Saturday, March 16, 2013

क्षेत्रीय विषमता की उलझनें


सबसे पहले इस समस्या को समानता के लिए चलने वाले समग्र आंदोलन का एक हिस्सा राम मनोहर लोहिया ने सप्तक्रांति संबंधी अपनी धारणा के जरिए समझा और पेश किया था । असल में इसकी जड़ें  आज़ादी के बाद जिस तरह का शासकीय ढांचा अपनाया गया उसमें और शासन में जो लोग बैठे उनकी सोच में निहित हैं । आज़ादी के आंदोलन के दौरान ही उस संघीय स्वरूप का खाका बहुत कुछ तैयार हो गया था जिसे बाद में देश को एक साथ बांधे रखने का सूत्र बनना था । ध्यान से देखें तो आज़ादी के आंदोलन के समय ही उस सोच की नींव रखी जा चुकी थी जिनके अधार पर बाद में भाषावार प्रांत बने । इनके जरिए कुछ हद तक संघीयता को मान्यता दी गई लेकिन यह ढांचा सारी विषमताओं को हल नहीं कर सका क्योंकि एक ही भाषा, तेलुगु, बोलने वाले दो प्रांतों की मांग कर रहे थे । इसी तरह हिंदी भाषी तीन चार प्रांतों में बांट दिए गए थे । आसाम में भाषाई रूप से अलग अलग अनेक समुदाय ठूंस दिए गए थे । इन कमियों ने आगे चलकर अन्य क्षेत्रों को अलग प्रांत हेतु आंदोलन चलाने को मजबूर किया ।
इसके अलावा केंद्र के पास अधिकाधिक शक्तियों को रखने का मोह कभी केंद्र में काबिज पार्टी छोड़ नहीं सकी । यह महज राजनीतिक एकाधिकार का मामला नहीं था बल्कि देशी बड़ा पूंजीपति भी सत्ता के  इस संकेंद्रण से काफी लाभ पा रहा था । इन्हीं वजहों के चलते आज़ादी के तुरंत बाद से ही क्षेत्रीय असमानता की प्रवृत्ति दिखाई देने लगी और बाद में अनेक आंदोलनों और राजनीतिक गोलबंदियों की वजह बनी । लोहिया जी की धारणा बहुत दिनों तक वैचारिक आलोड़न तक ही सीमित रही क्योंकि हाल हाल में आज़ाद हुए देश में बड़े उद्योगों के आधार पर आर्थिक आत्म-निर्भरता का सपना बेचना आसान था । लेकिन सत्तर के दशक में शासन में कांग्रेसी एकाधिकार टूटने के साथ लोकतंत्र का विस्तार होना शुरू हुआ और भारतीय जनता के नए नए तबके शासन में हिस्सेदारी चाहने लगे । उनकी इस चाहत का प्रतिनिधित्व विपक्षी दलों ने करना शुरू किया जिनका जनाधार बहुत करके जमींदारी उन्मूलन से सशक्त हुई पिछड़ी जातियां थीं । ये जातियां देहातों में मजबूत थीं और शुरुआती पंचवर्षीय योजनाओं में उद्योगों की प्राथमिकता के कारण वंचित महसूस कर रही थीं क्योंकि ये उद्योग ज्यादातर बड़े शहरों में केंद्रित थे । इसीलिए क्षेत्रीय विषमता का एक पहलू शहरों में सुविधाओं और धन का संकेंद्रण तथा देहातों में व्याप्त बदहाली और दरिद्रता का वैषम्य भी रहा है ।   
कुछ लोग राष्ट्रवाद और क्षेत्रीयता को परस्पर विरोधी मानते हैं और उन्हें एक दूसरे के लिए नुकसानदेह भी समझते हैं । हाल हाल तक अलग प्रांत की मांगों को राष्ट्रीय एकता के लिए अहितकर माना जाता था । आज भी काश्मीर को स्वायत्तता की बात सुनकर तथाकथित देशभक्त लोग कान खड़ा कर देते हैं । अनेक लोग इन दोनों को ही केवल सांस्कृतिक स्तर पर परिभाषित करते हैं । राष्ट्र और विभिन्न क्षेत्रों की संस्कृति अवश्य उन्हें समानता और विशेषता प्रदान करती है लेकिन राष्ट्रवाद और क्षेत्रीयता केवल सांस्कृतिक परिघटनाएँ नहीं हैं । असल में ये दोनों ठोस आर्थिक-राजनीतिक परिघटनाएँ हैं । पूँजीवादी आर्थिक व्यवस्था जहाँ राष्ट्र को एकता प्रदान करती है वहीं ठीक उसी प्रक्रिया में अलग अलग इलाकों की आकांक्षा जगाकर क्षेत्रीय असमानता के विरुद्ध विक्षोभ भी पैदा करती है । राष्ट्रीय एकता और क्षेत्रवाद आर्तिक विकास एक ही प्रक्रिया की उपज हैं । मजबूत केंद्र के विरोध में क्षेत्रीय हितों के नाम पर संघर्षरत क्षेत्रीय बुर्जुआ वर्ग अक्सर आम जनसमुदाय को अपने नेतृत्व में एकताबद्ध कर लेता है । लेकिन ऐसा करते हुए भी वह और कुछ नहीं केंद्रीय स्तर पर हड़पी जा रही मलाई में अपना हिस्सा ही चाह रहा होता है ।
