Friday, November 27, 2026

फ़ासीवाद विरोधी अर्थशास्त्र

 


2026 में रैंडम हाउस से इजाबेला वेबर की किताब ‘एन्टी-फ़ासिस्ट इकोनामिक्स: इन डिफ़ेन्स आफ़ अफ़ोर्डेबिलिटी, डिगनिटी, ऐंड डेमोक्रेसी’ का प्रकाशन हुआ । लेखिका के अनुसार फिसलने और गिर जाने के बीच का संक्षिप्त समय अनंत लगता है । ऐसा ही अनुभव उन्हें 2024 के चुनाव से पहले के महीनों में हुआ था । चुनाव की रात से कुछ सप्ताह पहले किसी पत्रकार ने उनके राजनीतिक जीवन की सक्रिय अवधि के बारे में पूछा । लेखिका न्यूरेमबर्ग की थीं । हिटलर की रैलियों की जगह होने के अतिरिक्त यह नगर नस्ली कानूनों की प्रयोगभूमि रहा था । बमबारी में एक ही रात में पूरा नगर तबाह हो गया । पचास साल बाद भी नगर के अंदरूनी हिस्सों में खाली जगहें हैं जहां कभी मकान हुआ करते थे । जर्मनी में हिटलर की सत्ता अतिशय मुद्रास्फीति और प्रचंड आर्थिक संकट के बीच आयी और समूची सभ्यता को तबाह कर डाला । उसने इसी नगर को अपनी पार्टी के समागम के लिए चुना ताकि अपने आपको पुरानी बादशाहत का जायज वारिस कह सके । वह भरोसा देना चाहता था कि वर्तमान आर्थिक संकट से उबारकर जर्मनी को उसका तथाकथित पुराना शाही गौरव वापस लौटाएगा ।

1990 के दशक में जर्मनी में हिटलरी आंदोलन का फिर से उभार हुआ । समाज के हाशिये पर मौजूद ये हिंसक तत्व लोकतंत्र के बेहद बुनियादी सिद्धांत को मटियामेट करना चाहते थे । मानव गरिमा की अनुल्लंघनीयता उनके लिए नाकाबिले बरदाश्त थी । न्यूरेमबर्ग में प्रदर्शन करके वे हिटलर के साथ खुद को जोड़ना चाहते थे । लेखिका को प्रशासन द्वारा इस प्रदर्शन की अनुमति पर आश्चर्य हुआ । दादी के साथ इसके विरोध में हुए प्रदर्शन में उन्होंने भी शिरकत की थी । वही उनका पहला सचेत राजनीतिक कदम था । पत्रकार को बताते हुए लेखिका को लगा कि उनके आर्थिक लेखन के पीछे की प्रेरणा यही फ़ासीवाद विरोध रहा है । लगातार वे मुद्रास्फीति को काबू में रखने की कोशिश करती रहीं । ब्याज दर बढ़ाने के मुकाबले कीमत को कम रखना उन्हें बेहतर लगा । उन्हें लगता रहा कि अमेरिका में ट्रम्प की वापसी का कारण यही मुद्रास्फीति होगी और इससे सारी दुनिया में चरम दक्षिणपंथ को उछाल मिलेगा । इसके मुकाबले अन्य अर्थशास्त्री लोगों को होने वाली तकलीफ की उपेक्षा करके उन्हीं नीतियों को सही कहते रहे जो फ़ासीवाद के पुनरुत्थान में सहायक होती हैं । असल में पिछले दशकों का नवउदारवादी अर्थतंत्र लोकतंत्र की रक्षा में नाकामयाब रहा । फ़ासीवादी और चरम दक्षिण की ताकतों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया की दुहाई देकर रोकना मुश्किल है जब इन प्रक्रियाओं से बहुसंख्यक आबादी को कुछ मिलता हुआ नजर नहीं आये । लोकतंत्र को हासिल करने के लिए फ़ासीवाद विरोधी अर्थतंत्र की जरूरत लेखिका को महसूस होती है ।

