Saturday, June 11, 2016

सत्ता, साहित्य और अवाम

           
                                गोपाल प्रधान
मैं आंबेडकर विश्वविद्यालय, दिल्ली में हिंदी पढ़ाता हूँ और उस नाते से मुझे ये जरुरी लगा कि मैं यहाँ आकर बोलूं क्यूंकि हमारे जो वर्तमान शासक हैं वे अपने आप को हिंदी का पक्षधर मानते हैं. इसलिए भी मुझे लगा कि हिंदी क्या है, उसका किस तरह से इस्तमाल हमारे शासकों द्वारा किया जा रहा है उसके परिप्रेक्ष्य में अपनी बातें रखूं. आपलोगो को पता चला होगा कि आजकल सरकार की तरफ से ढेर सारी योजनायें चल रही हैं. उसमें स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया आदि हैं, लेकिन भारत कहीं नहीं है उसमें. तो सबसे पहली बात तो यही है कि यह जो हिंदी अनुराग है वर्तमान शासन का, वह तो है ही नहीं. वह कुल मिलाकर नव-उपनिवेशीकरण या फिर से उपनिवेश बनाने के लिए एक जुमले की तरह धोखा देने के लिए हिंदी का इस्तमाल हो रहा है. इसलिए भी मैं हिंदी और विशेष रूप से साहित्य के पक्ष से अपनी बात रखने आया हूँ क्यूंकि यह जो साहित्यकारों की दुनिया है और जिसने स्वाभाविक रूप से, वर्तमान दौर में जब घुटन बढ़ने लगी तो साहित्यकारों और बुद्धिजीवियों ने इस माहौल में बाकायदे एक सामाजिक व्यक्तित्व की तरह से हस्तक्षेप किया.
जेएनयू पर जो हमला है उसके बारे में एक चीज मैं गहराई से मानता हूँ और वह यह कि जो तीन बुद्धिजीवियों की हत्या हुई, गोविन्द पानसरे, नरेन्द्र दाभोलकर, और एम् एम् काल्बुर्गी, उन हत्याओं का यह विस्तार है जो जेएनयू पर आक्रमण हुआ है. क्यूंकि ये साहित्यकार लोग थे और इनकी हत्या की गई एक बुद्धि विरोधी वातावरण बनाने के लिए. और उसी हत्या की एक अगली कड़ी है एक संस्था की हत्या करने की कोशिश. यह जो हत्या करने की कोशिश है यह सिर्फ संस्थाओं की हत्या करने की कोशिश नहीं है बल्कि सोचने-समझने और सोचने-समझने वाले लोगों का जो तरीका होता है विरोध करने का जिसे साहित्य भी कहते हैं, ये इन सबकी हत्या है.
संस्कृत में कहा जाता है कि “अपारे काव्य-संसारे, कविरेव प्रजापति:”. तो यह जो कवियों की दुनिया है वह दुनिया एक वैकल्पिक दुनिया है. वास्तविक दुनिया के सामानांतर वो एक प्रतिसंसार की रचना करते हैं और बहुत कुछ सिर्फ दुनिया के समानांतर ही नहीं बल्कि इस दुनिया के विरोध में प्रतिरोध की एक दुनिया का निर्माण करते हैं साहित्यकार और इस नाते से पूरी दुनिया में साहित्य का काम एक हद तक ब्लासफेमी है. पिछले दिनों मैं सुन रहा था कि किसी ने कहा कि सरकार की आलोचना करना ब्लासफेमी है तो साहित्य की जो दुनिया है वो एक तरह से ब्लासफेमी की दुनिया है क्यूंकि ये साहित्यकार ईश्वर के बनाये हुए संसार के मुकाबले एक प्रति-संसार की रचना करते हैं और इसीलिए आप जानते हैं कि वशिष्ठ के मुकाबले साहित्यकार अपने आप को विश्वामित्र के संतानें मानते हैं. उन्होंने एक प्रतिसंसार की रचना की है जो प्रतिरोध का संसार है और किसी भी सत्ता के खिलाफ वो खड़ा होता रहा है फिर चाहे वह धर्म सत्ता हो या फिर वह पूंजी की सत्ता हो. और ये हिंदी और उर्दू दोनों साहित्य से सिद्ध होता है
काबा मेरे पीछे है, कलीसा मेरे आगे (गालिब)
कश्का खेंचा दैर में बैठा, कबका तर्क इस्लाम किया  (मीर)
जो सत्ताएं होती हैं वो आमतौर पर लोगों का गला घोटकर, लोकतंत्र को खत्म करके खड़ा होना चाहती हैं और यहाँ पर तो इतिहास से बहुत सारे लोगो ने बात रखी. प्रसिद्ध इतिहासकार हाब्सबाम ने इस बात को निरंतर चिन्हित किया है कि लोकतंत्र या सार्वभौमिक बालिग जनमत या मताधिकार के साथ पूंजीवाद कभी भी सहज नहीं रहा है. पूंजीवाद हमेशा से एक अल्पतांत्रिक शासन रहा है और ये पूंजी की सत्ता आमतौर पर लोकतंत्र को ख़त्म करके आती है. हिंदी साहित्य के बहुत बड़े लेखक रामचंद्र शुक्ल ने एक लेख लिखा कि कविता क्या है और उसमे उन्होंने यही कहा कि कवि का काम शासक की प्रशंसा करना नहीं है, कवि का काम पैसे के सामने घुटने टेक देना नहीं है बल्कि कवि का काम है देश की जनता के जीवन में निहित सृजनात्मकता को पहचानना. इसलिए साहित्य बजाय सत्ता के, लोगों के साथ खड़ा होता रहा है. ब्रेख्त की एक बहुत प्रचलित कविता है.
इस जनता ने सरकार का विश्वास खो दिया है,
सरकार को मेरी सलाह है कि वो इस जनता को भंग कर दे
और अपने लिए दूसरी जनता चुन ले
कहने का मतलब है कि ‘जनता बनाम सरकार’ हमेशा से ही साहित्यकारों को महसूस होता रहा है । उन्हें लगता रहा है कि सरकार और जनता कभी एक दूसरे के साथ खड़े नहीं होते हैं. और इसीलिए हरेक सरकार चाहती है कि उसे और देश को एक मान लिया जाय. ऐसी स्थिति में ये जो साहित्यकार लोग हैं जो चुने हुए लोग नहीं हैं लेकिन अंतःकरण के सिपाही होते हैं और इसलिए ये लोग जनता के पक्ष से खड़ा होकर कहते हैं कि सरकार का विरोध करना सबसे बड़ी देशभक्ति है. गांधी ने संसद के बारे में कहा कि संसद ने आज तक जनता के लिए कोई भी फायदेमंद कानून पास नहीं किया. उसका कारण ये है कि जो लोग संसद में जाते हैं वो सरकार बनाते हैं और सरकार कभी भी जनता के प्रति संवेदनशील नहीं होती है. सरकार और जनता में हमेशा से विरोध होता रहा है और इस विरोध में साहित्य जनता के साथ खड़ा होता है.
साहित्य हमेशा से छोटी चीजों के पक्ष में खड़ा होता है. वीरेन डंगवाल हिंदी साहित्य में इसीलिए मशहूर हैं कि उन्होंने छोटे छोटे लोगो की ताकत को सामने रखा. बड़ी चीजें शासकों को पसंद आती हैं. वृहदाकार चीजों का जो डिस्कोर्स होता है वो हमेशा शासन का डिस्कोर्स होता है और उसके मुकाबले साहित्य छोटी चीजों का डिस्कोर्स खड़ा करता है. नागार्जुन ने एक कविता लिखी “नभ में विपुल विराट सी, शासन की बन्दूक”. आज सबकुछ विराट बनाया जा रहा है: सबसे बड़ी मूर्ति, सबसे बड़ा झंडा लगेगा. लेकिन साहित्य छोटे के लिए खड़ा होता है क्यूंकि जनता की ताकत उसके छोटेपन में है. जनता की ताकत उसके अनेक होने में है । इन छोटी छोटी ताकतों को मिलाकर ही बड़ी ताकत बनती है.
