Saturday, March 5, 2016

वर्ग विहीन समाज

            
वर्ग विहीन समाज का स्वप्न केवल मार्क्सवादियों का नहीं, बल्कि विषमता का विरोध करने वाले सभी तरह के लोगों का स्वप्न रहा है । ज्ञातव्य है कि मार्क्स-एंगेल्स के पहले से ही साम्यवादी गुट थे जो समाज से वर्ग आधारित विषमता को समाप्त करने के लिए लड़ रहे थे । इन कम्युनिस्टों में इतिहास में ऐसे समाज की कल्पना लोकप्रिय थी जिसमें अभी वर्ग विभाजन नहीं हुआ था । आम तौर पर इसे ही ‘आदिम साम्यवाद’ कहा जाता है । ‘कम्युनिस्ट पार्टी का घोषणापत्र’ में पहला ही वाक्य है- अब तक का समूचा इतिहास वर्ग संघर्ष का इतिहास रहा है । इसमें बाद में एक संशोधन करके इतिहास को ज्ञात इतिहास लिखा गया जिससे स्पष्ट है कि जबसे मनुष्य को अपने इतिहास का ज्ञान है तबसे समाज में वर्ग विभाजन मौजूद है । उसके पहले की अवस्था ही वर्ग विहीन समाज की कल्पना का आधार बना ।     
मार्क्स ने वर्ग विहीन समाज या साम्यवादी भविष्य को असंभव कल्पना की जगह पूंजीवादी समाज से ही उत्पन्न साबित किया । इसके लिए उन्होंने इसके निर्माण की प्रक्रिया को दो हिस्सों में बांटा है । पहला चरण पूंजीवादी समाज के साम्यवादी समाज में क्रांतिकारी रूपांतरण की अवधि है । इस अवधि में साम्यवादी समाज अभी अपनी ही बुनियाद पर नहीं खड़ा होता बल्कि जिस पूंजीवादी समाज के गर्भ से पैदा होता है हरेक मामले में उसके जन्म चिन्ह लिए हुए होता है । इसकी कोई निश्चित अवधि का संकेत मार्क्स ने नहीं किया है लेकिन इसकी समाप्ति के बाद क्रमश: दूसरा चरण शुरू हो जाता है । पूंजीवाद के खात्मे के बाद स्थापित नए राज्य का प्रमुख दायित्व मानसिक और शारीरिक श्रम के बीच भेदभावपरक अंतर की तरह ही खेती और उद्योग तथा शहर और देहात के बीच अंतर को खत्म करना भी होना चाहिए । सभी बच्चों के लिए मुफ़्त शिक्षा, कारखाने से बाल श्रम का खात्मा और शिक्षा के साथ उत्पादक श्रम को जोड़ना बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है । कारखानों में क्रांति के फलस्वरूप काम के हालात में सुधार होगा । काम को सबसे पहले सहनीय, फिर रुचिकर और अंतत: मानवीय बनाना इन सुधारों का लक्ष्य होगा । काम के घंटे कम करना यानी अवकाश को मूल्यवान समझना होगा । उत्पादन के क्षेत्र में किसी वस्तु का कितना उत्पादन होगा इसका फ़ैसला योजना बनाने वाले सामाजिक जरूरत, उपलब्ध श्रम काल और उत्पादन के साधनों के मद्दे नजर करेंगे । इस दौर में लोगों को वही प्राप्त होगा जो वे समाज को देंगे । इसकी गणना श्रम-काल में होगी । इस दौर में धन की बजाए मार्क्स के शब्दों में ‘सर्टिफ़िकेट’ और ‘वाउचरों’ का इस्तेमाल होगा । उनके अनुसार ये वाउचर धन नहीं हैं क्योंकि उनका परिचालन नहीं होगा । इस तरह मजूरी के नकद भुगतान की ताकत और चलन के खात्मे से मुद्रा प्रणाली को समाप्त किया जाएगा ।
साम्यवाद के प्रथम चरण की समाप्ति के साथ ही साम्यवाद का दूसरा चरण क्रमश: प्रकट होगा । पूंजीवाद द्वारा छोड़ी गई तथा प्रथम चरण में कई गुना बढ़ाई गई समृद्धि के चलते यह समय सामग्री वस्तुओं की प्रचुरता का समय होगा । बंजर जमीन में खेती शुरू हो गई होगी । कारखानों में काम करना सुखद हो गया होगा । शिक्षा के पुनर्गठन के चलते सबको कारखाने और कक्षा में प्रशिक्षण दिया जा रहा होगा । यह सब साम्यवाद की बुनियाद बनेगा । इसमें 1) श्रम विभाजन खत्म हो गया होगा इसलिए जो जिस भी काम को जरूरी समझेगा उसे करने में सक्षम होगा । 2) काम, उपभोग, और अवकाश के वक्त दूसरों के साथ और दूसरों के लिए काम व्यक्ति के जीवन का ज्यादातर हिस्सा होगा । 3) जमीन से लेकर समुद्र और भोजन तक सब कुछ सामाजिक स्वामित्व के मातहत होगा । 4) समूची दुनिया मनुष्य के मकसद के लिए सचेत तौर पर उत्पादित वस्तुओं से बनी होगी । प्राकृतिक शक्तियों के ज्ञान और उन पर नियंत्रण के जरिए मनुष्य अपने भाग्य का निर्धारण खुद ही करेगा । 5) लोगों की गतिविधियों को संगठित करने के लिए बाहरी ताकत की जरूरत नहीं होगी । 6) राष्ट्र, नस्ल, धर्म, रिहायश, पेशा, वर्ग और परिवार पर आधारित सभी मानव विभाजन खत्म हो जाएंगे । इसी तरह मनुष्य का समाजीकरण और समाज का मानवीकरण होगा ।


