्षात पाठक को होता है । गोरा का भी मानो कायाकल्प हो जाता है और उसके भीतर से अन्याय से टक्कर लेने वाला नायक उभरकर सामने आ जाता है । जिस अंग्रेज जनता को लोकतांत्रिक होने का अभिमान था उसकी भारत के लोगों में छवि राजा की है । गोरा का सहपाठी वकील कहता है कि प्रत्येक अंग्रेज राजा है उसे मारना ही राज-विद्रोह है तथा घोषपुर के किसानों ने यह काम किया है इसलिए उनकी रिहाई कठिन है । बहरहाल गोरा भी यही अपराध कर बैठता है और जेल चला जाता है और रिहा होने से साफ इनकार कर देता है । उसकी पेशी मजिस्ट्रेट के सामने होती है । मजिस्ट्रेट ने उसे एक मास कैद की सजा सुना दी । मजिस्ट्रेट के घर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम था । आज ही ऐसा नहीं हुआ है कि शासन और सत्ता संस्कृति को पालतू बनाने का प्रयास करें । इस प्रयास की भी औपनिवेशिक विरासत है और इसकी गवाही रवींद्रनाथ जैसे विद्रोही से बेहतर कौन दे सकता था । सांस्कृतिक कार्यक्रम के दो भागीदारों का स्वाभिमान जागता है और वे कार्यक्रम छोड़कर कलकत्ते चले आते हैं । रास्ते में उनमें एक दूसरे के प्रति कोमल भाव पैदा होते हैं । विद्रोहियों के बीच बंधुता की यह संभावना दिखा पाना भी उपन्यास के चित्रण का एक अन्य आकर्षक पक्ष है । गोरा के साथ इस घटना के बहाने रवींद्रनाथ ने औपनिवेशिक शासन की गहरी पड़ताल की है । इससे उस शासन के विभिन्न अंगों की भूमिका का पता चलता है । उनकी यह भूमिका आज भी बनी हुई है । तत्कालीन न्याय व्यवस्था की परख उन्होंने पीड़ित के पक्ष से की ‘एक आदमी को जेल भेजने में कितने निरपराध लोगों को कितनी कठोर सज़ा दी जाती है, यह बात अगर दंडदेने वाले अपने अंत:करण में अनुभव कर सकते, तो किसी को जेल भेजना ऐसा सहज अभ्यास का काम कभी न होता’ । एक बार लगता है कि अगर रवींद्रनाथ इस समय होते तो निश्चय ही उन्हें भी जेल भेजा जा चुका होता ।

नीलहा किसानों और गोरा की सजा के इस सार्वजनिक हस्तक्षेप के बाद उपन्यास फिर से पात्रों की घरेलू दुनिया में लौटता है लेकिन अब उनकी निजी दुनिया भी इस बाहरी प्रसंग से मानो पूरी तरह बदल गयी है । घरेलू दुनिया के इस बदलाव का संकेत लड़कियों के लिए स्कूल खोलने की एक कोशिश से मिलता है जो सामाजिक विरोध के कारण फलीभूत नहीं हो पाता । घरेलू पात्र भी पहले के परिचित संबंधों से अब दूसरे तरह के संबंधों में प्रवेश करना शुरू करते हैं जिसमें आपसी आकर्षण भी समूचे सामाजिक परिवेश में भारी हलचल का कारक बन जाता है । पहले भी हमने जिक्र किया कि उपन्यास के स्त्री पात्र अपना स्वतंत्र व्यक्तित्व जाहिर करते हैं और इसमें युवतियों के साथ बुजुर्ग भी शामिल हैं । इस मामले में तो सचमुच लेखक की पर्यवेक्षण की क्षमता अनुपम है ।   

प्रेम के उनके चित्रण की खूबी यही है कि एक ओर वह धार्मिक और सांप्रदायिक संकीर्णता को पार कर जाता है तो दूसरी ओर परिवार के भीतर व्यक्ति की स्वायत्तता की प्रेरणा को जन्म देता है । व्यक्ति की स्वाधीनता के लगभग घोषणापत्र की तरह रवींद्रनाथ ने एक महत्वपूर्ण पात्र से कहलवाया है ‘समाज के लिए मनुष्य को संकुचित होकर रहना पड़े यह कभी ठीक नहीं हो सकता, समाज को ही मनुष्य के लिए अपने को बराबर प्रशस्त करते चलना होगा’ । बहुत स्वाभाविक है कि यह बात अज्ञेय को पसंद आयी होगी और उनकी मान्यता की रोशनी में देखने से सही भी लगेगी लेकिन इस बात को संदर्भ के साथ देखने से इसके मूलगामी महत्व को समझना आसान होगा । यह एक ऐसी पुत्री के पिता का कथन है जो बिना धर्म बदले दूसरे धर्म के लड़के के साथ विवाह को मान्यता दे रहे हैं । कहने की जरूरत नहीं कि विवाह आज भी ऐसा कर्मकांड है जिसमें पुरानी रीति का पुनरुत्थान सबसे अधिक हो रहा है । निजी होते हुए भी यह सर्वाधिक सामाजिक घटना है इसलिए इसमें परम्परा को तोड़ना सबसे कठिन होता है । उस समय के पारिवारिक ढांचे के भीतर स्त्री और पुरुष के स्वतंत्र होकर जीवनसाथी चुनने की धारणा की प्रतिष्ठा कितने प्रवादों को जन्म देती रही होगी और उसके लिए संबंद्ध व्यक्तियों को कितनी भारी कीमत चुकानी पड़ती रही होगी इसकी झलक पाने के लिए भी इस उपन्यास को देखना उपयोगी होगा । इस मामले में यह निश्चय ही हमारे देश के सामाजिक जीवन में आधुनिकता के प्रवेश संबंधी दबावों और तनावों का कुछ हद तक प्रामाणिक दस्तावेज बन गया है । साहित्य के प्रति इस नजरिए को उसके सौंदर्य के लिए जितना भी ध्यान भटकाने वाला समझा जाए सामाजिक हलचल का एक सबूत साहित्य भी रहेगा । समाज और व्यक्ति के टकराव में उपर्युक्त द्वंद्व को और अधिक तीखे ढंग से जिस लड़के का विवाह हो रहा है उस विनय के मुख से रवींद्रनाथ ने कहलवाया ‘समाज नामक राक्षस को प्रतिदिन मनुष्य-बलि देकर उसे खुश रखना होगा और जैसे भी हो उसी के शासन की फाँसी गले में डाले रहना होगा, चाहे प्राण रहें या न रहें-यह मैं किसी तरह नहीं स्वीकार कर सकूँगा’ । जिस कलात्मक तरीके से इस उथल पुथल का चित्रण रवींद्रनाथ ने व्यक्ति और समूह के सिलसिले में किया है उसके लिए मूल उपन्यास में प्रयुक्त कला को उपन्यास का कोई भी विश्लेषण पूरी तरह स्पष्ट नहीं कर सकता ।

सामाजिक आचरण में हिंदू समाज का सबसे भयानक रूप दहेज में नजर आता है और बंगाल जैसे स्त्री प्रमुखता वाले समाज में भी इसकी मौजूदगी अचरज में डालने वाली है । हिंदू धर्म के पक्ष में गाहे बगाहे उठ खड़ा होने वाले भी इस समस्या से शिकायत करते मिलते हैं ‘हमारे समधी जितने वज़न की लड़की लेंगे, उससे कुछ अधिक सोना लिए बिना नहीं छोड़ेंगे; क्योंकि वह जानते हैं कि मनुष्य तो नश्वर पदार्थ है, सोना उससे अधिक दिन टिकता है’ । इसी तरह हिंदू समाज की उनकी इस आलोचना में अंबेडकर की प्रतिध्वनि सुनी जा सकती है ‘हिन्दू समाज समूची मानव जाति का समाज नहीं है- केवल उन्हीं का समाज है, जो दैवयोग से हिन्दू होकर जन्म लेते हैं’ । अन्य धर्मों से हिंदू धर्म की भिन्नता को भी रवींद्रनाथ ने लगभग उन्हीं प्रकरणों में चिन्हित किया है जिनमें अंबेडकर ने बाद में चिन्हित किया । गोरा ने महसूस किया कि ‘यह समाज मनुष्य को जरूरत पड़ने पर सहायता नहीं देता था, विपत्ति आने पर सहारा नहीं देता था, केवल दंड देकर उसे नीचा दिखाकर विपन्न ही करता था’ । आज उन्हें हिंदू विरोधी साबित करने के लिए कितनी आसानी से तर्क मिल जाते ! उपन्यास का अंत हिंदू पुनरुत्थान के उग्र समर्थक गोरा के आयरिश साबित होने से मनुष्य मात्र रह गये नायक और ब्राह्म होकर भी प्रेम के हाथों धार्मिक संकीर्णता से मुक्त नायिका सुचरिता और उसके उदारमना पिता के आपसी सौहार्दपूर्ण ऐक्य से होता है । रवींद्रनाथ ठाकुर जैसे विश्व कवि ही संकीर्णता को खारिज करते हुए मनुष्य मात्र के हृदय में उठने वाले प्रेम की इस साझा भूमि की प्रतिष्ठा कर सकते थे ।                                              