हावर्ड जिन ने लिखा है कि हमेशा शासक लोग इस बात को कहते हैं कि अब बदलाव नहीं आएगा क्यूंकि अब नौजवान आदर्शवादी नहीं रहे और वो बदलाव नहीं कर पाएंगे. लेकिन इतिहास में ये बात इतनी बार झूठी साबित हो चुकी है कि अभी ये बात और भी अनेक बार झूठी साबित होगी । उदाहरण के तौर पर उन्होंने बताया कि चालीस और पचास के दशक में सभी लोगों ने सोच लिया था कि अब नौजवान उपभोक्ता मात्र बन कर रह जायेगा और परिवर्तन अब संभव नहीं है पर साठ के दशक में पूरी दुनिया के नौजवान सडकों पर निकले और समय को अपनी परिवर्तनकामी भावना की गर्मी से भर दिया. इसलिए कुल मिलाकर ये जो लड़ाई है वो परिवर्तन न चाहने वालों और चाहने वालों के बीच में है और इस लड़ाई में साहित्य परिवर्तन के साथ खड़ा है.
आजादी की लड़ाई के समय प्रेमचंद ने एक लम्बा लेख लिखा ‘क्या निर्मल जी वास्तव में राष्ट्रवादी हैं?’ और इस लेख में प्रमचंद ने कहा कि एक सज्जन हैं जो जाति प्रथा का समर्थन कर रहे हैं. लेकिन जाति प्रथा का समर्थन करने वाला राष्ट्रवादी कैसे हो सकता है ? जाति प्रथा से पीड़ित लोग कभी भी अपने आप को इस राष्ट्र का महसूस नहीं कर पाएंगे. कहने का मतलब यह है कि साम्राज्यवाद में विरोध में लड़ते हुए प्रेमचंद ने इस बात को रखा कि सामंतवाद का भी विरोध आपको करना पड़ेगा. इसी तरह हिन्दी के कवि थे रघुवीर सहाय जिन्होंने लिखा कि
राष्ट्रगीत में भला कौन वह भारत भाग्य विधाता है?
फटा-सुथन्ना पहने जिसका गुन हरिचरना गाता है.
हरिचरण इस देश का एक आम नागरिक है जिसके पास पहनने के लिए पाजामा भी नहीं, बल्कि सिर्फ सुथन्ना है और वो भी फटा हुआ है लेकिन वो अधिनायक का गीत गाता है । यह कविता औपनिवेशिक छवियों के विरोध में लिखी गई है. ऐसे ही नागार्जुन लिखते हैं
आओ रानी, हम ढोयेंगें पालकी,
यही हुई है राय जवाहरलाल की.
पुनःउपनिवेशीकरण जो आ रहा था इस देश में, उसको नागार्जुन ने उसी समय पहचान लिया था इसलिए देशभक्ति का जो स्वर उन्होंने उठाया था उसका मतलब था साम्राज्यवाद और सामंतवाद का विरोध, उस चीज का विरोध जिसने अपने ही लोगो की सृजनात्मकता को रोके रखा है. इस तरह से उनलोगों ने देशभक्ति को परिभाषित किया.
देश कागज पर बना हुआ नक्शा नहीं होता है. कैफ़ी आज़मी लिखते हैं
ये जो दुनिया का पुराना नक्शा
तुमने मेज पर बिछा रखा है,
 इसमें कावाक लकीरों के सिवा कुछ भी नहीं,
 तुम मुझमे इसमें कहाँ ढूंढ़ते हो?
 इसलिए देश लकीरों से बना हुआ नक्शा नहीं होता है बल्कि लोगो से बनता है. और अगर लोगो के प्रति आपको मोहब्बत नहीं है तो कोई देशभक्ति नहीं हो सकती है. जो देशभक्ति साहित्यकारों ने गढ़ी स्वाधीनता आन्दोलन के दौरान, उसमें मूल बात यही थी कि साम्राज्यवाद और सामंतवाद विरोध और सामंतवाद के भी ठोस रूप जातिवाद का गला पकड़ने से ही वे देशभक्ति को परिभाषित कर रहे थे. आजादी के बाद भी उपनिवेशवाद की जो छाया मौजूद थी उसका विरोध करते हुए रघुवीर सहाय ने ऊपर की जो पंक्तियाँ लिखी थीं उन पर आज की तारीख में पंद्रह सीडीशन के आरोप लग जाते क्यूंकि इसमें सीधे राष्ट्रगीत का मजाक उड़ाया गया है. ऐसे ही धूमिल नाम के एक कवि लिखते हैं 
देश क्या तीन थके हुए रंगों का नाम है,
 जिन्हें एक पहिया ढोता है
या इसका कुछ खास मतलब होता है?
 अब सोचिये कि अगर यह कविता वो आज के समय में लिखते तो उनपर कितना देशद्रोह का मुक़दमा लगता !
आज जिस तरह से राजद्रोह को देशद्रोह में तब्दील कर दिया गया है वह बहुत ही खतरनाक है. वर्तमान निज़ाम का विरोध करना तो हमारा धर्म है क्यूंकि बिना उसका विरोध किये समाज में बदलाव आ ही नहीं सकता. मुझे लगता है कि ये जो कुछ दिनों से जेएनयू और अन्य स्थानों पर चल रहा है ये आज़ादी की दूसरी जंग है और इसमें बड़े सवाल हल होने हैं. जो सवाल हल होना है वह यह कि क्या किसी समाज को अपने ही आलोचकों के लिए जगह बनानी चाहिए कि नहीं चाहिए? कबीरदास ने लिखा है निंदक नियरे राखिये, आँगन कुटी छवाय. समाज को इस बात की जरुरत होती है कि अपने आलोचकों के लिए वो जगह निर्मित करे और विश्वविद्यालय ऐसी ही एक जगह है जो समाज में बदलाव की दिशा देते हैं और बदलाव की चाहत पैदा करते हैं क्यूंकि किसी भी समाज में सभी लोग सुखी नहीं रहते हैं इसलिए जो लोग वंचित तबके के हैं उनके अन्दर हमेशा इस बात की चाहत रहती है कि समाज की परिस्थिति को बदला जाय. उस बदलाव की इच्छा को आकार देना बिना एक बौद्धिक खुलेपन की जगह के संभव नहीं है. इसीलिए मैं इसे दूसरी आज़ादी की लड़ाई कह रहा हूँ क्यूंकि पहली आज़ादी की लड़ाई में विश्वविद्यालय हमें बिना आलोचना करने की स्वतंत्रता की लड़ाई लडे ही मिल गया था इसलिए हम उसके महत्व को समझ नहीं पाए थे. इस आलोचना की रुपरेखा कोई निर्धारित नहीं कर सकता है.