क्षेत्रीय राजनीति का सबसे घनघोर उभार अस्सी दशक के उत्तरार्ध में हुआ था । असल में इंदिरा गांधी के सत्ता में आने के बाद से अतिकेंद्रीकरण की जो प्रवृत्ति चली थी उसके उत्तर में संघीयता और क्षेत्रीय विकास का नारा लगाती हुई ऐसी क्षेत्रीय पार्टियों का विकास हुआ जो पिछले तीस सालों से भारतीय राजनीति की विशेषता बनी हुई हैं । आश्चर्य नहीं कि ये पार्टियां ज्यादातर पिछड़ी जातियों का सामाजिक आधार लेकर खड़ी थीं । यानी सत्ता में भागीदारी से वंचित महसूस कर रही लेकिन सामाजिक रूप से प्रभावशाली शक्तियों की गोलबंदी इस नारे के इर्द गिर्द हुई थी । ऐतिहासिक रूप से देखें तो ये ताकतें वहीं खड़ी हुई जहां संपन्न खेतिहर जातियों का राजनीतिक उभार हो चुका था । इसीलिए दक्षिण भारत में ये क्षेत्रीय पार्टियां अधिक शक्तिशाली रहीं । यही इतिहास इसकी शक्ति होने के साथ साथ उनकी सीमा का भी कारण बना । उस दौर में यह जनता की किसी गोलबंदी के साथ नहीं हो रहा था बल्कि विभिन्न प्रांतों के मुख्यमंत्रियों के जमावड़े के रूप में सामने आया था । द्रमुक, तेदेपा आदि के साथ वामपंथ, खसकर माकपा के नेता स्वर्गीय हरकिशन सिंह सुरजीत इस जमावड़े के सिद्धांतकार के बतौर उभरे थे । इसी के साथ भाजपा के उभार के खिलाफ़ अवसरवादी तरीके से बिहार से लालू यादव और उत्तर प्रदेश से मुलायम ने धर्मनिरपेक्षता को इसके साथ जोड़ लिया था । लेकिन न तो केंद्रीयता की ताकत ही कमजोर थी न क्षेत्रीयता की भावना ही आधारहीन थी इसलिए कभी क्षेत्रीयता की धारा मजबूत होती रही तो कभी केंद्रीयता के साथ इनकी गोलबंदी होती रही । खासकर कांग्रेस और भाजपा के नेतृत्व में बनने वाले दो विशाल मोर्चों के इर्द गिर्द इन ताकतों की गोलबंदी भी क्षेत्रीयता के साथ ही जारी रही थी ।
क्षेत्रीयता की अभिव्यक्ति का सबसे प्रमुख वैचारिक नारा तीसरे मोर्चे की धारणा है । वैसे भी इसे कोई ठोस ताकत की बजाए एक तरल धारणा ही माना जाता है जिसकी कोई स्थायी ताकत नहीं है । संसदीय राजनीति में वामपंथी मोर्चे की घटती के बाद इसे जोड़ने वाला मजबूत फ़ेवीकोल भी नहीं रहा और किसी भी वैचारिक मुद्दे की अनुपस्थिति में अब इसमें किसी भी पार्टी के शामिल होने में कोई बाधा नहीं रह गई है । अभी पिछले दिनों मायावती को केंद्र में रखकर माकपा ने इस मोर्चे के गठन की हास्यास्पद कोशिश की थी । बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार आजकल बिहार के लिए विशेष राज्य का दर्ज़ा देने की मांग को उठाकर इस तरह की गोलबंदी के भीतर अपनी जगह देख रहे हैं लेकिन इस मामले में भी यही होने जा रहा है कि भ्रष्टाचार में हिस्सेदारी चाहने वाली ताकतें ही इससे लाभ उठाएंगी, जनता का भला तो वे क्या करेंगे जो शिक्षकों पर तो लाठी चलवाते हैं लेकिन रणवीर सेना से हेल मेल रखते हैं ।       

Friday, March 8, 2013

संपादकीय कुटिलता का नायाब नमूना


          
जब मित्र कृष्ण सिंह ने ‘समयांतर’ के लिए लेख लिखने की बात की तो सबसे पहले मैंने यह आशंका जाहिर की कि यह पत्रिका लंबे समय से हमारे संगठन के विरोध का मंच बनी हुई है इसलिए ऐसा करना संभव और उचित नहीं होगा लेकिन ऐसा न होने का आश्वासन मिलने पर लिखा । दुर्भाग्य से ‘हैबिट इज नेक्स्ट टु नेचर’ सो इस अंक में भी अतिथि संपादक को विश्वास में लिए बिना संपादक महोदय ने अपनी परंपरा कायम रखी । उन्होंने महमूद अंसारी लिखित ‘जसम फिर अज्ञेय-भक्तों के हवाले’ शीर्षक से जसम सम्मेलन की रपट छापी । लेखक कोई पुराने दोस्त हैं या नित्यानंद स्वामी की तरह ही संपादक महोदय की ओर से हिंदी को प्रदत्त लेखक या दरबारीलाल की तरह संपादक का प्रतिरूप? यह बात साफ नहीं की गई है इसलिए उन्हें स्वतंत्र लेखक ही मानना ठीक होगा ।
वैसे हिंदी में कुछ ऐसा कीचड़ प्रेम फैला है कि उसका जवाब देने के लिए भी कीचड़ में ही उतरना लाजिमी लगता है और ‘प्रशासन, संपादन और अध्यापन’ शीर्षक से एक ललित निबंध लिखकर उत्तर देने की इच्छा हो रही है लेकिन लोभ संवरण करते हुए रपट की चर्चा करना ही ठीक होगा । रपट में लेखक को तीन चीजों से आपत्ति दिखाई पड़ती है ।
1 व्यक्तिगत बात महासचिव के खिलाफ़ है और इस प्रसंग में लेखक की राय पत्रकारीय दक्षता और कार्यालयी अनुशासन से प्रभावित है । सूचना संग्रह का काम उन्होंने खुफ़िया पुलिस के स्तर का तो किया ही है इस बात के भी कायल वे दिखते हैं कि अगर आजीविका के लिए आप इस व्यवस्था में किसी संस्थान में नौकरी करते हैं तो उसके अनुशासन के प्रति आपको बद्ध रहना चाहिए । यहां तक कि अध्यापकों से प्रशासन के लोगों की इस शिकायत की छौंक भी उसमें शामिल है कि इन्हें सभा, सेमिनार के लिए इतनी छुट्टी क्यों मिलती है । वे शायद अब तक अपनी उपयोगिता सरकार के गृह मंत्रालय या शिक्षण संस्थाओं के अनुशासकों के लिए पहचान नहीं सके हैं । शिक्षण संस्थाओं के प्रति उनका अनुराग उनकी दूसरी किंचित कुंठाग्रस्त आपत्ति तक ले गया है ।