उपन्यास के बीच बीच में रवींद्रनाथ का कवि कलाकार भी बेहिचक आता रहता है । उदाहरण के लिए कविता की आवृत्ति के बारे में ‘कविता की आवृत्ति में अच्छी आवृत्ति करने वाला श्रोता के मन में एक विशेष मोह उत्पन्न करता है । कविता का भाव उसे पढ़नेवाले को एक महिमा प्रदान करता है, वह मानो उसके कंठ-स्वर उसकी मुख-श्री और उसके चरित्र में जटिल होकर दीखता है । फूल जैसे पेड़ की डालों को विशेष शोभा प्रदान करते हैं, वैसे ही कविता की आवृत्ति करनेवाले को ।’ यह पूरा वर्णन विनय के सामने ललिता की खूबी के प्रकट होने का है लेकिन क्या उतना ही! मुक्त छंद की कविता के सौंदर्य के प्रकाश में आवृत्ति के महत्व की निराला की धारणा को इससे मिलाया जा सकता है । समूचे उपन्यास में मनोभावों के सूक्ष्म वर्णन में पात्रों की देहभाषा का जैसा रूपकात्मक वर्णन हुआ है उसकी थोड़ी झलक अनुवाद के बावजूद पाठक को मिलती रहती है ।                                        

Tuesday, July 23, 2019

आक्सफ़ोर्ड की मार्क्स सहायिका


             
                                     