हम चाहते हैं कि पूरा देश जेएनयू हो जाय और लड़ाई इसी बात के लिए है. अर्थात पूरा देश एक ऐसे लोकतान्त्रिक माहौल में ढले जिसमे बहस, और बातचीत की गुंजाईश बने. और उसके आधार पर जनता के पक्ष में सामाजिक बदलाव की सहमति बने यह भी देशभक्ति का ही अंग है. इससे बड़ी देश से मोहब्बत नहीं हो सकती है कि देश की अवस्था को सुधार करने के लिए हम देश के वर्तमान की आलोचना करें. यह जो नया प्रतिरोध पैदा हुआ है इसने सृजनात्मकता के तक़रीबन सभी मानदंड तोड़ दिए हैं. यह भी सही बात है कि स्वतंत्रता आन्दोलन के दौरान भी बहुत ही सृजनात्मक ढंग से प्रतिरोध हुआ था इसीलिए हमने जितने भी साहित्यकारों का ऊपर नाम लिया उन्होंने उस समय की व्यवस्था का बहुत ही सृजनात्मक ढंग से प्रतिरोध किया. उदाहरण के तौर पर वैकल्पिक क्लास जो आपलोग चला रहे हैं वह भी तो एक नया सृजन है. यह जरुरी है कि ज्ञान जीवन संदर्भों से जुड़े और जीवन सन्दर्भ हमेशा जीवन संघर्षो से पैदा होते है. और इसीलिए प्रेमचंद ने एक बात कही थी कि साहित्य की अनेक परिभाषाएं दी गई है लेकिन मुझे सबसे ज्यादा जो पसंद परिभाषा है वह यह कि साहित्य जीवन की आलोचना है. आप संसद में जो बहस हो रही है उसे देख लीजिये और जेएनयू में जो बहस हो रही है उसे देख लीजिये, आपको पता चल जायेगा कि देश और समाज का आगामी नेतृत्व कहाँ फल-फूल रहा है जो पुराने नतृत्व से ज्यादा परिवक्व, ज्यादा जिम्मेदार और ज्यादा गहरा साबित होने वाला है.


Sunday, May 22, 2016

क्रांति और विद्रोह का विश्व कोश


2009 में विली-ब्लैकवेल से इमानुएल नेस के संपादन में ‘द इंटरनेशनल एनसाइक्लोपीडिया आफ़ रेवोल्यूशन ऐंड प्रोटेस्ट: 1500 टु द प्रेजेन्ट’ का प्रकाशन हुआ । इमानुएल नेस इसके मुख्य संपादक हैं । उनके अतिरिक्त बारह लोग संपादक मंडल के सदस्य हैं । सहायक और सलाहकार संपादकों की संख्या अड़तालीस है । इस कोश में लेखन के जरिए सहयोग देने वालों की तादाद लगभग एक हजार है । संपादक का कहना है कि इस कोश का निर्माण क्रांति अध्ययन नामक एक नए अनुशासन की स्थापना   के मकसद से किया गया है । इसमें दुनिया के लगभग प्रत्येक हिस्से से लोगों को लेखन और संपादन में शामिल किया गया है । इसमें इतिहास, आधुनिकता, आर्थिक स्थिति, राजनीति और सामाजिक विकास आदि की अंत:क्रिया को क्रांति, प्रतिरोध और सामाजिक आंदोलनों के नजरिए से देखा गया है । इसी के चलते इस कोश के लेखक इतिहास, राजनीति, समाजशास्त्र, क्षेत्र  अध्ययन, मानव विज्ञान, अर्थशास्त्र, दर्शन, कला, भाषा और पत्रकारिता जैसे अनुशासनों से संबद्ध हैं । कोशिश की गई है कि पाश्चात्य या साम्राज्यवादी पूर्वाग्रह इस कोश में न रहे ।
इस कोश के निर्माण के पीछे पिछले कुछ दशकों में विश्व इतिहास का अध्ययन के विशेष क्षेत्र के रूप में उभार है और इसके संदर्भ में विभिन्न अनुशासनों, इलाकों और महाद्वीपों के बीच लाभदायक संवाद स्थापित हुआ है । ऐतिहासिक बदलाव को समझने की तुलनात्मक दृष्टि विकसित हुई है जिसे विभिन्न सैद्धांतिक, पद्धति-वैज्ञानिक, धारणात्मक और शैक्षणिक सरोकारों से मदद मिली है । शोध के लिए राष्ट्रवाद, वर्ग- निर्माण, नृजातीयता, क्षेत्रीयता आदि उपकरणों की परीक्षा तो हो रही है लेकिन क्रांतिकारी आंदोलनों और प्रभुसत्ता को चुनौती देने वाले प्रतिरोधों के प्रभाव पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है । बहुत हुआ तो बाजार और तकनीक के चलते होने वाले आधुनिकीकरण और पारदेशीय आर्थिक एकीकरण की बात कर ली जाती है । जबकि क्रांतियों और प्रतिरोधों ने दुनिया के हरेक हिस्से में मानव सभ्यता को बदला है । उन्होंने शासनों और समाजों के उदय और रूपांतरण में, युद्ध और शांति में, ज्ञान के उत्पादन और आध्यात्मिक परंपराओं के प्रकटन में तथा अतीत की प्रस्तुतियों में केंद्रीय भूमिका निभाई है । मानव इतिहास उन्हीं की राह चला है, इनसे युग बदले हैं और सीमाओं में फेरबदल हुए हैं ।
सत्ता और प्रगति, कानून और न्याय, स्वतंत्रता और मुक्ति की हमारी ऐतिहासिक समझ इनसे निर्मित होती है । लोकतंत्र, समानता, नागरिक अधिकार, सहकारिता, शांति और पारिस्थितिकी जैसे महान विचारों को इनसे शक्ल मिली है । दर्शन, अर्थशास्त्र, सरकार, श्रम, सामाजिक संबंध और पारिस्थितिकी के विकास को समझना असंभव होगा अगर हम इनको गढ़ने में क्रांतियों और प्रतिरोधों की भूमिका को नहीं समझें । पिछले पांच सौ सालों में जो भी प्रगतिशील सामाजिक बदलाव आए हैं उनका कारण शासकों की दरियादिली नहीं, बल्कि शासितों के प्रतिरोध रहे हैं । राज्य और प्रशासन से बाहर की मानव गतिविधि ही सामाजिक रूपांतरण का प्रमुख चालक रही है ।       
क्रांति और प्रतिरोध को आम तौर पर असामान्य और व्यतिरेकी तथा क्रमभंग जैसी घटना माना जाता है जबकि इस कोश को देखने से लगता है कि इन विस्फोटक घटनाओं में एक निरंतरता है । समूचा अतीत सामाजिक टकराव और प्रतिरोध से निर्मित घटना प्रवाह दिखाई पड़ता है । ये न केवल महत्वपूर्ण हैं बल्कि आधुनिक इतिहास और सामाजिक विज्ञान की सही समझ के लिए अनिवार्य हैं । समाज के शक्तिशाली तबकों के जड़ जमाए हितों को लाभ पहुंचाने वाले सामाजिक व्यवहार और पारंपरिक आचरण को क्रांतियों से धक्का लगता है । आधुनिक इतिहास को गति देने में सक्षम इस सामाजिक आलोड़न को परिभाषित करना मुश्किल है । प्रत्येक क्रांति पहले से चली आ रही परिभाषा को तोड़कर नयी परिभाषा गढ़ती है । क्रांतियों का औचित्य खास राजनीतिक विचारधारा और सामाजिक न्याय की धारणा में निहित होता है । न्याय, समानता और अधिकारों के लिए मनुष्य की लड़ाई में सत्ता के विरुद्ध प्रतिरोध का नैतिक आधार मौजूद है ।