साहित्य का इतिहास दर्शन

           
साहित्य का इतिहास दर्शन साहित्य को देखने का एक नजरिया है । अनुशासन के रूप में इसका विकास साहित्य के बारे में रूपवादी और संरचनावादी दृष्टिकोण के विरोध में हुआ क्योंकि ये दृष्टिकोण साहित्यिक रचना को रचनाकार अर्थात लेखक और उसके ग्रहीता अर्थात पाठक से पूरी तरह अलगाकर उसे स्वायत्त ‘पाठ’ में बदल देते हैं । किसी कृति के अर्थ को खोलने के लिए ये दृष्टियां समाज और इतिहास का हस्तक्षेप जरूरी नहीं मानतीं और इसके लिए केवल अन्य पाठों का संदर्भ ग्रहण करने पर जोर देती हैं । हालांकि कलावाद अनिवार्य तौर पर इतिहास का विरोध नहीं करता, बल्कि इतिहास को ही अपने में ढाल लेता है । कला के प्रसिद्ध सामाजिक इतिहासकार आर्नल्ड हाउजर ने ‘कला का इतिहास दर्शन’ में अलाइस रीग्ल और हाइनरिह वोल्फ़्लिन नामक दो जर्मन विचारकों के मतों का उल्लेख किया है जो मानते थे कि कला का इतिहास बिना नाम के लिखा जा सकता है क्योंकि विकास तो कला की तकनीकों का होता है । कला की इन तकनीकों में होने वाले बदलावों में एक पैटर्न होता है और वह पैटर्न ही उसका इतिहास है । इसके लिए वे विकास की जगह उद्विकास की धारणा प्रस्तावित करते हैं जिसमें वनस्पतियों के विकास की तरह कला के विकास में भी आंतरिक गुणों की वृद्धि ही दिखाई पड़ती है, बाहरी परिस्थितियों का प्रभाव प्रत्यक्ष नहीं होता । इसके विरोध में हाउजर इतिहास की ऐसी धारणा का पक्ष लेते हैं जिसमें आंतरिक तर्क से विकास तो हो ही, युगांतरकारी बदलावों के कारक कला के भीतर की तकनीकों की जगह बाहरी समाज में होने वाले परिवर्तनों के प्रभाव हों ।    
प्रसिद्ध जर्मन साहित्य चिंतक राबर्ट वाइमान ने ‘स्ट्रक्चर एंड सोसाइटी इन लिटरेरी हिस्ट्री’ में कहा है कि साहित्य के इतिहास दर्शन के लिए साहित्य की ऐतिहासिक प्रकृति और उसकी सामाजिक भूमिका की समझदारी जरूरी है । इसके लिए रचना के लिखे जाने के समय के ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य और वर्तमान की सामाजिक सांस्कृतिक जरूरतों की समझ के बीच संवादी संबंध स्थापित करने की कोशिश करनी पड़ती है । इसका कारण यह है कि तेजी से बदलते सामाजिक संदर्भ में अतीत का साहित्य हमेशा नई अर्थवत्ता प्राप्त करता है । साहित्यिक रचनाओं में इसी प्रक्रिया में नए अर्थ या मूल्य पैदा होते हैं और उनकी प्रासंगिकता को फिर से पहचाना जाता है । इसके संधान को ही वे ‘विगत अर्थवत्ता’ और ‘वर्तमान सार्थकता’ के बीच का संवादी गुण मानते हैं । इसके लिए वे कला और यथार्थ तथा व्यक्ति और समाज के बीच नए और जटिल संबंधों की समझदारी आवश्यक मानते हैं । इसी तरह उनका कहना है कि साहित्य की संरचना उसके सामाजिक कार्य-संपादन से जुड़ती है । सामाजिक गतिविधि के रूप में साहित्य के लेखन और उसके पठन के बीच बुनियादी रिश्ता बनता है जो अपनी प्रकृति में ऐतिहासिक होता है । यह लेखक के रूप में व्यक्ति के आत्म और उसके सामाजिक अस्तित्व के बीच एकता और अंतर्विरोध की कल्पनाजन्य अनुभूति है । इसमें तात्कालिक रूप से ही सही व्यक्ति का समाजीकरण और समाज का वैयक्तीकरण होता है । अतीत के अधिकांश महान लेखन की यही सामाजिक भूमिका है और वर्तमान में पढ़ने की भी यही सच्ची भूमिका है । उनका कहना है कि लिखना और पढ़ना इतिहास में मनुष्य की समग्र गतिविधि का अंग है । इतिहास के बारे में इसी किस्म के नजरिए से इतिहास सामाजिक बदलाव, संघर्ष और नियंत्रण की ऐसी समग्र प्रक्रिया के बतौर दिखाई पड़ता है जिसमें न केवल प्रकृति के साथ मनुष्य का द्वंद्वात्मक रिश्ता बल्कि वर्गों और व्यक्तियों के संघर्ष तथा सांस्कृतिक जरूरतों और सौंदर्यात्मक गुणों का उदय और विकास भी शामिल होता है ।   
विचारणीय विषय में तीन पद हैं- साहित्य, इतिहास और दर्शन, जिनकी थोड़ी व्याख्या इस अनुशासन की समझ के लिए जरूरी है । कलात्मक रचनाएं होने के नाते साहित्यिक कृतियां अतुलनीय दिखाई पड़ती हैं और इसीलिए इतिहास लेखन के लिए आवश्यक किसी भी समूहन से इनकार करती हैं । दूसरी ओर इतिहास का अनुशासन मुख्य तौर पर राजनीतिक और समाजार्थिक बदलावों पर ध्यान देता है । अगर हम सतही तौर पर देखें तो इन बदलावों में किसी भी व्यवस्था का अभाव दिखाई पड़ेगा । इतिहास लिखने के लिए ऊपर से अव्यवस्थित दिखाई पड़ने वाले इन बदलावों के बीच कोई व्यवस्था स्थापित करनी पड़ती है । ‘कार्य-कारण श्रृंखला’ और ‘प्रगति’ जैसी धारणाओं के जरिए इस घटना प्रवाह में व्यवस्था कायम की जाती है । आम तौर पर इसे ही इतिहास दर्शन कहा जाता है । साहित्यिक इतिहास के लिहाज से इस इतिहास दर्शन को परिष्कृत करना पड़ता है क्योंकि साहित्य के बदलाव समाज या अर्थतंत्र के बदलावों से थोड़ा अलग तरीके के होते हैं । हिंदी साहित्य के इतिहास लेखन के लिए आचार्य रामचंद्र शुक्ल ने एक ढाँचा प्रस्तावित किया था । वही इस बात का प्रमाण है कि साहित्य के इतिहास लेखन के लिए रचनाओं और रचनाकारों का परिचय देने से आगे बढ़कर एक ऐतिहासिक दृष्टि अपनाने की जरूरत पड़ती है ।