2019 में आक्सफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस से मैट विडाल, टोनी स्मिथ, तोमास रोट्टा और पाल प्रेव के संपादन में ‘द आक्सफ़ोर्ड हैंडबुक आफ़ कार्ल मार्क्स’ का प्रकाशन हुआ । संपादकों की प्रस्तावना के बाद किताब के छह भागों में चालीस लेख शामिल किए गए हैं । पहले भाग के उन्नीस लेख मार्क्स की बुनियादी कोटियों पर केंद्रित हैं । दूसरे भाग में पांच लेख हैं जिनमें मजदूर, वर्ग और सामाजिक विभाजनों का विवेचन है । तीसरे भाग के तीन लेख पूंजीवादी राज्य और उसके दिशाकाश पर विचार करते हैं । चौथे भाग में भी पांच लेख हैं जिनमें पूंजीवाद के केंद्रकों में पूंजी संचय, संकट और वर्ग संघर्ष की छानबीन की गई है । पांचवें भाग में फिर पांच लेख हैं जिनका विषय हाशिये और अर्ध हाशिये के मुल्कों में पूंजी संचय, संकट और वर्ग संघर्ष है । अंतिम छठवें भाग के तीन लेख पूंजीवाद के विकल्पों का खाका पेश करते हैं । संपादकों का प्रस्तावना में दावा है कि इक्कीसवीं सदी में भी मार्क्स के विचारों और सिद्धांतों की प्रासंगिकता सदा की तरह कायम है । उनके देहांत के बाद उनके विचारों का असर राजनीति, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, राजनीतिक अर्थशास्त्र, इतिहास, दर्शन, भूगोल, मानवशास्त्र, कानून, पारिस्थितिकी, साहित्य अध्ययन, जन संचार और प्रबंधन पर भी पड़ा । उनको दफ़नाने की कोशिशों से उनकी ताकत का पता चलता है । पूंजीवाद की उनकी गहन आलोचना का आज भी कोई सानी नहीं है ।
इस आलोचना के चलते अर्थतंत्र, संस्कृति और राजनीति के संगठन का भीतरी तर्क और उसकी संरचना अनावृत हो जाती है । इन गहरी संरचनाओं को उजागर करने के बाद मार्क्सवाद चुनौतियों पर जीत पाने का रास्ता सुझाता है । इसके लिए उन्होंने मौजूदा सामाजिक संरचनाओं की आलोचना के साथ साथ विचारधारा और मनुष्य की रचनात्मक भूमिका का विश्लेषण किया । मानव अभिकर्ता के ठोस रूप में मजदूर वर्ग को पूंजीवाद के पार ले जाने में सक्षम समूह स्वीकार किया । आज के समय मार्क्सवाद की प्रासंगिकता का कारण संपत्ति की विषमता और शोषण, कार्य स्थल पर और समाज में अलगाव, वित्त, वित्तीकरण और वैश्वीकरण जनित अस्थिरता, भंगुर संसदीय लोकतंत्र को खतरे में डालने वाली राजनीतिक उथल पुथल, लैंगिक और नस्ली उत्पीड़न, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण का  विध्वंस, साम्राज्यवाद, मौद्रिक कटौती, प्रवासी संकट, बेरोजगारी तथा रोजगार की असुरक्षा हैं । पूंजीवाद के प्रत्येक बड़े संकट ने मार्क्स के विचारों में रुचि बढ़ाई । ऐसा 1857, 1873, 1929, 1973 और 2008 में हुआ ।
मार्क्सवाद के आलोचकों ने तो 1991 में सोवियत संघ के पतन के साथ ही उसे मृत घोषित कर दिया था और चीन के पूंजीवादी रूपांतरण की भविष्यवाणी कर दी थी । विडम्बना यह कि सोवियत संघ के पतन और चीन के पूंजीवाद की ओर बढ़ने के साथ पूंजीवाद के बारे में मार्क्स की बात सही साबित हुई । वह ऐसा विश्व बाजार बना जिसमें सामाजिक जीवन का प्रत्येक पहलू विक्रेय माल में बदल गया । 1840 दशक में मार्क्स ने जिस वैश्वीकृत वित्तीय विषमतापूर्ण अर्थतंत्र का पूर्वानुमान किया था वह इक्कीसवीं सदी में प्रकट हुई है । इसमें अंतर्विरोधों, टकरावों और संकटों समेत पूंजीवादी विकास के उनके बताए सभी नियम मौजूद हैं । उन्होंने जिन सामाजिक संरचनाओं और अंतर्विरोधों की बात की थी वे वैश्विक स्तर पर खुल रहे हैं । माल की व्याप्ति और मुनाफ़े की पागल आकांक्षा से कुछ भी और कोई भी अछूता नहीं बचा है । पूंजीपति वर्ग वैश्विक संपदा के अधिकाधिक हिस्से पर कब्जा करता जा रहा है । अनंत वृद्धि और अपार संचय की पूंजीवादी होड़ ने जलवायु परिवर्तन और आसन्न पार्यावरणिक विनाश को जन्म दिया है । जब तक समाज पूंजीवादी रहेगा तब तक उसके सर्वाधिक गहन विश्लेषक और क्रांतिकारी आलोचक के बतौर मार्क्स भी प्रासंगिक बने रहेंगे ।
जैसे जैसे मार्क्स में लोगों की रुचि बढ़ रही है उसी के समानांतर शक्षिक जगत में भी उनके विचारों के बारे में जिज्ञासा का प्रसार हो रहा है । हालिया वित्तीय संकट से पहले ही यह दिखाई देने लगा था । गूगल पर उनके बारे में सूचना खोजने वालों की संख्या 1977 से 1995 के बीच हर साल 1551 से 2208 के बीच रही है । 2005 में यह संख्या 7993 हो गई तो 2015 में 20136 । इसके बाद के दो सालों में इस संख्या में हल्की गिरावट देखी गई है । लगता है कि 1970 और 1980 के दशक में मार्क्सवाद संबंधी रुचि में कमी की वजह कुछ 1968 के विद्रोही आंदोलनों की पराजय और कुछ पूंजी के खुले वर्गीय हमले के समक्ष मजदूर वर्ग आंदोलन का बिखराव था । पूंजी ने यह हमला मुनाफ़े की गिरती दर को थामने और अवरोध से पार पाने के लिए 1970 दशक में किया था । एक और वजह सोवियत और चीनी समाजवाद का भरोसेमंद विकल्प के बतौर उभर न पाना भी थी ।
मार्क्स ने अपनी शब्दावली भी बनाई थी जिसका उपयोग मार्क्सवादी लोग आसानी से कर लेते हैं । उपयोग मूल्य, विनिमय मूल्य या द्वांद्वात्मक भौतिकवाद जैसी शब्दावली को समझना नए लोगों के लिए मुश्किल होगा । ऐसी स्थिति में संपादकों के अनुसार यह सहायिका नए जिज्ञासु के साथ किसी विशेषज्ञ के लिए भी मददगार हो सकती है । मार्क्स के बौद्धिक प्रसार की अंतरअनुशासनिकता को देखते हुए सहायिका में दार्शनिकों और इतिहासकारों के साथ समाजशास्त्रियों, अर्थशास्त्रियों और राजनीतिविदों से भी लिखवाया गया है । सहायिका में विवेचित विभिन्न विषयों का परिचय देने से पहले संपादकों ने मार्क्स की संक्षिप्त बौद्धिक जीवनी प्रस्तुत की है ।
इस जीवनी में उनकी पद्धति पर विशेष ध्यान दिया गया है क्योंकि उनके शोध की शैली उनके निष्कर्षों से कम महत्व की नहीं है । कह सकते हैं कि इस पद्धति के कारण उनका लेखन दीर्घजीवी और प्रासंगिक बना हुआ है । जब उनका जन्म हुआ था उस समय त्रिएर में पुलिस निगरानी और उत्पीड़न आम बात थी । उनके स्कूल पर पुलिस का छापा पड़ा था और स्वतंत्र अभिव्यक्ति के लिए होने वाली सभा के चलते एक विद्यार्थी गिरफ़्तार हुआ था तथा प्रधानाध्यापक को निगरानी में रखा गया था । उच्च शिक्षण में कवि सभा में शामिल हुए जो राजनीतिक बहसों के लिए छद्म नाम से बनाई गई थी । पिता ने बर्लिन विश्वविद्यालय भेजा जहां पारिवारिक पेशे कानून के बदले दर्शन की ओर झुकाव पैदा हुआ । हाल में ही गुजरे हेगेल के आरम्भिक लेखन के विध्वंसक पहलू को सामने लाने के लिए प्रतिबद्ध समूह में शामिल हो गए । ये लोग नास्तिकता, लोकतंत्र और गणतांत्रिकता की वकालत करते थे । बर्लिन में शोध के लिए निर्धारित चार साल पूरे हो चुके थे लिहाजा जेना विश्वविद्यालय में शोध प्रबंध जमा करके उपाधि अर्जित की । शिक्षा जगत में इस समूह के किसी भी सदस्य को जगह नहीं मिली थी इसलिए सभी स्वतंत्र लेखक बने या पत्रकारिता में जमे । मार्क्स भी राइनिशे जाइटुंग से जुड़े । उन्होंने इसे युवा हेगेलपंथियों का मुखपत्र बना दिया । प्रेस की आजादी, नास्तिकता, जंगल की लकड़ी पर स्थानीय लोगों के अधिकार, तानाशाही का विरोध और मोजेल घाटी के किसानों की गरीबी और दुर्दशा के लिए प्रशियाई राज्य की जिम्मेदारी जैसे विषयों को उठाया । उनके संपादक बनने के साल भर बाद अखबार को बंद कर दिया गया ।
मार्क्स पेरिस चले आए और फ़्रांसिसी तथा जर्मन क्रांतिकारियों के बीच संवाद विकसित करने के लिए एक पत्रिका निकालने की योजना बनाई । एक अंक निकलकर पत्रिका बंद हो गई क्योंकि प्रशिया ने इस पर प्रतिबंध लगा दिया और जर्मनी आने वाली प्रतियों को जब्त कर लिया । साथ ही मार्क्स तथा पत्रिका से जुड़े अन्य लोगों के लिए वारंट जारी कर दिया । इस एक अंक में मार्क्स के दो और एंगेल्स के भी दो लेख शामिल थे । इनमें से एक राजनीतिक अर्थशास्त्र की आलोचना की रूपरेखा था । इसी लेख ने मार्क्स की गवेषणा का क्षेत्र बदल दिया । एंगेल्स के साथ पत्र व्यवहार हुआ और मुलाकात भी हुई । दोनों के बीच जीवन भर की दोस्ती का आरम्भ हुआ ।
वहीं रहते हुए ‘हेगेल के अधिकार दर्शन की आलोचना’ में पहली बार जर्मन तानाशाही को उखाड़ फेंकने के लिए क्रांति की जरूरत बताई । इसमें ही पहली बार वर्ग विश्लेषण दिखाई पड़ा और मनुष्य की सार्वभौमिक मुक्ति के लिए सर्वहारा की मुक्ति को पूर्वशर्त घोषित किया । फिर यहूदी प्रश्न पर लिखते हुए पहली बार मानव मुक्ति के लिए पूंजीवाद को उखाड़ फेंकने की बात की । ‘पूंजी’ के दूसरे जर्मन संस्करण के पश्चलेख में उन दिनों को याद करते हुए मार्क्स ने बताया कि हेगेल की आलोचना करते हुए भी उनके द्वंद्ववाद का गहरा असर उन पर था जिसके मुताबिक ज्ञान के विकास के लिए सैद्धांतिक मान्यताओं के अंतर्विरोधों की परीक्षा करनी होती है और उन पर विजय पानी होती है । मार्क्स के मुताबिक हेगेल के दर्शन में भौतिक यथार्थ, विचार का साकार रूप था, लेकिन इस मान्यता के विपरीत मार्क्स ने माना कि विचार, मानव मस्तिष्क द्वारा प्रतिबिम्बित और चिंतन में अनूदित भौतिक यथार्थ होता है । उनका यह भी मानना था कि सामाजिक यथार्थ की सही समझ के लिए अध्ययन की विषयवस्तु के आंतरिक संबंधों का गहन विश्लेषण जरूरी होता है, तभी उसकी समग्रता में उसे ग्रहण किया जा सकता है ।
पेरिस में ही उन्होंने पूंजीवाद का अध्ययन शुरू कर दिया था । इसका फल ‘आर्थिक और दार्शनिक पांडुलिपियां’ है । इनमें मौजूद अलगाव की उनकी धारणा सबसे अधिक मशहूर हुई । इसमें उन्होंने अपरिवर्तनीय मानव स्वभाव की जगह पर मानव प्राणी की ऐसी धारणा प्रस्तुत की जो सृजनात्मक मानव श्रम के रूप में खुद को सामाजिक तौर पर व्यक्त करता है । प्रकृति के साथ प्रत्यक्ष अंत:क्रिया के जरिए ही मनुष्य की सचेतन सृजनात्मक जीवनक्रिया प्रकट होती है । पूंजीवादी अर्थतंत्र इसी मानव सार से लोगों अलग कर देता है । पगारजीवी श्रमिक चार किस्म के अलगाव का शिकार होता है- अपने श्रम के फल से, उत्पादन प्रक्रिया से, मानव सार से और एक दूसरे से । इसी अलगाव का नतीजा निजी संपत्ति होती है । इस अलगाव के बिना पूंजीवादी अर्थतंत्र नहीं रह सकता है । अपनी पत्रकारिता के चलते फ़्रांस से देश निकाला हुआ । उन्हें बेल्जियम जाना पड़ा और वहां के अखबारों में समकालीन राजनीति के बारे में कुछ भी न लिखने का वादा करना पड़ा ।
एंगेल्स के साथ जो अगला काम किया उसका नतीजा ‘जर्मन विचारधारा’ थी । उसमें अपने ऐतिहासिक भौतिकवादी नजरिए को ठोस रूप देना शुरू किया । इससे पहले मार्क्स ग्यारह सूत्री ‘फ़ायरबाख थीसिस’ को कलमबद्ध कर चुके थे । शोध और व्यावहारिक राजनीति में संतुलन साधते हुए ‘कम्युनिस्ट पत्राचार समिति’ बनाई । अगले साल ही वे ‘कम्युनिस्ट लीग’ में शामिल हुए और इसके लिए ‘कम्युनिस्ट पार्टी का घोषणापत्र’ तैयार किया । इसमें उनके आगे के काम की सूचना देने वाली धारणाओं के दर्शन होते हैं । घोषणापत्र की प्रवाहपूर्ण शैली के चलते इन धारणाओं पर नजर नहीं पड़ती । काम के घंटे, श्रम की तीव्रता, मजदूर पर मशीन की प्रभुता और अतिउत्पादन जनित संकट की पूंजीवादी प्रवृत्ति जैसी धारणाओं का विकास उन्होंने आगे किया । इसके प्रकाशन के बाद बेल्जियम भी छोड़ना पड़ा । जर्मनी वापस आकर न्यू राइनिशे जाइटुंग शुरू किया और अखबार 1848 की यूरोपव्यापी क्रांतियों का मुखपत्र बन गया । फिर फ़्रांस भागना पड़ा और वहां से आखिरी शरण के बतौर लंदन ।
लंदन में आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का लगातार सामना करना पड़ा । एंगेल्स ने निरंतर आर्थिक मदद की लेकिन सेहत ने साथ छोड़ना शुरू कर दिया । पत्नी को चेचक हो गई । वे ठीक तो हुईं लेकिन मार्क्स के काम की गति मंद पड़ गई । तमाम दिक्कतों से जूझते हुए भी मार्क्स ने अपना सैद्धांतिक काम जारी रखा और तब तक के लगभग सभी अर्थशास्त्रियों का लिखा छान मारा । पूंजीवाद की उनकी समझ ने सरकारों को तो उनका दुश्मन बना ही डाला था उनके कुछ साथी भी उनसे अलग हो गए । लंदन में रहते हुए ही 1848 की क्रांतियों की समीक्षा करते हुए ‘लुई बोनापार्त की अठारहवीं ब्रूमेर’ लिखी । इसमें उन्होंने ऐतिहासिक भौतिकवादी पद्धति को घटनाक्रम के विश्लेषण में लागू किया । लंदन में ही जीवन के सबसे विशाल काम ‘पूंजी’ की तैयारी की और एक मसौदा लिखा । इसे ‘ग्रुंड्रिस’ के नाम से जाना जाता है । इसमें उन्होंने अपनी पद्धति के बारे में स्पष्ट किया । दार्शनिक पृष्ठभूमि, ज्ञान की अतृप्त प्यास और विस्तृत विवरण को मेहनत के साथ सहेजने के चलते उनका विश्लेषण सबसे विशेष साबित हुआ । खुद के लिखे से संतुष्ट न होने की आदत के चलते ‘पूंजी’ के प्रकाशन में पर्याप्त विलम्ब हुआ । इसी बीच हेर फ़ोग्ट ने भी बेवजह ढेर सारा समय लिया । लिखाई के दौरान भी राजनीतिक रूप से सक्रिय रहे । सबूत इंटरनेशनल में उनका काम है । इसमें ही बाकुनिन से उनका मतभेद हुआ जो क्रांतिकारी कार्यवाही को सैद्धांतिक काम से अलग और अधिक महत्वपूर्ण मानते थे ।