इस समय दुनिया सांस्थानिक बिखराव के संकट का सामना कर रही है । मुद्रास्फीति के साथ साथ वैश्विक श्रम विभाजन में भारी उथल पुथल मची हुई है । इसके साथ ही व्यापार युद्ध भी जारी है । वास्तविक युद्ध भी प्रत्यक्ष है । भोजन और ऊर्जा जैसी जरूरी चीजों को भी हथियार में बदल दिया गया है । मनुष्य का वासस्थल बदहाल है । महामारियों के खतरे के साथ ही विषमता भी खतरनाक हद तक पहुंच गयी है । आजीविका का संकट विश्वव्यापी हो चला है । जो नव उदारवादी अर्थतंत्र हमें विरासत में मिला है वह न तो इस संकट का कोई समाधान निकाल सकता है और न ही सबको सम्मानजनक जीवन दे सकता है । उसका तो दावा था कि बाजार का शासन ही संसाधनों के सामाजिक वितरण का एकमात्र सम्भव तरीका है । भोजन, ऊर्जा और दवा जैसी आवश्यक चीजें जब दुर्लभ होती जा रही हैं तब उनकी कीमत को बढ़ने देना जंगल के कानून को लागू करना है । अतिशयोक्ति न होगी कि इसका अर्थ बहुतों को मौत के मुंह में धकेल देना है । बाजार के शासन में भोजन और ऊर्जा संकट का यही अभिप्राय है कि जिनके पास क्रय क्षमता है वे तो मजे से उपभोग करते रहेंगे और शेष लोग महंगाई के मारे जीना सम्भव नहीं पाएंगे ।

जब बुनियादी जरूरियात की किल्लत हो तब बाजार के हाथ में सब कुछ छोड़ देना क्रय क्षमता की कमी वाले लोगों को घुन की तरह समझना है । मुक्त बाजार में सबको आजादी हासिल नहीं होती । कोई मनुष्य भोजन न करने का फैसला नहीं ले सकता । सम्मानजनक जीवन के लिए पोषक आहार, पर्याप्त छाया, यातायात, संचार और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच मिलनी चाहिए । नवउदारवादी भी मानते हैं कि बाजार के नियम से आजीविका की हानि होती है । मुद्रास्फीति के समाधान के लिए बेरोजगारी को झेलने का सुझाव भी अक्सर दिया जाता है या कर्ज में डूबे हुए देश पर कल्याणकारी व्यय में कटौती थोप दी जाती है । इस जरूरी दर्द की वकालत को कार्ल पोलान्यी ने फ़ासीवादी रोगाणु की तरह पहचाना था । यह रोगाणु बाजार को बुनियादी अर्थशास्त्र मानने के ही माहौल में पनपता है । इसी वजह से नवउदारवाद के साथ लोकतंत्र की गुजर नहीं हो पाती ।

जनता यथास्थिति के पक्ष में कभी नहीं रहती लेकिन नवउदारवाद विकल्पहीनता में यकीन करता है । अर्थतंत्र का सवाल सामने आते ही लोकतांत्रिक प्रतिनिधि अपंग हो जाते हैं । नवउदारवादी दुनिया में कहा जाता है कि राजनीतिक संगठन का सर्वोच्च रूप लोकतंत्र है लेकिन जब अर्थतंत्र की बात आती है जो हमारे जीवन की भौतिक बुनियाद है तो जनता के ये प्रतिनिधि बाजार की दुहाई देने लगते हैं । लेखिका को लगता है कि उनकी इस बात को बढ़ा चढ़ाकर कहा समझा जा सकता है लेकिन अर्थशास्त्र की किताबों का कहना यही है । बदलाव की आकांक्षा पर रोक और निष्क्रियता के पोषण से नवउदारवाद ने चरमपंथी दक्षिण के उभार की राह हमवार की है । सबके कल्याण में लोकतांत्रिक सरकारों की अक्षमता पर जोर देकर नवउदारवाद ने असहायता और अराजकता के बोध को गहराया है । इसी माहौल में चरम दक्षिणपंथ फलता फूलता है ।