जब भी इतिहास लिखा जाता था तो इतिहास लेखक उसे वृत्तांत से अलगाने के लिए अलग अलग घटनाओं को आपस में जोड़ने का कोई न कोई ढाँचा बनाते थे लेकिन उसे अलग से सूत्रबद्ध करने की जरूरत उन्हें नहीं महसूस होती थी । जर्मन दार्शनिक हेगेल ने इसे पहली बार व्यवस्थित किया । उन्होंने माना कि असली इतिहास विचारों का होता है और मानव समाज किसी न किसी परम विचार को अमली जामा पहनाने के लिए प्रयासरत रहता है । इसी क्रम में इतिहास आगे बढ़ता है यानी ‘प्रगति’ होती है । इसी आधार पर उन्होंने विचारों का विकास रुक जाने पर उसे ‘इतिहास का अंत’ कहा । दर्शन का एक अंग सौंदर्यशास्त्र माना जाता है और इसीलिए सभी दार्शनिक सौंदर्यशास्त्र पर भी लिखते हैं । हेगेल ने भी ‘हाइडेलबर्ग लेक्चर्स आन ऐस्थेटिक्स’ शीर्षक पुस्तक लिखी जिसमें सौंदर्यशास्त्र के अंग के बतौर साहित्य के कुछेक सवालों पर प्रकाश डाला गया है । उदाहरण के लिए आधुनिक काल में पुनर्जागरण के बाद जन्मी मानव समाज की विवेक दृष्टि से उन्होंने गद्य के उदय को जोड़ा है । उनका कहना था कि आधुनिक काल की तर्कणा की अभिव्यक्ति गद्य में ही संभव है । इसी तरह उन्होंने उपन्यास को ‘मध्य वर्ग का महाकाव्य’ कहा था । हिंदी में आम तौर पर इस परिभाषा की व्याख्या करते हुए ‘मध्य वर्ग’ का वही अर्थ समझा जाता है जो इस समय प्रचलित है जबकि हेगेल के समय इसका मतलब उभरता हुआ शहरी बुर्जुआ वर्ग होता था । अर्थात इस परिभाषा के अनुसार उपन्यास उभरते हुए बुर्जुआ वर्ग का महाकाव्य है । साहित्य का माध्यम भाषाएं होती हैं । इनके भी उत्थान पतन को व्यापक ऐतिहासिक बदलावों के संदर्भ में ही समझा जा सकता है अन्यथा कुछ भाषाओं को आधुनिक कहना संभव नहीं होता, न ही कुछ को प्राचीन । साहित्य की भाषा के रूप में किसी भाषा की जगह दूसरी भाषा के आगमन के पीछे भाषा में निहित कोई गुण नहीं होता, बल्कि अनेक साहित्येतर अर्थ-राजनीतिक कारण होते हैं ।
हेगेल के चिंतन से आगे बढ़ते हुए मार्क्स ने कहा कि मनुष्य इतिहास निर्माण की प्रक्रिया में किसी ‘परम विचार’ का दास नहीं होता, बल्कि वह इतिहास को सचेत रूप से बनाता और बदलता है । यह बदलाव कोई बाहरी घटना नहीं, उसका अपने आपको बनाना और बदलना होता है क्योंकि कोई भी बदलाव मनुष्यों के दिमाग से होकर गुजरता है । साहित्य उस व्यापक सृजनात्मक भंडार का अंग होता है जिसका उत्पादन मनुष्य अपनी सौंदर्यबोधीय संवेदना की संतुष्टि के लिए करता है और इस संवेदना का विकास मनुष्य ने अपने सामाजिक अस्तित्व के उत्पादन के विकास-क्रम में किया है । मार्क्स के चिंतन के प्रभाव से साहित्य के विश्लेषण में ‘नव-इतिहासवाद’ और ‘सांस्कृतिक भौतिकवाद’ की धाराओं का जन्म हुआ । जार्ज लुकाच ने ऐतिहासिक भौतिकवाद और साहित्य-रूप, खासकर यथार्थवाद और ऐतिहासिक उपन्यास के रिश्तों की समझ में इजाफा किया । उन्होंने फ़्रांसिसी उपन्यासकार बाल्जाक और रूसी उपन्यासकार तोलस्तोय के प्रसंग में यह महत्वपूर्ण सवाल उठाया कि इन दोनों की घोषित विचारधारा के प्रतिक्रियावादी होने के बावजूद याथार्थ के चित्रण की उनकी प्रतिबद्धता उन्हें परिवर्तनकामी ताकतों के साथ खड़ी कर देती है । इसके बाद के प्रमुख मार्क्सवादी सिद्धांतकार रेमंड विलियम्स ने ग्रेट ब्रिटेन में ‘सांस्कृतिक भौतिकवाद’ की धारणा का विकास किया और संस्कृति अध्ययन का आंदोलन चलाया जिसके तहत साहित्य को समूचे सांस्कृतिक उत्पादन का अंग मानकर उस पर विचार किया जाता था । अभिव्यक्ति के अलग अलग माध्यमों को एक साथ रखकर विचार करने के क्रम में संस्कृति के लोकप्रिय रूपों की भूमिका को भी समझा गया ।
‘कला का इतिहास दर्शन’ में आर्नल्ड हाउजर ने आधुनिक समय में भी कला के प्राचीन रूपों के आकर्षण की बात की है और कहा है कि मार्क्स ने भी ग्रीक कवि होमर के सिलसिले में यह सवाल उठाया है और इसका उत्तर बचपन के सार्वकालिक आकर्षण के आधार पर देने की कोशिश की है । भारतीय मार्क्सवादी साहित्य चिंतक रामविलास शर्मा ने साहित्य में मनुष्य के इंद्रियबोध, उसके भावजगत और विचारधारा की उपस्थिति मानी है और इनमें परिवर्तन की गति में भिन्नता स्वीकार की है ।              