2 उनकी दूसरी आपत्ति का विस्तार जवहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से लेकर अध्यापकों तक है । अध्यापक एक ऐसा जीव है जिसे कोई भी गैर अध्यापक जब मन करे अनधिकार चेष्टा का डंडा लेकर पीट देता है । आलोचना उन्हें नहीं करनी चाहिए, संगोष्टियों में बोलना उनके लिए मना है, लेख, कविता आदि लिखना महापाप । आखिर आप उन्हें कौन सी सामाजिक जिम्मेदारी देना चाहते हैं और जेएनयू के छात्र महज शासकों के लिए परेशानी थोड़े ही हैं । तभी तो महमूद साहब को रामविलास शर्मा वाली गोष्ठी में सिर्फ़ अध्यापक दिखे छात्र नहीं । वैसे भी वे भविष्य के अध्यापक होने की नियति से कैसे छूट सकते हैं । अध्यापकों के प्रति उनकी कुंठाग्रस्त विरक्ति भी उन्हें संस्कृति की किसी जनपक्षधर धारणा तक नहीं ले गई और उनकी तीसरी आपत्ति तो उन्हें ही अज्ञेय-भक्त (आभिजात्य प्रेमी के अर्थ में) साबित करती है ।
3 तीसरी आपत्ति उन्हें संस्कृति के सभी निम्नवर्गीय रूपों के प्रति है और इनके प्रयोग का दोषी वे जसम को पाते हैं । इस मामले में उनके शब्द इतनी नफ़रत से भरे हुए हैं कि उन्हें लेखक/संपादक की राय के बदले उनकी मनोवृत्ति का परिचायक मानना ठीक होगा । वे कहते हैं कि ‘जसम पिछले कुछ समय से सिर्फ़ तीन कामों को अंजाम दे रहा है : शव साधना, नाच-गाना-बाजा, और घुमंतू सिनेमा---खासकर नाच-गाना-बाजा- और घुमंतू सिनेमा का शोर इतना ज्यादा है कि वही जैसे जसम के पर्याय बन गए हैं ।’ शव साधना शायद उन्हें भी उतनी अनुचित नहीं लगी क्योंकि वाल्टर बेंजामिन का कथन उन्हें याद आ गया होगा कि अगर आप अतीत पर पिस्तौल से गोली दागेंगे तो वह आप पर तोप का गोला दागेगा । लेकिन नृत्य-गायन-वादन और सिनेमा के प्रति उनका रुख भयंकर पितृसत्ताक और सामंती तो है ही जनता के बीच प्रचलित लोक संस्कृति के प्रति जहरीली हिकारत से भी भरा हुआ है ।
माना कि रपट का लेखक, संपादक से भिन्न है लेकिन संपादक ने रपट छापी है तो कुछ गुण अवगुण की परीक्षा करके ही या ये दोनों इतने अभिन्न हैं कि संपादक उसे छापने के लिए मजबूर था । अपनी पत्रिका के लिए आई सामग्री तो संपादक पढ़ ही लेता है शेष पाठकों के प्रति जवाबदेही के चलते उसे कुछ छोड़ना भी पड़ता है । अगर पत्रिका की खपत बढ़ाने के लिए संपादक महोदय को सामंती पूर्वाग्रहों को ही संतुष्ट करने का रास्ता दिखाई दे रहा है तो निवेदन है कि हमारा और दुनिया भर के मार्क्सवादियों का रास्ता उनसे अलग है । हम सत्ता के विरोध में जनता की संस्कृति को बुलंद रखना जारी रखेंगे और इस काम में देश भर के सभी पेशों और सभी संस्थानों में कार्यरत विपक्षी ताकतों को गोलबंद करेंगे । आप भी इस कतार में ही शामिल होना ठीक मानें ऐसी हमारी व्यक्तिगत और एक हद तक सामूहिक भी इच्छा है ।             

Saturday, February 23, 2013

21 फ़रवरी 2013 जंतर मंतर


                                          
‘संसद पर जनता की निगरानी’ के तहत जंतर मंतर पर बैठे हुए फ़िराक़ गोरखपुरी का एक शेर बार बार मन में गूंज रहा था । शेर कुछ यूं है :
               राजहठ से जो प्रजाहठ कभी टकराई है
               वक़्त के दिल के धड़कने की सदा आई है
वहां वे औरतें थीं जिन्हें क़ैद रखने की कोशिशें तो हजारहां हुईं लेकिन लाख बंदिशों के भीतर भी जो सदियों से अपने लिए जूझकर जगह बनाती आई हैं । अगर आप अपने घरों के सामंती कैदखानों में बसी औरतों के प्रतिरोध का इतिहास याद करें तो इस आंदोलन की सफलता में रत्ती भर भी संदेह नहीं रहेगा । जिसको भोजपुरी में कहते हैं कि सरकार ने अच्छे घर न्यौता दिया है । शायद उसे भी अनुमान न होगा कि किस सोई ताकत को उसने छेड़ा है । याद आती रहीं मेरी दादी जो चौथी पत्नी होने और दस बच्चे जनने के बाद भी इतनी आज़ादी अर्जित कर सकी थीं कि मेरे भाइयों को पढ़ाने के लिए पैसे की कमी न होने भर उधारी का समानांतर अर्थतंत्र चलाती रहीं । दूसरी दादी के पति नपुंसक थे और संतान न पैदा होने के नाम पर जब पति की दूसरी शादी कराने की बात चली तो उन्होंने शर्त रखी कि होने वाली पत्नी आकर रहे और अगर गर्भ ठहर गया तो वे इसकी मंजूरी दे देंगी । याद आई मां जिसने पिता के विवाहेतर संबंध की जानकारी होने पर महीनों उनका मुंह नहीं देखा और मरते मरते उनमें अपराध बोध जगा गईं । अगर उस जमाने में औरतें इस हद तक जूझ सकीं तो आज उनके कदम बांधने का सपना देखना दिवास्वप्न ही साबित होगा । असल में यह समाज और सत्ता औरत को लेकर बेहद पशोपेश में है । वह उन्हें पूरी तरह खत्म नहीं कर सकता क्योंकि बच्चे कौन जनेगा । आज़ादी से रहने नहीं दे सकता क्योंकि तब प्राधिकार कौन मानेगा ।