मार्क्स ने तीन साल लगाकर 1472 पृष्ठों की पांडुलिपि तैयार की जिसके आधार पर ‘अर्थशास्त्र की आलोचना में एक योगदान’ से शुरू होकर ‘पूंजी’, ‘भू-संपत्ति’, ‘पगारजीवी श्रमिक’, ‘राज्य’, ‘विदेश व्यापार’ और ‘विश्व बाजार’ शीर्षक किताबें लिखी जानी थीं । बाद में उन्होंने योजना में कुछ बदलाव किया और लगकर ‘पूंजी’ के तीन खंडों की पांडुलिपि तैयार की । छपाई के लिए पहले खंड को आखिरी रूप देते हुए भी शोध जारी रखा । बाद के संस्करणों में उन्होंने संशोधन और परिष्कार जारी रखा । आखिरकार तीसरे संस्करण के लिए संशोधन के पूरा होने और दूसरे तथा तीसरे खंड को आखिरी रूप देने से पहले ही उनका देहांत हो गया । बाद में एंगेल्स ने शेष दो खंड संपादित करके छपवाए । अब नई नोटबुकों के मिलने और छपने से उनके लेखन पर नई रोशनी पड़ रही है । जिन किताबों को वे पढ़ते थे उनसे नोट लेने की उनकी आदत के चलते उनके गवेषणा के तरीके को समझने में आसानी हुई है । कृषि विज्ञान में रुचि होने के कारण मृदा विज्ञान की खोजों के आधार पर उन्होंने ‘पूंजी’ के बाद के संस्करण में संशोधन किए थे । पहले खंड की छपाई के बाद के शोधों में उन्होंने स्थानीय जलवायु पर मानव गतिविधि के असर संबंधी मान्यताओं पर ध्यान दिया था । उनकी नोटबुक में जंगल की कटाई से तापमान और बारिश पर पड़ने वाले प्रभाव का उल्लेख है । पशुओं को बांधकर रखने से उनकी सेहत में आने वाले बदलावों का भी जिक्र इनमें है । इन नोटबुकों से उनके शोध संबंधी परिश्रम का पता चलता है । अपनी परियोजना वे पूरी नहीं कर सके । असल में जो काम उन्होंने अपने लिए तय किया था उसे पूरा करना एक आदमी के लिए सम्भव भी नहीं था ।

Thursday, June 20, 2019

सिल्विया का क्रांतिकारी जीवन


               
1999 में प्लूटो प्रेस से मेरी डेविस की किताब ‘सिल्विया पैंकहर्स्ट: ए लाइफ़ इन रैडिकल पोलिटिक्स’ का प्रकाशन हुआ । किताब की प्रस्तावना सिल्विया के पुत्र रिचर्ड पैंकहर्स्ट ने लिखी है । उनके अनुसार यह किताब जीवनी की जगह विश्लेषण है । उनके समय के राजनीतिक और अन्य किस्म के आंदोलनों तथा तमाम किस्म के लेखन पर विचार करके उनके समर्थकों और विरोधियों की सोच, पूर्वाग्रहों और आकांक्षाओं पर रोशनी डाली गई है । इस विवेचन से उनकी रूढ़िवादी माता और बहन से उनके अलगाव की वजह भी पता चलती है । उनकी विभिन्न मोर्चों की सक्रियता को लेखिका ने एक सूत्र में पिरो दिया है । इनके आपस में जोड़ने वाले तीन तत्व हैं- नारीवाद और समाजवाद की पक्षधरता तथा नस्लवाद का विरोध । इनसे मिलकर ही उनकी सोच का चौथा आयाम निर्मित होता है और वह है फ़ासीवाद विरोध ।
फ़ासीवाद के उनके सक्रिय विरोध का इतिहास 1919 से शुरू होता है जब उन्होंने बोलोना में फ़ासीवादी गिरोहों द्वारा समाजवादियों और आम नागरिकों की निर्मम पिटाई देखी । अपने फ़ासीवाद विरोध के चलते अक्सर वे बर्नार्ड शा से भी टकराईं क्योंकि उन्होंने मुसोलिनी की सरकार का समर्थन किया था । सिल्विया ने देखा था कि मुसोलिनी की सत्ता हिंसा और आतंक पर टिकी हुई है, इटली में स्कूलों का सैन्यीकरण हो रहा है, लड़कों को सैनिक बनने की सीख दी जा रही है, लड़कियों से जल्दी शादी करके सैनिक पैदा करने की अपील की जा रही है । यह भी दिखाई पड़ा कि सभी ऊंचे पद फ़ासिस्ट पार्टी के सदस्यों के लिए लगभग आरक्षित हैं । न केवल इतना बल्कि फ़ासिस्ट पार्टी के भीतर स्त्री सदस्य पुरुष सदस्यों से हीन मानी जाती हैं । इसके अतिरिक्त महसूस हुआ कि प्रेस की स्वतंत्रता का अपहरण हो गया है और केवल फ़ासिस्ट प्रेस की आवाज सुनाई देती है । कुल मिलाकर फ़ासीवाद प्रतिक्रियावादी और दमनकारी था । धीरे धीरे इस तथ्य को राजनीति से परहेज रखने वाले लेखकों ने भी समझा । सिल्विया को फ़ासीवाद में न केवल नागरिक अधिकारों का हनन नजर आया बल्कि स्त्रियों और मजदूरों का दमन भी इससे जुड़ा हुआ महसूस हुआ ।         
सिल्विया का नस्लवाद विरोध उपनिवेशवाद विरोध तक जाता है । अधिकतर जीवनी लेखकों ने सिल्विया के इस पहलू की उपेक्षा की है लेकिन इस किताब में उसे दर्ज किया गया है । इससे सिल्विया के आखिरी दौर को समझने में मदद मिलती है । इसके चलते ही उन्होंने इथियोपिया की आजादी का पक्ष लिया । उन्होंने माना कि मुसोलिनी के फ़ासीवाद का पहला शिकार इटली है तो दूसरा शिकार इथियोपिया है । अन्य मुद्दों पर सक्रियता के दौरान भी वे इथियोपिया के सवाल को नहीं भूलीं । इस पर जोर देने से दुनिया भर में फ़ासीवाद के कारनामों के उजागर करने का उन्हें मौका मिला । इस तरह सिल्विया ने अपने समय में नस्लवाद और उपनिवेशवाद के विरोध को समाजवाद और नारीवाद के साथ जोड़कर ऐतिहासिक योगदान किया ।        


Monday, June 17, 2019

लोकतंत्र और मार्क्स-एंगेल्स


                  
                                       