साहित्य के इतिहास दर्शन के अनेक अर्थ ग्रहण किए जा सकते हैं । एक अर्थ तो ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य में साहित्य का अध्ययन है । यही अर्थ सबसे अधिक मान्य है । लेकिन इसका एक अर्थ इतिहास के ऐसे लेखन का अध्ययन भी हो सकता है जो साहित्य के अधिक नजदीक हो । इस नजरिए से देखने पर इसका आयाम विस्तृत हो जाता है । इसी प्रसंग में एक और प्रश्न उठाया जाता रहा है कि साहित्य के इतिहास की मुख्य प्रकृति साहित्यिक होती है या ऐतिहासिक । यह सवाल केवल अकादमिक नहीं है और लंबे व्यावहारिक लेखन से साबित हुआ है कि इस अनुशासन में रुचि साहित्य के विचारकों की अधिक रही है, इतिहासकारों की उतनी नहीं रही है । लेकिन हाल के दिनों में इतिहास के भीतर ही उत्तर आधुनिकता के उदय ने ऐसी संभावना पैदा की है कि साहित्य केवल इतिहास का स्रोत ही न रह जाए और विधाओं के बीच की आवाजाही की तरह अनुशासनों के बीच भी आवाजाही पैदा हो । अतीत में इसके उदाहरण रहे हैं । रमेश चंद्र मजुमदार या जवाहर लाल नेहरू के इतिहास लेखन और राहुल सांकृत्यायन के साहित्य लेखन में ऐसे विंदु हैं जो दोनों अनुशासनों के बीच किसी स्थिर-स्थायी विभाजन का निषेध करते हैं ।                    