प्रतिरोध की विचारधारा का फलक राजनीतिक अधिकारों से लेकर वामपंथ तक विस्तृत है । अठारहवीं-उन्नीसवीं सदी की बुर्जुआ क्रांतियों के दौरान निजी संपत्ति के अधिकारों की रक्षा के लिए उदारवादी विचारों की शरण ली गई, इसी को आगे बढ़ाते हुए सारी संपत्ति पर जनता के सामूहिक अधिकार का विचार आया ताकि वास्तविक सार्वभौमिक समानता हासिल हो । उन्नीसवीं सदी में पूंजीवाद के विरोध में समाजवादी लोगों ने निजी स्वामित्व के गंभीर परिणामों पर हमला बोला क्योंकि इससे बहुसंख्यक आबादी के सम्मानपूर्ण जीवन के अधिकार का उल्लंघन होता था । अराजकतावादियों, उदारवादियों, समाजवादियों और कम्यूनिस्टों ने अधिक समान और न्यायपूर्ण समाज की स्थापना के मकसद से पूंजीवाद को क्रांति के जरिए उलट देने का औचित्य साबित किया । समानता और अधिकार के लिए नस्ल, लिंग, धर्म, नृजाति और राष्ट्र की पहचान के आधार पर होने वाले उत्पीड़न के विरुद्ध प्रतिरोध चल रहे हैं । इसी के साथ यौन जीवन संबंधी और राजनीतिक विश्वास आधारित दमन का प्रतिरोध भी जारी है । जिन तरीकों से प्रतिरोध हो रहे हैं उनका भी जायजा इसमें लिया गया है । इनमें हिंसक तरीकों के अतिरिक्त अहिंसक तरीकों को भी परखा गया है । अवज्ञा संबंधी इन तरीकों में भूख हड़ताल, वैकल्पिक समुदायों या जीवन शैलियों की स्थापना, पर्चेबाजी, जुलूस, आमसभा, परेड, प्रदर्शन, बायकाट, कामबंदी, हड़ताल, धरना, झंडा, बैनर, मुखौटे, गीत-संगीत, नाटक, चित्रकारी आदि हैं । हिंसक तरीकों में विद्रोह, गुरिल्ला युद्ध, तख्ता पलट, मुक्ति सेना आदि को आजमाया गया है ।

लगभग चार हजार पृष्ठों के इस कोश के आठ खंड हैं । पहले खंड में मुख्य संपादक की भूमिका के अलावे सभी संपादकों और लेखकों का परिचय है । क्रांति और प्रतिरोध की घटनाओं की कालानुक्रमणिका के साथ नक्शे और शब्दावली भी हैं । स्वाभाविक रूप से इसके बाद जगह की कमी के चलते केवल अंग्रेजी के ए और बी अक्षरों की प्रविष्टियों को इसमें शामिल किया जा सका है । दूसरे खंड में सी और डी से शुरू होने वाली प्रविष्टियां, तीसरे खंड में ई से लेकर एच तक की, चौथे खंड में आइ से लेकर एल तक की, पांचवें खंड में एम से पी तक, छठवें खंड में क्यू से एस तक की, सातवें में शेष सभी अक्षरों की तथा आखिरी आठवें खड में खोज में सहायता के लिए नामानुक्रमणिका है ।  

Monday, May 9, 2016

छायावाद: एक प्रवेशिका

                 
                                                             
हिंदी में छायावाद शायद भक्ति साहित्य के बाद सृजनात्मकता की दृष्टि से सर्वाधिक उर्वर साहित्यिक काल रहा है । नामवर सिंह ने अपनी किताब ‘आधुनिक साहित्य की प्रवृत्तियां’ के ‘छायावाद’ शीर्षक अध्याय में इस काल की सीमा तय करते हुए सुमित्रानंदन पंत के दो काव्य-संग्रहों के प्रकाशन वर्ष का उल्लेख किया है । उनके अनुसार “छायावाद विशेष रूप से हिन्दी साहित्य के ‘रोमांटिक’ उत्थान की वह काव्यधारा है जो लगभग ईसवी सन 1918 से ’36 (‘उच्छ्वास’ से ‘युगान्त’) तक की प्रमुख युगवाणी रही---।’ उन्होंने इस साहित्यिक आंदोलन के प्रमुख कवियों के रूप में ‘प्रसाद, निराला, पंत, महादेवी प्रभृति मुख्य कवि’ का नाम गिनाया है । लेकिन उस कालखंड में केवल कवि ही नहीं थे । कहा जा सकता है कि न केवल उपर्युक्त प्रसिद्ध कवियों की मौजूदगी के चलते, बल्कि उनके साथ प्रेमचंद जैसे उपन्यासकार और रामचंद्र शुक्ल जैसे आलोचक और साहित्येतिहासकार ने इस समय को रचनात्मक गहमागहमी से भर दिया था । आधुनिक हिंदी के साहित्यांदोलनों में छायावाद सतही तौर पर अपने समय की राजनीतिक-सामाजिक हलचलों से सबसे दूर महसूस होता है लेकिन इसने तत्कालीन राजनीतिक-सामाजिक हलचलों को सबसे तीक्ष्ण और गहन अभिव्यक्ति दी । यहां तक कि छायावाद के विरोधी के रूप में विख्यात आलोचक रामचंद्र शुक्ल ने भी इसकी राजनीतिक पृष्ठभूमि की विशिष्टता व्याख्या करते हुए इस बात को रेखांकित किया कि “तृतीय उत्थान में आकर परिस्थिति बहुत बदल गई, आंदोलनों ने सक्रिय रूप धारण किया और गांव-गांव राजनीतिक और आर्थिक परतंत्रता के विरोध की भावना जगाई गई ।” उनका यह भी कहना था कि “अब जो आंदोलन चले वे सामान्य जन समुदायों को भी साथ लेकर चले । सबसे बड़ी बात यह हुई कि आंदोलन संसार के और भागों में चलने वाले आंदोलनों के मेल में लाए गए, जिससे ये क्षोभ की एक सार्वभौम धारा की शाखाओं से प्रतीत हुए ।” परोक्ष रूप से वे उपनिवेशवाद विरोधी (साम्राज्यवाद विरोधी) अंतर्राष्ट्रीय गोलबंदी का प्रतिनिधित्व और उसकी अभिव्यक्ति छायावाद में देख रहे थे । अगर ठीक ठीक कहना हो तो असहयोग आंदोलन के आरंभ से लेकर प्रगतिशील लेखक संघ की स्थापना तक का कालखंड छायावाद का समय माना जा सकता है ।
असहयोग आंदोलन अपनी लाख कमजोरियों के बावजूद जनता की स्वाधीनता आंदोलन में भागीदारी के लिहाज से तब तक की सबसे बड़ी जन गोलबंदी थी । साथ में ही चले खिलाफ़त आंदोलन ने इसकी व्यापकता को नये आयाम दिए । खिलाफ़त आंदोलन तुर्की की खलीफ़ा की गद्दी को अंग्रेजों द्वारा खत्म करने के विरोध में शुरू किया गया था और इसमें भारत के मुसलमान बड़े पैमाने पर शरीक हुए थे । 1857 के विद्रोह के बाद पहली बार हिंदू और मुसलमान एक साथ इस दौरान अंग्रेजों के शासन के विरुद्ध लड़े । इस व्यापक जन भागीदारी ने साहित्य लिखने वालों पर गहरा रचनात्मक प्रभाव डाला । छायावादी कविता में देशभक्ति की अभिव्यक्ति पर ठीक से विचार नहीं हुआ है लेकिन अनायास नहीं कि जयशंकर प्रसाद ने ‘हिमाद्रि तुंग श्रृंग से प्रबुद्ध शुद्ध भारती/ स्वयंप्रभा समुज्ज्वला स्वतंत्रता पुकारती/ अमर्त्य वीर पुत्र हो दृढ़ प्रतिज्ञ सोच लो/ प्रशस्त पुण्य पंथ है बढ़े चलो बढ़े चलो ।’ जैसा प्रयाण गीत लिखा । निराला ने भी थोड़ा आध्यात्मिक रंग लिए हुए ‘जागो फिर एक बार’ जैसी कविताओं या ‘वर दे वीणावादिनि वर दे’ जैसे गीतों में ‘प्रिय स्वतंत्र रव, अमृत मंत्र नव/ भारत में भर दे’ कहकर देश की बात की । महादेवी के ‘पंथ रहने दो अपरिचित, प्राण रहने दो अकेला’ जैसे गीत में ओज और उत्साह का स्रोत स्वाधीनता आंदोलन ही है । इन सभी लेखकों में गद्य की मात्रा और गुण काव्य से हीनतर नहीं रहा है और कुछ अपवादों को छोड़कर इन लेखकों का गद्य अपने समय की व्यापक सामाजिक राजनीतिक हलचलों से प्रभावित रहा है । इन घोषित कवियों के अलावा प्रेमचंद के लेखन में सामाजिक और राजनीतिक मुक्ति का समर्थन अर्थात सामंतवाद और साम्राज्यवाद के समेकित विरोध का तथ्य हिंदी के सामान्य पाठक के लिए भी अनजाना नहीं है । आचार्य शुक्ल के सिलसिले में भी इस बात के पर्याप्त साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकते हैं कि उनका लेखन और चिंतन अपने समय के सामाजिक राजनीतिक वातावरण से प्रभावित रहा था । ‘हिंदी साहित्य का इतिहास’ में आधुनिक काल के साहित्य का विवेचन करते हुए उसकी पृष्ठभूमि के रूप में उन्होंने स्वाधीनता आंदोलन का जिक्र तो किया ही है, निबंधों में भी यथावसर देशप्रेम का महत्व उजागर किया है । ‘असहयोग आंदोलन और अव्यापारिक श्रेणियां’ शीर्षक से लिखा उनका एक लेख भी उनकी सचेतनता का सबूत है । वस्तुत: ऊपर वर्णित चार कवियों को ही छायावाद के भीतर शामिल करने से इनकी कविताओं की भी अनेक विशेषताओं को समझना मुश्किल हो जाता है । 
इस साहित्यिक आंदोलन का नामकरण भी विचारणीय है । ध्यातव्य है कि किसी भी छायावादी साहित्यकार ने अपने आपको छायावादी नहीं कहा । यह नाम, बल्कि बदनाम, उसके विरोधियों का दिया हुआ है । कहा गया कि हिंदी में यह बांग्ला कविता का प्रभाव है यानी बांग्ला की हिंदी में छाया इस काव्यांदोलन के जरिए प्रकट हो रही है । उसका दूसरा अर्थ यह कहकर निकाला गया कि जिस तरह छाया में कुछ भी ठोस नहीं होता उसी तरह इनकी कविताओं में भी कोई ठोस अर्थ नहीं है । जिस तरह छाया पकड़ में नहीं आती उसी तरह इनका अर्थ भी उड़ता फिरता है । जयशंकर प्रसाद ने इन नकारात्मक अर्थों को उलटकर छाया का एक और ही अर्थ करते हुए इस शब्द को इन कविताओं की खूबी का द्योतक बना दिया । उन्होंने कहा कि मोती की तरलता को उसकी छाया कहा जाता है । इसी तरह जब कविता में प्रयुक्त शब्दों के अर्थ में एक तरल कांति उत्पन्न हो जाती है यानी जब कविता में प्रयुक्त शब्दों में उनके सामान्य अर्थ के अतिरिक्त अर्थ पैदा होने लगते हैं तो ऐसी कविता को छायावादी कविता कहना चाहिए ।
‘आधुनिक साहित्य की प्रवृत्तियां’ में नामवर सिंह ने बताया है कि ‘छायावाद’ संज्ञा का प्रचलन 1920 ईसवी तक हो चुका था । इसका प्रमाण जबलपुर की पत्रिका ‘श्री शारदा’ में मुकुटधर पांडेय की लेखमाला ‘हिंदी में छायावाद’ के प्रकाशन से मिलता है । इस लेखमाला के एक लेख ‘काव्य स्वातंत्र्य’ में उन्होंने लिखा “यह बीसवीं शताब्दी स्वतंत्रता और नवीनता का युग है । नए-नए विचारों ने आज पृथ्वी पर एक बड़ा भारी परिवर्तन खड़ा कर दिया है ।-----विज्ञान के इस नए युग में लोग देश-जाति के प्राण स्वरूप साहित्य से उदासीन रहें- भला यह कैसे संभव है ।” इसी बदलाव के भीतर छायावाद को भी अवस्थित करते हुए उन्होंने लिखा “साहित्य में इस समय जो-जो क्रांतियां हो रही हैं उनमें छायावाद भी एक है ।”
यह बदलाव सबको नहीं भा रहा था । ज्योति प्रसाद मिश्र निर्मल ने जून 9124 की ‘मनोरमा’ में ‘हिंदी कविता की गति’ शीर्षक लेख में लिखा “जिन दिशाओं से यह नूतन लालिमा दृष्टिगोचर हो रही है, वह बंगला और अंग्रेजी है, और यदि हम इतना कहने का साहस करने के लिए क्षमा किए जाएं तो यह स्पष्ट निवेदन करेंगे कि हमारे अधिकांश परिवर्तनवादी कवि बंगला के उत्कृष्ट कवियों की प्रतिभा से प्रतिभायुक्त, तपस्या से तपस्वी और साधना से साधक बन रहे हैं ।” निर्मल जी ने निराला की कविता का उदाहरण दिया था इसलिए यह बहस बहुत तीखे ढंग से चली कि निराला ने रवींद्रनाथ ठाकुर की कविता की नकल की है । निराला की कविता के ही प्रसंग में छंद संबंधी बहस भी चली । ‘मतवाला’ में 1924 में ही नवजादिक लाल श्रीवास्तव ने इस प्रसंग में निराला की ओर से लिखा “जब कविता धाराप्रवाह निकलने लगती है उस समय कवि का ध्यान तुक की ओर नहीं रहता, वह भावों का ही अनुसरण करता है । तुकबंदी कविता की नक्काशी है, वह मुक्त काव्य नहीं । मुक्त काव्य ही कविता का सच्चा स्वरूप है ।” खुद निराला ने 1925 के ‘कवि’ में प्रकाशित ‘कवि और कविता’ शीर्षक लेख में इस सिलसिले में लिखा “जिस तरह मुक्त पुरुष संसार के किसी नियम के वशीभूत नहीं रहते, किंतु उन नियमों की सीमा पार कर सदा मुक्ति के आनंद में विहार करते रहते हैं, उसी तरह मुक्त कवि भी अपनी कविता को पिंगल के बंधन में नहीं रखना चाहते ।” छंद की इस बहस ने आज की मुक्त छंद की हिंदी कविता के लिए राह बनाई क्योंकि निराला तथा अन्य छायावाद समर्थकों ने मुक्त छंद की धारणा को इस बहस के सहारे हिंदी में स्थापित कर दिया ।  