दसियों साल विषमता का बोलबाला रहा । ऐसे में 2009 का वित्तीय संकट आने पर सरकारों ने आम लोगों की जगह बैंकों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करायी । चरम दक्षिण के उभार की प्रेरणा इससे मिली । मुद्रास्फीति के संकट ने आग में घी का काम किया । कोरोना के आगमन ने तो आपदा में अवसर ही पैदा कर दिया । कारपोरेशनों ने महामारी के दौरान वस्तुओं की कीमत ऊपर उठाकर जीवन जीना भी मुहाल कर दिया तो ढेर सारी लोकतांत्रिक सरकारें चुपचाप तमाशा देखती रहीं और बहुतेरे अर्थशास्त्रियों ने घोषित किया कि कीमतों के इस उछाल का कुछ नहीं किया जा सकता । यह तो बाजार का नियम है । लेखिका की तरह के अर्थशास्त्रियों ने कहा कि मुनाफ़ाखोरी के विरुद्ध जनता की रक्षा करना सरकारों का दायित्व है । इसके लिए कीमतों पर नियंत्रण के उनके प्रस्ताव का मजाक उड़ाया गया । सामाजिक समझुता तो यह था कि मजदूरों को मेहनत के बदले जीवन चलाने की सुविधा मिलेगी । वैसे भी मुद्रास्फीति के हालिया हमले से पहले दुनिया भर के मजदूर अपनी पगार की बदौलत मुश्किल से जीवन चला पा रहे थे । मजदूर तो अपना काम करते रहे लेकिन जीने के लिए आवश्यक सुविधाओं की लागत इतनी तेजी से उछली कि वे किनारे आ लगे । दुनिया भर के मजदूर जीने के मामले में यथास्थिति भी बरकरार नहीं रख पा रहे और अमीरों के मुनाफ़े में रकार्डतोड़ बढ़ोत्तरी जारी है । जनता के जीने पर संकट आया हुआ है और उसी समय मुनाफ़े में अभूतपूर्व उछाल भी आयी है । दोनों ही मिलकर सारी दुनिया में चरम दक्षिणपंथ को आगे बढ़ा रहे हैं और ट्रम्प को दुबारा सत्ता में ले आये हैं । विक्षोभ की विश्वव्यापी लहर पर वह सवार है और उसकी वापसी से उसके अंतर्राष्ट्रीय सहयोगियों को उत्साह मिला है ।

नवउदारवाद तो इस वादे के साथ आया था कि वह फ़ासीवाद की वापसी नहीं होने देगा । दशकों तक इसके समर्थक मुक्त बाजार को मुक्ति का पर्याय बताते रहे । असल में नवउदारवाद और फ़ासीवाद की साझा विचारधारा सामाजिक डार्विनवाद है । इसके अनुसार समाज के संगठन और संसाधनों के आवंटन का एकमात्र रूप अनवरत संघर्ष है । इस संघर्ष में कोई विजेता होगा तो कोई पराजित भी होगा । इसी मान्यता के चलते नवउदारवाद अपने वादे पूरे नहीं कर सकता । नवउदारवाद बाजार के कानून को प्राकृतिक कानून की तरह बना देता है लेकिन बाजार के तथाकथित अदृश्य हाथ की जगह बड़े कारपोरेट घरानों के मजबूत हाथ काम करते हैं । बाजार में हस्तक्षेप से इनकार के नाम पर बहुसंख्यक जनता की जरूरतों के मुकाबले मुनाफ़े के हितों को वरीयता देने का सिद्धांत काम करता है । असल में बाजार की बुनियादपरस्ती मुनाफ़े की ही बुनियादपरस्ती है । इसमें माना जाता है कि पूंजीवादी कारपोरेशनों द्वारा मुनाफ़े की चाह ही हमारे अर्थतंत्रों के प्रावधान का सबसे बेहतरीन सिद्धांत है । चूंकि यह मुनाफ़ा मुट्ठी भर धन्नासेठों को ही सबसे अधिक मात्रा में मिलता है इसलिए यह व्यवस्था अश्लील सामाजिक विषमता का उत्पादन करती है और अंतत: ऐसी अल्पतांत्रिकता को जन्म देती है जिसके साथ लोकतंत्र की किसी धारणा का कोई मेल नहीं होता  है ।