सर्वहारा

              
मार्क्सवादी लेखन में इस शब्द का प्रयोग मोटे तौर पर मजदूर के अर्थ में किया जाता है । खुद मार्क्स ने मजदूर (Worker) की जगह प्रोलेतेरिएत (Proletariat) शब्द का इस्तेमाल किया था जिसका हिंदी अनुवाद ‘सर्वहारा’ किया जाता है । टेरी ईगलटन ने अपनी किताब ‘ह्वाई मार्क्स वाज राइट’ में बताया है कि ‘प्रोलेतेरियत शब्द की उत्पत्ति लैटिन भाषा में ऐसी महिलाओं के लिए प्रयुक्त शब्द से हुई है जो सिर्फ़ संतान पैदा करके ही राज्य की सेवा करती थीं ।’ असल में रोमन कानूनों के मुताबिक प्रत्येक पांच साल बाद जनगणना की जाती थी ताकि नागरिकों के सैनिक कर्तव्य और मताधिकार तय करने के लिए उनकी संपत्ति का लेखा जोखा किया जा सके । जिनके पास संपत्ति न होती उनकी संतानों को ही सेना में गिन लिया जाता था । इन्हें लैटिन में प्रोलेस कहते थे । प्रोलेतेरियस वे थे जो रोमन समाज की सेवा के लिए केवल संतानें दे सकते थे जो सैनिक के बतौर भविष्य में रोमन साम्राज्य के सीमा विस्तार में काम आते । संतानोत्पत्ति की यह क्षमता स्त्रियों में थी इसलिए वे इस तबके का सदस्य होती थीं । मार्क्स ने बर्लिन विश्वविद्यालय में रोमन कानून की पढ़ाई की थी इसलिए वे इस शब्द और इसके अर्थ से परिचित थे । आधुनिक मजदूर वर्ग को उन्होंने इस नाम से पुकारा ।
मार्क्सवादी सैद्धांतिकी में सर्वहारा उस सामाजिक वर्ग को कहा जाता है जिसके पास उत्पादन हेतु कोई भी साधन नहीं होता और भरण पोषण के लिए अपनी श्रम-शक्ति को बेचना ही उसके लिए एकमात्र उपाय होता है जिसके बदले उसे मजूरी या वेतन मिलता है । केवल इसी मजूरी पर आश्रित कामगार को सर्वहारा कहा जाता है । असल में आधुनिक औद्योगिक मजदूर वर्ग का जन्म उन किसानों से हुआ जो अकाल के कारण खेती की जमीनें छोड़कर लंदन जैसे विशाल शहरों में कारखानों में काम करने चले आए थे । देहात के कामगारों से यह समुदाय भिन्न था क्योंकि इसके पास काम करने के औजार भी नहीं होते थे । जिन मशीनों पर इन्हें काम करना होता था वे कारखाने में होती थीं । ये सिर्फ़ अपने शरीर के साथ कारखाने में जाते और काम करते थे । शुरू में देहात से उजड़े हुए ये कामगार कारखाने में काम करने की जगह भीख मांगकर गुजारा करते थे । इसके चलते भीख मांगना कानूनन जुर्म घोषित किया गया ताकि भरण-पोषण का अन्य कोई भी साधन न होने पर ये औद्योगिक कारखानों में काम करने के लिए विवश हों । कारखानों के मालिक आम तौर पर पूंजीपति होते थे । इसीलिए इनके और पूंजीपतियों के बीच हमेशा संघर्ष होता रहता था । मार्क्स ने देखा कि सामाजिक पायदान पर सबसे नीचे होने के कारण यह समुदाय सबको मुक्त किए बिना खुद आजाद नहीं हो सकता । दूसरे पूंजीपति वर्ग के साथ इसका रिश्ता ऐसा है कि उनमें कभी मेल-मिलाप नहीं हो सकता ।
कारखाने में वस्तुओं के उत्पादन की प्रक्रिया में इस सर्वहारा के शारीरिक शोषण से ही पूंजीपति को मुनाफा होता है । इसीलिए पूंजीपति और सर्वहारा के सामूहिक हित आपस में एक दूसरे के विपरीत होते हैं । मजदूर अगर अपनी मजूरी बढ़ाने की कोशिश करते हैं तो पूंजीपति के मुनाफे में कमी आती है । दूसरी ओर अधिक से अधिक मुनाफा हासिल करने के लिए पूंजीपति कामगार की मजूरी को न्यूनतम रखना चाहते हैं । उनकी इस आपसी शत्रुता को देखकर ही मार्क्स ने सर्वहारा को पूंजीवाद की कब्र खोदने वाला माना था । ध्यान देने की बात यह है कि पूंजीपति और सर्वहारा, दोनों ही आर्थिक से अधिक सामाजिक कोटियां हैं । इसलिए उत्पादन के साधनों से रहित कामगार, जिसके शोषण से पूंजीपति को मुनाफा हासिल होता है, अगर अधिक मजूरी पाता है तो भी उसे सर्वहारा ही कहा जाएगा । इस सर्वहारा के सजीव श्रम से ही सभी तरह के मूल्य पैदा होते हैं, जब तक जिंदा मनुष्य मशीन पर काम नहीं करेगा तब तक किसी भी वस्तु का उत्पादन संभव नहीं इसीलिए मार्क्स ने सब कुछ पर सर्वहारा का अधिकार स्वीकार किया था ।