उस प्रदर्शन को देखना राजनीतिक प्रतिरोध की नई भाषा से दो चार होना था । भाषण तो थे ही नहीं या थे भी तो बस नाम के लिए थे । गीत, नृत्य और संगीत में ढले प्रतिरोध ने वह समय याद दिला दिया जब प्रदर्शन का मतलब समग्र जन उभार हुआ करता रहा होगा । बीच में राजनीति का अर्थ शुद्ध संसदीय चुनाव की जोड़ तोड़ रह जाने पर कम्युनिस्ट भी इकहरी अभिव्यक्ति के आदी हो गए थे । लेकिन इस आंदोलन ने जब सत्ता की पाबंदियों को तोड़ा तो इस पितृसत्तात्मक सोच को भी चुनौती दी कि सार्वजनिक मंच पर जंतर मंतर पर नाच-गाना नहीं होगा । शुक्रिया ।        

Sunday, February 17, 2013

पूँजी का संकट और समाजवादी प्रयोग


            
                                             
आज के शायद दस साल भी पहले अगर इस विषय पर कोई लेख लिखा जाता तो शीर्षक उलटा होता यानी तब संकट समाजवाद का था और पूँजीवादी लोकतंत्र के विश्व विजय की घोषणा के सहारे इतिहास के अंत के दावे किए जा रहे थे लेकिन पिछले दिनों के हालात ने पूरी धारणा ही पलट दी है । आज पूँजीवाद अपने जीवन के सबसे भयावह संकट से गुजर रहा है । जिन देशों ने भी विश्व बैंक द्वारा सुझाए गए कदम उठाए उनकी अर्थव्यवस्था जानलेवा फाँस का शिकार हो चली है । यह सब कुछ शुरू हुए काफी दिन हो गए लेकिन हमारे देश में शासक वर्ग ने बड़ी पूँजी के साथ नत्थी मीडिया के सहयोग से जैसा बौद्धिक माहौल बना रखा है उसमें खबरों की दुनिया पर एक तरह की पूँजी समर्थक सेंसरशिप तो है ही उन खबरों के निहितार्थों को आम बोध का अंग बनने में समय लग रहा है ।
यह कहने की कोई खास जरूरत नहीं कि पूँजीवाद और समाजवाद में छत्तीस का आँकड़ा है । शुरू में ही यह बात साफ कर देना गलत नहीं होगा कि हालाँकि समाजवादी सिद्धांत और व्यवहार के अन्य स्रोत संभव हैं और पिछले सौ डेढ़ सौ सालों के लंबे इतिहास में वे जनपक्षधर बदलाव के लिए होने वाले आंदोलनों के प्रेरणा के स्रोत भी रहे हैं लेकिन यह तो मानना होगा कि मार्क्सवादी सिद्धांत और व्यवहार इसका एकमात्र नहीं तो सबसे महत्वपूर्ण स्रोत बना हुआ है । पिछली महामंदी (1929-1936) के दौरान सोवियत संघ में योजनाबद्ध विकास की सफलता की वह कहानी ही थी जिसने दूसरे विश्व युद्ध के खात्मे के बाद पूँजीवादी देशों को भी कुछ हद तक संकट से पार पाने के लिए जनता की क्रय शक्ति बढ़ाने का तरीका आजमाने के लिए मजबूर किया था । वर्तमान पूँजीवादी संकट की खासियत यह है कि इस समय विकल्प के बतौर सोवियत संघ जैसा कोई दूसरा विरोधी खेमा नहीं है । जो चीन इसका दावा कर सकता है और अपनी समाज व्यवस्था को ‘चीनी विशेषताओं वाला समाजवाद’ कहता है उसे देश के रूप में  अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना दबदबा बढ़ाने वाली ताकत तो माना जा सकता है लेकिन ‘बाज़ार समाजवाद’ को समाजवाद का नया और भरोसेमंद प्रयोग मानने के लिए शायद ही कोई तैयार होगा ।
असल में समाजवाद के जिन नए प्रयोगों ने लोगों का ध्यान खींचा है वे दुनिया के उस इलाके में (लैटिन अमरीका) हो रहे हैं जहाँ नव-उदारवादी प्रयोग शुरू किया गया था और शायद इसी कारण पूँजीवाद का संकट भी गहराई से दिखाई पड़ना शुरू हुआ और इसीलिए उसका प्रतिरोध भी वहीं होना लाजिमी था । याद दिलाने की जरूरत नहीं कि लैटिन अमरीका की पहली वामपंथी सरकार (चिली में अलेंदे) को पलटकर सत्ता में आई पिनोशे सरकार ने पहली बार नव-उदारवादी एजेंडा लागू करने के लिए ‘शाक थेरापी’ की पद्धति का इस्तेमाल किया था । इसी वजह से फ़िलहाल सर्वाधिक चर्चित हंगारी मार्क्सवादी चिंतक इस्तवान मेज़ारोस इस संकट की शुरुआत 1960 के दशक के उत्तरार्ध से ही मानते हैं । वे इसे न सिर्फ़ पूँजीवाद का संकट मानते हैं बल्कि समग्र पूँजी का संकट मानते हैं और इसकी व्याख्या के लिए मार्क्स द्वारा चिन्हित उपयोग मूल्य और विनिमय मूल्य के बीच मौजूद विरोध व उपयोग मूल्य पर विनिमय मूल्य की बढ़ती में इसके स्रोत की पहचान करते हैं । इसकी व्याख्या के लिए पूँजीवादी उत्पादन प्रणाली के मार्क्स के विश्लेषण पर एक नजर डालना उपयोगी होगा । अपने ग्रंथ ‘पूँजी’ में मार्क्स बाज़ार में बिक्री के लिए आई हुई किसी भी वस्तु में दो तरह के मूल्यों की मौजूदगी मानते हैं । पहला तो है उपयोग मूल्य यानी बिकने के लिए उस वस्तु को उपयोगी होना चाहिए हालाँकि सभी उपयोगी वस्तुएँ बेची नहीं जा सकतीं मसलन हवा या धूप लेकिन बिक्री के लिए वस्तु का उपयोगी होना अनिवार्य है । यही उसमें निहित उपयोग मूल्य है जिसके आधार पर दूसरे उपयोग मूल्य से उसका लेन देन यानी विनिमय होता है । लेकिन यह विनिमय वस्तु के उपयोग मूल्य के आधार पर ही नहीं होता बल्कि इसमें विनिमय मूल्य भी शामिल हो जाता है जो उपयोग मूल्य से अधिक होता है । इससे पूँजीवाद का बुनियादी अंतर्विरोध पैदा होता है जो मार्क्स के मुताबिक उसकी सभी समस्याओं की जड़ में है । हम देख सकते हैं कि पूँजीवाद के विकास के साथ साथ यह अंतर्विरोध भी तीखा होता जाता है । उदाहरण के लिए पूँजीवाद में आजकल जो संकट आया है वह उत्पादन की बनिस्बत सट्टा बाज़ार के जरिए तुरंत मुनाफ़ा कमा लेने की होड़ का नतीजा है जिसके चलते पैसा डूबने की नौबत आने पर कुछ ऐसा होता ही नहीं जिसके जरिए बुनियादी लागत वापस मिल सके । पूँजी से पूँजी बनाने के इस पागलपन के दुष्परिणाम मार्क्स ने भी बताए थे । इसीलिए मेजारोस ने वर्तमान संकट की विशेषताएँ गिनाते हुए कहा है कि यह संकट एक झटके में नहीं आया बल्कि इसकी गति कछुआ चाल जैसी है । बैंकों से पैदा होकर धीरे धीरे यह फैला जा रहा है । किसी एक सेक्टर या एक देश तक सीमित रहने की बजाए यह सर्वाश्लेषी और सर्वव्यापी है । पूँजीवाद के भूमंडलीकरण के चलते इसका असर भी भूमंडलीय हो गया है ।  उनका कहना है कि वर्तमान दौर समाजवाद के लिए रक्षात्मक नहीं बल्कि आक्रामक दौर है । इस दौर की शुरुआत की बात करते हुए इसे वे पूँजी के संरचनागत संकट से जोड़ते हैं और इस संकट के लक्षण गिनाते हुए बताते हैं कि 1) यह सार्वभौमिक है, उत्पादन की किसी विशेष शाखा तक महदूद नहीं है 2) इसका प्रभाव क्षेत्र सचमुच भूमंडलीय है, किसी देश विशेष तक सीमित नहीं है 3) यह दीर्घकालीन, निरंतर, स्थायी है, पहले के संकटों की तरह चक्रीय नहीं है 4) इसका प्रकटीकरण रेंगने की गति से हो रहा है, नाटकीय विस्फोट या कोलैप्स की तरह नहीं ।
सोवियत संघ के पतन के बाद के शुरुआती झटके से उबरने और उसे समझने में जिन चिंतकों ने मदद की थी उनमें रणधीर सिंह अन्यतम हैं । उन्होंने मार्क्सवाद को पूँजीवाद की समग्र आलोचना के रूप में ग्रहण करने का प्रस्ताव किया है । उनके कहने का अर्थ यह है कि समाजवाद को पूँजीवाद की आलोचना के बतौर विकसित होना चाहिए था । मार्क्स ने पूँजीवाद की जो आलोचना की उसकी एक ध्वनि यह भी है कि वह मनुष्य के बुनियादी स्वभाव के अनुकूल नहीं होता क्योंकि मनुष्य बुनियादी तौर पर सामाजिक प्राणी होता है और पूँजीवाद मनुष्य को एक दूसरे से अलग करता है और उससे सहकार का भाव छीनकर आपसी प्रतियोगिता को उसके जीवन की शर्त बना देता है । समाजवाद इसी क्षति को खत्म करके मनुष्य को उसकी असली दुनिया प्रदान करता है । यहीं मेज़ारोस की इस आलोचना का अर्थ खुलता है जिसमें वे कहते हैं कि बीसवीं सदी की समाजवादी व्यवस्थाओं को महज पूँजीवाद का नहीं बल्कि पूँजी का ही विकल्प बनना था लेकिन उन्होंने अपना काम राजनीतिक क्रांति के संपन्न होने के बाद आर्थिक खुशहाली तक ही महदूद मानकर संतोष कर लिया था और इसे आगे ले जाने की कोई योजना नहीं बना सकी थीं । रणधीर सिंह ने इसका लक्षण इस बात को माना है कि महज आँकड़ों में आर्थिक उन्नति दिखाना समाजवाद की सफलता के साथ जोड़ दिया गया था ।