यह तो छायावाद का आरंभ था । 1926 में सुमित्रानंदन पंत के काव्य संग्रह ‘पल्लव’ के प्रकाशन के बाद उसकी कविताओं तथा उसकी भूमिका के चलते छायावाद हिंदी में स्थापित हो गया । इसकी भूमिका में पंत जी ने कविता के लिए ब्रजभाषा बनाम खड़ीबोली के सवाल पर जो बात रखी उसमें यह सवाल मात्र भाषा का नहीं, बल्कि समूचे भावबोध का हो जाता है । ब्रजभाषा में लिखी रीतिकालीन कविता की समस्या थी कि “इस तीन फुट के नखशिख के संसार से बाहर ये कवि पुंगव नहीं जा सके । हास्य, अद्भुत, भयानक आदि रसों के तो लेखनी को- नायिका के अंगों को चाटते-चाटते, रूप की मिठास से बंध रहे मुंह को खोलने, खखारने के लिए कभी-कभी कुल्ले मात्र करा दिए गए हैं । और वीर तथा रौद्र रस की कविता लिखने के समय तो ब्रजभाषा की लेखनी भय के मारे जैसे हकलाने लगती है ।” जबकि समय की मांग ऐसी काव्यभाषा है “जिसके शब्दों में बात-उत्पात, वह्नि-बाढ़, उल्का-भूकंप सब कुछ समा सके, बांधा जा सके, जिसके पृष्ठों पर मानव जाति की सभ्यता का उत्थान-पतन, वृद्धि-विनाश, आवर्तन-विवर्तन, नूतन-पुरातन सब कुछ चित्रित हो सके, जिसकी अलमारियों में दर्शन, विज्ञान, इतिहास, भूगोल, राजनीति, समाजनीति, कला-कौशल, कथा-कहानी, काव्य-नाटक सब कुछ सजाया जा सके ।” पंत जी का कहना था कि ऐसी भाषा खड़ी बोली ही हो सकती है । हिंदी साहित्य में कविता और गद्य की भाषा में अंतर आधुनिक काल की शुरुआत से ही महसूस किया जा रहा था । भारतेंदु जी ने गद्य के लिए तो खड़ी बोली का इस्तेमाल किया लेकिन कविताओं के लिए ज्यादातर ब्रजभाषा का ही प्रयोग किया । द्विवेदी युग से थोड़ा खड़ी बोली में कविता लिखने की कोशिश शुरू हुई लेकिन मैथिलीशरण गुप्त और अयोध्या सिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ के लेखन में स्वाभाविक काव्य प्रवाह खड़ी बोली में नहीं आ सका था । छायावाद की कविता ने व्यावहारिक धरातल पर भी खड़ी बोली में प्रवाहयुक्त रसमय कविता का मानक स्थापित कर दिया । 
‘श्री शारदा’ में प्रकाशित उपर्युक्त लेखमाला के एक और लेख ‘छायावाद क्या है’ में मुकुटधर पांडेय ने छायावाद के लिए प्रयुक्त धारणा रहस्यवाद की भी नींव रख दी थी । उन्होंने लिखा था “अंग्रेजी या किसी पाश्चात्य साहित्य अथवा बंग साहित्य की वर्तमान स्थिति की कुछ भी जानकारी रखने वाले तो सुनते ही समझ जाएंगे कि यह शब्द मिस्टिसिज्म के लिए आया है ।” नामवर सिंह ने ‘आधुनिक साहित्य की प्रवृत्तियां’ में शामिल ‘छायावाद’ शीर्षक उक्त लेख में कहा है कि “पंत के ‘पल्लव’ और प्रसाद के ‘झरना’ आदि संग्रहों की कविताओं को 1927 ईसवी तक अंग्रेजी में ‘मिस्टिसिज्म’ और हिंदी में कभी ‘छायावाद’ और कभी ‘रहस्यवाद’ कहा जाता था ।” छायावाद और रहस्यवाद को समानार्थी समझने के कारण ही महावीर प्रसाद द्विवेदी ने 1927 की ‘सरस्वती’ में ‘सुकवि किंकर’ के छद्म नाम से लिखे लेख ‘आजकल के हिंदी कवि और कविता’ में लिखा “आजकल जो लोग रहस्यमयी या छायामूलक कविता लिखते हैं उनकी कविता से तो उन लोगों की पद्य रचना अच्छी होती है जो देशप्रेम पर अपनी लेखनी चलाते---हैं ।” द्विवेदी जी ने छायावाद के समर्थकों को अपने इस लेख से उत्तेजित कर दिया था । जिन लोगों ने छायावाद के समर्थन में लिखा उनमें कृष्णदेव प्रसाद गौड़ और अवध उपाध्याय ने छायावादी कविता को रहस्यवादी मानकर उसका पक्ष लिया । इसी कारण आचार्य रामचंद्र शुक्ल ने 1929 में एक गंभीर लेख लिखा ‘काव्य में रहस्यवाद’ ।  
नामवर सिंह का कहना है कि आचार्य रामचंद्र शुक्ल द्वारा किए गए विवेचन में “तात्विक दृष्टि से उन रचनाओं को ‘रहस्यवाद’ कहा जाता था और रूप-विधान की दृष्टि से ‘छायावाद’ ” । कहने का मतलब कि शुक्ल जी इन कविताओं की अंतर्वस्तु को रहस्यवाद कहते थे और रूप को छायावाद । शुक्ल जी के इस लेख के बाद छायावाद के दो ऐसे समर्थक सामने आए जिन्होंने सहानुभूति के साथ छायावाद का विवेचन-विश्लेषण किया । ये थे नंद दुलारे वाजपेयी और शांतिप्रिय द्विवेदी । नंद दुलारे वाजपेयी ने भी छायावाद और रहस्यवाद को अलग अलग नहीं माना, बल्कि रहस्यवाद के भीतर ही स्वच्छदतावादी कवियों की भी गिनती कर ली ।
1929 के आते आते दिखाई पड़ने लगा कि छायावाद में आगे विकास नहीं हो पा रहा है । ‘विशाल भारत’ के दिसंबर 1929 में श्री ठाकुर प्रसाद शर्मा का लेख ‘छायावाद’ छपा । इसमें उन्होंने छायावाद के भीतर पैदा हो रहे रीतिवाद की चर्चा की और कहा “जैसे ब्रजभाषा की कविता को लट, नीवी, श्रमविंदु इत्यादि से उद्धार करने की आवश्यकता है, वैसे ही मैं समझता हूं कि छायावादी कविता को विपंची, हृत्ततंत्री, झंझावात आदि से छुटकारा दिलाने की जरूरत है ।” इसी लेख में उन्होंने एक और आरोप लगाया जो छायावादी कविता के सामाजिक आधार पर अत्यंत विचारणीय टिप्पणी थी । उनके मुताबिक “वर्तमान कविता का जीवन इस्तमरारी बंदोबस्त में मौज करने वाले पढ़े-लिखे जमींदार का जीवन है ।” छायावादी कविता की सीमाओं के बारे में उस समय के आलोचक तो सतर्क थे ही, खुद छायावादी लेखकों ने भी इन सीमाओं को समझकर अपने लेखन में नवीन मार्ग अपनाना शुरू किया । निराला ने कविता में ‘नए पत्ते’ संग्रह में नई जमीन तोड़ी । उन्होंने गद्य में भी इस बदलाव को स्वर दिया और ‘कुल्ली भाट’ और ‘बिल्लेसुर बकरिहा’ जैसे यथार्थवादी उपन्यास लिखे । जयशंकर प्रसाद का उपन्यास ‘कंकाल’ भी इसी नए चेतना का परिचायक था । महादेवी ने कविताओं/गीतों की जगह गद्य लिखने में ताकत लगाई । सुमित्रानंदन पंत कविता लिखते तो रहे लेकिन कोई नवीनता नहीं प्रकट हो पा रही थी । सामाजिक राजनीतिक हालात में बदलाव तथा वैचारिक वातावरण में परिवर्तन के चलते छायावाद का अतिक्रमण करके हिंदी साहित्य में कुछ नई साहित्यिक प्रवृत्तियों का आगमन हुआ जिनकी चरम परिणति प्रगतिशील लेखक संघ की स्थापना और प्रगतिवाद की स्थापना में हुई ।
अलबत्ता शांतिप्रिय द्विवेदी ने 1934 में प्रकाशित अपनी पुस्तक ‘हमारे साहित्य निर्माता’ में छायावाद को ‘लौकिक अभिव्यक्ति’ माना और रहस्यवाद को ‘अलौकिक’ । इस तरह उन्होंने इन दोनों के बीच अंतर माना और कहा “जिस प्रकार ‘मैटर आफ़ फ़ैक्ट’ के आगे की चीज छायावाद है, उसी प्रकार छायावाद के आगे की चीज रहस्यवाद है । छायावाद में यदि एक जीवन के साथ दूसरे जीवन की अभिव्यक्ति है अथवा आत्मा के साथ आत्मा का सन्निवेश है, तो रहस्यवाद में आत्मा का परमात्मा के साथ ।” शांतिप्रिय द्विवेदी ने रहस्यवाद को न केवल छायावाद से भिन्न माना बल्कि रहस्यवाद का समर्थन भी नहीं किया ।    