Friday, March 4, 2016

विचारधारा

              
अंग्रेजी शब्द Ideology का हिंदी अनुवाद विचारधारा है । फ़्रांसिसी दार्शनिक देस्तु द त्रासी ने सबसे पहले इसके फ़्रांसिसी प्रतिशब्द Ideologic का 1797 में इस्तेमाल किया था । इसे उन्होंने विचारों के विज्ञान के अर्थ में प्रस्तावित किया था । ज्ञानशास्त्र और भाषा सिद्धांत में इसका यही अर्थ उन्नीसवीं सदी से पहले तक समझा जाता रहा । पश्चिमी दुनिया में इसके अर्थों में समय समय पर बदलाव आते रहे हैं । रेमंड विलियम्स ने ‘की वर्ड्स’ में बताया है कि नेपोलियन बोनापार्त ने इसका नकारात्मक प्रयोग लोकतंत्र के समर्थकों के लिए किया था क्योंकि उसके मुताबिक ये ‘जनता को ऐसी सत्ता प्रदान करते हैं जिसका प्रयोग करने में वह अक्षम होती है’ और इसी प्रसंग में ज्ञानोदय के सिद्धांतों को ‘आइडियोलाजी’ कहा था । उसके बाद से ही इसका प्रयोग नकारात्मक अर्थ में समूची उन्नीसवीं सदी में होता रहा ।
आज भी समाजवादी या लोकतांत्रिक नीतियों के जरिए समाज में सचेत बदलाव की कोशिशों के लिए इस शब्द का इस्तेमाल किया जाता है । क्रांतिकारी प्रयासों को भी विचारधारा से प्रतिबद्ध कहने का चलन रूढ़िवादी हलकों में इसी अर्थ के कारण है । अर्थ की इस नकारात्मकता का विस्तार हुआ तो अमूर्त, अव्यावहारिक या उन्मादी सिद्धांत के संकेत भी इससे निकलने लगे । मार्क्स-एंगेल्स ने ‘जर्मन विचारधारा’ में अपने समकालीन विद्रोही विचारकों की आलोचना के लिए ‘विचारधारा’ के इसी ‘अमूर्त’ अर्थ को ग्रहण किया है । उनके अनुसार किसी भी युग के प्रभुत्वशाली विचार उस युग के प्रभावी भौतिक संबंधों की वैचारिक अभिव्यक्ति होते हैं । यथार्थ की जगह इन प्रभावी भौतिक संबंधों को विचार के रूप में पेश किया जाता है इसलिए इसमें वास्तविक यथार्थ उलटा दिखाई पड़ता है । उनका कहना था कि यह परिघटना ऐतिहासिक जीवन प्रक्रियाओं से उसी तरह पैदा होती है जिस तरह हमारे शरीर की बनावट के कारण आंख की रेटिना पर वस्तुओं का उलटा प्रतिबिंब बनता है । इस तरह विचारधारा अमूर्त और झूठी चेतना होती है । शासक वर्ग के ‘विचारक’ इसके वाहक होते हैं क्योंकि वे विचारधारा की सचाई का भ्रम खड़ा करते हैं । एंगेल्स का यकीन था कि कानून और राजनीति जैसी प्रत्यक्ष विचारधाराएं भी ठोस भौतिक हितों से दूर होती हैं तथा दर्शन और धर्म जैसी उच्च विचारधाराएं तो और भी दूर होती हैं लेकिन उनका वास्तविक सामूहिक हितों से संबंध होता है ।
लेकिन मार्क्स और एंगेल्स के ही लेखन में इसका एक दूसरा अर्थ भी प्रकट हुआ है । ‘राजनीतिक अर्थशास्त्र की आलोचना में एक योगदान’ की भूमिका में उन्होंने बताया है कि मनुष्य उत्पादन की भौतिक स्थितियों के रूपांतरण के कार्यभार के प्रति विचारधारा की दुनिया में सचेत होता है । यदि विचारधारा के भ्रम वाले अर्थ को ग्रहण किया जाए तो इस कथन का मतलब साफ नहीं होगा । इसी सकारात्मक अर्थ में लेनिन ने समाजवाद को सर्वहारा वर्गीय संघर्ष की विचारधारा कहा है । उनके अनुसार पूंजीवादी संबंधों में अपने आप पैदा होने वाले मजदूरों की लड़ाइयों में समाजवाद की विचारधारा का प्रवेश बाहर से कराया जाता है । इसके बाद ‘बुर्जुआ विचारधारा’ के बरक्स ‘सर्वहारा विचारधारा’ का इस्तेमाल होने लगा यानी विचारों की ऐसी व्यवस्था जो किसी वर्ग के मुफीद हो ।
शब्द की इसी अनेकार्थता को रेखांकित करते हुए टेरी ईगलटन ने अपनी किताब ‘आइडियोलाजी : ऐन इंट्रोडक्शन’ में विचारधारा के दसाधिक अर्थ गिनाए हैं- 1) सामाजिक जीवन में अर्थ, चिन्ह और मूल्य पैदा होने की प्रक्रिया; 2) विशेष सामाजिक समूह या वर्ग से जुड़े हुए विचार समूह; 3) प्रभुत्वशाली राजनीतिक सत्ता को वैधता देने में सहायक विचार; 4) इसी तरह के छद्म विचार; 5) व्यवस्थित विकृत संप्रेषण; 6) किसी कर्ता को हैसियत प्रदान करने वाला; 7) सामाजिक हितों से प्रेरित चिंतन के रूप; 7) अस्मिता चिंतन; 8) सामाजिक रूप से आवश्यक भ्रम; 9) विमर्श और सत्ता का संयोग; 10) ऐसा माध्यम जिसमें सचेत सामाजिक अभिकर्ता अपनी दुनिया के बारे में सचेत होते हैं; 11) सक्रिय करने वाले विश्वास-समूह; 12) भाषिक और परिघटनात्मक यथार्थ का भ्रम; 13) ऐसा अपरिहार्य माध्यम जिसमें व्यक्ति किसी सामाजिक संरचना में अपने संबंध निबाहते हैं; 14) सामाजिक जीवन को प्राकृतिक यथार्थ में बदलने वाली प्रक्रिया । स्पष्ट है कि प्रसंगानुसार इसके अर्थों में बदलाव आता रहा है ।
          