2000 में स्टेट यूनिवर्सिटी आफ़ न्यू यार्क प्रेस से अउगस्त एच निम्ज़, जूनियर की किताब ‘मार्क्स ऐंड एंगेल्स: देयर कंट्रीब्यूशन टु द डेमोक्रेटिक ब्रेकथ्रू’ का प्रकाशन हुआ । लेखक का कहना है कि मार्क्स-एंगेल्स की परियोजना के साथ राजनीतिक लोकतंत्र के विरोध की बात बीसवीं सदी में संसार भर में सत्य की तरह मानी जाती थी, यह किताब उसका खंडन करने के लिए लिखी गई है । इसी क्रम में मार्क्स-एंगेल्स को केवल चिंतक बना देने का भी खंडन किया गया है । उनका कहना है कि मार्क्स-एंगेल्स उन्नीसवीं सदी में होनेवाले लोकतांत्रिक आंदोलनों के प्रबल योद्धा थे । इन्हीं आंदोलनों के जरिए लोकतंत्र के लिए सदियों से जारी संघर्ष में निर्णायक जीत मिली थी । मार्क्स-एंगेल्स के इस योगदान का कारण उनका चिंतक से अधिक राजनीतिक कार्यकर्ता होना था । इसी वजह से वे अपने राजनीतिक कार्यक्रम को प्रभावी तरीके से प्रसारित कर सके थे । 1848 की क्रांतिकारी उथल पुथल में अपनी सक्रिय भागीदारी के चलते ही वे लोकतंत्र के लिए जारी संघर्ष में प्रभावी हस्तक्षेप लायक निष्कर्ष निकाल सके थे । असल में उनके लिए समाजवाद के लिए संघर्ष में ही लोकतंत्र की अग्रगति निहित थी ।
उन्नीसवीं सदी के उत्तरार्ध में लोकतंत्र की स्थापना के अध्येता इसके पीछे सार्वभौमिक मताधिकार, निर्वाचित संसद के प्रति सरकार की जवाबदेही और नागरिक अधिकारों को हासिल करने के आंदोलनों के क्रम में मजदूरों के संगठन की ताकत मानते हैं । इस मजदूर वर्ग का निर्माण तो पूंजीपति वर्ग ने किया था लेकिन उसके आर्थिक संघर्षों में राजनीतिक चेतना पैदा करने में मार्क्स-एंगेल्स की निर्णायक भूमिका रही थी । इस उन्नत चेतना के चलते ही वे व्यापक लोकतांत्रिक आकांक्षा के पुरस्कर्ता बने । उस समय कम्यूनिस्ट अपने आपको लोकतांत्रिक आंदोलन की सबसे मजबूत आवाज मानते थे । उनके सक्रिय सिद्धांतकार के रूप में मार्क्स-एंगेल्स ने लोकतांत्रिक क्रांति के साथ साथ राष्ट्रीयता के सवाल को मजबूती से उठाया । उस समय लोकतंत्र के लिए लड़ने वालों में तुलनात्मक रूप से सबसे सुसंगत स्वर उनका ही महसूस होता है । लोकतंत्र के लिए योद्धाओं में से एक के देहांत के बाद उनके साथी ने शेष उम्र इस लड़ाई में गुजारी । उनके बारे में किसी और नजरिए से सही तस्वीर नहीं बनती ।
उन्हें सक्रिय आंदोलनकारी के मुकाबले महान चिंतक साबित करनेवाले ब्रिटिश पुस्तकालय के उनके अध्ययन का हवाला देते हैं । अपने आखिरी महाग्रंथ ‘पूंजी’ के लेखन की तैयारी के लिए वे लगातार इस पुस्तकालय में पढ़ते रहते थे । इस सोच के पीछे बौद्धिकों का खुद को महत्वपूर्ण समझना है । मार्क्स विचारों की इस महत्ता से सहमत नहीं थे । उनके मुताबिक विचारों के कार्यान्वयन के लिए सक्रिय मनुष्य की व्यावहारिक ताकत की जरूरत होती है । मार्क्स-एंगेल्स क्रांतिकारी कार्यकर्ता थे और समझते थे कि लिखे को सक्रिय व्यवहार में उतारना होगा और इस अनुभव के आधार पर लिखना सीखना होगा । ‘पूंजी’ के लेखन के दौरान भी वे पार्टी निर्माण का काम करते रहे । इस काम के चलते ही उनके विचार छोटी सी समाजवादी धारा से बाहर फैलकर शेष लोकप्रिय क्रांतिकारी विचारों से अधिक प्रभावशाली बन सके । मजदूर वर्ग की स्वतंत्र राजनीतिक कार्यवाही आजीवन उनका मार्ग निर्देशक सिद्धांत बना रहा । 1848 की क्रांतियों की पराजय के जरिए इतिहास की वास्तविक गति ने सिद्ध कर दिया कि लोकतंत्र के लिए संघर्ष करने की इच्छा और माद्दा न तो बुर्जुआ उदारवादियों में है और न ही मध्य वर्गीय सुधारवादियों में । किसानों और शहरी निम्न बुर्जुआ के साथ मिलकर सर्वहारा ही इसकी जीत की गारंटी कर सकता है ।
इसी प्रसंग में लेखक ने मार्क्स के बारे में दो भ्रमों का उल्लेख किया है । एक कि उन्हें किसानों की चिंता नहीं थी । दूसरे कि उनका परिप्रेक्ष्य विकासशील देशों पर लागू नहीं होता । इनका निराकरण करने के अतिरिक्त लेखक ने इस बात पर जोर दिया है कि मार्क्स-एंगेल्स के बीच जितना भी अंतर हो लेकिन राजनीतिक कार्यवाही के मामले में उनमें जबर्दस्त एकता थी । मार्क्स के देहांत के बाद एंगेल्स की राजनीतिक सक्रियता को देखने से इस बात की पुष्टि होती है । किताब के लिखने में लेखक को मार्क्स-एंगेल्स समग्र से मदद मिली है । उनके कथन के सही संदर्भ को समझने के लिए प्रचलित संक्षिप्त उद्धरणों की जगह लम्बे उद्धरण दिए गए हैं । सही बात है कि उनका लिखा सब कुछ समान महत्व का नहीं है । फिर भी लेखक ने उनकी चिट्ठियों को भी भरपूर तवज्जो दी है । इस मामले में एंगेल्स के अंतिम दशक के पत्रों में बहुत महत्व की बातें हैं । अपनी किताबों में जो बातें वे नहीं कह सके थे उन्हें इन चिट्ठियों में दर्ज किया है । इसके अतिरिक्त प्रथम इंटरनेशनल की जनरल कौंसिल की बैठकों के विवरण भी खासे महत्व के लगते हैं ।
किताब के लिखने के आम माहौल के बतौर वे सोवियत खेमे के पतन और पूंजीवाद के वैश्विक संकट का उल्लेख करते हैं । इन दोनों का परिणाम दुनिया भर में फ़ासीवाद का उभार है । मार्क्स-एंगेल्स ने इस परिणति का विकल्प प्रस्तावित किया था । इसीलिए उनके बारे में जानना जरूरी है । उन्होंने लोकतंत्र के लिए संघर्ष को जरूरी समझा था और इसे सामाजिक क्रांति का अविभाज्य घटक माना था । दुर्भाग्य से इस सबक को बीसवीं सदी की क्रांतियों में पर्याप्त रूप से याद नहीं रखा गया था । उनकी राजनीति का असली मूल्यांकन वर्ग संघर्ष यानी सर्वहारा की लड़ाइयों के साथ जुड़े व्यवहार की प्रयोगशाला में ही होगा ।

Thursday, May 30, 2019

मार्क्सवाद की नवीनता


          
                           
(जयपुर में जलेस की ओर से आयोजित कार्यशाला में बोलना साहित्य और विचारधारा पर था लेकिन पिछले कुछ वर्षों से मार्क्सवाद पर जारी काम के चलते बोला मार्क्सवाद के उतार चढ़ाव पर । बोलने के बाद कुछ चर्चा भी हुई जिसके आलोक में कुछ सुधार किया गया है । मूल वक्तव्य की अनौपचारिकता को भी कम कर लिया गया है । बोले को लिखे में सलमान ने बदला है । इसके बाद संपादन हुआ ।)
सोवियत संघ के पतन के बाद कहा जाने लगा कि मार्क्सवाद समाप्त हो गया है । लेकिन इक्कीसवीं सदी की बदलती हुई परिस्थितियों में ढेर सारा नया काम हो रहा है । इस सिलसिले में याद रखना होगा कि मार्क्स ने जो कहा कि दार्शनिकों ने अब तक दुनिया की व्याख्या की है लेकिन सवाल तो उसे बदलने का है । तो मार्क्स के इस कथन की व्याख्या इस तरह की जाती है जैसे व्याख्या करना कोई बुरी बात हो । असल में इसका मतलब है- इस तरह की व्याख्या जो बदलने की प्रेरणा दे । मार्क्सवाद व्याख्या का निषेध नहीं करता । इस संदर्भ में देखना होगा कि बदले हुए समय की व्याख्या मार्क्सवाद कर पा रहा है या नहीं और कि इस व्याख्या से हम बदलाव के उपकरण तलाश कर पा रहे हैं या नहीं ।
मार्क्सवाद के बारे में आम धारणा है कि वह पुराने जमाने की बात हो गया है । इसे हम सब अपनी सभाओं में बुजुर्गों की बहुतायत से समझ सकते हैं । लेकिन पिछले दिनों तमाम नए लोग सामने आए हैं जो नए समय की चुनौतियों के समक्ष बदलाव की सम्भावना के लिए लगातार काम कर रहे हैं । कहने का मतलब यह है यह जो नया समय है इसको व्याख्यायित करने में, इसको समझने में और मूलतः इसको बदलने में मार्क्सवाद कोई उपकरण उपलब्ध करा रहा है कि नहीं इस दृष्टि से पिछले दिनों मैंने कुछ एक चीज़ों का अध्ययन किया । इस सिलसिले में हमें सफलता को पैमाना बनाने की जगह प्रयास को पैमाना बनाना होगा । नागार्जुन ने तो लिखा ही है ‘जो नहीं हो सके पूर्णकाम उनको प्रणाम’ तो कहने का मतलब है कि सफलता से अधिक महत्व प्रयास का है क्योंकि यह जो व्यवस्था है बनाई हुई पूंजीवाद की उसमें सफल लोग हमेशा मुठ्ठी भर ही हो सकते हैं, ज्यादातर लोग वंचित ही होते हैं, हारे हुए ही होते हैं । इसके मद्देनजर यह भी कि पिछले दिनों चुनावी क्षेत्र में जो परिवर्तन आया उसके समक्ष बहुत सारे लोगों ने बहुत सारी बातें कहीं लेकिन उस राजनीतिक परिवर्तन से सबसे बड़ी सीख जो हमें लेनी चाहिए वह यह कि डट करके काम करना होगा । पिछले दिनों का जो राजनीतिक परिवर्तन है उसने और कुछ बताया हो या न बताया हो यह तो बताया ही है कि अगर टिक कर के, एड़ी टिकाकर के काम करते रहते हैं तो फिर अनुकूल परिस्थितियों में बदलाव आता है ।
इसके मद्देनजर मुझे यह लगा कि मार्क्सवाद के सिलसिले में नए समय में क्या हो रहा है उसे देखा जाए और इस पूरे मामलें में यह सामान्य सी लगती बात अच्छी तरह से समझ में आई कि