समाजवाद के निर्माण की समस्याओं पर बात करते हुए रणधीर सिंह कहते हैं कि पूँजीवाद की मार्क्स की आलोचना का केंद्रीय तत्व उत्पादकों से अतिरिक्त मूल्य का अधिग्रहण का तरीका है । इसलिए समाजवाद का मतलब महज पूँजीवादी शोषण, अतिरिक्त मूल्य के अधिग्रहण से मुक्ति नहीं है । यह सब जरूरी तो है लेकिन सब कुछ नहीं है । उत्पादन के साधनों के निजी स्वामित्व का खात्मा और उस पर सामाजिक स्वामित्व तो न्यूनतम शर्त है । इससे तो महज शुरुआत होनी होगी । लेकिन इस नए समाज में भी पूँजीवादी व्यवस्था के ‘जन्म चिन्ह’ बने रहेंगे । उन्हें हल करना उनका कर्तव्य होगा जो उस व्यवस्था में होंगे और मार्क्स को भरोसा था कि वे हमसे उन्नत होंगे क्योंकि हम तो वर्ग विभाजित समाज की पैदाइश हैं । समाजवाद की ओर संक्रमण की समस्याओं पर भी मार्क्स ने बहुत ध्यान नहीं दिया । एक बात लेकिन जरूर उनके लेखन से निकलकर आती है कि समाजवाद एक संक्रमणकालीन अवस्था होगा जो मनुष्य को साम्यवाद की ओर ले जाएगा । वे इस बात पर बल देते हैं कि समाजवाद को पूँजीवाद की तरह अलग किस्म का समाज नहीं मानना चाहिए । ऐसा समाज तो साम्यवाद ही होगा । समाजवाद एक तरह से साम्यवाद की निचली मंजिल हो सकता है । उसे हरेक मामले में पूँजीवाद से भिन्न होना होगा । उसके तहत संपत्ति संबंधों का आमूलचूल रूपांतरण होगा, उत्पादन का मकसद निजी मुनाफ़ा नहीं होगा, अर्थतंत्र पर सिर्फ़ कानूनी नहीं बल्कि वास्तविक सामाजिक नियंत्रण होगा, मानव कल्याण के लिए सामाजिक-भौतिक संसाधनों का जनवादी तरीके से नियोजन होगा । मार्क्स की पूँजीवाद की आलोचना के पीछे मनुष्य के प्रति उनका लगाव है इसलिए समाजवादी समाज को मनुष्य की क्षमता का भरपूर विकास कर सकने वाली व्यवस्था होना होगा । पूँजीवाद मूलत: गलाकाट प्रतियोगिता पर आधारित समाज है जो सिर्फ़ पूँजी के मालिकों के बीच ही नहीं होती वरन वह मनुष्य को भी उसकी अंतर्निहित सामाजिकता के बावजूद लालची और इर्ष्यालु बना देता है इसलिए इसके उलट समाजवाद को भाईचारा का आधान बनना होगा । उसी व्यवस्था में मनुष्य सही तौर पर सामाजिक मनुष्य होगा । वे यह भी कहते हैं कि समाजवाद की ओर यह संक्रमण दीर्घकालीन होगा ।
मेजारोस समाजवादी आक्रामकता के दौर की राजनीतिक कार्यवाही के लिहाज से कहते हैं कि ‘अर्थतंत्र की पुनर्संरचना’ तक अपने आपको सीमित रखने की रणनीति पर दोबारा सोचना चाहिए और उसकी जगह वर्तमान संदर्भ में ‘राजनीति के क्रांतिकारी पुनर्गठन’ के कार्यभार पर बल देना चाहिए । असल में राजनीति में संसदीय लोकतंत्र और कुछ नहीं बल्कि पूँजीवादी शासन पद्धति ही है । इस लिहाज से वे गैर-संसदीय कार्यवाही का अपार महत्व मानते हैं क्योंकि संसदीय ढाँचे में विरोध पूँजीवाद की सीमाओं के भीतर सुधार की संभावना पर आधारित है । इस संभावना ने वाम के भीतर ऐसी धारा को जन्म दिया था जो तमाम यूरोपीय देशों में शासक वर्ग के भीतर समाहित हो गए थे । लेकिन अब पूँजीवाद के भीतर ऐसी कोई संभावना बची नहीं है । इसका एक प्रमाण यह है कि जिस पूँजीवाद ने अपनी सुरक्षा के लिए ‘राष्ट्र-राज्य’ को जन्म दिया था आज वही उसे खत्म करने पर आमादा है ताकि पूँजी की वैश्विक लूट में रत्ती भर बाधा न रहे । इसीलिए सच्ची समाजवादी ‘आर्थिक पुनर्संरचना’ की अनिवार्य पूर्वशर्त ‘राजनीति का जनोन्मुखी पुनर्गठन’ है जिसमें राज्य सबके ऊपर कोई अधिरचना न रह जाय बल्कि जनता के कब्जे में रहे । यही रास्ता उसके खात्मे की ओर ले जाएगा जो मार्क्स की परिकल्पना थी ।
मार्क्स ने जिसे ‘सर्वहारा का अधिनायकत्व’ का आदर्श रूप माना था वह पेरिस कम्यून था जिसके बारे में रणधीर सिंह ने बताया है कि ‘सार्वजनिक चुनाव में चुने हुए कम्यून ने बुर्जुआजी की पुराना सैन्य-नौकरशाही की मशीनरी खत्म कर दी, संसदवाद की जगह निर्वाचित निकायों के प्रतिनिधियों के लिए बाध्यकारी राय जताने का जनता को अधिकार दिया और प्रभावी स्वशासन का विकल्प उपलब्ध कराया, नियमित सेना और पुलिस को भंग कर दिया और इसकी जगह जनता को हथियारबंद किया, नौकरशाही का खात्मा किया और सभी प्रशासनिक, न्यायिक, शैक्षिक और दीगर पदों पर सार्वभौमिक मताधिकार के आधार पर निर्वाचित अधिकारियों की नियुक्ति का प्रावधान किया, मतदाताओं की माँग पर किसी भी समय उन्हें वापस बुलाने का नियम बनाया, उनकी तनख्वाह को अन्य श्रमिकों के बराबर घोषित किया, पुलिस और पादरियों के राजनीतिक प्रभाव को बंद किया । आगे की उसकी योजना विकेंद्रित राजकीय व्यवस्था स्थापित करने की थी ताकि ‘राष्ट्र सच्चे मायनों में एकताबद्ध हो सके और इसके लिए राजसत्ता को खत्म किया जाना था जो उस एकता का साकार रूप होने का दावा करती थी लेकिन राष्ट्र से स्वतंत्र और ऊपर तथा उसका परजीवी अपशिष्ट बनी हुई थी ।’ जाहिर है ऐसा राजकीय निकाय सचमुच जनता के हाथ में सत्ता ही होगा ।