इसके बावजूद नवउदारवादी सार्वभौमिक होड़ को ही व्यक्ति द्वारा अन्य व्यक्तियों पर शासन को रोकने का एकमात्र उपाय मानते हैं ।  इस मोर्चे पर भी फ़ासीवाद के साथ उनकी सहमति है । फ़ासीवादी राज्य को समाप्त करके उसकी जगह देश और निजी सत्ता को रख देते हैं । नवउदारवादी राज्य को बाजार की गुलामी लागू करने वाला बना देना चाहते हैं या पूरी तरह रास्ते से हटा देना ही चाहते हैं । दोनों एक समान नहीं होते लेकिन दोनों ही मामलों में अमीर और ताकतवर यानी एकतंत्रवादी ही विजयी होते हैं । हाना आरेंट का कहना था कि फ़ासीवाद जनता को अलग अलग व्यक्तियों में बदल देना चाहता है जिनके बीच आपसी सामाजिक रिश्ते न रहें और वे सभी देश और नेता के प्रति वफ़ादार रहें । नवउदारवाद जिस तरह की होड़ को संगठन का एकमात्र तरीका समझता है उसका नतीजा लोगों का व्यक्तियों में बदल जाना ही होगा । संकट के समय भी वह सामूहिकता की ताकत को मान्यता नहीं देता । बहुस्तरीय आपात स्थिति में नवउदारवाद ने लोकतंत्र के साथ पटरी बैठाने में खुद को अक्षम साबित किया है और इसलिए फ़ासीवादी प्रवृत्तियों के सामने प्रतिरोधक की तरह खड़ा नहीं हो सकता ।

लेखिका के अनुसार फ़ासीवाद को परिभाषित करना मुश्किल है और किताब भी फ़ासीवाद के बारे में नहीं है । इसका मकसद ऐसे अर्थतंत्र की वकालत है जो फ़ासीवाद की वापसी की जगह उसे दूर रख सके । फ़ासीवाद को देखकर ही पहचाना जा सकता है । अन्य वादों की तरह फ़ासीवाद का कोई सुसंगत सिद्धांत नहीं है । उसका कोई निश्चित कार्यक्रम भी नहीं होता । इसकी अर्थव्यवस्था किसी निश्चित या सुसंगत सिद्धांत पर आधारित नहीं होती । लेकिन उसके बारे में तय है कि तानाशाहों के चुनिंदा समूह का प्रभुत्व कायम करने का उन्माद उसमें होता है और इसके लिए वह हिंसक साधन अपनाता है । व्यक्तियों में भिन्नता को वह मानता है कमजोर पर बलवानों, सबके ऊपर अमीरों, स्त्रियों पर पुरुषों, मानवता पर चुनिंदा लोगों के समूह, मजदूरों और छोटे व्यवसायियों पर कार्टेलों और इजारेदाररों के प्रभुत्व को जायज समझता है । फ़ासीवाद में अनवरत संघर्ष चलता रहता है और खतरा हर समय मंडराता रहता है । मार्टिन लूथर किंग ने फ़ासीवाद को नस्लवाद कहा था और नस्लवाद को वे जीवन से नफ़रत पर आधारित दर्शन मानते थे । इसमें हिंसा को ऐसी ताकत माना जाता है जिसका प्रयोग अर्थतंत्र समेत जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अबाध ढंग से होना चाहिए । फ़ासीवाद होड़ के तर्क को मनुष्य के मूल्य का सबसे बड़ा और एकमात्र निर्धारक बना देता है ।