मार्क्सवाद कोई ऐसी चीज़ नहीं है जो बहुत स्थिर रहने वाली वस्तु हो या वह एक ही जगह टिककर रह जाए बल्कि उसमें निरंतर विकास भी होता रहा है, बदलाव भी आते रहे हैं क्योंकि वह एक जीवन्त रचना है । वह ऐसा दर्शन नहीं है जिसे प्राप्त कर लिया गया है और फिर सुरक्षित बचा हुआ है जिसे समय समय पर प्रकट कर देना है । बल्कि चूंकि समाज से आने वाले लोग ही मार्क्सवाद की ताकत होते हैं और यह समाज अपनी तरह से उन लोगों का निर्माण करता रहता है । इसीलिए हर एक दौर में उसे नये तरह से व्याख्यायित भी किया जाता है क्योंकि जब मनुष्य बदलता है तो सब कुछ बदलता है । परिस्थितियों के बदलने से हमारी पार्टियों में, लेखकों में समाज से आने वाले लोगों की मानसिकता भी आती है और उसके हिसाब से बहुत कुछ बदलता जाता  है । स्पष्ट है कि मार्क्सवाद एक जीवन्त दर्शन है इसलिए वह कहीं जाकर स्थिर हो गया है ऐसा हमें नहीं मानना चाहिए ।
इसके मद्देनजर आप ध्यान दीजिएगा तो दिखेगा कि बीसवीं सदी का जो मार्क्सवाद था और यह जो नये समय का मार्क्सवाद है इसमें कुछ फर्क है । इक्कीसवीं सदी का मार्क्सवाद के नाम से बाकायदा वेनेजुएला में यूगो शावेज ने इसे चलाया था । मतलब कि इक्कीसवीं सदी का मार्क्सवाद यह एक पद है जो बताता है कि इक्कीसवीं सदी में मार्क्सवाद नये किस्म का है, जो बीसवीं सदी से थोड़ा भिन्न किस्म का  है । उसकी जो भिन्नता है उसमें एक तो यह कि साहित्य की दृष्टि से बीसवीं सदी के मार्क्सवाद में, सोवियत मार्क्सवाद में भी और उसके समानांतर जो पाश्चात्य मार्क्सवाद विकसित हुआ उसमें भी, साहित्य की एक बहुत गहरी भूमिका रही है । सोवियत मार्क्सवाद में भी लगातार साहित्यकारों का जिक्र किया जाता था और जो पश्चिमी मार्क्सवाद है, जो पाश्चात्य मार्क्सवाद है जिसको वेस्टर्न मार्क्सिज्म बोलते हैं उसमें भी साहित्यकारों की बड़ी उपस्थिति रही है । साहित्य से जुड़े जो लेखक थे वे भी बहसों में उदाहरण के बतौर सामने आते रहे हैं । उस दौर के मुकाबले महसूस किया जा रहा है कि इक्कीसवीं सदी में मार्क्सवाद के भीतर साहित्य की उपस्थिति थोड़ी कम हो गई है । इस प्रसंग में यह ध्यान दीजिएगा कि उन्नीसवीं सदी में, मार्क्स के समय में भी साहित्य की उपस्थिति उतनी ज्यादा नहीं थी तो इसका मतलब यह है कि कुछ ऐसे दौर होते हैं जब शायद दूसरे बड़े सवाल ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाते हैं और सारी वैचारिक ऊर्जा उनको समझने में खपानी पड़ती है । तो संभवतः इसी कारण से कुछ लोगों का यह कहना है कि इस दौर में मार्क्सवाद का जो उभार हुआ है उसमें साहित्यिक प्रसंग की उपस्थिति थोड़ी कम है बीसवीं सदी के मुकाबले में और उसके मुकाबले  दूसरे सवालात ज्यादा महत्वपूर्ण हो गये हैं । जो दूसरे सवालात ज्यादा महत्वपूर्ण हो गये हैं उसका कारण यह है कि बहुत से लोगों को यह लग रहा है कि यह जो हमारा पूंजीवाद है, जो हमारे समय का सबसे बड़ा यथार्थ है वह पूंजीवाद भी अपने उन्नीसवीं सदी के दिनों में लौट रहा है । जैसे जैसे निजीकरण बढ़ रहा है, जैसे जैसे अस्थायित्व बढ़ रहा है, वैसे वैसे एक तरह से वह अपने पुराने रूप में लौट रहा है । यह जो पूंजी के चरित्र में बदलाव आ रहा है उसके इर्द गिर्द जो दूसरे सवाल हैं, व्यापक सवाल हैं वे ज्यादा महत्वपूर्ण हो गये हैं और शायद उसी कारण से साहित्य का प्रसंग थोड़ा पीछे रह गया है ।
दूसरा जो आमतौर पर लोगों का कहना है वह यह कि बीसवीं सदी में  दोनों, फिर मैं कह रहा हूं सोवियत मार्क्सवाद के भीतर भी और उसके समानांतर जिसे आप पश्चिमी मार्क्सवाद कहते हैं उसके भीतर भी, एक तरह से मार्क्सवाद का एकेडमाईजेशन हो गया था । कहने का मतलब यह कि वह जीवंत प्रसंगों के मुकाबले एक तरह से पढ़ने लिखने की चीज़ ज्यादा हो गया था और फिर पाश्चात्य मार्क्सवाद  में जिन भी व्यक्तियों का आप नाम सुनेंगे वो कहीं न कहीं किसी न किसी विश्वविद्यालय से जुड़े हुए थे और सोवियत मार्क्सवाद के भीतर भी यही हालत थी । उसके मुकाबले इक्कीसवीं सदी के मार्क्सवाद में जो जनांदोलन है इन जनांदोलनों ने अपनी ऊर्जा दी हुई है और जनांदोलनों के साथ संवाद करते हुए मार्क्सवाद के नये नये क्षेत्र खुल रहे हैं । आम तौर  पर ये दो फर्क बीसवीं सदी के मार्क्सवाद से  इक्कीसवीं सदी के मार्क्सवाद में महसूस किये जा रहे हैं । देखा जा रहा है कि जो एकेडमाईजेशन था  मार्क्सवाद का, उसके मुकाबले वह इस दौर में जनांदोलनों से ज्यादा संवाद करता हुआ नज़र आ रहा है । एक तरह से कह लीजिए तो मार्क्सवाद के लिए यह अच्छा ही है अच्छा इसलिए है कि क्योंकि इस क्रम में वह लगातार समकालीन हो रहा है ।
यह एक विकास  हो रहा है मार्क्सवाद का । अच्छा अब आप ध्यान दीजिएगा इस समय की स्थिति के बारे में तो बहुत सामान्य तौर पर भी देखने से एक चीज़ समझ में आ रही है कि सोवियत संघ के खिलाफ पूंजीवाद के पास सबसे बड़ा वैचारिक अस्त्र  क्या था सोवियत संघ के खिलाफ, पूंजीवाद के पास सबसे बड़ा वैचारिक अस्त्र था ‘लोकतंत्र’ और आप यह भी ध्यान दीजिएगा कि लोकतंत्र के नाम पर ही अमेरिका ने सेनाएं भेजी थीं । कारण कि लोकतंत्र एक ऐसा विचार था जिसके बारे में पूंजीवादी बुद्धिजीवी कहते थे कि वह सोवियत संघ में नहीं है । लोकतंत्र पश्चिमी देशों के पूंजीवादी बौद्धिकों के पास वह सबसे बड़ा डंडा था जिससे जब चाहे सोवियत संघ और मार्क्सवाद वालों को पीट दिया करते थे । अब हुआ यह है कि ऊपर से भी देखने पर नज़र आ रहा है कि लोकतंत्र खुद पश्चिमी देशों में गायब हो रहा है । खुद पश्चिमी देशो में यह महसूस किया जा रहा है कि लोकतंत्र गायब हो रहा है । जैसे जैसे पश्चिमी देशों में लोकतंत्र गायब हो रहा है वैसे वैसे उसके बरक्स मार्क्सवाद के भीतर जो लोकतंत्र की दृष्टि थी उसको समझने की नये ढंग से कोशिश की जा रही है । क्योंकि पूंजीवाद का यह दावा था कि हमारे लोकतंत्र की जड़ है निजी संपत्ति । इससे पता चलता है कि यह अर्थतंत्र वाला सवाल उतना गैर वाजिब नहीं है । लोकतंत्र के बारे में तमाम उदारवादी चिंतकों का यही कहना था कि उसकी पैदाइश होती है निजी संपत्ति से क्योंकि संपत्ति आपके पास है तो आप एक तरह से अधिकारसंपन्न हैं । इस समय जो लोकतंत्र गायब हो रहा है वह केवल इस अर्थ में गायब नहीं हो रहा कि लोगों को अहसास हो रहा है कि उनके वोट का महत्व नहीं रह गया है, वे वोट कहीं भी दें, चुने वही लोग जायेंगे जो वाल स्ट्रीट की पसंद हैं  बल्कि इसके समानांतर आर्थिक क्षेत्र में भी यही होता दिखाई दे रहा है । आर्थिक क्षेत्र में इस दौर में बहुत ही लोकप्रिय ढंग के नारे में अमेरिका में इस बात को कहा गया । अर्थशास्त्र के नोबेल विजेता जोसेफ स्तिग्लित्ज़ ने इस द्वैत को सामने लाया कि निन्यानबे पर्सेंट बनाम एक पर्सेंट, यानी जो संपत्ति का विभाजन है वह एक तरह से आबादी को निन्यानबे प्रतिशत बनाम एक प्रतिशत में विभाजित करना चाहता है । स्पष्ट है कि जो लोकतंत्र का क्षरण हो रहा है वह सिर्फ राजनीतिक क्षेत्र में अभिव्यक्त नहीं हो रहा बल्कि वह संपत्ति के क्षेत्र में भी दिखाई देता है कि संपत्ति का संकेद्रण होता जा रहा है । तेजी से संपत्ति का संकेद्रण होता जा रहा है और उसी के बरक्स हमें यह दिखाई दे रहा है कि एक तरह से लोकतंत्र गायब हो रहा है ।