लैटिन अमरीकी देशों में चलने वाले प्रयोगों के प्रमुख सिद्धांतकार कनाडियाई मार्क्सवादी मिशेल लेबोविट्ज हैं और वे भी बीसवीं सदी के समाजवादी निर्माण की गलतियों से सीखने पर जोर देते हैं । उन्होंने विशेषकर वेनेजुएला की शावेज सरकार के प्रयोगों के इर्द गिर्द इक्कीसवीं सदी के समाजवाद के लिए कुछ नयी बातें कहते हुए अपने एक लेख ‘स्पेक्टर आफ़ सोशलिज्म फ़ार द 21 सेंचुरी’ में समाजवाद को तीन चीजों का समुच्चय माना है ।
1- उत्पादन के साधनों पर सामाजिक स्वामित्व: यह चीज राजकीय स्वामित्व से अलग है । इसके लिए गहन लोकतांत्रिकता की जरूरत है जिसमें जनता, उत्पादकों और समाज के सदस्य के बतौर हमारे सामाजिक श्रम के परिणामों के उपयोग के बारे में निर्णय लेगी । सामाजिक संपत्ति की उनकी धारणा में अतीत के संचित श्रम की केंद्रीयता है जिसमें औजार और कौशल शामिल हैं । अतीत का यह संचित श्रम हमें मुफ़्त मिलता है और इसी के साथ सहयोग के उपहार को जोड़ देने से सामाजिक उत्पादक शक्ति प्राप्त होती है । इसी सामाजिक विरासत के लिए लड़ाई एक तरह से वर्ग संघर्ष है । पूँजीवाद इसी विरासत से मनुष्य को अलग करता है और उसे पूँजी में बदलकर हथिया लेता है । इसको वापस हासिल करना और जीवित सामाजिक श्रम तथा अतीत के सामाजिक श्रम को संयुक्त करना समाजवाद के लिए आवश्यक है ।
2- मजदूरों द्वारा उत्पादन का संगठन: मजदूरों द्वारा संगठित उत्पादन से उत्पादकों के बीच नए रिश्तों की बुनियाद पड़ती है जो सहयोग और एकजुटता के होते हैं । इसके लिए मजदूरों को काम की जगह पर चिंतन और कर्म को आपस में जोड़ने की क्षमता विकसित करनी होगी । इससे उनमें निर्णय लेने का आत्म-विश्वास आता है । सभी जानते हैं कि चिंतन और कर्म के बीच विभाजन के जरिए शासक तंत्र ऐसे निठल्ले बौद्धिकों की जमात को जन्म देता है जो शासन की वैधता के लिए मूल रूप से तर्क तो जुटाते ही हैं अपनी जीवन शैली के जरिए उस तर्क का साकार रूप हो जाते हैं इसलिए मर्म और सोच के बीच फ़र्क का खात्मा समाजवादी निर्माण की जरूरत हो जाती है ।  
3- सामुदायिक जरूरतों और उद्देश्यों की संतुष्टि: यह बात मानव परिवार के सदस्यों के बतौर हमारी जरूरतों और हमारी साझा मानवता को मान्यता देने पर आधारित है । इसके लिए स्वार्थ से ऊपर उठने और समुदाय तथा समाज के बारे में सोचने के महत्व पर जोर देना होगा । जब तक हम निजी लाभ के लिए उत्पादन करते हैं तब तक दूसरों को प्रतिद्वंद्वी या ग्राहक ही समझते हैं यानी दुश्मन या अपने मकसद को पूरा करने का साधन और इसी कारण एक दूसरे से अलग थलग और एकांगी बने रहते हैं । पूँजीवादी समाज के मनुष्य की इसी एकांगिता को हर्बर्ट मार्क्यूज ने रेखांकित किया था । समाजवाद के आरंभिक त्रिक का यह पहलू आचरण में भिन्नता को मानकर एकता स्थापित करने पर बल देता है । इस तरह हम जनता में एकजुटता का निर्माण तो करते ही हैं अपने को भी अलग तरीके से उत्पादित करते हैं । यह क्रिया समाजवादी मनुष्य के पुनरुत्पादन की गारंटी करती है ।      
लेबोविट्ज अपने एक लेख ‘द इंपोर्टेंस आफ़ सोशलिस्ट एकाउनटेंसी’ में मेजारोस की एक नई धारणा ले आते हैं । उनका कहना है कि नया समाजवादी समाज बनाने के लिए नई धारणाओं का निर्माण करना होगा । ये नई धारणाएँ पूँजी की तार्किकता के मुकाबले सामाजिक तार्किकता की स्थापना करेंगी । इस सिलसिले में वे मेजारोस की ‘समाजवादी एकाउनटेंसी’ की धारणा का जिक्र करते हैं जो पूँजी के तर्क में निहित ‘एकाउनटिंग और एडमिनिस्ट्रेशन’ के बरक्स प्रस्तावित किया गया है । इसमें पूँजीवादी व्यवस्था के परिमाण पर जोर के विपरीत गुण पर जोर दिया जाना चाहिए । ध्यान देने की बात है कि आज जो बेरोजगारी पश्चिमी देशों में आम तौर पर 15% से ऊपर ही चल रही है वह पूँजीवादी व्यवस्था में कोई अपवाद नहीं, नियम है । इसी चीज को मार्क्स ने ‘मजदूरों की रिजर्व सेना’ की धारणा के जरिए चिन्हित किया था । पूँजीवाद के लिए इसका