आज का समय आपदा का समय है । प्रलय जैसी इस वेला में जिस भावना का उदय हुआ है उसे नाओमी क्लीन और एस्ट्रा टेलर ने प्रलयकालीन फ़ासीवाद कहा है । लेकिन लेखिका फ़ासीवाद के वर्तमान उभार की गतिकी को कोई नयी बात नहीं मानतीं । चतुर्दिक संकट के बोध को विद्वानों ने फ़ासीवाद के प्रति आकर्षण से जोड़कर देखना बहुत पहले शुरू कर दिया था । संकट गहराने के साथ उसके आर्थिक प्रभाव लोगों के घर तक पहुंचना शुरू कर देते हैं । बाजार की ताकतों को लोग अपने काबू से बाहर की चीज समझते हैं और उनका शिकार होने से घबराते हैं । जब नवउदारवादी सरकारें उनकी रक्षा में आगे आने इनकार कर देती हैं यो यह भय और भी गहरा जाता है । जिनको लोगों ने अपना प्रतिनिधि चुना था वे ही जब उनके हितों से किनारा कर लेते हैं तो आर्थिक असुरक्षा की भावना बढ़ जाती है । तब लोग बलि का बकरा खोजना शुरू करते हैं । जिनका जीवन स्तर गिर रहा है, जिनका भविष्य अंधकार में है और जिनको दुश्चिंता खाये जा रही है उन्हें फ़ासीवादी प्रचारक समझाते हैं कि समस्या घुसपैठियों ने पैदा की है और वे देश को कमजोर कर रहे हैं । इस तरह देश के भीतर ही बाहरी दुश्मन खोजे जाते हैं और उनसे लड़ाई का नाटक शुरू होता है । इतना ही काफी नहीं, दुनिया में देश की साख गिरने का भय भी परोसा जाता है । इसके बाद देश की प्रतिष्ठा वापस लाने के लिए उसकी तथाकथित श्रेष्ठता का गुणगान भी शुरू हो जाता है । इस समय चीन के उत्थान का मतलब पश्चिम की बरतरी के इतिहास का अंत है । श्रेष्ठता के इस पराभव की आशंका से बड़ी कोई चीज नहीं । फ़ासीवादी नेता जोर देकर कहते हैं कि पश्चिमी सभ्यता की श्रेष्ठता की वापसी सबसे जरूरी काम है । इसकी प्रतिष्ठा के लिए हिंसा का भी सहारा लेने में गुरेज नहीं करना चाहिए ।

खास बात यह कि सबसे अधिक मुट्ठी भर अमीरों को छोड़ दें तो शेष जनता के लिए यह फ़ासीवादी सपना धोखा है । जिस संकट से निजात दिलाने की इससे उम्मीद की जा रही है असम में वह उसमें और अधिक फंसा देने की राह तैयार कर रहा है । अमीर और ताकतवर लोग तो अपने आरामदेह जीवन के लिए समुद्र में, आजाद नगरों में या अन्य ग्रहों पर किले बना रहे हैं जहां उनकी सेवा में कृत्रिम बुद्धि और रोबोट लगे रहेंगे । इसके बरक्स आम जनता इस धरती के असहनीय तापवृद्धि में जलने के लिए छोड़ दी जाएगी । इस प्रलयकालीन फ़ासीवाद का मकसद आजीविका के संकट का सामना करना और मानवता तथा धरती को बचाना नहीं चुनिंदा लोगों की रक्षा का कवच निर्मित करना है । दक्षिणपंथी सरकारें अधिकाधिक आपातकालीन अध्यादेशों के सहारे शासन चला रही हैं तथा अराजकता को जन्म दे रही हैं ताकि उन्हें अपनी ताकत दिखाने का मौका मिले । अवांछित आबादी को जलती हुई धरती पर भूखे मरने के लिए छोड़ दिया गया है ।                  