‌ इसके लिए किसी ने एक शब्द ही दिया ‘डालरोक्रेसी’ यानी डेमोक्रेसी डालरोक्रेसी हो गया है । अर्थात जो राजनीतिक दुनिया है उस राजनीतिक दुनिया में पैसा बोलने लगा है । असल में एक व्यक्ति एक वोट कोई एक ऐसी चीज़ नहीं थी जो मंत्र की तरह थी बल्कि यह है कि सबको बराबर अधिकार है लेकिन धीरे-धीरे कानून के स्तर पर भी तब्दीली हो गई है जैसे कि अमेरिका ने कहा कि जो कारपोरेट है उसके भी चंदे को व्यक्ति का चंदा माना जाएगा । इसका मतलब कि अगर वह व्यक्ति का चंदा हो गया तो व्यक्ति का अधिकार कारपोरेट को मिलने लगा । साफ है कि पूंजीवाद का जो स्वतंत्रता का मुलम्मा था उसके भीतर से धन की जो वास्तविक सत्ता है वह सामने चली आई है । इसके कारण जो लोकतंत्र है उसका क्षरण हो गया है । वो गम्भीरतापूर्वक क्षरित हुआ है । नये नये मुहावरे सामने आए हैं जो इस परिघटना को अभिव्यक्त कर रहें हैं । इनसे पता चलता है कि कैसे जो बहुजन है, जो जनता है वह अधिकार विहीन होती जा रही है और संपत्ति की तरह ही अधिकारों का भी संकेंद्रण हो रहा है । तो ऊपर से ही देखने में यह दिखाई दे रहा है, जैसा मैंने कहा कि इसका राजनीतिक पहलू भी है, एक तरह से कानूनी पहलू भी है और आर्थिक पहलू भी है । यह सब दिखाई पड़ रहा है लोकतंत्र के क्षरित होने में ।
यह जो बड़ा राजनीतिक परिवर्तन हुआ है उसके बरक्स देखा जा रहा है कि मार्क्सवाद कैसे लोकतंत्र को देखता है । मार्क्सवाद में जो लोकतंत्र का सवाल है उसमें सबसे पहली बात यह है कि इसमें वह सवाल सामाजिक है । अब यह भी एक पहलू है इक्कीसवीं सदी के मार्क्सवाद के प्रसंग में कि राजनीतिक की बजाए सामाजिक का महत्व बढ़ा है । बीसवीं सदी में राजनीतिक पहलू की जो प्रधानता हो गई थी उसकी बजाए इस दौर में सामाजिक की प्रधानता पर जोर दिया जा रहा है । इस प्रसंग में ध्यान दीजिएगा कि खुद मार्क्स के चिंतक और उनके लेखन में सामाजिक पहलू बहुत महत्वपूर्ण है । उनके लेखन में सामाजिक क्रांति शुरू होती है, सामाजिक वर्गों  का टकराव होता है तो वहां सामाजिक बहुत महत्वपूर्ण है । यहां तक कि अर्थतंत्र को भी वह समाज के मातहत ले आना चाहते थे । तो यह जो लोकतंत्र है  मार्क्सवाद के भीतर वह समाज के वंचितों की अधिकारसंपन्नता के लिए है, वह समाज के विभिन्न तबकों की हिस्सेदारी से व्याख्यायित होता है । लोकतंत्र का सवाल उनके यहां सिर्फ प्रतीकात्मक या औपचारिक राजनीतिक प्रतिनिधित्व के रूप में नहीं है बल्कि सामाजिक अधिकारसंपन्नता के अर्थ में है । लोकतंत्र के सवाल पर जैसे जैसे पूंजीवाद में लोकतंत्र का क्षरण हुआ है वैसे वैसे खुद मार्क्सवाद के भीतर लोकतंत्र जिस रूप में मौजूद है उसको लोग देखने की कोशिश कर रहे हैं, लोकतंत्र को समझने की कोशिश कर रहे हैं ।
इस प्रसंग में एक और ठोस संदर्भ से बात करना उचित होगा । हमने बुर्जुआ लोकतंत्र की ताकत को महसूस किया है । हमने देखा है कि वह समाज के विभिन्न तबकों के भीतर पैदा होने वाली आकांक्षाओं से खूब अच्छी तरह समायोजन बिठाने में सफल रहा है । समाज के वंचित समुदायों की आकांक्षा को स्वर देने वाले प्रतिनिधियों ने चुनावों की व्यवस्था को बहुरंगी बनाया है । इस क्रम में जिन तबकों का स्वाभाविक नेतृत्व वामपंथ के पास होना चाहिए था या जिन अगुआ तत्वों की पहली पसंद वाम को होना चाहिए था वे स्थापित राजनीतिक दलों के सहारे या नए दल बनाकर संसद में प्रवेश पाते रहे । इसे बुर्जुआ लोकतांत्रिक व्यवस्था की क्षमता के बतौर स्वीकार करना होगा । पिछले दिनों लोकतंत्र का जो क्षरण हुआ उसके साथ ही व्यवस्था की इस क्षमता में भी गिरावट आई है । इसके साथ खुद इन तबकों के उभरने वाले कार्यकर्ताओं के भीतर वाम के प्रति आकर्षण बढ़ा है । दूसरी ओर जब बुर्जुआ वर्ग लोकतंत्र को मटियामेट करने पर आमादा है तो वामपंथ को इसकी औपचारिकता को सार्थक बनाने की जिम्मेदारी निभानी होगी । मार्क्सवाद में मौजूद लोकतांत्रिकता को पहचानकर इस आपसी समृद्धि को संपन्न किया जा सकता है । नये समय के सवालों को संबोधित करने के मामले में तमाम नए लोगों को यह दृष्टिकोण ज्यादा कारगार प्रतीत हो रहा है यानी सामाजिक पर जोर देने से आज जो सामाजिक उभार हो रहें हैं उनके साथ संवाद करने के लिए आपको एक जगह मिल जा रही है । यह एक पहलू है जो इस बीच बदला है ।
कुछ लोग कहते हैं मार्क्सवाद के तीन स्रोत और तीन घटक तत्व हैं । यह बहुत लोकप्रिय है । लेनिन ने  तो लेख ही लिखा है- थ्री सोर्सेज आफ मार्क्सिस्म । इस प्रसंग में कहा जा रहा है कि भाई ये स्रोत तो मार्क्स के पहले के थे, जिन्होंने मार्क्स को कांट्रीब्यूट किया था यानी मार्क्स ने इनमें से चीज़ों को लिया और उन्हें एक नई शक्ल दे दी- ब्रिटिश राजनीतिक अर्थशास्त्र, फ़्रांसिसी समाजवाद और जर्मन दर्शन । कहते हैं कि ये तीन स्त्रोत हैं मार्क्सवाद के, लेनिन ने लिखा है कि ये तीन स्रोत हैं जिनसे मार्क्स ने लिया और जिसे उन्होंने नई शक्ल दे दी । कुछ लोगों का कहना है कि उसके बाद कुछ और विकास नहीं हो सकता है? क्योंकि अगर उसके बाद कांट्रीब्यूशन नहीं हो सकता है तो आप यह मान लेंगे कि वह तो स्थिर हो गया है मार्क्सवाद । लेकिन हम मानते हैं कि मार्क्सवाद एक जीवंत रचना है, व्यवहार से जुड़ी हुई चीज़ है तो इसका मतलब व्यवहार के दरमियान कुछ तो जुड़ेगा । इस बात को मैं थोड़ा मुक्तिबोध के हवाले से कहना चाहता हूं । मुक्तिबोध ने कहा कि जब आप रचना को ढालते हैं, अन्तिम शब्दों में तब तक भी बदलाव चलते रहते हैं । कहने का मतलब यह है कि अगर यह व्यवहार का सिद्धांत है, व्यवहार को गाइड करने वाला सिद्धांत है तो फिर यह जहां पर था वहां पर स्थिर कैसे रह सकता है ! सिद्धांत को लागू करने के दौरान, व्यवहार के दौरान उसमें और भी समृद्धि आ सकती है अगर वह जीवित मनुष्य के बीच होने वाला काम है तो ।
अब उस लिहाज़ से लोगों का कहना है कि साठ के दशक में कुछ ऐसे आंदोलन चले, जिन्हें उस समय और बाद के बहुत दिनों तक भी मार्क्सवाद से एक तरह की विरोधिता में देखा जाता था । उनमें से तीन आंदोलनों का विशेष रूप से ज़िक्र करना ठीक होगा । एक है जिसको हम सब लोग जानते हैं ‘नारीवाद’ । दूसरा जिससे बहुत हद तक हमारे देश के दलित साहित्य को भी प्रेरणा मिली यानी अमेरिका का ‘ब्लैक मूवमेंट’ । तीसरा पर्यावरण का सवाल । ये तीन ऐसे सवाल थें जो साठ के दशक में बहुत ही मजबूती से उठे पश्चिमी देशों में । इतिहास की अनेक तरह की विडम्बनाएं होती हैं उन विडम्बनाओं में से यह भी एक बात थी कि उस समय और बाद के बहुत दिनों तक इन इन आंदोलनों को मार्क्सवाद के विरोधी के रूप में देखा जाता था । बहुत दिनों तक यह प्रक्रिया चलती रही ।‌ इन्हें नव सामाजिक आंदोलन भी कहा गया । यह साठ के दशक में उभरा और बहुत दिनों तक लगा कि यह मार्क्सवाद के विरोधी विचार हैं लेकिन पिछले दिनों हालात में बदलाव आए हैं । कुछ इन आंदोलनों के भीतर की आत्म-समीक्षा के चलते, कुछ व्यापक समाजार्थिक और राजनीतिक बदलाव के चलते और कुछ मार्क्सवादियों की नई पौध के आने के चलते- इन तीनों ही आंदोलनों के साथ मार्क्सवाद का एक संवाद बना है और धीरे-धीरे यह संवाद आगे बढ़ा है । इन आंदोलनों में भी, उदाहरण के तौर पर पर्यावरण को लीजिए तो पर्यावरण आंदोलन के सभी लोग एक दौर तक मानते रहे, जब तक उनको पश्चिमी देशों में लोकतंत्र के भीतर अवसर दिखता रहा, कि कोई नई पार्टी बना लेने से इस व्यवस्था में चुनाव लड़के बदलाव किये जा सकते हैं । धीरे-धीरे नवउदारवाद का जब मानवभक्षी स्वरूप उभरा तब पर्यावरणवादियों को भी लगा कि पूंजीवाद के खिलाफ पूरी तरह से युद्ध किये बगैर पर्यावरण के सवाल को हल नहीं किया जा सकता । तब सवाल उठा कि पूंजीवाद से लड़ने के लिए सबसे कारगार कौन सी विचारधारा है । तो उसका जवाब मिला मार्क्सवाद ।