Thursday, March 3, 2016

ग्राम्शी


अंतोनियो ग्राम्शी (1891-1937) को मार्क्सवादी चिंतकों की परंपरा में अनेक कारणों से विशेष स्थान प्राप्त है । वे इटली की कम्युनिस्ट पार्टी के नेता थे । उनका जन्म सार्दीनिया द्वीप में हुआ था । पिता की आर्थिक स्थिति ठीक न होने और कर्ज के चलते पुलिस के पीछे पड़ने की वजह से परिवार को लगातार भटकना पड़ता । अंतत: पिता घोटाले में फंसे और उन्हें जेल हो गई । ग्राम्शी की पढ़ाई छूट गई और उन्हें तमाम तरह के अस्थाई काम करने पड़े । स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते उनकी लंबाई पाँच फ़ीट से कम ही रह गई और पीठ पर कूबड़ निकल आया था । वे हमेशा ही उद्योगीकृत उत्तरी इटली के मुकाबले खेतिहर सार्दीनिया के पिछड़ेपन के खिलाफ़ रहे । तूरिन विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा के दौरान मजदूर आंदोलनों के संपर्क में आए और कम्युनिस्ट हो गए । कम्युनिस्ट अखबारों में निरंतर राजनीतिक सवालों पर लिखते रहे । इटली की कम्युनिस्ट पार्टी के प्रतिनिधि के बतौर रूस की यात्रा की । देश में मुसोलिनी की फ़ासिस्ट सरकार के सत्तारूढ़ होने के बाद चले दमन में तबाह पार्टी को खड़ा करने की कोशिश के दौरान गिरफ़्तार हुए और जेल में ही मृत्यु हो गई । सरकारी सेंसरशिप को धोखा देने के लिए उन्होंने लेखन की एक खास शैली विकसित की और उसी में डायरियों का लेखन किया । उदाहरण के लिए कम्युनिस्ट पार्टी लिखने की जगह वे मैकियावेली के प्रिंस की तर्ज पर इसे माडर्न प्रिंस (आधुनिक राजकुमार) लिखते या सर्वहारा वर्ग की जगह सबाल्टर्न क्लास (निम्न वर्ग) । कम्युनिस्ट नेता के लिए वे आर्गेनिक इंटेलेक्चुअल (आंगिक बुद्धिजीवी) शब्द का प्रयोग करते थे जिसे वे बुर्जुआ बौद्धिक के लिए प्रयुक्त ट्रेडिशनल इंटेलेक्चुअल के विपरीत समझते थे । हेजेमनी या प्रभुत्व की उनकी धारणा का वैचारिक-सांस्कृतिक आंदोलन से गहरा संबंध है । वे राज्य को सिर्फ़ दमनात्मक प्रविधियों तक ही सीमित नहीं मानते थे बल्कि सहमति निर्मित करने में सहायक औजारों को शासन पद्धति के लिए सामाजिक सहमति लेने के लिहाज से अधिक महत्वपूर्ण समझते थे । इसी क्षेत्र में प्रभुत्व स्थापित करना उन्हें पार्टी का कर्तव्य लगता था । उन्हें इसकी भूमिका ‘चलायमान युद्ध’ के मुकाबले ‘मोर्चेबंदी के युद्ध’ में निर्णायक महसूस होती थी । जिसे ‘पश्चिमी मार्क्सवाद’ कहा गया उसका जनक ग्राम्शी को ही माना जाता है ।      


आधार और अधिरचना

  