वैसे तो आम तौर पर लेखकों में तुलना और किसी को ऊंचा या नीचा कहना ठीक नहीं होता लेकिन यह समय वास्तव में ऐसा था जब एकाधिक लेखक समान ढंग से महत्वपूर्ण थे और उन सबका स्वतंत्र व्यक्तित्व था । जितने प्रमाण हैं उससे लगता है कि इनमें आपसी ईर्ष्या द्वेष भी अपेक्षाकृत कम था ।
इनमें सबसे अधिक गहराई जयशंकर प्रसाद में थी । काव्य लेखन की शुरुआत ब्रजभाषा से करने के बावजूद ‘कामायनी’ के रूप में उन्होंने सबसे लंबी काव्य-यात्रा तय की । बीच में उनका खंड-काव्य ‘आंसू’ है जिसकी प्रसिद्धि गेयता के चलते उस दौर में बहुत थी । इसमें प्रेम की असफलता से पैदा उदासी ऐसी चित्रात्मक भाषा में व्यक्त की गई थी कि युवकों को बेहद आकर्षित करती थी । ऐसे बांध लेने वाले टुकड़े ‘कामायनी’ में भी हैं लेकिन उसका सौंदर्य आधुनिक जीवन की विडंबना-‘ज्ञान-क्रिया-इच्छा’ के बीच के संबंध-विच्छेद- को उठाने में निहित है । अकेले इसी महाकाव्य का विश्लेषण अनेक आलोचनात्मक और व्याख्यात्मक पुस्तकों में किया गया है । इस महाकाव्य के अलग-अलग सर्ग स्वतंत्र रूप से सम्मोहित करने में सक्षम हैं । श्रद्धा का उद्बोधन ‘शक्ति के विद्युतकण जो व्यस्त/विकल बिखरे हैं हो निरुपाय/ समन्वय उनका करे समस्त/विजयिनी मानवता हो जाय’ नवजागरण का घोष प्रतीत होता है । किसी मनोभाव को पात्र बनाकर उसकी मूर्ति खड़ी कर देने के मामले में ‘कामायनी’ का लज्जा सर्ग अप्रतिम है । काव्य-व्याख्या के लिए जयशंकर ‘प्रसाद’ न केवल चुनौतीपूर्ण हैं, बल्कि मन लगाने वाले भी । उनकी बिंबात्मक भाषा ठहरकर अर्थ खोलने की मांग करती है । नाटक के क्षेत्र में उन्होंने नाटक तो लिखे ही उन पर सैद्धांतिक विचार भी किया । इनके नाटक ऊपर से प्राचीन भारत के शासकों की प्रशंसा प्रतीत होते हैं लेकिन उनके भीतर प्रवेश करते ही हमें दरबारों की गलाजत का चित्रण मिलने लगता है । अंतिम नाटक ‘ध्रुवस्वामिनी’ में तो तलाक लेने का अधिकार स्त्री को दिया गया है । उनके नाटकों और कहानियों में मनुष्य के भाग्य के उत्थान पतन को इतने ज्यादा समाजैतिहासिक तत्वों के साथ गूंथ दिया गया है कि प्रसाद जी दार्शनिक के रूप में नजर आने लगते हैं । उन्होंने हेगेल को उद्धृत किया है जिससे लगता है कि उन्होंने इतिहास संबंधी हेगेल की मान्यताओं को अच्छी तरह समझा था । इतिहास की यह परिष्कृत समझ उनकी अनेक कहानियों में भी दिखाई पड़ती है । आचार्य शुक्ल ने साम्यवाद से उनके परिचय की ओर भी इशारा किया है । प्रसाद जी की कहानियों की विशेषता के कारण ही बहुत कम कहानियों के बावजूद हिंदी कहानी के ‘प्रसाद स्कूल’ की बात की जाती है । उनकी कहानियों में नाटकीयता का तत्व पाठक का ध्यान खींचता है । इस नाटकीयता के सृजन के लिए वे मनोभावों के टकराव का चित्रण करते हैं । खासकर ‘आकाशदीप’ में प्रेम और स्वाधीनता के टकराव को जितनी तीक्ष्णता से उन्होंने उठाया है वह उनकी आधुनिक दृष्टि का परिचायक है । ‘ममता’ में वे इस्लाम के सवाल पर अपने समय से बहुत आगे नजर आते हैं । पात्रों के मामले में धर्म की जगह उनकी राष्ट्रीयता को उद्धृत करना उन्हें बेहद विशिष्ट बना देता है । व्यवस्थित आलोचक न होने के बावजूद उनमें आलोचकीय सूझ बहुत थी । प्रगतिवाद को ‘लघुता की ओर दृष्टिपात’ कहकर उन्होंने इसकी संक्षिप्ततम परिभाषा की । नाटक और रंगमंच के रिश्ते को उन्होंने यह कहकर सूत्रबद्ध किया कि ‘रंगमंच नाटक के लिए होता है’ । रसाभास के प्रसंग में उन्होंने शुक्लजी से टक्कर ली । भारतीय काव्यशास्त्र के बारे में भी उन्होंने मौलिक स्थापनाएं प्रस्तुत कीं और ‘रस’ तथा ‘अलंकार’ को ही मूल धारा मानते हुए अन्य संप्रदायों को इन्हीं के मिश्रण से उत्पन्न बताया । कविता को ‘आत्मा की संकल्पात्मक अनुभूति’ कहना अब भी व्याख्या की दरकार रखता है । संकल्पात्मक में संकल्प की जगह कल्पना का अर्थ लेने से इस सूक्ति का अर्थ खुलता है ।          
जयशंकर प्रसाद के बारे में यह धारणा सही है कि वे दार्शनिक कवि थे । मुक्तिबोध ने यह बात कही है । खासकर ‘कामायनी’ में वे आधुनिक सभ्यता की मौलिक समस्या को उठाते हैं । अनेक स्थानों पर उनकी कविता सतही पाठ करने पर तुलसीदास की कविता की तरह धोखा दे देती है । उदाहरण के लिए ‘आंसू से भीगे अंचल पर मन का सब कुछ रखना होगा/ तुमको अपनी स्मिति रेखा से यह संधि पत्र लिखना होगा’ में लग सकता है कि वे इसकी ताईद कर रहे हैं लेकिन थोड़ा ध्यान देते ही आंख में आंसू और चेहरे पर मुस्कान की मजबूरी की विडंबना सामने आ जाती है । रामस्वरूप चतुर्वेदी ने काम के प्रेम और रति के लज्जा में रूपांतरण को मनुष्य की सांस्कृतिक परिष्कृति के रूप में परिभाषित किया है । देव संस्कृति के नाश को सामंती अतीत के विनाश के रूप में देखना भी गलत नहीं है । आचार्य शुक्ल ने संकेत किया है कि प्रसाद जी साम्यवादी विचारों से प्रभावित थे ।  
स्वाभाविक रूप से प्रसाद के बाद निराला पर ध्यान जाता है । रामविलास शर्मा की लिखी तीन खंडों में प्रकाशित ‘निराला की साहित्य साधना’ इनके जीवन और साहित्य की समझ के लिए सर्वोत्तम पुस्तक है । निराला के प्रत्येक काव्य संग्रह में काव्य-बोध के बदलाव तथा काव्य-कला की नई ऊंचाई पर अनेक आलोचकों ने टिप्पणी की है । नागार्जुन के पहले निराला ही थे जिन्होंने कविता के सीमांत छुए और वहां भी कविता को संभव किया । कविताओं के मामले में उनकी कीर्ति का आधार उनकी लंबी कविताएं हैं । ‘राम की शक्तिपूजा’ शीर्षक कविता में उन्होंने माइकेल मधुसूदन दत्त की ‘मेघनाथ वध’ की तरह संस्कृतनिष्ठ पदावली की झड़ी लगा दी । ‘सरोज स्मृति’ शीर्षक कविता उन्होंने अपनी पुत्री के देहांत पर शोकगीत के ढांचे में लिखी । इस कविता की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि कवि पिता ने अपनी पुत्री का सौंदर्य वर्णन किया है । यह वर्णन कविता की दुनिया में दुर्लभ है । निजी व्यथा को निराला ने सामाजिक