महत्व यह होता है कि बेरोजगारों के बल पर वह मजदूरी की दर कम बनाए रखने में कामयाब होता है । इतना ही नहीं मेजारोस का मानना तो यह है कि पूँजीवाद मूल तौर पर बरबादी का उत्पादन करता है । अब वह सचेत रूप से ऐसी वस्तुओं का उत्पादन कर रहा है जो जल्दी खराब हो जाएँ ताकि लोग ज्यादा से ज्यादा वही चीजें खरीदें । इसके बरक्स समाजवादी समाज में उत्पादन का लक्ष्य जनता की जरूरतों की सीधी संतुष्टि होना चाहिए । इसका दूसरा पैमाना स्वतंत्र समय की बढ़ती होना चाहिए जिसे मनुष्य अपने आपको साकार करने के लिए रचनात्मक तरीके से इस्तेमाल करेगा और अनिवार्य श्रम के समय की तानाशाही से आज़ादी हासिल करेगा । इस तरह समाजवादी लेखा जोखा ‘अनिवार्य श्रम समय’ के निषेध पर आधारित होगा । ‘इतिहास में आगे चलकर स्वतंत्र समय का उत्पादन मुक्ति की अनिवार्य शर्त होगा ।’ यह पूँजीवाद की इस स्थिति के विरोध में होगा जहाँ समय ही सब कुछ होता है, मनुष्य कुछ नहीं होता । समाजवादी लेखा की धारणा की जरूरत पूँजीवादी लेखा और सक्षमता की पूँजीवादी धारणा को तोड़ने के लिए है । स्वतंत्र समय मानव विकास और व्यवहार से जुड़ा हुआ है इसलिए समाजवादी लेखा की धारणा यहाँ आकर परिस्थिति को बदलने के साथ ही खुद को बदलने के क्रांतिकारी आचरण से मिल जाती है । इस तरह यह मानव क्षमता में विकास को भी समाहित करती है । जहाँ पूँजीवादी लेखा उत्पादन के समय को ध्यान में रखता है और मानव क्षमता का मूल्यांकन प्रति इकाई वस्तुओं के उत्पादन में लगे मानव श्रम के हिसाब से  करता है वहीं समाजवादी लेखा मनुष्य के लिए आवश्यक निवेश के आधार पर श्रमिक की क्षमता में विकास का आकलन करता है । यही बातें उन्होंने अपनी किताब ‘द सोशलिस्ट अल्टरनेटिव : रीयल ह्यूमन डेवलपमेंट’ में और भी प्रभावशाली तरीके से दुहराई हैं ।
हाल के दिनों में मार्क्सवाद की ओर रुझान को देखते हुए एक फ़्रांसिसी मार्क्सवादी एलेन बादू ने इस समय को मार्क्सवाद के उभार का तीसरा दौर कहा है । इसके पहले के प्रथम दौर को वे 1792 में फ़्रांसिसी गणतंत्र की स्थापना से लेकर 1871 में पेरिस कम्यून के पतन तक मानते हैं । उनके अनुसार इसके बाद का दूसरा दौर 1917 की रूसी क्रांति से शुरू होकर 1976 में चीन में माओ की सांस्कृतिक क्रांति के खात्मे तक चला था । नई पीढ़ी के लोगों को बदलाव की प्रक्रिया अभी तमाम किस्म के आंदोलनों के क्षणिक उभार में दिखाई दे रही है । हमने देखा कि पिछले कुछेक दशकों में विश्व सामाजिक मंच के गठन से लेकर सिएटल के प्रदर्शनों से होते हुए यह उभार 1% की सत्ता के विरुद्ध 99% द्वारा ‘अकुपाई वाल स्ट्रीट’ आंदोलन तक आ गया है । इसी उभार को आगे स्थायी प्रतिरोध की ओर ले जाने का रास्ता आंदोलनकारियों की इस नई पीढ़ी को मार्क्सवाद के भीतर नजर आ रहा है । इसका एक कारण यह भी है कि जहाँ पहले के लोगों के सामने शीत युद्ध की रणनीति के तहत समाजवादी देशों के नेताओं के राक्षसीकरण अभियान के कारण स्तालिन या माओ की नरभक्षी छवि होती थी वहीं नयी पीढ़ी के सामने मार्क्सवादियों के बारे में इस तरह का कोई खौफ़ नहीं रह गया है, उनके सामने तो पूँजीवाद की कारगुजारियों का ही त्रासद अनुभव  है ।  
यूरोप के कुछ देशों में नए तरह की वामपंथी राजनीति का उभार हुआ है । इसका बड़ा कारण वहाँ मध्य वर्ग की विशालता और बड़े पैमाने का नगरीकरण भी है । भारत में भी हमें इस परिघटना के दर्शन हो रहे हैं । मशालों की जगह विरोध का प्रतीक मोमबत्ती हो रही है और इसका असर सिर्फ़ दिल्ली नहीं सुदूर कस्बों तक पड़ रहा है । ये लोग प्रतिनिधित्व की जगह सामूहिकता को पसंद कर रहे हैं क्योंकि प्रतिनिधित्व की राजनीति ने उनके साथ लंबे दिनों तक छल किया है । इन सबके कारण भी संगठन और आंदोलन के मामले में फिर से संघवादी और सुधारवादी आवाजें सुनाई पड़ने लगी हैं । इसी को नव वाम जैसी धारा के बतौर भी चिन्हित किया जा रहा है । देखने में यह भी आ रहा है कि अनेक लोग जो विरोध की उत्तर आधुनिक धारा के साथ चले गए थे वे भी नए उत्साह के साथ वापसी कर रहे हैं लेकिन स्वभावत: अपने नए और भ्रामक सूत्रीकरणों के साथ । इसीलिए दोबारा सावधानी के साथ अपने को मार्क्सवादी कहने वालों के प्रति नए सिरे से आलोचनात्मक नजरिया अपनाने की जरूरत है ।