लेखिका के अनुसार संकट के ऐसे क्षण सम्भावना के भी होते हैं । फ़ासीवाद हमें मौत की सौगात परोस रहा है । बाजार के समक्ष नवउदारवादी समर्पण आजीविका की कुर्बानी को सहन करने की नसीहत दे रहा है । लेकिन इन हालात के विकल्प भी हैं । भविष्य के नाम पर गलाकाट प्रतियोगिता का दु:स्वप्न और चुनिंदा सामाजिक समूहों का प्रभुत्व ही एकमात्र विकल्प नहीं रह गया है । यथास्थिति का वास्तविक विकल्प खड़ा करना होगा । इसमें चुनिंदा लोगों की जगह सबकी चिंता होगी, साम्राज्यवाद की जगह एकजुटता होगी, पराजयबोध की जगह लोकतांत्रिक सक्रियता होगी और होड़ की जगह देखरेख का आम माहौल होगा । लेखिका महज इन नारों तक सीमित नहीं रहना चाहतीं । वे नवउदारवाद का ठोस आर्थिक विकल्प चाहती हैं और फ़ासीवाद की ओर फिसलने से बचाव हेतु जनता की तात्कालिक समस्याओं और चुनौतियों के समाधान का ठोस उपाय मूर्त होते देखना चाहती हैं ।

उनके तईं फ़ासीवाद विरोधी अर्थशास्त्र में अर्थतंत्र को जीवन की सेवा में लगना चाहिए । इसकी शुरुआत जीवन की बुनियादी जरूरतों के निर्माण और सुनिश्चिति से होगी । सबके लिए सम्मानजनक जीवन की भौतिक बुनियाद तैयार करना इसका मकसद होगा । किसी भी सार्थक लोकतंत्र की शुरुआत यहीं से होती है । इसका मतलब प्रत्येक मनुष्य के लिए जीवन चलाना सहज और सुलभ होगा । इसके लिए बुनियादी जरूरतों की कीमतें उनकी पहुंच के भीतर होनी होंगी । इनके प्रावधान स्थायी होने होंगे । इसके साथ ही सम्मानजनक रोजगार और आमदनी भी आवश्यक है । जो काम कर सकते हैं उनके लिए काम और जो नहीं कर सकते उनके लिए सामाजिक सुरक्षा का प्रावधान करना होगा । कृत्रिम बुद्धि के आगमन से यह काम और भी जरूरी हो गया है । इनको मिलाकर ही वैकल्पिक आर्थिकी का ढांचा तैयार होगा । अगर सरकारें जरूरी वस्तुओं की कीमतों को स्थिर रख सकें तो आपूर्ति संकट से निपटने के लिए बेरोजगारी और सरकारी कर्ज का रास्ता अपनाना आवश्यक नहीं होगा । मुद्रास्फीति को काबू करने का वैकल्पिक आर्थिक उपाय जीने लायक पगार के साथ सबके लिए रोजगार को प्राप्य लक्ष्य बना देगा । सरकारें यदि जरूरी वस्तुओं पर दावा करें और बड़े पैमाने पर सार्वजनिक निवेश करें तो समूची अर्थव्यवस्था को स्थिर रखना सम्भव है । इससे अकूत मुनाफ़ा कमाने पर रोक लगेगी और मुट्ठी भर कारपोरेट घरानों का कब्जा भी टूटेगा । लोकतंत्र के लिए जरूरी है कि संपत्ति का अश्लील संकेंद्रण न हो तथा आमदनी और ताकत में भारी विषमता न पैदा हो । इसलिए ही धन्नासेठों पर कराधान और इजारेदारी पर रोक आवश्यक हैं । फ़ासीवाद विरोधी अर्थशास्त्र का एक काम शक्ति संतुलन को मजदूरों और जनता के पक्ष में झुकाना है । यही काफी नहीं है कि चंद लोगों के पास धन के संचय को समाप्त किया जाए और कारपोरेट सत्ता को काबू में रखा जाए । इसके लिए जान केनेथ गालब्रेथ ने प्रतिसंतुलन की ताकतों का निर्माण भी आवश्यक बताया है ।                                                                         