मार्क्सवाद के बारे में आप जानते ही हैं कि पूंजीवाद आया तो उसके विरोध में तरह तरह की विचारधाराएं सामने आईं । ‘कम्युनिस्ट पार्टी का घोषणापत्र’ पढ़िए तो उसमें भी लिखा है ‘भांति-भांति के समाजवाद’ । तो उस समय कई तरह के समाजवाद आए थे जिनके साथ वैचारिक होड़ करते हुए मार्क्सवाद ने अपनी बरतरी बनाई । इसी कारण इन पर्यावरणवादियों को भी लगा कि पूंजीवाद से लड़ने के लिए सबसे  मजबूत वैचारिक अस्त्र मार्क्सवाद के पास ही हैं । उसी तरह से स्त्री आंदोलन का भी मामला समझिए । स्त्री प्रश्न पर भी जो लोग लगातार काम कर रहे हैं उनको यह महसूस हुआ कि पूंजीवाद ही पितृसत्ता का सबसे बड़ा पुनरुत्पादक स्रोत है और वे भी इसीलिए मार्क्सवाद के साथ निरंतर संवाद कर रहे हैं और लगातार उस दिशा में विचार विमर्श जारी है । इसके अतिरिक्त जिस तीसरे आंदोलन का जिक्र मैंने किया उसके बारे में आप सब जानते ही होंगे । अमेरिका का अश्वेत आंदोलन अभी पिछले दिनों काफी चर्चित रहा क्योंकि वहां विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की नई फ़ौज निकली थी । हमारे अपने देश की तरह उन लोगों में भी समूचे अमेरिकी सामाजिक जीवन पर सचेत हस्तक्षेप करने की प्रेरणा थी ।   नस्लभेद के विरोध में जो आंदोलन वहां चला था, उसके बाद दूसरे दौर का उभार माना जा रहा है यह ब्लैक मूवमेंट । समझ बनती जा रही है कि वहां पर जो राजसत्ता है वह एक तरह से रेसिस्ट किस्म की है और उसके खिलाफ जो आंदोलन उभरे तो नये नये नारे सामने आए- ‘ब्लैक लाईव्स मैटर’ मतलब कि जो काले लोग हैं उनकी भी जिंदगी का महत्व है । बात सिर्फ इस तरह से ही नहीं है, वह इस तरह से भी है कि जैसे पिछले दिनों हमारे यहां पर लड़कियों ने सवाल उठाया कि रात को बाहर हम क्यूं नहीं घूम सकते, क्या जरुरत है कि हम सिर्फ सब्जी खरीदने के लिए जाएं, सड़क हमारी भी है, उसी तरह से ब्लैक लाईव्स मैटर का मतलब है कि कहीं भी ब्लैक रह सकता है । इस तरह वे मौजूदा सामाजिक वातावरण में अपनी सम्मानपूर्ण उपस्थिति की मांग करते हैं । साफ है कि यह सामाजिक लोकतंत्र से जुड़ता हुआ सवाल है । इस प्रसंग में इस आंदोलन के लोग इस इतिहास को फिर से देखने की कोशिश कर रहे हैं कि खुद मार्क्स ने गृहयुद्ध के समय अब्राहम लिंकन को चिट्ठी लिखी थी इंटरनेशनल की ओर से उनको समर्थन देते हुए । पूरी दुनिया में इंटरनेशनल नाम के संगठन की चर्चा उसी समय हुई जब अब्राहम लिंकन ने उस चिट्ठी का जवाब भेजा था जो लंदन में अमरीका के राजदूत ने जाकर सौंपा था मार्क्स को । कहने का मतलब यह है कि ब्लैक समस्या का मार्क्स को ज्ञान था । वहां से जोड़कर मार्क्सवाद के साथ ब्लैक आंदोलन का क्या रिश्ता रहा है इस पर गंभीरतापूर्वक विचार हो रहा है और यह भी देखा जा रहा है कि ब्लैक मूवमेंट का जो इतिहास है उसमें मार्क्सवाद की कितनी उपस्थिति रही है, वह मार्क्सवाद को नई शक्ल देने में क्या क्या मदद कर सकता है- इस पर भी विचार हो रहा है ।
इस तरह से इस नए दौर के लिए ये तीनों आंदोलन हैं साठ के दशक में जो पैदा हुए, जिनके साथ मार्क्सवाद की एक समय तक विरोधिता समझी जाती रही थी और अब उनके साथ मार्क्सवाद का संवाद शुरू हुआ है । इस क्रम में ये आंदोलन भी बदल रहे हैं तथा खुद मार्क्सवाद भी नए तरह से देखा जा रहा है, नई तरह से समझा जा रहा है । आप सब लोग जानते ही हैं कि मार्क्स ने भी कई बार सोचा कि क्रांति बस आ ही रही है लेकिन फिर एक दौर के बाद उनको लगा कि अब ज्यादा गहरे सैद्धांतिक कामों पर अपनी ऊर्जा को  केंद्रित किया जाए । कहने का मतलब है कि एक दौर में आपको ठहरकर तैयारी करने की जरूरत होती है । मार्क्सवाद के साथ नए हालात का यह संवाद चल रहा है, एक गहरा संवाद चल रहा है और एक नई कल्पना रखी जा रही है । कहा ही जाता है कि सभी एक्सपेरीमेंट एक ही बार में पूरे नहीं होते । पहला एक्सपेरिमेंट पेरिस कम्यून का था जो सत्तर दिन चला । दूसरा एक्सपरीमेंट था रूस जो सत्तर साल चला‌ । इनसे सीखते हुए एक नई परंपरा बनाने की जरूरत पड़ सकती है । नए समाज में उस नई परंपरा को गढ़ने के लिए इन आंदोलनों के साथ संवाद के जरिए एक नया स्वरूप गढ़े जाने की बात चल रही है । इसका एक कारण प्रतिक्रिया की आक्रामकता से भरा हमारा समय भी है ।
अंतिम बात जो मैं कह रहा था वह यह कि यह जो समय है उसमें सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि पश्चिमी देशों में भी फासीवाद का गहरा उभार देखा जा रहा है और यह जो फासीवाद का गहरा उभार देखा जा रहा है इस सिलसिले में कई तरह के झमेले खड़े हो गए हैं । अभी थोड़े दिनों पहले राजनीतिशास्त्री कार्ल बाग्स ने एक किताब लिखी । उन्होंने लिखा कि हम लोग जब फासीवाद के बारे में बात करते हैं तो हमारे सामने सिर्फ हिटलर और मुसोलिनी की सत्ता होती है, हम देखते हैं कि इन्होंने राजसत्ता में रहते हुए क्या किया । यह हमारे दिमाग मे रहता है । सच है कि केवल ये ही फासिस्ट नहीं थे, अन्य रूप भी फासिस्म के । इसके अलावे जैसे हम लोग अपने अतीत के एक्सपेरिमेंट से सीखकर नई नई कल्पनाएं गढ़ते हैं उस तरह से हमारे विरोधी भी करते हैं । वे भी अपने पुराने एक्सपेरीमेंट से सीखते हैं और वे भी अपने आप को बदलते हैं । इसलिए इस दौर में फासिस्म के बारे में अगर आपकी यह धारणा है कि वह हिटलर वाला ही होना चाहिए तभी हम उसे फासीवाद कहेंगे । यह रुख मुझे ठीक नहीं लगता । एक उपन्यास था कामू का ‘प्लेग’ । आप लोगों ने पढ़ा होगा तो उसमें उन्होंने कहा है कि जब जब प्लेग प्रकट होता है तो वह अपने रूप बदल लेता है, और वह इस तरह रूप बदल लेता है कि डाक्टर भी नहीं समझ पाते हैं कि यह प्लेग ही है । उसी तरह फासीवाद भी जब सामने आता है तो वह नए दौर में अपना रूप बदल लेता है । इसीलिए इस दौर में जो फासीवाद आया है वो एक तरह से नए रूप में सामने आया है । इस सिलसिले में आप ध्यान दीजिएगा कि जो हिटलर का उभार था या मुसोलिनी का भी उभार था, वह नाटकीय तरीके से हुआ था और इसीलिए नाटकीय तरीके से उसकी समाप्ति भी हो गई । यहां पर जो फासीवाद आया है उसने लम्बे दौर में अपने लिए जगह बनाई है और इसीलिए बहुत संभव है कि इसको परास्त करने की लड़ाई भी लम्बी होगी ।
शुक्रिया ।