और साहित्यिक संघर्ष के साथ गूंथ दिया है । ‘तुलसीदास’ शीर्षक कविता भक्तिकाल के इस महान कवि के सांस्कृतिक उन्मेष की रचनात्मक व्याख्या है । ‘कुकुरमुत्ता’ शीर्षक कविता अभिजात सौंदर्याभिरुचि पर प्रहार है । गीतों की रचना में भी उन्हें बहुत सफलता मिली । इनकी विषयवस्तु भक्ति से लेकर करुणा तक विस्तृत है । उन्होंने कविता से पहले गद्य लिखना शुरू किया था । बाद के उपन्यासों में यथार्थवाद की मौजूदगी को अनेक लोगों ने पहचाना है लेकिन शुरुआती उपन्यासों में भी गहराई है जिसका विश्लेषण अभी नहीं किया गया है । पात्रों के मामले में नौजवानों और स्त्रियों की उपस्थिति उन्हें इस पहलू से भी प्रेमचंद से जोड़ती है । आलोचना भी उन्हें काफी लिखनी पड़ी थी । उनकी कहानियां नये किस्म के कहानी लेखन की संभावना का संकेत करती हैं । निबंधों में गद्य की सृजनात्मकता को पहचानने की जरूरत रामविलास जी ने लक्षित की ही है । आचार्य शुक्ल ने ठीक ही उनकी प्रतिभा को ‘बहुवस्तुस्पर्शिनी’ कहा था । नागार्जुन ने स्त्री समुदाय के प्रति उनकी सहानुभूति को ठीक ही लक्षित किया है जो कविताओं के अतिरिक्त ‘देवी’ जैसी कहानी में बहुत स्पष्ट रूप से व्यक्त हुई है ।      
महादेवी वर्मा ने कवयित्री के रूप में जो प्रसिद्धि अर्जित की उसके कारण उनका क्रांतिकारी रूप छिप जाता है । महादेवी ने गीतों के लेखन में अपनी काव्य प्रतिभा लगाई । उनके गीतों में दुख की अभिव्यक्ति के बराबर ही उद्बोधन के भाव भी हैं । गद्य लेखन में उनके रेखाचित्रों और संस्मरणों में स्त्रियों-ग्रामीणों और साथी साहित्यकारों के बहुत ही जीवंत चित्र अंकित हुए हैं । इनके अतिरिक्त उनका वैचारिक लेखन भावावेग और सूझबूझ से भरा हुआ है । उनकी किताब ‘श्रृंखला की कड़ियां’ भारतीय स्त्री पर आरोपित  व्यवस्थित सामाजिक बंधनों का विश्लेषण है । उस समय हिन्दी के पौरुषेय वातावरण में किसी भी स्त्री के लिए अपनी जगह बनाना लगभग असंभव काम था जो महादेवी ने कर दिखाया ।
सुमित्रानंदन पंत की कविताओं ने प्रकृति चित्रण के नाते हिंदी साहित्य में खास जगह बनाई । हिमालय की छवियों के सहारे उन्होंने चित्ताकर्षक प्राकृतिक बिंब उकेरे । इसी कारण उन्हें लोकप्रिय भाषा में ‘प्रकृति का सुकुमार कवि’ कहा जाता है । प्रकृति चित्रण के अतिरिक्त उन्होंने वैचारिक कविता भी लिखने की कोशिश की । उनकी इन कविताओं में वैचारिकता की गहराई नहीं है और गांधीवाद, मार्क्सवाद से लेकर अरविंद दर्शन तक को उन्होंने काव्य का विषय बनाया । हिंदी में उत्तर छायावादी दौर में प्रचलित हालावाद का भी उन्होंने अनुकरण करने की कोशिश की ।
इन कवियों के बाहर छायावाद का प्रसार प्रेमचंद के लेखन में भी है । उनके स्त्री पात्रों के गढ़ने में छायावादी संस्कार प्रत्यक्ष हैं । हिंदी कहानी की दुनिया में प्रेमचंद और जयशंकर प्रसाद को विरोधी प्रवृत्तियों का लेखक माना जाता है और इसी आधार पर इन दोनों के नाम पर दो स्कूलों की कल्पना की जाती है । लेकिन खुद प्रेमचंद इस विरोध को तात्विक नहीं मानते थे । उनका मानना था कि वे दोनों आदर्श समाज की इच्छा से यथार्थ का चित्रण करते हैं । स्वाधीनता आंदोलन की दोनों धाराओं- समाज सुधार और राजनीतिक आजादी- का सामंजस्य प्रेमचंद के लेखन में मिलता है ।
रामचंद्र शुक्ल के बारे में यह अपवाद ही है कि वे छायावाद के विरोधी थे । छंद को ध्वनि आवर्तों का पैटर्न मानने में छायावादी काव्य संस्कारों की गूंज है । इसके अतिरिक्त ‘हिंदी साहित्य का इतिहास’ में रीतिकालीन कवियों में बिहारी के मुकाबले देव की कविता का पक्ष लेने तथा रीतिमुक्त काव्यधारा में घनानंद की प्रतिष्ठा के पीछे छायावादी काव्य संस्कारों का प्रभाव महसूस किया जा सकता है । कविता की भाषा में लाक्षणिकता का उल्लेख शुक्ल जी ने घनानंद और छायावादी कवियों के ही प्रसंग में किया है । छायावादी कविता की शक्तियों और सीमाओं की सबसे सटीक पहचान आचार्य शुक्ल को थी ।
छायावाद की कोई ऐसी मान्यता निर्मित करना मुश्किल है जिसके भीतर इन सभी रचनाकारों के लेखन की विशेषताएं समा जाएं । फिर भी स्वाधीनता की आकांक्षा, प्रकृति वर्णन, वैयक्तिकता का उभार, मुक्त छंद की स्थापना, मनोभावों का सूक्ष्म चित्रण, स्त्री के स्वतंत्र व्यक्तित्व की प्रस्तुति, समाज के वंचितों के प्रति सहानुभूति, कल्पना की उड़ान और कविता की भाषा के बतौर खड़ी बोली हिंदी की स्थापना आदि छायावाद की प्रमुख विशेषताएं और योगदान कहे जा सकते हैं । वह समय भारत की आजादी की लड़ाई में व्यापक जनता की भागीदारी का समय था । साथ ही हिंदी क्षेत्र में शहरी मध्यवर्ग का विकास हो रहा था । इस नवोदित मध्यवर्ग का रिश्ता अभी देहाती जड़ों से टूटा नहीं था । अधिकांश लेखक इस मध्यवर्ग का अंग थे । सामाजिक बदलाव की इस मध्यवर्ग की आकांक्षा और हिंदी भाषी समाज के सामंती यथार्थ के बीच की टकराहट छायावाद की शक्ति और सीमा दोनों को रूपायित करती है । इसी के कारण मुक्ति की प्रस्तुति एक तरह के सामाजिक संकोच के साथ साहित्य में आती है । 
सहायक किताबें
रामचंद्र शुक्ल, हिंदी साहित्य का इतिहास, नागरी प्रचारिणी सभा, काशी
नामवर सिंह, आधुनिक साहित्य की प्रवृत्तियां, राजकमल प्रकाशन, दिल्ली
नामवर सिंह, छायावाद, राजकमल प्रकाशन, दिल्ली
शांतिप्रिय द्विवेदी, हमारे साहित्य निर्माता, बांकीपुर
नंददुलारे वाजपेयी, हिंदी साहित्य: बीसवीं शताब्दी, लोकभारती, इलाहाबाद
रामविलास शर्मा, परपंरा का मूल्यांकन, राजकमल प्रकाशन, दिल्ली
रामविलास शर्मा, निराला की साहित्य साधना, राजकमल प्रकाशन, दिल्ली
गोपाल प्रधान, छायावाद युगीन साहित्यिक वाद विवाद, स्वराज प्रकाशन, दिल्ली
मुकुटधर पांडेय, हिंदी में छायावाद, तिरुपति प्रकाशन, हापुड़

सुमित्रानंदन पंत, पंत ग्रंथावली, राजकमल प्रकाशन