आजीविका पर आये वर्तमान संकट के समाधान के लिए जीवन और उत्पादन पर जनता का बुनियादी दखल बहुत ही आवश्यक हो गया है । जब आपदाओं से कारपोरेट घराने अकूत मुनाफ़ा पीट रहे हों तो बचाव का यही भरोसेमंद उपाय रह जाता है । बुनियादी जरूरतों के क्षेत्र में स्थिरता से सबको रोजगार भी करणीय सम्भावना बन जाती है । इसके साथ न्यूनतम मजदूरी और कार्यस्थल के मानक हालात को मिला दें तो मजदूरों और उनके संगठनों की ताकत में भी बढ़ोत्तरी होगी । ताकत का बंटवारा जेंडर के हिसाब से भी करना जरूरी है । देखरेख के काम को सार्वजनिक क्षेत्र में लाकर उसमें बड़े पैमाने का निवेश करना होगा । इससे कम पगार और कम मूल्य वाले इस क्षेत्र में सार्थक रोजगार पैदा होगा और मजदूरी भी वाजिब मिलेगी । पितृसत्ता की वापसी के समय स्त्रियों के अधिकार के लिए यह बेहद जरूरी है ।

जलवायु के मामले में आपदाओं के समय में आजीविका के प्रावधान हेतु जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता उचित नहीं है । भोजन, आवास, ऊर्जा और यातायात जैसे बुनियादी क्षेत्रों का हरितीकरण करना होगा । इसका मतलब ऐसी रणनीति अपनाना होगा जो बदलाव के साथ स्थिरता को भी ध्यान में रखे । लक्ष्य है कि जीवन और उत्पादन की बुनियादी जरूरतों के क्षेत्र से मुनाफ़ाखोरी को बाहर किया जाए,  सबको उन्हें सुलभ कराने के लिए उनका पुनर्गठन किया जाए और धरती की सीमाओं का ध्यान रखते हुए प्रावधान के सातत्य की गारंटी की जाए । लेखिका ने साथ ही राज्य के सवाल को भी उठाया है । उनका कहना है कि क्रूर फ़ासीवादी राज्य सर्वाधिक बर्बर क्षमता से लैस होता है । बाजार के समक्ष समर्पण के समय भी राज्य की क्षमता में कोई खास कमी नहीं आयी । इसके मुकाबले हमारा लक्ष्य सबके लिए आर्थिक सुरक्षा तथा कारपोरेट सत्ता पर अंकुश लगाना होना चाहिए ।

सैन्य प्रभुत्व की साम्राज्यवादी परियोजना को फ़ासीवाद आगे बढ़ाना चाहता है । इसके विरोधी अर्थशास्त्र को मानना होगा कि जीवन की बुनियादी सुविधाओं के सुलभ होने, गरिमापूर्ण जीवन और लोकतंत्र के लिए शांति और अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक सहकार के नये रूपों की आवश्यकता है । ईरान के युद्ध ने तो दिखा ही दिया कि बुनियादी जरूरतों की कीमत कम रखना और युद्ध को जारी रखना एक साथ सम्भव नहीं है । फ़ासीवाद को यह कहकर कतई नहीं रोका जा सकता कि यूरोपीय या अमेरिकी मजदूरों की चिंता तो हम करेंगे लेकिन एशियाई, अफ़्रीकी और लैटिन अमेरिकी जनता की हमें कोई परवाह नहीं । ऐसी संस्थाओं के निर्माण की जरूरत है जो उत्तरी गोलार्ध के कामगारों के साथ ही दक्षिणी गोलार्ध के विकास की भी परवाह करें तथा मुक्त व्यापार या व्यापार युद्ध के विकल्प से बाहर देखें ।