मार्क्स ने इतिहास को देखने की अपनी दृष्टि को स्पष्ट करते हुए ‘राजनीतिक अर्थशास्त्र की आलोचना में एक योगदान’ शीर्षक पुस्तक की भूमिका में एक पैराग्राफ लिखा जिसमें आधार-अधिरचना का ढांचा वर्णित है । उसकी किसी भी व्याख्या से अधिक स्पष्ट वह उद्धरण ही है इसलिए उसे देखना लाभदायक होगा । उनका कहना है ‘अपने जीवन के सामाजिक उत्पादन की प्रक्रिया में मनुष्य कुछ निश्चित संबंध बनाते हैं जो उनकी इच्छा से स्वतंत्र तथा अपरिहार्य होते हैं । ये उत्पादन संबंध भौतिक उत्पादक-शक्तियों के विकास के एक निश्चित चरण से जुड़े हुए उत्पादन के संबंध हैं । उत्पादन के इन संबंधों का कुल योग समाज की आर्थिक संरचना का निर्माण करता है । यही वह वास्तविक नींव है जिस पर कानूनी और राजनीतिक अधिरचना उठती है और जिससे सामाजिक चेतना के निश्चित रूप जुड़ते हैं । उत्पादन का तरीका ही सामान्य रूप से सामाजिक, राजनीतिक तथा बौद्धिक जीवन-प्रक्रिया को रूप देता है । मनुष्यों की चेतना उनके अस्तित्व को निर्धारित नहीं करती, बल्कि इसके उलट उनका सामाजिक अस्तित्व ही उनकी चेतना को निर्धारित करता है ।’
        
यह कथन मनुष्य के सामाजिक जीवन और उसकी चेतना, जो साहित्य तथा अन्य तमाम किस्म के सृजनात्मक उपलब्धियों का कारण होती है, के बीच रिश्ते की भौतिकवादी समझ को व्यक्त करती है । इस बुनियादी प्रस्थापना के बाद इसी भूमिका में सामाजिक परिवर्तन की अपनी समझ को व्याख्यायित करते हुए वे आगे कहते हैं ‘विकास की एक मंजिल पर आकर समाज की भौतिक उत्पादक शक्तियां उन्हीं उत्पादन संबंधों से टकराने लगती हैं जिनके बीच अब तक वे रह रही थीं ।---अब उत्पादक शक्तियों के विकास को आकार देने की बजाय ये संबंध उनके पांवों में बेड़ियां बन जाते हैं ।’ आगे वे इसी टकराव के जरिए बदलाव को घटित होता हुआ बताते हैं । कहते हैं ‘तब सामाजिक क्रांति का युग शुरू होता है । आर्थिक नींव में बदलाव के साथ समूची भारी भरकम अधिरचना में कमोबेश तेजी से बदलाव आता है ।’ आर्थिक नींव और अधिरचना में बदलाव के बीच अंतर करते हुए वे कहते हैं ‘ऐसे बदलाव पर विचार करते हुए हमें दो किस्म के बदलावों में हमेशा फ़र्क करना चाहिए- उत्पादन की आर्थिक स्थितियों में भौतिक बदलाव, जिसे प्राकृतिक विज्ञानों की तरह सटीक ढग से निर्धारित किया जा सकता है, और कानूनी, राजनीतिक, सौंदर्यशास्त्रीय अथवा दार्शनिक, यानी संक्षेप में ऐसे विचारधारात्मक रूपों में बदलाव, जिनके जरिए लोग इस टकराव के बारे में सचेत होते हैं, के बीच फ़र्क करना चाहिए ।’   

इतिहास में परिवर्तन की मार्क्स की इस धारणा को लेकर उनके जीवनकाल में ही विवाद शुरू हो गए थे इसलिए उन्हें इसे और अधिक व्याख्यायित करना पड़ा था । थोड़ी सफाई देते हुए एंगेल्स ने जोसेफ ब्लाख को 21-22 सितंबर 1890 को लिखे अपने पत्र में स्पष्ट किया है ‘---अगर कोई इस बात को तोड़-मरोड़कर कहता है कि आर्थिक तत्व एकमात्र निर्धारक तत्व है तो वह इस प्रस्थापना को बेतुके जुमले में बदल देता है । आर्थिक स्थिति आधार है लेकिन अधिरचना के कई तत्व, वर्ग संघर्ष और उसके परिणामों के राजनीतिक स्वरूप, जैसे कि किसी निर्णायक युद्ध के बाद विजयी वर्ग द्वारा कायम किया गया संविधान, कानून संबंधी चीजें, और खासकर इन तमाम वास्तविक संघर्षों की इनके भागीदारों के दिमाग पर पड़ने वाली छायाएं, राजनीतिक, कानूनी, दार्शनिक सिद्धांत, धार्मिक मत और फिर जाकर जड़सूत्र प्रणालियों के रूप में उनका विकास, यह सब भी ऐतिहासिक संघर्षों के गतिपथ पर अपना असर डालते हैं, और कई मामलों में खासकर उनके स्वरूपों का निर्धारण करते हैं ।’ आधार-अधिरचना का मार्क्सवादी ढांचा इतना विवादास्पद है कि इस प्रकरण में किसी अन्य विद्वान की व्याख्या की अपेक्षा मार्क्स-एंगेल्स की धारणा को मूल में देखना ही सबसे अधिक उपयोगी होगा ।